Home Blog Page 3165

विजय शाह ने साधा स्वास्थ्य मंत्री पर निशाना, ब्लास्टिंग में गई बच्चे की आंखें

0

खंडवा। पूर्व मंत्री विजय शाह खालवा में हुए धमाके के दौरान घायल बालक को देखने के लिए जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों से मुलाकात कर उसके इलाज के लिए चर्चा की। शाह ने इसके बाद आरोप लगाए कि स्वास्थ्य मंत्री बालक की सुध नहीं ली।

बच्चे को इंदौर और खंडवा के अस्पताल में भेजा गया, लेकिन इलाज के लिए कोई गंभीरता नहीं ली गई। शाह ने बताया कि डॉक्टर के अनुसार बच्चे की आंखों की रोशनी कभी नहीं लौट पाएगी। उन्होंने कहा कि इलाके में अवैध ब्लास्टिंग की वजह से यह हादसा हुआ है। छोटे से बच्चे की आंखें चली जाने से उसका पूरा जीवन खराब हो गया।

परेशान परिवार फांसी के फंदे पर झूला, बेटे की बची जान, दंपती की मौत

0

रायपुर। राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र के बिरगांव, संतोषीपारा में एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। कर्ज से परेशान एक परिवार के तीनों सदस्य मंगलवार की आधी रात खुदकुशी करने के लिए फांसी के फंदे पर झूल गए। सौभाग्य से जवान बेटे की जान इसलिए बच गई कि फंदा बड़ा होने से उसका पैर जमीन पर छू गया, जबकि दंपती की मौत हो गई। उसी ने घटना की जानकारी उरला पुलिस को दी। पुलिस ने दंपती के शव को फांसी के फंदे से उतारकर आंबेडकर अस्पताल भेजा। दोपहर में पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस घटना से बिरगांव में सनसनी फैल गई है। परिवार में मातम का माहौल है।

उरला पुलिस के मुताबिक संतोषीपारा निवासी मोहन लाल साहू (45) और राधा साहू (35) अपने 18 साल के बेटे सेवकराम साहू के साथ रहते थे। मोहन लाल ने पिछले साल नमकीन पैक करने वाली मशीन लगाने के लिए 4 लाख रुपये का लोन बैंक से लिया था। इसके अलावा स्थानीय परिचित लोगों से भी लाखों का कर्ज ले रखा था। मशीन लगाने के बाद भी कारोबार नहीं चला। कमाई कम होने से पूरा परिवार आर्थिक तंगी के दौर से गुजरने लगा। ऊपर से बैंक समेत करीब 10 लाख से ज्यादा का कर्ज होने से लेनदार परेशान करने लगे थे। रोज-रोज के तगादे से साहू परिवार परेशान था।

ने के बाद लिया आत्मघाती फैसला

पुलिस का कहना है कि मंगलवार की रात में खाना खाने के बाद मोहन लाल साहू ने अपनी पत्नी राधा साहू और बेटे सेवकराम के साथ बातचीत कर एक साथ फांसी लगाकर जान देने का फैसला लिया। दंपती के साथ बेटे ने भी गले में नायलोन रस्सी का फंदा बांधा। बेटे का फंदा बड़ा होने से उसका पैर जमीन पर छू गया जिससे उसकी जान बच गई। दंपती की फंदे में लटकते ही दम घुटने से मौत हो गई। माता-पिता की लाश देख घबराए बेटे ने पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया।

छत्तीसगढ़ : स्वच्छता दूतों की मेहनत से जशपुर ने पाया ये सम्मान, देश में आया अव्वल

0

जशपुरनगर। दिल्ली के विज्ञान भवन में बुधवार को आयोजित एक समारोह में जशपुर नगरपालिका को स्वच्छता रैकिंग में राष्ट्रीय पुरस्कार दिया गया। जशपुरनगर को स्वच्छता के जरिए रोजगार उपलब्ध कराने के मामले में पूरे देश में नंबर एक का सम्मान मिला।

इस सम्मान को हासिल करने में स्वच्छता दूतों की बड़ी भूमिका रही, लेकिन हैरानी की बात है कि रात के समय भी कड़ी मेहनत कर शहर की नियमित सफाई करने वाले इन कामगारों को ही इस सम्मान के विषय में जानकारी नहीं है। ठंड, गर्मी और बरसात.. हर तरह के मौसम में ये कामगार दिन-रात ड्यूटी पर तैनात रहते हैं और शहर को साफ करने में अपना योगदान देते हैं। उन्हें इस बात की जानकारी भी नहीं है कि उनके कार्य को राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार मिला है।

