Home Blog Page 3161

दुर्ग : अगले 48 घंटे तक पुलिस रहेगी अलर्ट मोड पर, 90 पेट्रोलिंग पार्टियां एक्टिव

0

मंगलवार को लोकसभा चुनाव 2019 के तीसरे चरण के लिए मतदान किया जाना है। इसी चरण में दुर्ग लोकसभा में भी मतदान होंगे। जिसकी सुरक्षा के लिए पुलिस विभाग ने अपनी ओर से पूरी तैयारियां कर ली हैं। एसपी ने जिले की पुलिस को अगले 48 घंटे के लिए अलर्ट मोड पर रखा है। साथ ही जिले भर में 90 पेट्रोलिंग पार्टियों को एक्टीव किया है। ताकि कहीं भी कोई अप्रिय स्थिति निर्मित न हो।

रविवार को एसपी प्रखर पांडेय ने जिले भर के राजपत्रित अधिकारियों व थाना प्रभारियों की बैठक बुलाई। एसपी पांडेय ने जिलें में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्ना कराने के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने बताया कि जिले में 90 पेट्रोलिंग पार्टियां लगाई गई हैं। जिसमें पेट्रोलिंग प्रभारी के साथ पर्याप्त संख्या में बल भी तैनात रहेगा। उक्त पेट्रोलिंग पार्टियां जिले के चप्पे-चप्पे पर लगातार निगरानी करेंगी। उन्होंने बताया कि चुनाव के दौरान जिले में करीब 2800 पुलिस जवान तैनात रहेंगे। इनकी मॉनीटरिंग के लिए जिले में 132 प्रशासनिक सेक्टर अधिकारी व 15 सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। मतदान और मतपेटियों के स्ट्रांग रूम में शिफ्ट होने तक जिले की पुलिस को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

चुनाव के पहले पुलिस ने किया फ्लैग मार्च

चुनाव के पहले कानून व्यवस्था कायम रखने के लिए पुलिस ने जिले भर में फ्लैग मार्च किया। 80 वाहनों में करीब 400 जवानों के काफिले ने जिले के सभी प्रमुख स्थानों पर भ्रमण किया। फ्लैग मार्च के जरिये पुलिस ने अपनी तैयारियों का प्रदर्शन किया। ताकि आम लोग निर्भिक होकर मतदान कर सकें। वहीं बदमाशों में पुलिस का खौफ बना रहे।

रायपुर : स्वास्थ्य विभाग में दवा खरीदी में गड़बड़ी, अब पशुपालन विभाग में फूटा 15 करोड़ का घोटाला

0

स्वास्थ्य विभाग के बाद अब पशुपालन विभाग में दवा खरीदी में गड़बड़ी का मामला फूटा है। पहले मल्टी विटामिन की खरीदी में गड़बड़ी उजागर हुई। दवाएं जांच में फेल हो गईं। इसके बाद पैरासिटामोल समेत ओआरएस पावडर तक अमानक पाया गया। अब पशुपालन विभाग में 15.83 करोड़ रुपये का घोटाला सामने आया है। इसकी लिखित शिकायत दस्तावेजों के साथ दो सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मुख्य सचिव, रायपुर पुलिस अधीक्षक से कर जांच की मांग की है।

