Home Blog Page 267

एनएसएस कैम्प में साइबर सेल की पहल, छात्राओं व ग्रामीणों को किया साइबर अपराधों के प्रति जागरूक

0

राजनांदगांव। शासकीय कमला देवी रठी स्नातकोत्तर महाविद्यालय राजनांदगांव द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के अंतर्गत ग्राम अलाीखूंटा (रानीतराई) में आयोजित सात दिवसीय शिविर में साइबर सेल राजनांदगांव की ओर से साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान साइबर सेल की टीम ने शिविर में शामिल छात्राओं एवं ग्रामीणों को साइबर अपराधों के प्रकार, ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों और उनसे बचने के आसान उपायों की जानकारी दी। फर्जी कॉल, ओटीपी और लिंक के माध्यम से होने वाले फ्रॉड से सतर्क रहने की अपील की गई। जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से लोगों को पंपलेट भी वितरित किए गए।
साइबर सेल ने बताया कि यदि किसी भी प्रकार का साइबर फ्रॉड होता है तो समय गंवाए बिना 1930 साइबर हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए, जिससे त्वरित कार्रवाई संभव हो सके। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने पर विशेष जोर दिया गया।

नववर्ष से पहले पुलिस की सख्ती, शहर में ब्रेथ एनालाइजर से 200 से ज्यादा वाहनों की जांच

0

राजनांदगांव। आगामी नववर्ष के आगमन को देखते हुए शहर में कानून व्यवस्था और यातायात सुरक्षा बनाए रखने के उद्देश्य से राजनांदगांव पुलिस ने शुक्रवार को सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में शहर के प्रमुख स्थानों पर मोटर चेकिंग प्वाइंट लगाए गए।
महावीर चौक, देशमुख होटल चिखली और गौरव पथ तिराहा में ब्रेथ एनालाइजर (अल्कोहल मीटर) की मदद से संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों की जांच की गई।
महावीर चौक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा की उपस्थिति में थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नंदकिशोर गौतम, यातायात प्रभारी नवरतन कश्यप एवं यातायात टीम ने वाहन चेकिंग की।
देशमुख होटल, चिखली में नगर पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र नायक तथा चौकी प्रभारी कैलाशचंद मरई द्वारा जांच की गई। वहीं गौरव पथ तिराहा में नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन एवं थाना बसंतपुर प्रभारी निरीक्षक एमन साहू ने सघन चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान 200 से अधिक वाहनों की जांच की गई। यातायात नियमों के उल्लंघन पर 7 वाहनों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। एक थार कार में काली फिल्म लगे पाए जाने पर धारा 100 के अंतर्गत 2000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं अन्य 6 वाहन चालकों से कुल 2700 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। राजनांदगांव पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि चारपहिया वाहनों में काले शीशे का उपयोग न करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं, अवैध या आपत्तिजनक सामग्री का परिवहन न करें और किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों से दूर रहकर कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।

शहर के सरकारी स्कूलों में प्राईवेट स्कूलों के समान अधोसंरचना विकास एवं ई-लर्निंग से अध्यापन पर फोकस : मधुसूदन यादव

0

राजनांदगांव। राजनांदगॉव महापौर मधुसूदन यादव मोतीपुर मैदान प्रांगण मे स्थित ंशासकीय पूर्व माध्यमिक शाला मोतीपुर के नए शाला भवन का निरीक्षण किया। नवनिर्मित स्कूल भवन में पहुॅचकर महापौर ने छात्रों से वार्तालाप किया और नई शाला में पढ़ रहे बच्चों से फीडबैक लिया।

इस दौरान शाला के प्रधानपाठक एवं अन्य शिक्षकों के साथ महापौर ने स्कूल के प्रत्येक कक्षा में जाकर छात्रों को फर्नीचर, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, ब्लैक बोर्ड, कंप्यूटर, सफाई व्यवस्था, प्रसाधन आदि के संबंध में जानकारी ली। सभी छात्रों ने शाला की व्यवस्था को उत्तम बताया एवं किसी प्रकार की कोई शिकायत नहीं प्राप्त हुई। महापौर ने छात्रों को स्कूल में स्वच्छता व्यवस्था बनाये रखने के लिये हिदायत दी और शाला स्टाफ को बच्चों को कंप्यूटर एवं ई-लर्निंग के माध्यम से अध्यापन कराने पर जोर दिया।