रात्रिकालीन सेवा देने वाले परदेसिया राम ने बताया कि वो रात 8 बजे जशपुर नगरपालिका की सड़कों पर सफाई के लिए निकल जाते हैं। इसके लिए वह अपने घर से करीब 10 किलोमीटर चलकर हर दिन जिला मुख्यालय आते हैं। रात 8.00 से लेकर 11 बजे तक सड़कों की सफाई करने के बाद आपातकालीन रात्रि ड्यूटी भी करते हुए अगले दिन सुबह 11 बजे घर वापस लौटते हैं।

इन स्वच्छता दूतोंं की एक बड़ी शिकायत भी है कि उन्हें जो मानदेय बोला गया था और जो अपेक्षित है वो मानदेय भी नहीं मिलता। उनके मुताबिक जो मानदेय मिलता है वो भी समय पर नहीं मिलता। स्वच्छता दूत परदेसिया ने यह भी बताया कि वह लोगों से अपेक्षा करते हैं कि नगर को स्वच्छ बनाए रखने में आम लोग उसकी मदद करें। नियत स्थान पर ही कचरा फेंके और प्रयास करें कि बेवजह गंदगी ना हो। वहीं परदेशिया राम ने राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त होने की जानकारी पर खुशी जाहिर की। इसके साथ ही उन्हें व्यवस्था से थोड़ी शिकायत भी है। उन्होंने कहा कि जिनकी मेहनत पर यह सम्मान मिला है, उन सफाई मित्रों के बीच यह खुशखबरी अधिकारियों द्वारा बांटी जानी चाहिए।

छत्तीसगढ़ : आई . बी. ग्रुप द्वारा आदिवासी समाज के समाजिक भवन हेतु योगदान

0

ग्राम बगरेकसा में आज जिला आदिवासी समाज द्वारा बुढादेव मंदिर प्रांगण में समाजिक भवन का लोकार्पण किया गया. इस अवसर पर जिले के हजारो की संख्या में आदिवासी समाज के लोग उपस्थित थे. कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे आई . बी. ग्रुप के डायरेक्टर श्री अंजुम अल्वी ने अपने उद्बोधन में सामाजिक भवन के लोकार्पण के औसर पर सभी  स्वजनों को बधाई देते हुए वीर शहिद बिरसा मुंडा जी के बलिदान की याद  दिलाई. देश की आजादी में आदिवासी समाज की योगदान की प्रशंसा करते हुए आई . बी. ग्रुप 25000/ रू  नगद सभा स्थल पर ही समाज के वरिष्ठ जानो को सौपी. इस अवसर पर समाज सेवी दुष्यंत दास, वरिष्ठ पत्रकार आनंद प्रकाश श्रीवास्तव, सरपंच ढाल सिंह, आदिवासी समाज के सभी वरिष्ठ जन उपस्थित थे.

छत्तीसगढ़ : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह आज छत्तीसगढ़ में, करेंगे चुनाव प्रचार का आगाज

0

रायपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह गुरुवार को रायपुर के दौरे पर पहुंच रहे हैं। वे दोपहर 3 बजे यहां पहुंचेंगे और सवा तीन बजे से इनडोर स्टेडियम में चुनाव एक जनसभा को संबोधित करेंगे। उनके आगमन की पूरी तैयारियां हो चुकी हैं। स्टेडियम में जनसभा के लिए मंच सजकर तैयार है।

दूसरी तरफ भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता शहर में बाइक रैली निकाल रहे हैं। इसी रैली के साथ वे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करने एयरपोर्ट पहुंच रहे हैं। शाह की इस सभा को छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव प्रचार का आगाज माना जा रहा है। उधर कांग्रेस ने शाह के इस दौर पर सवाल भी उठाने शुरू कर दिए हैं। कांग्रेस ने शाह से पूछा है कि अब वे छत्तीसगढ़ में कौन से जुमले पर वोट मांगेंगे।

बूथ प्रभारियों से करेंगे सीधा संवाद

शाह अपने इस दौरे के दौरान चार लोकसभा रायपुर, दुर्ग, महासमुंद और राजनांदगांव के शक्ति केंद्र प्रभारी और बूथ प्रभारियों से सीधा संवाद करेंगे। शाह के साथ राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल भी आ रहे हैं। इसके साथ ही प्रदेश पदाधिकारियों और कोर ग्रुप की बैठक में भी शाह शामिल होंगे। इंडोर स्टेडियम में क्लस्टर प्रभारी बूथ प्रभारी और शक्ति केंद्र प्रभारियों तो लोकसभा में जीत के टिप्स देंगे। इसके बाद वे भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों से चर्चा करेंगे।

लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी चयन को लेकर भी रायशुमारी की जाएगी। इस बैठक में प्रदेश प्रभारी डॉ अनिल जैन, डॉ. रमन सिंह, सौदान सिंह, सरोज पांडे समेत तमाम नेता मौजूद रहेंगे। शाह शाम 6.30 बजे के बाद लौट जाएंगे।

भगवाधारियों ने ड्राई फ्रूट्स बेच रहे कश्मीरी युवक को पीटा, आरोपी गिरफ्तार

0

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में सड़क किनारे ड्राई फ्रूट्स बेच रहे तीन कश्मीरी युवक को भगवा रंग के कपड़े पहने युवक थप्पड मार रहे है, साथ ही गाली देते हुए उसके साथ डंडे से मारपीट भी की। साथ ही इस घटना का वीडियो भी बना लिया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामला संज्ञान में लेते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना राजधानी के हसनगंज थाना क्षेत्र के डालीगंज पुल की है। कश्मीर के रलोगा निवासी अफजल नाइक ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि वह वजीरगंज के गोलागंज इलाके में रहकर सड़कों पर ड्राई फ्रूट्स बेचता है। रोज की तरह बुधवार की शाम अफजल अपने दो साथियों के साथ डालीगंज पुल पर ड्राई फ्रूट्स बेच रहे थे। इसी बीच कार सवार तीन से चार लोग वहां पहुंचे और उन लोगों की पिटाई शुरू कर दी। पिटाई करने वाले लोगों ने भगवा रंग के गमछे व कुर्ते पहन रखे थे। उन लोगों ने अफजल व उसके दोनों साथियों पर संदिग्ध होने का आरोप लगाते हुए हाथापाई शुरू की थी।

इस बीच स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और दोनों कश्मीरी युवक को हमलावरों को चंगुल से बचाया। सूचना पर हसनगंज थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने वायर वीडियो और पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी। बता दें कि वीडियो के आधार पर पुलिस एक आरोपी बजरंग सोनकर को गिरफ्तार कर लिया। लखनऊ पुलिस ने कहा कि अगर अराजकता फैलाई गई तो बड़ी कार्रवाई होगी।

कैबिनेट की बैठक में आरक्षण को लेकर अध्यादेश मंजूर, हुए ये बड़े फैसले!

0

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में 13-पाइंट सिस्टम की जगह आरक्षण के पुराने 200-पाइंट सिस्टम को बहाल करने के लिए अध्यादेश को मंजूरी दी. वहीं, SC/ST/OBC को केंद्रीय विश्वविद्यालयों में पुराने सिस्टम के हिसाब से आरक्षण को बहाल करने को मंजूरी. देश में 50 नए केंद्रीय विद्यालय बनाने को भी कैबिनेट की मंजूरी मिली. इसके अलावा एथेनॉल के लिए सॉफ्ट लोन पैकेज को मंजूरी मिल गई है. चीनी बनाने वाली कंपनियां अगर एथेनॉल प्लांट लगाना चाहती है तो सरकार उन्हें लोन पर ब्याज में छूट देगी. वहीं, अगर गैर-चीनी बनाने वाली कंपनी भी एथेनॉल प्लांट लगाना चाहती है तो उन्हें भी रियायतें दी जाएंगी. इस कदम से चीनी कंपनियों को भी सहारा मिलेगा. साथ ही, किसानों के गन्ने का भुगतान भी जल्द होने की उम्मीद है.

कैबिनेट की बैठक में फैसला- कैबिनेट की बैठक में एथेनॉल उत्पाद क्षमता के लिए 15000 करोड़ रुपये के सॉफ्ट लोन मंजूर, एथेनॉल उत्पादकों को अधिकतम 5 फीसदी ब्याज पर कर्ज मिलेगा.

ISI ने भारतीय अधिकारियों को दी थी धमकी, कहा- ‘तुम्हारे 2 लोग हमारे कब्जे में’

0

नई दिल्ली। दुनियाभर में अपनी अच्छी छवि बनाने की कोशिश में लगे पाकिस्तान की नापाक हरकतें बंद होने का नाम ही नहीं ले रही है। अब पाकिस्तानी अधिकारियों के भारतीय उच्चायुक्तों से बदसलूकी की खबरें सामने आ रही हैं। बताते चलें कि पुलवामा हमले का बदला लेने के लिए 26 फरवरी को भारतीय वायुसेना के विमानों ने पाकिस्तान के बालाकोट में सर्जिकल स्ट्राइक की थी।