दस्तावेजों के मुताबिक साल 2016-17 में पशुओं के इलाज एवं पालन के लिए संचालनालय पशु पालन विभाग द्वारा सीजीएमएससी को अधिकृत किया गया। दवाएं, वैक्सीन, फीड सप्लीमेंट्स निर्माता कंपनियों के नाम एवं रेट लिस्ट अनुमोदित कर संचालनालय ने पशु पालन विभाग को भेज दिया। अनुमोदित सूची में खरीदी की नियम-शर्तें थीं। जैसे- दवाइयां क्रयादेश सीधे अनुमोदित कंपनियों को ही जाए। भुगतान भी सीधे कंपनियों को किया जाए। किसी दूसरे फर्म/कंपनी को कुछ भी क्रयादेश या भुगतान नहीं किया जाएगा। कंपनियों को पांच फीसद सुरक्षा निधि जमा करना होगा। क्रयादेश के अनुसार दवाइयाों की आपूर्ति का एग्रीमेंट होगा। दवाइयों का लैबोरेट्री टेस्ट होगा। गड़बड़ी यहीं से शुरू हुई। पुलिस अधीक्षक को सौंपे पत्र में उल्लेख है कि विभाग के जिला पदाधिकारियों द्वारा अनुमोदित कुछ ही कंपनियों से दवाएं खरीदी गईं। 3.61 करोड़ का क्रयादेश दिया गया। शेष करीब 11 करोड़ की दवा अनाधिकृत कंपनियों से नियम विरुद्ध खरीदी गई। कंपनियों को भुगतान भी जारी कर दिया गया। शिकायतकर्ता डॉ. राकेश गुप्ता, केएन शर्मा का कहना है कि निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। इन्होंने इएसआइसी में भी दवा खरीदी में गड़बड़ी की शिकायत की है।

————

9 अप्रैल को इन दो कंपनियों की किया गया ब्लैक लिस्टेड-

– मेसर्स क्वालिटी फॉर्मा पंजाब द्वारा सप्लाई की गई। मल्टीविटामिन एनएफआइ फॉर्मूला टैबलेट के 23 बैच फेल हुए हैं।

– मेसर्स बोकेम हेल्थकेयर प्रा. लि. उज्जैन को पैरासिटामोल टैबलेट, डिक्लोफेनेक टैबलेट, ओआरएस पाउडर, रेनीटिडिन टैबलेट फेल हुई है।

रायपुर : कांग्रेस प्रत्याशी को क्लीन चिट

0

चुनावी समर में एक-दूसरे के खिलाफ पार्टियों ने शिकायत-वार छेड़ रखा है। एक शिकायत कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद दुबे के खिलाफ की गई थी। आरोप था कि उनके पैम्फलेट पर प्रकाशन और मुद्रक का नाम नहीं है। इसकी जांच जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा की गई। जांच में ऐसी कोई प्रचार सामग्री नहीं मिली, जिसमें नाम न मुद्रित हो। न ही शिकायतकर्ता द्वारा ही बिना प्रकाशक और मुद्रक के पैम्फलेट सौंपे गए। इसे पूर्वग्रह से ग्रसित होकर गलत शिकायत करना पाया गया। ऐसे में कांग्रेस प्रत्याशी को क्लिन चिट दे दी गई।

रायपुर : राजधानी में कांग्रेस का रोड शो, सीएम ने खुद संभाला मोर्चा

0

लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण का प्रचार थमने से पहले कांग्रेस ने राजधानी में रविवार को रोड शो किया। खुद सूबे के मुखिया मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मोर्चा संभाला। पार्टी ने चुनाव प्रचार थमने से पहले पूरी ताकत झोंक दी। सुबह 09 बजे टाटीबंध गुरुद्वारे में मत्था टेकने के बाद रोड शो शुरू हुआ। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एक साथ शाम चार बजे सिद्धार्थ चौक पहुंचे। काफिले के स्वागत के लिए 42 जगहों पर पंडाल लगाए गए थे। इस मौके पर बड़ी संख्या में सुरक्षा के लिए पुलिस बल मौजूद रहा

रोड शो टाटीबंध होते हुए मोवा, भारतमाता चौक, गुढियारी, फाफाडीह, देवेन्द्र नगर होते हुए राजीव भवन शंकर नगर, लोधीपारा चौक, पंडरी कपडा मार्केट, तेलघानी नाका, राम सागर पारा, तात्यापारा चौक, ब्राह्मण पारा, दुबे चौक, पुरानी बस्ती थाना, बूढ़ेश्वर मंदिर चौक, श्याम टाकिज बिजली ऑफिस चौक, कालीबाड़ी चौक, सिद्धार्थ चौक होते हुए केंद्र कार्यालय पुजारी पार्क पहुंचकर मेगा रोड शो का समापन हुआ। टाटीबंध से रोड शो का काफिला ज्यों-ज्यों आगे बढ़ रहा था, धूप भी बढ़ती जा रही थी। लेकिन तपती धूप में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और रायपुर लोकसभा प्रत्याशी के साथ कार्यकर्ता और लोगों की भीड़ जमी रही।