इस दौरान महापौर मधुसूदन के साथ पार्षदगण मनोहर यादव, कमलेश बंधे, सावन वर्मा, भाजपा नेता मदन (मोन्टू) यादव, किसुन यदु, चंदन राजपूत सहित चिखली वार्ड के भाजपा नेता लोकेश जैन, समाजसेवी डॉ. राघव वर्मा एवं अन्य सहित नगर निगम के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

महापौर ने शाला के किचन शेड भवन का भी मुआयना किया एवं निगम स्टाफ को किचन शेड के पीछे बाउन्ड्रीवॉल निर्माण करने एवं किचन शेड में पेयजल आपूर्ति हेतु नल कनेक्शन लगाने के लिये आदेशित किया। इससे पूर्व महापौर ने मैदान परिसर में स्थित अन्नपूर्णा सेवा केन्द्र द्वारा संचालित शासकीय उचित मूल्य की दुकान का निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया और निगम अमले को प्रसाधन कक्ष एवं भवन मरम्मत कार्यो के लिये निर्देशित किया।

पश्चात् महापौर ने मोतीपुर मैदान में नगर निगम द्वारा आयोजित समाधान शिविर में पहॅुचकर दीप प्रज्जवलित कर शिविर का उद्घाटन किया।

समाधान शिविर मोतीपुर में महापौर ने मीडिया जगत से मुखातिब होते हुए और उनके प्रश्नों के उत्तर में अपना विजन साझा करते हुए बताया कि आज उनके द्वारा मोतीपुर मिडिल स्कूल के नए भवन निर्माण के बाद प्रथम बार स्कूल का निरीक्षण किया गया है और छात्रों, पालकों एवं शाला स्टाफ से संतोषप्रद फीडबैक प्राप्त हुआ है। महापौर ने बताया कि उनके द्वारा पूर्व के अपने कार्यकाल में भी शहर के शासकीय प्राथमिक शाला (ईगनाईट) गंजपारा, पूर्व माध्यमिक शाला मोतीपुर सहित शहर के 10 अन्य सरकारी उ.मा. विद्यालयों में ई-लर्निंग (कंप्यूटर आधारित शिक्षा) एवं बेहतर अधोसंरचना विकास की दिशा में पहल की गई थी ताकि सरकारी स्कूल के बच्चों को भी प्राईवेट स्कूल के बच्चों की तरह बेहतर अध्यापन व्यवस्था एवं शैक्षणिक वातावरण प्राप्त हो सके। महापौर ने बताया कि इस दिशा में आगे भी उनकी तरफ से निरंतर सकारात्मक प्रयास जारी रहेंगे।

केन्द्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय ने छत्तीसगढ़ में मिशन अमृत के कार्यों को सराहा, अगली किस्त की राशि जल्द मिलेगी

0

रायपुर। उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अरुण साव आज भोपाल में आयोजित देश के उत्तर-मध्य राज्यों के शहरी विकास मंत्रियों की क्षेत्रीय बैठक में शामिल हुए। केन्द्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल तथा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश, दिल्ली और राजस्थान के शहरी विकास मंत्री भी इसमें शामिल हुए। बैठक में पांचों राज्यों में मिशन अमृत, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, अंगीकार अभियान तथा अर्बन मोबिलिटी परियोजनाओं के क्रियान्वयन एवं आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा हुई।

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में आयोजित उत्तर-मध्य राज्यों के तृतीय क्षेत्रीय बैठक में पावर-प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से राज्य में इन पांचों योजनाओं के क्रियान्वयन, उनकी प्रगति और भावी कार्ययोजना की जानकारी दी। केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल ने केन्द्र सरकार की योजनाओं की प्रगति की सराहना करते हुए छत्तीसगढ़ को हरसंभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। बैठक में मिशन अमृत 2.0 के कार्यों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि छत्तीसगढ़ का प्रदर्शन अन्य राज्यों की तुलना में बेहतर है। मिशन के शेष कार्यों को मार्च-2026 तक प्रारंभ करने के लिए बैठक में सार्थक चर्चा हुई। केन्द्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय के अधिकारियों ने राज्य को मिशन अमृत 2.0 की अगली किस्त की राशि जल्द जारी करने की बात कही।

