Home Blog Page 3060

छत्तीसगढ़: अधूरा निर्माण बनी रही रायपुर के लिए आफत, इन प्रोजेक्ट्स के पूरा होने का है इंतजार

0


छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अधूरे निर्माण लोगों की जान के लिए आफत बन गये है. स्मार्ट सिटी के कई प्रोजेक्ट ऐसे है जो विधानसभा चुनाव के पहले से अधूरे हैं और मानसून से पहले उनके पूरे होने के आसार भी नज़र नहीं आ रहे है. इस अधूरे निर्माण के कारण कई लोगों की जान खतरे में पड़ गई है. रायपुर के बीचो-बीच बना स्काई वॉक जैसे प्रोजेक्ट कई जानलेवा हादसों को न्योता दे रहे हैं. इसी वजह से इन प्रोजेक्ट पर सवाल खड़े हो रहे हैं. एक नजर डालते है उन निर्माण कार्यों पर जो रायपुर के लिए मुसीबत बन गए हैं.
प्रोजेक्ट 1 स्काई वॉक:

राजधानी में बना रहा स्काई वॉक अब तक का सबसे विवादित प्रोजेक्ट रहा है. कई तरह के विरोध के बावजूद पिछली बीजेपी सरकार द्वारा इसका निर्माण कराया जा रहा था. प्रदेश में सरकार बदलने के बाद कांग्रेस ने इस पर नज़र टेढ़ी कर दी है. स्काई वॉक को तोड़ने और इसकी जगह फ्लाईओवर बनाने जैसी भी मांगे उठीं लेकिन कोई फैसला नहीं हो पाया और अब करीब 70 फीसदी काम पूरा होने के बाद भूपेश सरकार ने इस पर रोक लगा दी है. करीब 50 करोड़ की लागत से बनने वाले इस स्काई वॉक का निर्माण 23 जनवरी 2018 तक पूरा हो जाना था लेकिन अब भूपेश सरकार इसे लेकर असमंजस की स्थिति में है. जबकि यहां कई बार हादसे भी हो चुके हैं…

प्रोजेक्ट 2 एक्सप्रेस -वे:

मौजूदा शहर से नया रायपुर तक 12 किलोमीटर के नौरोगेज एक्सप्रेस-वे में स्टेशन से माना तक सड़क बनाई गई है. यहां शहर के आउटर में फोरलेन का काम पूरा हो चुका है लेकिन शहर के भीतर का पेंच अब भी फंसा हुआ है. नैरोगेज एक्सप्रेस-वे राजधानी में अब तक का सबसे महंगा सड़क प्रोजेक्ट है. स्टेशन से तेलीबांधा तक पुलों की वजह से यह महंगा हुआ है. वहां से 6 किमी शदाणी दरबार तक केवल सड़क बनी है. इस तरह, 12 किमी के पहले चरण की लागत 249 करोड़ रुपए है. इसके बाद शदाणी दरबार से केंद्री (नई राजधानी) तक 10 किमी सड़क का खर्च 150 करोड़ आंका गया है, यानी कुल मिलाकर 22 किलोमीटर सड़क की लागत 400 करोड़ रुपए. सड़क बनने से राजधानी का बड़ा ट्रैफिक डायवर्ट होता और शहर के भीतर भी ट्रैफिक से राहत मिलती, लेकिन इसका भी काम अब रूक गया है और काम को पूरा होने में अभी वक्त लगेगा.
प्रोजेक्ट 3 केनाल रोड ओवरब्रिज:

पंडरी से लालपुर तक जाने वाली केनाल रोड पर दूसरे फ्लाईओवर का निर्माण अधूरा है. रायपुर से धमतरी जाने वाली रोड होने के कारण इस सड़क पर ट्रैफिक का प्रेशर ज्यादा है. जिसे देखते हुए यहां ओवर ब्रिज का निर्माण कराया जा रहा था. करीब 20 करोड़ की लागत से 600 मीटर लंबे ब्रिज का निर्माण यहां होना था, जो की अधिकतम डेढ़ साल में तैयार हो जाना था, लेकिन पिछले ढाई साल से यहां कार्य प्रगति पर ही है.


जिम्मेदारों दे रहे ये दलील

इन अधूरे निर्माणों को लेकर निगम के उपनेता प्रतिपक्ष रमेश सिंह ठाकुर का कहना है कि बीजेपी सरकार द्वारा ये सारे प्रोजेक्ट शुरू किए गए थे. लेकिन कांग्रेस सरकार ने उन प्रोजेक्ट को पूरा करने के बजाय सारे प्रोजेक्ट पर रोक लगा दी. वहीं महापौर प्रमोद दूबे की दलील है कि पिछली सरकार में बीना सोचे समझे ठेका दिया गया और अब सरकारी नियमों के तहत ही ठेकेदारों को नोटिस जारी किया जा रहा है.