विधायक भी रहे मौजूद

मुख्यमंत्री की गाड़ी में कांग्रेस प्रत्याशी के साथ-साथ रायपुर उत्तर के विधायक कुलदीप जुनेजा, रायपुर ग्रामीण विधायक सत्यनारायण शर्मा, रायपुर पश्चिम विधायक विकास उपाध्याय और पूर्व महापौर किरणमयी नायक मौजूद रहे। रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता समझदार है, अब जुमलों में नहीं फंसेगी, रायपुर की जनता ने प्रमोद दुबे का काम देखा है और उन पर विश्वास करती है।

मुख्यमंत्री ने पीया नारियल पानी

स्वागत पंडाल में मठा, पानी, लीची जूस आदि की व्यवस्था की गई थी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नारियल पानी पीकर प्यास बुझाई। शो के दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद दुबे के बतौर महापौर किये गये कामों को गिनाया। उन्होंने कहा कि शहर को पहचान देने के लिए सरकार काम कर रही है।

ज्योत्सना महंत बोली : सरकारी उपक्रमों के अस्पतालों को सुपर स्पेशिलिटी के रूप में विकसित करने होगी पहल

0

कोरबा। पिछली सरकर 15 वर्षों में जो न कर सकी, उसे छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने सरकार बनने के साथ ही शुरू कर दिया। आज छत्तीसगढ़ का किसान कर्जमुक्त है और लोगों को बिजली बिल हॉफ होने से भी राहत मिली है। उन्होंने कहा कि जनता उन पर विश्वास जताती है तो वे लोकसभा क्षेत्र की दशा को बदलने के लिए भरपूर प्रयास व कार्य करेंगी। सड़कों की हालत सुधारने के साथ नई सड़कों के निर्माण की योजना उन्होंने तैयार कर ली है ताकि बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सके।

भू-विस्थापितों को उचित मुआवजा, रोजगार, पुनर्वास का लाभ दिलाते हुए उनके क्षेत्रों में व्याप्त समस्याओं का निराकरण के लिए प्रभावी काम करने की बात कहते हुए कहा कि किसानों के लिए उचित सिंचाई व्यवस्था, कृषि के लिए उन्नत तकनीकों का लाभ देते हुए कृषक सहित गरीब, मजदूर वर्ग का सामाजिक व आर्थिक विकास के रास्ते खोले जाएंगे। उन्होंने कहा कि डॉ. चरणदास महंत के अथक प्रयासों से ईएसआईसी हास्पिटल कोरबा में स्थापित हुआ है जहां असंगठित क्षेत्र के मजदूरों को मुफ्त ईलाज का लाभ मिलेगा। भारत सरकार के उपक्रमों में संचालित अस्पतालों को सुपर स्पेशिलिटी हाॅस्पिटल के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कोरबा शहर सहित अन्य उपनगरीय क्षेत्रों में केन्द्रीय विद्यालयों के साथ-साथ सार्वजनिक उपक्रमों के सहयोग से उच्च शैक्षणिक संस्थान व राष्ट्रीय स्तर के स्पोर्ट्स काम्पलेक्स खोले जाने की दिशा में प्रभावी पहल किए जाएंगे। उन्होंने उच्च शिक्षा संस्थान व मेडिकल के क्षेत्र में व्यापक पहल करने की बात कहते हुए कहा कि प्रदूषण व सड़क हादसों के प्रभावी रोकथाम के लिए भी कार्य होंगे। कोरबा में आईटी, माइनिंग कालेज जैसे उच्च शिक्षा संस्थान प्रारंभ कराना, ईएसआईसी हास्पिटल प्रारंभ कराना, बिजली, पानी, सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता पूर्ण रूप से सुनिश्चित कराई जाएगी।

छत्तीसगढ़ : भाजपा ने ट्वीट करके राहुल से पूछा, ये राउल विंसी कौन है?