बैठक में स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के अंतर्गत स्वीकृत आकांक्षी शौचालयों, मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ), कम्पोस्ट प्लांट्स, कंप्रेस्ड बायो-गैस प्लांट प्रोजेक्ट्स और सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट्स के निर्माण की प्रगति की समीक्षा की गई। प्रधानमंत्री आवास योजना [PMAY (U) 1.0] में स्वीकृत आवासों के निर्माण की प्रगति की समीक्षा भी की गई। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत नए आवासों की स्वीकृति के लिए प्रस्ताव तथा अब तक स्वीकृत आवासों के निर्माण की समीक्षा हुई।

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने बैठक के बाद कहा कि भारत सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ का प्रदर्शन अच्छा रहा है। आगे भी हम इसी प्रकार का उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखेंगे। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत एसएनए पद्धति से हितग्राहियों एवं निकायों को राशि जारी करने में राष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल ने छत्तीसगढ़ की प्रशंसा की तथा सभी केन्द्रीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राज्य को हरसंभव मदद का आश्वासन भी दिया। केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुश्री रूपा मिश्रा, सुश्री ईशा कालिया, श्री कुलदीप नारायण और विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी श्री जयदीप भी बैठक में शामिल हुए।

छोटी सी उम्र में साहिबजादों ने वीरता और गौरव की जो मिसाल पेश की, वह युगों तक प्रेरणा देती रहेगी : मुख्यमंत्री

0

रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग द्वारा आयोजित वीर बाल रैली में शामिल हुए। मुख्यमंत्री श्री साय ने राजधानी रायपुर के मरीन ड्राइव से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस भव्य रैली में लगभग 5,000 से अधिक स्कूली छात्र-छात्राओं, स्काउट-गाइड एवं एनसीसी कैडेट्स ने सहभागिता की। रैली में सिख परंपरा की वीरता को दर्शाती गतका जैसी साहसिक गतिविधियों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं प्रेरणादायी झांकियों ने उपस्थित जनसमूह को गहरे भावनात्मक स्तर पर जोड़ा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस के रूप में हम दशम गुरु गुरु गोबिंद सिंह जी के साहिबजादों — बाबा जोरावर सिंह जी और बाबा फतेह सिंह जी — के अद्वितीय बलिदान को नमन करते हैं। उन्होंने कहा कि केवल 9 वर्ष और 7 वर्ष की अल्पायु में साहिबजादों ने जिस अदम्य साहस, आस्था और बलिदान का परिचय दिया, वह मानव इतिहास में अनुकरणीय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इतनी छोटी उम्र में भी साहिबजादे किसी दबाव के आगे नहीं झुके, अपनी आस्था से विचलित नहीं हुए और धर्म एवं सत्य की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। यह बलिदान केवल सिख समाज ही नहीं, बल्कि सम्पूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्रोत है। श्री साय ने कहा कि सिख धर्म की यह गौरवशाली परंपरा हम सभी के लिए गर्व का विषय है। नई पीढ़ी को साहिबजादों के बलिदान और मूल्यों से परिचित कराना हमारा नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2022 से वीर बाल दिवस को राष्ट्रीय स्तर पर मनाने की पहल अत्यंत सराहनीय है। इससे बच्चों और युवाओं में शौर्य, साहस और राष्ट्रप्रेम की भावना प्रबल हुई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब हम साहिबजादों के जीवन को देखते हैं, तो हमें दशम गुरु गुरु गोबिंद सिंह जी द्वारा दिए गए संस्कारों और शिक्षाओं पर गर्व होता है। उन्होंने खालसा पंथ की स्थापना कर अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध संघर्ष का मार्ग दिखाया। उनकी प्रेरक पंक्तियाँ “सवा लाख से एक लड़ाऊँ, चिड़ियन ते मैं बाज लड़ाऊँ, तबै गुरु गोबिंद सिंह नाम कहलाऊँ।” आज भी हर भारतीय के भीतर साहस और संघर्ष की चेतना जागृत करती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पंक्तियाँ हमें सिखाती हैं कि साधन नहीं, साहस और संकल्प ही विजय का मार्ग प्रशस्त करते हैं। भारत की धरती धन्य है, जिसने ऐसे महान गुरुओं और साहिबजादों को जन्म दिया। उन्होंने इस ऐतिहासिक आयोजन के लिए छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग एवं शिक्षा विभाग को बधाई और शुभकामनाएँ दीं।

कैबिनेट मंत्री श्री खुशवंत साहेब ने कहा कि साहिबजादों का बलिदान हमें निर्भीकता, सत्यनिष्ठा और राष्ट्रप्रथम की भावना का मार्ग दिखाता है। उनका जीवन हर पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।

छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष श्री अमरजीत छाबड़ा ने साहिबजादों की शहादत के ऐतिहासिक प्रसंगों से उपस्थित जनसमूह को अवगत कराया।

इस अवसर पर रायपुर उत्तर विधायक श्री पुरंदर मिश्रा, क्रेडा अध्यक्ष श्री भूपेंद्र सवन्नी, सीजीएमएससी अध्यक्ष श्री दीपक म्हस्के, छत्तीसगढ़ राज्य बाल संरक्षण आयोग अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा सहित सिख समाज के वरिष्ठ प्रतिनिधि, समाजसेवी एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

बाबा गुरु घासीदास का संदेश मानवता के लिए पथ-प्रदर्शक : विष्णु देव साय

0

रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय सारंगढ़ स्थित गुरु घासीदास ज्ञान स्थली, पुष्पवाटिका में आयोजित तीन दिवसीय संत गुरु घासीदास रजत जयंती समारोह के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने ज्ञान स्थली में स्थापित जैतखाम में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि परम पूज्य बाबा गुरु घासीदास केवल किसी एक समाज के नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के मार्गदर्शक थे। उनका अमर संदेश “मनखे-मनखे एक समान” सामाजिक समानता, मानवीय गरिमा और भाईचारे की सुदृढ़ नींव रखता है। उन्होंने कहा कि जिस दौर में समाज छुआछूत, भेदभाव और रूढ़ियों से जकड़ा हुआ था, उस समय बाबा गुरु घासीदास ने सत्य, अहिंसा और समानता का निर्भीक संदेश देकर समाज को नई दिशा दी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार संत गुरु घासीदास बाबा के विचारों से प्रेरणा लेकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और न्याय पहुंचाने के लिए संकल्पबद्ध है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की अधिकांश गारंटियों को बीते दो वर्षों में धरातल पर उतारा गया है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में प्रदेश में धान का रकबा और किसानों की संख्या दोनों में वृद्धि हुई है, जो कृषि क्षेत्र में सरकार की नीतियों के प्रति किसानों के बढ़ते विश्वास का प्रमाण है। सरकार प्रत्येक पात्र किसान से धान खरीदी के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से राज्य की लगभग 70 लाख महिलाओं को लाभ मिल रहा है, जिससे महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता को मजबूती मिली है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि पीएससी भर्ती प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की जा रही है, ताकि युवाओं को योग्यता के आधार पर अवसर मिल सके। नई औद्योगिक नीति के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग के बेटा-बेटियों को उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। यह नीति न केवल रोजगार सृजन को बढ़ावा दे रही है, बल्कि सामाजिक न्याय को भी सशक्त कर रही है। मुख्यमंत्री ने सभी समाज वर्गों से संत गुरु घासीदास बाबा के विचारों को आत्मसात करते हुए विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।

इस अवसर पर अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि “मनखे-मनखे एक समान” का विचार सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे की अडिग आधारशिला है। उन्होंने बताया कि बाबा गुरु घासीदास जी की जयंती पूरे विश्व में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में बीते दो वर्षों में अनुसूचित जाति समाज के विकास को नई गति मिली है। गिरौदपुरी धाम के सर्वांगीण विकास के अंतर्गत जैतखाम, मंदिर परिसर, अमृत कुंड, छाता पहाड़ तक सड़क, सीढ़ियों एवं प्रकाश व्यवस्था जैसे अनेक महत्वपूर्ण कार्य पूर्ण किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मुख्य प्रवेश द्वार से मंदिर तक शेड निर्माण के लिए 3 करोड़ रुपये तथा अन्य विकास कार्यों के लिए 2 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके अतिरिक्त भंडारपुरी धाम के विकास हेतु 17 करोड़ 11 लाख 22 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई है, जिससे वहां अधोसंरचना संबंधी कार्य शीघ्र प्रारंभ होंगे। शिक्षा के क्षेत्र में अनुसूचित जाति समाज के उत्थान हेतु प्रत्येक वर्ष पांच प्रतिभावान युवाओं को पायलट प्रशिक्षण के लिए 15-15 लाख रुपये की सहायता देने का निर्णय भी लिया गया है।

समारोह को राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में सांसद श्री राधेश्याम राठिया, विधायक श्रीमती उत्तरी गणपत जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय भूषण पाण्डेय, पूर्व विधायक श्री निर्मल सिन्हा, डॉ. छबिलाल रात्रे, श्रीमती केराबाई मनहर, सुश्री कामदा जोल्हे, श्रीमती ज्योति पटेल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक पदाधिकारी एवं श्रद्धालु उपस्थित थे।

