Home Blog Page 3186

छत्तीसगढ़ में शराब के खिलाफ महिलाएं चला रहीं ऐसी सर्जिकल स्ट्राइक

0

रायपुर। छत्तीसगढ़ में शराब एक बड़ा सामाजिक और राजनीतिक मुद्दा है। पिछले दिनों नेशनल एक्साइज की एक रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ था कि देश के सभी राज्यों में से छत्तीसगढ़ में शराब की खपत सबसे ज्यादा होती है। यहां एक बड़ी आबादी शराब के नशे की गिरफ्त में है। आदिवासी बाहुल्य राज्य होने की वजह से यहां शराब पर सख्त पाबंदी लागू करना मुश्किल हो रहा है, लेकिन शराब की बुराई से समाज पर नकारात्मक प्रभाव भी पड़ रहा है। ऐसे में यहां जनजागरूकता ही शराबबंदी के लिए कारगर साबित हो सकती है। ऐसी ही एक मुहिम राज्य में महिलाओं ने शराब के खिलाफ चलाई है। मुंगेली जिले से एक ऐसा ही वीडियो सामने आया है जिसमें महिलाएं किसी कमाण्डो फोर्स की तरह शराब की भठ्ठियों में सर्जिकल स्ट्राइक करती दिखाई दे रही हैं और वहां से शराबियों को खदेड़ रही हैं।

छत्तीसगढ़ में पिछले दिनों हुए विधानसभा चुनाव में शराब एक बड़ा राजनीतिक मुद्दा बना था। पूर्ववर्ती भाजपा सरकार ने राज्य में शराबबंदी की बात कही थी, लेकिन बाद में सरकार ने शराब की बिक्री से ठेका पद्धती को हटाकर इसकी बिक्री की कमान अपने हाथ में ले ली थी। चुनाव के दौरान कांग्रेस ने राज्य में पूर्ण शराबबंदी को अपने घोषणा पत्र में शामिल किया था। नई सरकार बनने के बाद शराब बिक्री की पुरानी ठेका पद्धती को फिर से लागू कर दिया गया। अब कांग्रेस सरकार का अभिमत है कि राज्य में एक झटके में शराबबंदी नहीं की जा सकती। इसके लिए जनजागरूकता लाना पहले जरूरी है। सरकार की शराबबंदी को लेकर दिख रही नीति के बीच राज्य के कई शहरों और गांवों में महिलाएं टीम बनाकर खड़ी हो गई हैं। ये महिलाएं शाम के वक्त शराब भठ्ठियों में धावा बोलती हैं और वहां से शराबियों को खदेड़ती हैं।

महिला पुलिस कप्तान ने खड़ी की थी मुहिम

राज्य में शराबबंदी की मांग लंबे समय से उठती रही है, लेकिन बड़े राजस्व को देखते हुए सरकारें इसे लेकर ठोस नीति नहीं बना पा रही हैं। ऐसे में महिलाओं ने शराब के सामाजिक दुष्परिणाम को दूर करने के लिए मुहिम शुरू की। शराबबंदी के लिए सबसे पहले मुंगेली जिले में तत्कालीन एसपी नीथू कमल ने महिला रक्षा कमाण्डो टीम का गठन किया था। इसके बाद जिले में आईपीएस पारुल माथुर ने एसपी का पद संभाला। स्थानीय महिलाओं को जोड़कर तैयार की गई इस टीम को और मजबूत बनाने के लिए उन्होंने भी सहयोग प्रदान किया। अब इन महिलाओं के लिए शराबियों को शराब भठ्ठी से खदेड़ना रोजना का जरूरी काम बन गया है। यह महिलाएं लाल साड़ी पहने स्वस्फूर्त लाठी-डंडे से लैस होकर शाम के वक्त घर से निकलती हैं और शराब दुकान के आस-पास जमे शराबियों को वहां से खदेड़ती हैं। महिलाओं की इस टीम का खौफ यहां शराबियों के चेहरे पर साफ दिखाई पड़ता है। महिलाओं का कहना है कि सड़क पर शराब दुकान होने की वजह से शाम होते ही यहां शराबियों का मेला लग जाता है। शराबी शराब पीकर यहीं पड़े रहते हैं और गाली-गलौच व झगड़े करते हैं। इससे क्षेत्र का माहौल खराब होता है। शराबी पतियों से भी महिलाएं परेशान हैं और वे चाहती हैं कि समाज से शराब की बुराई पूरी तरह खत्म हो जाए।

लोकसभा चुनाव 2019: यूपी के 38 प्रतिशत ‘माननीय’ दागी, सबसे ज्यादा सपा के

0

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के लोकसभा व विधानसभा चुनाव में वर्ष 2004 से 2017 के बीच राजनीतिक दलों में दागियों की बाढ़ सी आ गई थी. कोई भी दल इनसे अछूता नहीं रहा है. ऐसा दावा एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफार्म्स ने अपने विश्लेषण में किया है. इस अवधि में उत्तर प्रदेश से संसद व विधानसभा पहुंचने वाले 38 प्रतिशत माननीयों की पृष्ठभूमि आपराधिक है. एडीआर के फाउंडर सदस्य प्रो़. त्रिलोचन शास्त्री व यूपी इलेक्शन वॉच के संयोजक संजय सिंह ने शुक्रवार को राजधानी में पत्रकारों से वार्ता में बताया.