0

रायपुर। छत्तीसगढ़ के दौरे पर पहुंचे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से भाजपा ने ट्वीटर पर सवाल पूछा है। छत्तीसगढ़ भाजपा ने ट्वीट किया-राहुल गांधी छत्तीसगढ़ आए हैं, तो जरा कंफ्यूजन दूर करते जाइए। ये राउल विंसी कौन है? अगस्ता वेस्टलैंड में ये आरजी कौन है? वहीं, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर भी ट्वीटर के माध्यम में कटाक्ष किया है।

भाजपा ने ट्वीट किया-भूपेश की देखो माया, बसपा प्रत्याशी दौड़ा चला आया। बसपा मांगे इंसाफ, बदलेश करें एसआइटी आदेश। प्रत्याशी कैसे हुआ सेट, खुलासा करो बदलेश। इससे पहले भाजपा ने एक और ट्वीट करके भूपेश बघेल से पूछा-चना-नमक बंद, वेतन-पेंशन बंद, बिल भुगतान बंद, अब जवानों को मिलने वाला नक्सल भत्ता भी बंद। चालू है केवल भूपेश टैक्स, चालू है कांग्रेसी गुंडाराज। वाह री कांग्रेस, कैसा बदला प्रदेश।

हज यात्रियों को लगने वाले मेनिनजाइटिस के टीके की कमी से जूझ रहा है स्वास्थ्य मंत्रालय

0

 स्वास्थ्य मंत्रालय इन दिनों मेनिनजाइटिस के टीके की कमी से जूझ रहा है। इन टीकों को हज तीर्थयात्रियों को लगाया जाता है। इसकी मुख्य वजह इसका निर्माण करने वाली देश की अकेली कंपनी को पिछले साल उस समय उत्पादन बंद करने का आदेश दिया गया था जब उसके पोलियो वैक्सीन में सम्मिश्रण का पता चला था।

स्वास्थ्य मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार इप-2 पोलियो वायरस वैक्सीन में सम्मिश्रण का पता चलने के बाद इस तरह की वैक्सीन बनाने वाली देश की अकेली कंपनी को मानव संबंधी सभी टीकों का उत्पादन बंद करने के लिए कहा गया था। गाजियाबाद स्थित दवा निर्माता कंपनी बायोमेड कंपनी प्राइवेट लिमिटेड पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद मंत्रालय अब दूसरे विकल्पों की तलाश कर रहा है।

1.27 लाख लोगों के हज जाने की संभावना

गौरतलब है कि इस साल जुलाई में 1.27 लाख लोगों के हज पर जाने की संभावना है। इसके लिए मंत्रालय को 1.47 लाख खुराक की व्यवस्था करनी होगी। अतिरिक्त संख्या में टीके इसलिए मंगाए जाते हैं, क्योंकि राज्यों को भेजे जाने के दौरान कुछ टीके अप्रभावी हो जाते हैं। सूत्रों के मुताबिक स्वास्थ्य मंत्रालय टीकों का आयात करने वाली दो कंपनियों से पहले से ही बात कर रहा है।

सबसे खास बात यह है कि बायोमेड प्राइवेट लिमिटेड से मंत्रालय को जो वैक्सीन मिलती थी उन पर प्रति खुराक 250 रुपये का खर्च आता था, लेकिन नई परिस्थितियों में प्रति खुराक 1500 रुपये खर्च करने पड़ सकते हैं। दरअसल, उमरा और हजयात्रा के उद्देश्य से सऊदी अरब जाने वाले लोगों को वहां पहुंचने पर इस बात का प्रमाणपत्र देना होता है कि उनको लगाया गया टीका तीन साल पुराना नहीं है और सऊदी अरब आने से 10 दिन पहले नहीं लगाया गया था।

चीनी इंजीनियरों को 72 घंटे में देश छोड़ने का अल्टीमेटम

0

एशिया महाद्वीप के सबसे बड़े सौर ऊर्जा प्लांट में टूरिस्ट वीजा पर भारत आए चीन के दो इंजीनियरों को महंगा पड़ गया। मुखबिर की सूचना पर सौर ऊर्जा प्लांट के अंदर दबिश देकर पुलिस ने दोनों की तस्दीक की और गृह विभाग केंद्र सरकार को पत्र लिखकर उनके बारे में जानकारी दी।