इससे बौखलाए पाकिस्तान के एफ-16 विमानों ने 27 फरवरी को भारतीय सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की असफल कोशिश की थी। मगर, भारतीय विंग कमांडर अभिनंदन ने मिग-21 विमान से उन्हें न सिर्फ खदेड़ दिया था, बल्कि एक एफ-16 विमान को भी मार गिराया था। हालांकि, इस दौरान उनका मिग भी क्रैश होकर पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में गिर गया था और पाकिस्तानी सेना ने उन्हें कब्जे में ले लिया था।

अब खबर है कि आईएसआई ने पाकिस्तान में भारतीय उच्चायुक्तों और अन्य अधिकारियों को काफी परेशान किया था। 28 फरवरी को भारतीय अधिकारी इंडियन हाई कमीशन की कार से एम्बेसी में जा रहे थे। इस दौरान उनकी कार का न सिर्फ आक्रामक तरीके से पीछा किया गया, बल्कि पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसी के अधिकारियों ने उनकी कार को बीच रस्ते में रोक भी दिया।

इसके बाद पाकिस्तान के दो अधिकारियों में से एक ने भारतीय अधिकारियों को धमकी देते हुए कहा था- तुम्हारे 2 लोगों को हमने अपने कब्जे में ले रखा है और फिर भी तुम लोग समस्या पैदा कर रहे हो और अच्छा व्यवहार नहीं कर रहे हो। पाकिस्तान ने 27 फरवरी को दावा किया था कि उसने भारत के दो विमानों को मार गिराया है और दो भारतीय पायलट को हिरासत में ले रखा है।

हालांकि, बाद में पता चला कि उन्होंने सिर्फ एक ही भारतीय विमान को गिराया था और उनके कब्जे में भी सिर्फ एक ही भारतीय पायलट था। भारत ने विंग कमांडर अभिनंदन को हिरासत में लिए जाने पर भारत के विदेश मंत्रालय ने बेहद सख्त आपत्ति दर्ज की थी। इसके जवाब में आईएसआई ने एक भारतीय अधिकारी से बेहद धमकी भरे अंदाज में कहा था- हमने तुम्हारे 2 लोगों को पकड़ लिया है और फिर भी तुम हमारे लिए परेशानियां खड़ी कर रहे हो। इतना होने के बाद भी तमीज से पेश नहीं आ रहे हो।

28 फरवरी को ही भारतीय अधिकारियों को परेशान करने की एक और घटना सामने आई थी। पाकिस्तानी अधिकारियों ने दो भारतीय अधिकारियों की कार का पीछा किया और उनकी तस्वीरें उतारने की कोशिश की। ऐसी ही एक और घटना में खरीदारी के लिए गए एक भारतीय अधिकारी का आईएसआई ने लगातार पीछा किया और महज 10 मीटर की दूरी बरतते हुए बाइक से उनके पीछे-पीछे चलता रहा।

सरकार ने इन तीनों घटनाओं का विरोध बुधवार को उस वक्त भी दर्ज किया, जब करतारपुर कॉरिडोर खोलने पर चर्चा के लिए भारत ने 14 मार्च की तारीख निश्चित की। भारत ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि 14 तारीख को बातचीत अटारी बॉर्डर से ही होगी। भारतीय अधिकारियों के उत्पीड़न का पाकिस्तान कोई मौका नहीं छोड़ रहा। राजनायिकों के परिवारों का इस तरह उत्पीड़न करना वियना कन्वेंशन ऑन डिप्लोमैटिक रिलेशन्स 1961 का उल्लंघन है।

CM Kamal Nath ने पेश किया रिपोर्ट कार्ड, अब तक 25 लाख किसानों का कर्जा हुआ माफ

0

भोपाल। लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लगने से पहले मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मध्य प्रदेश की जनता को 70 दिनों का रिपोर्ट कार्ड सौंपा। इसमें किसानों को दिया गया कर्ज माफी का वचन सबसे अहम है। सरकार ने अपने रिपोर्ट कार्ड में इसे सबसे ऊपर रखा है। सरकार के मुताबिक जय किसान ऋण माफी योजना के तहत 55 लाख किसानों का दो लाख रुपए का कर्जा माफ किया गया है। कर्ज माफी की रकम का आंकड़ा 50 हजार करोड़ के पार है।

सीएम कमलनाथ ने बताया कि, हमें 25 दिसंबर को भाजपा ने ऐसा राज्य सौंपा था। जो किसानों की आत्महत्या में नंबर वन था। जो महिला अपराध के मामले में नंबर वन था। ऐसे राज्य को हमने पटरी पर लाने का काम किया है। उन्होंने बताया कि 25 लाख किसानों का 10 हजार करोड़ का कर्जा अब तक माफ हो चुका है। हमने ये काम तब किया, जब प्रदेश का खजाना खाली था।