धान खरीदी में उत्कृष्ट कार्य के लिए ग्रामीण अधिकारियों और कर्मचारियों को कलेक्टर ने किया सम्मानित

0

राजनांदगांव। कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में धान खरीदी कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों, पटवारियों, समिति प्रबंधकों एवं डाटा एण्ट्री ऑपरेटरों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कलेक्टर ने ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी छुरिया सुश्री दीक्षा नंदेश्वर, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी सीतागोटा डिम्पल खापर्डे, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी कोकपुर शैलेश साहू, पटवारी छुरिया प्रशांत सिंह ठाकुर, पटवारी घोघरे आशीष साहू, पटवारी बम्हनी चारभाटा सोनम कोकिला, पटवारी घुपसाल डेविड भूआर्य, पटवारी राहुल कसेट, पटवारी हुकुम चंद महिलांग, समिति प्रबंधक जोब धनसिंग, समिति प्रबंधक गहिराभेड़ी बसंत, समिति प्रबंधक कुमर्दा मनकलाल साहू, डाटा एण्ट्री ऑपरेटर धान उपार्जन केन्द्र बोरतालाव भागचंद साहू, डाटा एण्ट्री ऑपरेटर धान उपार्जन केन्द्र गहिराभेंडी रिमन्त कुमार साहू, डाटा एण्ट्री ऑपरेटर धान उपार्जन केन्द्र जोब विनोद साहू को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

निर्भीक होकर कोचियों एवं बिचौलियों पर करें कार्रवाई : कलेक्टर

0

राजनांदगांव। कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में धान खरीदी के मद्देनजर ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों, पटवारियों, समिति प्रबंधकों एवं डाटा एण्ट्री ऑपरेटर की बैठक ली। उन्होंने कहा कि किसानों को एग्रीस्टेक में आने वाली दिक्कतों का प्राथमिकता से समाधान करें। एग्रीस्टेक पोर्टल में किसानों का पंजीयन आवश्यक है, जिसमें कृषि भूमि का पंजीयन प्राथमिकता से कराना है। उन्होंने इस समस्या के निराकरण के लिए ऐसे किसान जिनका एग्रीस्टेक पोर्टल में पंजीयन नहीं हुआ है, उसकी सूची ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों को देने के लिए कहा। कलेक्टर ने मेढ़ा, मुरमुंदा सहित ऐसे स्थान जहां एग्रीस्टेक पोर्टल में तकनीकी समस्या आ रही है। उसके लिए समन्वय करते हुए अधिकारियों को समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी मेहनत एवं निष्ठापूर्वक उत्कृष्ट कार्य करें और फील्ड में निरीक्षण करते रहे। जिससे वस्तुस्थिति की जानकारी से अपडेट रहेंगे। उन्होंने कहा कि धान का अवैध परिवहन करने वाले कोचियों एवं बिचौलियों पर कार्रवाई जारी रखें तथा धान उपार्जन केन्द्रों की सतत मानिटरिंग करते रहे। उन्होंने सभी से कहा कि निर्भीक होकर कोचियों एवं बिचौलियों पर कार्रवाई करें तथा इसके संबंध में जानकारी देने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि कोचियों एवं बिचौलियों की जानकारी देने वालों की जानकारी गोपनीय रखी जाएगी। जिससे स्टेकिंग सही तरीके से होगा तथा भौतिक सत्यापन अच्छे से होगा। उन्होंने समिति प्रबंाकों से कहा कि सजग रहते हुए ईमानदारी से कार्य करें।
कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने कहा कि उन्होंने कहा कि धान उपार्जन केन्द्रों में शुद्ध धान खरीदी प्राथमिकता होनी चाहिए। किसानों को धान उपार्जन केन्द्रों में धान की बिक्री में दिक्कत नहीं होनी चाहिए और उनकी समस्याओं का समाधान होना चाहिए। कलेक्टर ने सभी पटवारियों से कहा कि धान उपार्जन केन्द्रों में किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि एवं आशंका होने पर तत्काल सूचना दें। धान उपार्जन केन्द्रों से धान का उठाव प्रारंभ हो गया है। निर्धारित नियमों के अनुरूप सर्तक एप के माध्यम से धान के उठाव की निगरानी की जा रही है। सभी आरईएओ बेहतर कार्य करें। धान की एन्ट्री, रकबा समर्पण, भौतिक सत्यापन एवं निरीक्षण के कार्य लगातार करते रहे। उन्होंने सभी अधिकारयों को कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए। अपर कलेक्टर प्रेम प्रकाश शर्मा ने कहा कि धान उपार्जन केन्द्रों में सतत निरीक्षण करें, ताकि सही तरीके से स्टेकिंग एवं अन्य कार्य हो सकें। उन्होंने एग्रीस्टेक पोर्टल अंतर्गत ऐसे किसान जो छूट गए है, उन्हे जोड़ने के लिए कहा। खाद्य अधिकारी रविन्द्र सोनी ने कहा कि सर्तक एप के माध्यम से धान के उठाव का कार्य जारी है। एप के माध्यम से धान के उठाव के लिए वाहन का लोकेशन ट्रेस करने के साथ ही वास्तविक रूप से धान का उठाव एवं भौतिक सत्यापन की मानिटरिंग होगी। इस अवसर पर उप संचालक कृषि टीकम सिंह ठाकुर एवं अन्य अधिकारी तथा सभी ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी उपस्थित रहेंगे।