रीवा एसपी आबिद खान ने दोनों इंजीनियरों को 72 घंटे के अंदर देश छोड़ने का अल्टीमेटम दिया है। दोनों इंजीनियरों पर टूरिस्ट वीजा के दुरुपयोग करने को लेकर 36000 रुपए का अर्थदंड भी लगाया गया है।

पुलिस ने गृह मंत्रालय को लिखे पत्र में स्पष्ट किया कि दोनों इंजीनियर सन युवान व जिंक यू मोशन रोबोट लिमिटेड चाइना के कर्मचारी हैं और टूरिस्ट वीजा पर भारत आए हुए हैं और सौर ऊर्जा प्लांट में एस इंटरप्राइजेज कंपनी के इंजीनियर आदर्श कुमार के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्हें नोटिस दिया गया है।

दे रहे थे डेमो तभी पुलिस पहुंची

चीन के दोनों इंजीनियर जब सौर ऊर्जा प्लांट में डेमो दे रहे थे तभी गुढ़ पुलिस पहुंच गई। गुढ़ पुलिस ने इसकी सूचना पुलिस अधीक्षक सहित आईबी को दी।

अनुबंध पर भी होगी चर्चा

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दोनों चीनी इंजीनियर किन शर्तों पर काम कर रहे हैं, यही देखना अभी शेष हैं। वह रीवा के एक होटल में 15 दिन से रुके हैं।

इनका कहना है

दोनों चीनी इंजीनियरों को 72 घंटे में देश छोड़ने का अल्टीमेटम दिया गया है। साथ ही उन पर अर्थदंड भी लगाया गया है। सारी जानकारी गृह विभाग भारत सरकार को भेज दी गई है।

आबिद खान, पुलिस अधीक्षक रीवा।

जानिए आज का अपडेट, आज पेट्रोल हुआ महंगा तो डीजल के घटे दाम

0

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी भारतीय बाजार में पेट्रोल और डीजल की कीमतों पर अब तक ज्यादा असर नहीं डाल पाई हैं। अप्रैल महीने की शुरुआत से ही पेट्रोल और डीजल के दामों में उतार-चढ़ाव नजर आया। हालांकि, जहां पेट्रोल के दाम बढ़ते दिखे वहीं डीजल की कीमतों ने राहत दी। इसी कड़ी में सोमवार को पेट्रोल 5 पैसे महंगा हुआ है वहीं डीजल के दामों में 7 पैसे कटौती हुई है।

इसके बाद राजधानी में आज पेट्रोल 73.00 रुपए लीटर मिल रहा है वहीं डीजल 66.39 रुपए लीटर मिल रहा है। मुंबई की बात करें तो आज यहां पेट्रोल 78.57 रुपए लीटर मिल रहा है वहीं डीजल 69.49 रुपए लीटर मिल रहा है।

चेन्नई में पेट्रोल 75.77 रुपए लीटर मिल रहा है जबकि डीजल 70.10 रुपए लीटर मिल रहा है। कोलकाता में पेट्रोल 75.02 रुपए लीटर मिल रहा है जबकि डीजल 68.13 रुपए लीटर बिक रहा है।

बता दें कि पिछले तीन दिनों में पेट्रोल और डीजल के दामों में उतार-चढ़ाव नजर आया है। पेट्रोल जहां 5 पैसे महंगा होकर इतना ही सस्ता हो गया है वहीं डीजल में 8 पैसे का उतार-चढ़ाव दर्ज हुआ है।

26 देशों के प्रतिनिधि बनेंगे लोकतंत्र के महायज्ञ के साक्षी

0

दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की चुनावी प्रक्रिया के 26 देशों के प्रतिनिधि साक्षी बनेंगे। इन प्रतिनिधियों में अधिकतर देशों के चुनाव आयुक्त शामिल होंगे। शेष प्रतिनिधियों में चुनाव सुधार से संबंधित संगठनों के उच्चाधिकारी शामिल है। ये सभी 12 मई को दिल्ली के अलावा गुरुग्राम और फरीदाबाद के कुछ मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया देखेंगे।