छत्तीसगढ़ : देखिए मानसून को लेकर मौसम विभाग ने क्या संभावना जताई है

0

मौसम विभाग के मुताबिक ऊपरी हवा के चक्रवात की वजह से छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में गरज चमक के साथ बूंदाबादी हो सकती है. इसका असर मध्य छत्तीसगढ़ और दक्षिण छत्तीसगढ़ पर होगा. मानसून को लेकर मौसम विभाग ने ये पूर्वानुमान भी लगाया है.

8 विदेशी पर्वतारोही लापताः हैलिकॉप्टर से और ज़मीन पर शुरु होगा सर्च अभियान

0

पिथौरागढ़ में लापता विदेशी पर्यटकों की तलाश के लिए आज सर्च ऑपरेशन शुरु किया जा रहा है. SDRF की टीम हेैलीकॉप्टर से पर्यटकों को सर्च करेगी और ITBP की टीम पैदल सर्च ऑपरेशन चलाएगी. बता दें कि नंदा देवी ईस्ट में पर्वतारोहण को निकले तीन देशों के 12 सदस्यों में से 8 लापता हो गए हैं.

विदेशी पर्यटकों का यह दल 13  मई को चोटी फतह करने के लिए रवाना हुआ था. लापता सदस्यों में ब्रिटेन, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया के पर्वतारोही शामिल हैं. घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया है. लापता पर्वतारोहियों की तलाश की जा रही है.

प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक पर्वतारोहण दल का नेतृत्व दिल्ली की हिमालयन रन एंड ट्रैक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी कर रही है. कंपनी के सचिव कर्नल विजय सिंह ने शुक्रवार शाम को पर्वतारोहियों के लापता होने की सूचना जिला प्रशासन को दे दी थी और पर्वतारोहियों की खोज के लिए रेस्क्यू अभियान चलाने का अनुरोध किया गया है. इस दल को एक जून को वापस मुनस्यारी वापस लौटना था.

छत्तीसगढ़ : शिक्षा मंत्री से मांग, बच्चों और उनके घरवालों के साथ मिलकर कराया जाए सरकारी स्कूलों में पौधारोपण

0

 प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री प्रेम साय सिंह से शुक्रवार को कांग्रेस प्रवक्ता शोभा यादव सहित कई लोगों ने मुलाकात की। इस दौरान शोभा यादव ने शिक्षा मंत्री से मांग करते हुए कहा कि वे सरकारी स्कूलों में बच्चों और उनके परिवार के साथ  पौधे लगवाएं और उनकी देखरेख का जिम्मा स्कूल प्रबंधन का हो। इस सुझाव और मांग को शिक्षा मंत्री ने तुरंत मानते हुए जल्द ही कार्यवाही का आश्वासन दिया।

पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने नितिन गडकरी से की मुलाकात

0

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री व भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह पार्टी को लोकसभा चुनाव में मिली जीत व मंत्रिमंडल के शपथ लेने के बाद केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, राजनाथ सिंह व पीयूष गोयल से मुलाकात कर बधाई दी।

अब्दुल हमीद ने मोदी से तीस्ता मुद्दे पर की चर्चा

0

बंगलादेश के राष्ट्रपति अब्दुल हमीद ने शुक्रवार को भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से कहा कि तीस्ता नदी जल बंटवारे के मुद्दे के सुलझने का बंगलादेश के लोग कई वर्षों से इंतजार कर रहे हैं। राष्ट्रपति हमीद ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि समझौते पर शीघ्र ही हस्ताक्षर होंगे जिससे इस संबंध में भारत की प्रतिबद्धता पूरी होगी। तीस्ता जल बंटवारे का मामला 2011 से लंबित है लेकिन भारत सरकार बंगलादेश को आश्वासन दे रही है कि वह इस समझौते को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए काम कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अनसुलझे द्विपक्षीय मुद्दों को बहुत जल्द सुलझा लिया जाएगा लेकिन उन्होंने तीस्ता जल बंटवारे के मुद्दे का विशेष रूप से उल्लेख नहीं किया। उन्होंने संयुक्त नदी आयोग को प्रभावी एवं मजबूत बनाने पर भी जोर दिया।

राष्ट्रपति हमीद पीएम मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए दिल्ली आये हैं। उन्होंने नई दिल्ली में हैदराबाद हाउस में मुलाकात की और रोहिंग्या मुद्दे पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि रोहिंग्या मुद्दा न केवल बंगलादेश के लिए बल्कि दक्षिण एशिया की सुरक्षा के लिए भी खतरा बन गया है। उन्होंने पीएम मोदी से कहा कि रोहिंग्या मुद्दे के जल्द समाधान में भारत की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है। साथ ही कहा कि भारत बंगलादेश का सबसे करीबी दोस्त है।