Chhattisgarh : कंपनी को दे दी आचार संहिता में खनन की अनुमति

0

रायपुर। विधानसभा में भाजपा विधायक नारायण चंदेल ने ध्यानाकर्षण के जरिये रायगढ़ में ओसीएल कंपनी द्वारा अवैध उत्खनन का मामला उठाया। चंदेल ने कहा कि पर्यावरण नियमों की अवहेलना की जा रही है। साथ ही अतिरिक्त खनन किया गया।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि निर्धारित समय पर दस्तावेज पेश न करना, माइनिंग प्लान का पालन नहीं किया जाना, बलसिंग के कंपन का मापन नहीं किए जाने समेत अन्य अनियमितताओं की चलते यह लीज 28 जुलाई 2012 को निरस्त किया गया था। इसके बाद कंपनी के माइन क्लीजर आदेश छह अगस्त 2018 को 2 वर्षों का एक्सटेंशन दिया गया है। पूरे क्षेत्र में क्वार्टजाइट का भंडारण किया गया है।

नारायण चंदेल ने आचार संहिता के दौरान अनुमति देने की बात कहते हुए सवाल किया कि क्या अचार संहिता के दौरान यह अनुमति दी जा सकती है। मुख्यमंत्री ने कहा आपके शासन काल का है, पूर्व सीएम की ओर निशाना साधते हुए कहा उनसे ही पूछ लीजिए। इस पर भाजपा के सदस्यों ने आपत्ति की।

शिवरतन शर्मा ने कहा कि यह आपत्तिजनक जवाब है। यह तर्क ठीक नहीं है, जवाब आपको देना होगा। बघेल ने कहा कि आचार संहिता के दौरान नोटशीट चली है। सौरभ सिंह ने कहा कि छह महीने तक लीज खत्म होने के बाद मटेरियल राज्य सरकार को राजसात करना था, क्यों नहीं किया गया।

खैरागढ़ वनक्षेत्र में अवैध खनन, पीएमजीएसवाई के कार्यपालन यंत्री निलंबित

खैरागढ़ वन क्षेत्र में सड़क बनाने के नाम पर पेड़ों की अवैध कटाई और मुरम के नाम पर लौह अयस्क को बेचने का मामला विधायक देवव्रत सिंह ने उठाया। मंत्री मोहम्मद अकबर ने कहा कि वहां अवैध तरीके से मुरम खोदा गया। पत्थर को तोड़कर बेचा गया है। इस पर कार्यपालन यंत्री बलवंत पटेल को निलंबित किया जाता है।

साथ ही उन्हें पीएमजीएसवाई से आरईएस में भेजने की घोषणा की जाती है। देवव्रत ने ठेकेदार की माप पुस्तिका की जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि 50 घन मीटर का पीओआर बनाया गया, जबकि 40 हजार घन मीटर निकाला गया। वहां आयकर ओर की चोरी की जा रही है।

विधायक अजीत जोगी ने कहा कि वन विभाग, पीडब्ल्यूडी, आरईएस, पीएमजीएसवाई और खनिज विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत से खुली लूट की जा रही है। मुरम के नाम पर लौह अयस्क को सिलतरा में बेचा जा रहा है।

विधायक बोले, किसानों को पानी नहीं, तो बैठूंगा धरने पर

विधायक कुंवर सिंह निषाद ने खरखरा जलाशय से राजनांदगांव को पानी देने का मुद्दा उठाया। निषाद ने कहा कि किसानों को पानी नहीं मिल रहा है। पिछले साल उन्होंने किसानों के साथ चक्का जाम किया था। अगर अभी किसानों को पानी नहीं मिला, तो वे धरने पर बैठेंगे।

चौबे ने कहा कि किसानों को सिंचाई का एक बूंद पानी किसी को नहीं दिया जाएगा। राजनांदगांव को पानी देना अनिवार्य है। सरकार मांगेर से मोहड़ की योजना बना रही है, जिसके बाद जो दिक्कत आ रही है, वह खत्म हो जाएगी।