इसके साथ ही मतदान के लिए एक दिन पहले पोलिग पार्टियों को किस तरह रवाना किया जाता है, इस बारे में जानकारी हासिल करेंगे। दिल्ली व हरियाणा में 12 मई को मतदान है और 11 मई को मतदान के लिए पोलिग पार्टियां रवाना होंगी। विदेशी प्रतिनिधि 10 मई को नई दिल्ली पहुंचेंगे। इसके बाद सभी प्रतिनिधियों की पांच से छह टीमें बनाई जाएंगी और प्रत्येक टीम में आठ से दस प्रतिनिधि होंगे। टीम 11 व 12 मई को पोलिग पार्टियों के रवाना होने से लेकर मतदान तक के कार्य को नजदीक से देखेंगे साथ ही चुनाव कार्य से जुड़े अधिकारियों से सभी संवाद भी करेंगे। विदेशी प्रतिनिधियों को जानकारी उपलब्ध कराने के लिए अलग से अधिकारियों की टीम भी बनाई जाएगी।

इन देशों के प्रतिनिधि देखेंगे लोकतंत्र का महायज्ञ

लोकतंत्र का महापर्व देखने के लिए अफगानिस्तान, आस्ट्रेलिया, भूटान, बोस्निया, फिजी, जॉर्जिया, कोरिया गणराज्य, मैक्सिको, म्यांमार, नेपाल, साउथ अफ्रीका, सूरीनाम, यमन, कंबोडिया, इंडोनेशिया, कजाकिस्तान, केन्या, लेसोथो, मलेशिया, फिलीपींस, रोमानिया, श्रीलंका, संयुक्त अरब अमीरात, उज्बेकिस्तान, जिम्बाब्वे और बांग्लादेश के अलावा एसोसिएशन ऑफ वर्ल्ड इलेक्शन बॉडीज के सेक्रेट्री जनरल, इंटरनेशनल फाउंडेशन फॉर इलेक्टोरल सिस्टम के प्रेसिडेंट, मलेशियन कॉमनवेल्थ स्टडीज सेंटर के डायरेक्टर और इंटरनेशनल इंस्टीटयूट फॉर डेमोक्रेसी एंड इलेक्टोरल एसिस्टेंस के सेक्रेट्री जनरल पहुंचेंगे।

चुनाव पर दुनिया की नजर

भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है। पिछले कुछ चुनावों से पूरे देश में ईवीएम का इस्तेमाल होने लगा है। इसके बाद दुनिया के कई देश भारत को देखकर ईवीएम का इस्तेमाल करने लगे हैं। भारत की चुनाव प्रक्रिया से पूरी दुनिया प्रभावित हैं। यही वजह है कि पिछले कुछ चुनावों से दुनिया के कई देशों के प्रतिनिधि मतदान प्रक्रिया देखने के लिए पहुंचते हैं। विश्व के लोकतांत्रिक देशों में जब भी चुनाव होता है तो भारत से भी प्रतिनिधि वहां पहुंचते हैं। चुनाव मामलों के जानकार दयाचंद कहते हैं कि अपने देश की चुनाव प्रक्रिया इतनी बेहतर है कि कहीं भी गड़बड़ी की गुंजाइश नहीं है।

देश की चुनाव प्रक्रिया की सराहना पूरी दुनिया में हो रही है। यहां पर चुनाव को महापर्व के रूप में मनाया जाता है। इसे देखने के लिए हर बार दुनिया के कई देशों के प्रतिनिधि पहुंचते हैं। इस बार भी 26 देशों के प्रतिनिधियों के साथ ही कई अंतरराष्ट्रीय संगठनों के उच्चाधिकारी पहुंचेंगे। अमित खत्री, जिला उपायुक्त, गुरुग्राम व रिटर्निंग ऑफिसर, गुड़गांव लोकसभा क्षेत्र