सरकार का फोकस देश के हर घर तक नल से जल पहुंचाने पर

0

नई दिल्ली। मोदी सरकार-2 में जल जीवन मिशन के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फोकस देश के हर घर तक नल से जल पहुंचाने पर हो सकता है। सरकार ने इसके लिए जल शक्ति मंत्रालय बनाया है, मंत्रिमंडल में इसकी जिम्मेदारी राजस्थान के सांसद गजेंद्र सिंह शेखावत को सौंपी गई है। चुनाव से पहले भाजपा ने संकल्प पत्र में स्वच्छ पेय जल उपलब्ध कराने को प्राथमिकता दी थी। पिछली एनडीए सरकार में स्वच्छ भारत मिशन के तहत साफ सफाई पर जोर दिया गया था। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, सूत्रों ने बताया कि नए जल शक्ति मंत्रालय में जल संसाधन, नदी विकास, गंगा जीर्णोद्धार और पेय जल एवं स्वच्छता विभाग को शामिल किया जा सकता है। नल जल योजना के तहत सरकार ने 2024 तक देश के हर घर में पानी की पाइप लाइन और नल से जल पहुंचाने का लक्ष्य रखा है।

इजराइल के अधिकारियों के साथ नीति आयोग की बैठक हुई

एक अधिकारी ने बताया कि नए मंत्रालय का पहला काम देश में मौजूद जल स्रोतों का संरक्षण करना है। इसके लिए मनरेगा योजना की मदद ली जाएगी। जल स्रोतों को बचाने के लिए कुछ महीने पहले इजराइल और भारतीय अधिकारियों की नीति आयोग के साथ बैठक भी हो चुकी हैं। इजराइल में पाइप लाइन के जरिए लोगों को पेय जल उपलब्ध कराया जा रहा है। फिलहाल, भारत में भूजल का 4% पानी पीने और 80% पानी खेती में इस्तेमाल होता है।

2030 तक देश में पानी की मांग दोगुनी हो जाएगी: नीति आयोग

पिछले साल आई नीति आयोग की रिपोर्ट के मुताबिक, 60 करोड़ भारतीय गंभीर जल संकट का सामना कर रहे हैं। स्वच्छ पेय जल नहीं मिलने से देश में हर साल 2 लाख लोगों की मौत हो जाती है। अनुमान है कि 2030 तक देश में पानी की मांग मौजूदा वक्त से दोगुनी हो जाएगी, अगर इसे पूरा नहीं किया गया तो इससे जीडीपी में 6% तक की गिरावट आ सकती है।

छत्तीसगढ़ : मतदाता सूची में नाम जोड़ने और विलोपित करने का काम फिर शुरू

0

रायपुर। लोकसभा निर्वाचन की समाप्ति के बाद मतदाता सूची में नाम जोडऩे, संशोधन और विलोपन का कार्य पुन: प्रारंभ हो गया है।  मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुब्रत साहू ने बताया कि मतदाता सूची के सतत अद्यतीकरण के तहत पात्र व्यक्ति एवं 18 वर्ष की उम्र पूरी कर चुके लोग अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए प्रारूप-6 में आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए आवेदन तहसील कार्यालय में रजिस्ट्रीकरण एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को स्वयं अथवा ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत किए जा सकते हैं। जांच और सत्यापन उपरांत पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़े जाएंगे।

7 जून को मतदाताओं का आभार जताने वायनाड जाएंगे राहुल गांधी

0

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी 7 और 8 जून को दो दिवसीय दौरे पर अपने संसदीय निर्वाचन क्षेत्र केरल के वायनाड जाएंगे। यहां राहुल मतदाताओं का आभार व्यक्त करेंगे। लोकसभा चुनाव 2019 में वायनाड से जीत हासिल करने के बाद राहुल गांधी का यह पहला दौरा है। कांग्रेस अध्यक्ष के वायनाड कार्यालय ने ट्वीट किया है कि कांग्रेस अध्यक्ष और वायनाड से नवनिर्वाचित सांसद राहुल गांधी लोगों के प्यार और समर्थन का आभार जताने के लिए 7 और 8 जून को अपने निर्वाचन क्षेत्र का दौरा करेंगे। कांग्रेस नेताओं के मुताबिक राहुल गांधी लोगों का आभार जताने के लिए वायनाड के सभी सातों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों का दौरा करेंगे। बता दें कि इस बार के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी ने वायनाड लोकसभा सीट से शानदार जीत दर्ज की। उन्होंने यहां 4,31,770 वोटों के रिकॉर्ड अंतर से जीत हासिल की। कांग्रेस प्रमुख ने अपने प्रतिद्वंद्वी भाकपा के पीपी सुनीर को मात दी। सुनीर ने 2,74,597 वोट हासिल किए। राहुल गांधी को 7,06,367 वोट मिले थे।