शहीद वीर नारायण सिंह जी की शहादत दिवस पर विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने किया नमन

0

डोंगरगढ़। विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत सिंगपुर में महान स्वतंत्रता सेनानी शहीद वीर नारायण सिंह जी की शहादत दिवस पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर डोंगरगढ़ विधायक श्रीमती हर्षिता स्वामी बघेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं और उन्होंने शहीद वीर नारायण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की।
विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने कहा कि शहीद वीर नारायण सिंह का जीवन हमें जल, जंगल और जमीन के संरक्षण का महत्व सिखाता है। उन्होंने समाज से अपील की कि सभी लोग मिलकर प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाएँ।
विधायक ने शिक्षा को समाज की नई ऊंचाई तक पहुँचाने के लिए अहम बताया। उन्होंने कहा, समाज को सशक्त और जागरूक बनाने के लिए बच्चों की शिक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। शिक्षित समाज ही प्रगति की राह पर तेजी से आगे बढ़ सकता है।
अभिभावकों से आग्रह करते हुए उन्होंने कहा कि बच्चों को शिक्षित करना समाज और देश के विकास की नींव है। उन्होंने शहीद वीर नारायण सिंह जी के सपनों को साकार करने और समाज को संगठित और शिक्षित करके नई दिशा प्रदान करने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, विद्यालय शिक्षक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। आयोजन में शहीद के जीवन एवं उनके आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए लोगों को प्रेरित किया गया।

चिल्हाटी कॉलेज का वार्षिक उत्सव सम्पन्न, मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान

0

अंबागढ़ चौकी। ब्लॉक अंतर्गत ग्राम चिल्हाटी स्थित नवीन शासकीय महाविद्यालय में वार्षिक उत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष एवं एकीकृत आदिवासी विकास परियोजना की अध्यक्ष श्रीमती नम्रता सिंह रहीं। महाविद्यालय परिवार ने उनके आगमन पर पुष्प-गुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन एवं वंदना के साथ हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने लोकनृत्य, देशभक्ति गीत, समूह नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों सहित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिन्हें दर्शकों ने सराहा।
मुख्य अतिथि श्रीमती नम्रता सिंह ने कहा कि शिक्षा समाज के सर्वांगीण विकास की आधारशिला है। ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों में असीम प्रतिभा होती है, आवश्यकता केवल उन्हें सही मार्गदर्शन और उचित मंच देने की है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, परिश्रम और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
समारोह के दौरान शैक्षणिक, सांस्कृतिक और खेलकूद गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मंचासीन अतिथियों ने मेधावी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में शांति त्रिपुरे जिला पंचायत सदस्य, श्यामलाल चंद्रवंशी जनपद सदस्य अंबागढ़ चौकी, कल्पना वट्टी अध्यक्ष जनभागीदारी समिति नवीन शासकीय महाविद्यालय चिल्हाटी, जीतलाल चंद्रवंशी पूर्व सरपंच एवं संजय मरावी थाना प्रभारी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. केआर मंडावी ने स्वागत भाषण में महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, उपलब्धियों और भावी योजनाओं की जानकारी दी तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वालों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय व आसपास के स्कूलों के छात्र-छात्राएं, प्राध्यापक, कर्मचारी, अभिभावक और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे। आभार प्रदर्शन के साथ समारोह का समापन हुआ।