वहीं इंदिरा किसान ज्योति योजना शुरू की गई है। इसके तहत दस हॉर्स पावर तक के पंपों के लिए आधी दरों पर बिजली की सुविधा दी गई है। अब किसानों को हर साल प्रति हॉर्स पावर 1400 रुपए के बजाए 700 रुपए ही देने होंगे।

AAP विधायक के खिलाफ महिला से दर्ज कराई FIR, दुष्कर्म के बाद दी थी धमकी

0

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2019 की तैयारी में जोरशोर से जुटी दिल्ली में सत्तासीन आम आदमी पार्टी (AAP) एक नई मुसीबत में घिरती नजर आ रही है। दरअसल, AAP के विधायक पर एक महिला ने दुष्कर्म करने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने प्रशांत विहार थाने में विधायक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में सिर्फ विधायक को ही नहीं, बल्कि उनके भाई पर भी मामला दर्ज किया है। उधर, महिलाओं के खिलाफ अपराध प्रकोष्ठ के एक अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं। यह अलग बात है कि अभी इस केस में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। सीआरपीसी 164 के तहत बयान दर्ज हो चुके हैं।

महिला को दी थी वीडियो वायरल करने की धमकी

पीड़ित महिला के आरोपों के मुताबिक, आम आदमी पार्टी के रिठाला से विधायक महेंद्र गोयल ने उसके साथ दो साल पहले दुष्कर्म किया था। पुलिस ने बुधवार को बताया कि AAP विधायक के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, महिला ने अपनी शिकायत में दावा किया है कि महेंद्र गोयल उसे जानते हैं और यह घटना दो साल पहले हुई थी। दिल्ली भाजपा के महासचिव कुलजीत चहल ने एक ट्वीट में कहा था कि गोयल के खिलाफ एक महिला की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। जानकारी के मुताबिक, महिला से दुष्कर्म का आरोप तकरीबन दो साल पुराना है। पीड़ित महिला AAP विधायक की पुरानी जान पहचान है। महिला ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि विधायक ने दुष्कर्म के बाद न सिर्फ उसे डराया-धमकाया, बल्कि उसकी आपत्तिजनक वीडियो को वायरल करने की धमकी भी दी थी।

विधायक के भाई ने भी भेजे अश्लील वीडियो 

सेक्टर 24 रोहिणी क्षेत्र में रहने वाली महिला ने अपनी शिकायत में बताया तकरीबन 10 साल पहले उसके पति की मौत हो चुकी है। इस दौरान उसे आर्थिक दिक्कत हुई तो वह 2 साल पहले विधवा पेंशन के काम से विधायक के सेक्टर 13 रोहिणी स्थित अपार्टमेंट गई थी। महिला के मुताबिक, मदद के नाम पर AAP विधायक ने घर में ही पीड़िता के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इतना ही नहीं, इसके बाद यह घटना किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी। पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया था। हद तो तब हो गई जब पिछले महीने 5 फरवरी को विधायक के भाई ईश्वर ने उसे कई बार अश्लील वीडियो व गंदे मैसेज भेजे। साथ ही अपने साथ संबंध बनाने का दबाव भी डाला।

विधायक ने दी सफाई

विधायक महेंद्र गोयल का कहना है कि महिला उन्हें ब्लैकमेल कर रही है। वह लोगों से पैसे ले लेती है और वापस नहीं करती है। इस संबंध में उसके खिलाफ पहले से मामला दर्ज है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। विधायक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (दुष्कर्म), 506 (धमकी देना)और 509 (महिला के सम्मान को चोट पहुंचाना) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

बता दें कि अगस्त, 2016 में भी अश्लील सीडी केस में दिल्ली के पूर्व मंत्री और आम आदमी पार्टी विधायक संदीप कुमार फंस चुके हैं। अगस्त महीने में दिल्ली की केजरीवाल सरकार के कैबिनेट मंत्री संदीप का अश्लील सीडी स्कैंडल सामने आया था, जिसमें वह महिला के साथ आपत्तिजनक हालत में मिले थे। इसके बाद केजरीवाल ने संदीप कुमार को पद से हटा दिया था। अश्लील सीडी स्कैंडल सामने आने के बाद पीड़ित महिला की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने संदीप कुमार को तीन सितंबर को गिरफ्तार किया था। महिला ने आरोप लगाया था कि राशन कार्ड बनाने व बच्चों को अच्छी नौकरी दिलाने के नाम पर संदीप कुमार ने उसका शारीरिक शोषण किया था।