46450, मौतों का जिम्मेदार कौन ? भाजपा जवाब दे – संजीव अग्रवाल

0

कांग्रेस नेता संजीव अग्रवाल ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि कुछ दिन पहले भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता व पूर्व विधायक श्रीचंद सुंदरानी ने कांग्रेस की मौजूदा भूपेश सरकार पर आरोप लगाया था कि पिछले 5 महिनों में डीकेएस में 1000 मौतें हुई है। जिसके जवाब में कांग्रेस नेता संजीव अग्रवाल ने आरटीआई से प्राप्त जानकारी के आंकड़े मीडिया के सामने पेश करते हुए उत्तर दिया है कि श्रीचंद सुंदरानी पहले अपने गिरेबान में झांके और तब मौजूदा भूपेश सरकार पर झूठे और मनगढ़ंत आरोप लगाएं।

संजीव अग्रवाल ने कहा कि, असलियत यह है कि भाजपा के शासनकाल में छत्तीसगढ़ प्रदेश में  सन 2005 से लेकर 2018 तक 46450 भीमराव अम्बेडकर अस्पताल मौत हुई है। संजीव अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश के सबसे बड़े अंबेडकर अस्पताल में इलाज की ऐसी दुर्दशा थी कि कुल 13 साल में 5,70,857  मरीज भर्ती होने के लिए आए थे उनमें से 46,450 मरीजों की मौत हो जाती है। पिछले 15 सालों में भीमराव अम्बेडकर अस्पताल को ना दवाई दी ना मशीनें दी भाजपा सरकार ने सिर्फ भाजपा के नेताओं ने जेब भरी अभी सिर्फ डीकेएस हास्पीटल की जांच ही चालू हुई है । अगर छत्तीसगढ़ के सभी सरकारी अस्पतालों की जांच हो जाए तो भाजपा नेता कहां होगे सब जानते हैं। संजीव अग्रवाल ने आरटीआई से प्राप्त जानकारी के अनुसार बताया कि सन 2005 से लेकर सन 2018 तक प्रदेश के अंबेडकर अस्पताल में लगभग 46450 मौतें हो चुकी हैं। संजीव अग्रवाल ने कहा कि पिछले 5 साल में भाजपा के प्रवक्ता व पूर्व विधायक  श्रीचंद सुंदरानी भी अंबेडकर अस्पताल में अपनी चौपाल लगाकर बैठते थे,  उन पांच सालों में ही मौत का आंकड़ा 25653 है। भाजपा प्रवक्ता श्रीचंद सुंदरानी सिर्फ   राजनीति करने के लिए ही भीमराव अम्बेडकर अस्पताल आकर चौपाल लगा कर डाक्टरों को परेशान करते थे। क्योंकि वह अस्पताल उनके क्षेत्र में आता है। ऐसी शर्मनाक राजनीति की उम्मीद भाजपा के नेताओं से ही की जा सकती है, जोकि लाशों पर भी राजनीति करते हैं।

संजीव अग्रवाल ने कहा कि अब सुंदरानी यह बताएं कि उन्होंने पिछले 5 महिनों के भूपेश सरकार का आंकलन तो दे दिया जो की पूरी तरह से झूठा है, लेकिन यह आंकड़े जो चीख-चीख के कह रहे हैं कि पिछले 13 सालों में 46 हजार से ज्यादा मरीजों की मौतें भारतीय जनता पार्टी के शासनकाल के दौरान इसी अंबेडकर अस्पताल में हुई हैं। साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमन सिंह के दामाद डॉ पुनीत गुप्ता के भी डीकेएस अस्पताल में भ्रष्टाचार के मामले की कलई खुल रही है, इस पर उनका क्या कहना है? संजीव अग्रवाल ने कहा कि फर्जी आंकड़े पेश करने की बजाय अगर तरीके से काम किए होते तो जनता उन्हें विधानसभा चुनाव 2018 में 15 साल के भाजपा की शासनकाल के बदले 15 सीटें नहीं दी होती। इसीलिए श्रीचंद सुंदरानी को आत्ममंथन और चिंतन करने की आवश्यकता है और पहले अपने गिरेबान में झांकने की जरूरत है।

आरटीआई से प्राप्त जानकारी के अनुसार अंबेडकर अस्पताल में हुई मौतों के आंकड़े इस प्रकार हैं –

सन मौत की संख्या
2005 1738
2006 1847
2007 2290
2008 2437
2009 1727
2010 2638
2011 2316
2012 2696
2013 3063
2014 3183
2015 4996
2016 5523
2017 5769
2018 6182

मौत की कुल संख्या = 46450