मंत्री बोले, कूटरचित दस्तावेज के प्रमाण दें, आधे घंटे में होगी एफआईआर

विधायक कुलदीप जूनेजा ने महामाया एग्रो एग्जिम पर कूटरचित दस्तावेज के आधार पर अनुज्ञा प्राप्त करने का मुद्दा उठाया। जूनेजा ने कहा कि गलत दस्तावेज के आधार पर अनुमति ली गई। मंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि कूटरचित दस्तावेज का प्रमाण दें, आधे घंटे में एफआईआर दर्ज की जाएगी। सभापति सत्यनारायण शर्मा ने कहा कि शिकायतकर्ता से पूछकर पुलिस विभाग कार्रवाई करे।

रिहायशी इलाकों में गोले बरसा रही पाक सेना, तीन नागरिकों की मौत

0

जम्मू। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान भले ही अमन के दावे करें, लेकिन उनकी सेना नियंत्रण रेखा पर लगातार माहौल बिगाड़ने में जुटी है। गुरुवार रातभर भारी गोलाबारी करने के बाद शुक्रवार को भी पाकिस्तान ने रिहायशी इलाकों में मोर्टार के साथ-साथ 105 एमएम तोप के गोले दागे। शुक्रवार रात 3 बजे तक पाकिस्तान की तरफ से फायरिंग की गई।

राजौरी-पुंछ में पिछले 24 घंटों के दौरान करीब 35 और उरी में पांच घरों समेत 40 घरों को गोलाबारी से नुकसान पहुंचा है। पुंछ में पाक गोलाबारी की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। दो अन्य घायल हो गए।पाक सेना ने पुंछ जिले के सलोत्री में गोलाबारी की जिसमें एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया।

अधिकारियों के मुताबिक 24 वर्षीय रुबाना कौसर, उसके बेटे पांच वर्षीय फैजान और नौ माह की बेटी शबनम की मौत हो गई जबकि रुबाना का पति मोहम्मद यूनिस घायल हो गया। इससे पूर्व दिन में पुंछ के मानकोट इलाके में पाकिस्तानी गोलाबारी में महिला नसीम अख्तर घायल हो गई थी।

सूत्रों की मानें तो भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई में कृष्णा घाटी सेक्टर के ठीक सामने पाक सेना के ब्रिगेड मुख्यालय को काफी नुकसान पहुंचाया है। इसके साथ सीमा पार कई लोग भी घायल हुए हैं।

अगले महीने से फ्लाइट में कर सकेंगे फोन पर बात, तीन कंपनियों को मिला लाइसेंस

0

नई दिल्ली। हवाई जहाज में सफर करने वालों को एक नई सुविधा मिलने वाली है। अप्रैल से फ्लाइट में फोन पर बात किया जा सकेगा। दूरसंचार विभाग ने फ्लाइट कनेक्टिविटी के लिए 3 कंपनियों को लाइसेंस दिया हैं। इनमें ह्यूजेस, टाटा टेलीनेट और बीएसएनएल शामिल हैं। इन कंपनियों को 10 साल का लाइसेंस मिला है।

अब इन्हें घरेलू ऑपरेटरों के साथ करार करके इस खास सर्विस की शुरुआत करनी होगी। स्पाइजेट और इंडिगो ने इस तरह की सेवा देने में दिलचस्पी दिखाई है। इसके लिए टिकट से साथ कनेक्टिवटी पैकेज मिल सकता है। शुरू में 2 घंटे के इस पैकेज के लिए 500-700 रुपए चुकाने पड़ सकते हैं।

पिछले साल दिसंबर में सरकार ने इन सेवाओं के लिए नियमों की अधिसूचना जारी कर दी है। इसके अनुसार फ्लाइट में मोबाइल सेवाएं तभी दी जाएंगी जब विमान 3000 मीटर से ज्यादा ऊंचाई पर उड़ने लगे।देश में सक्रिय भारतीय और विदेशी एयरलाइन और शिपिंग कंपनियां वैध भारतीय टेलीकॉम लाइसेंसधारक कंपनियों के साथ मिलकर यात्रियों को सफर के दौरान वॉइस और डाटा सेवाएं दे सकेंगी।

14 दिसंबर 2018 को जारी अधिसूचना के अनुसार फ्लाइट एंड मैरीटाइम कनेक्टिविटी रूल्स, 2018 लागू किए गए हैं। इन-फ्लाइट एंड मेरीटाइम कनेक्टिविटी (आईएफएमसी) सेवाएं जमीन पर टेलीकॉम नेटवर्क के साथ सैटेलाइट का इस्तेमाल करके उपलब्ध कराई जा सकेंगी।

2022 तक सबको अपना पक्का घर मिले यह मेरा सपना है – PM मोदी

0

विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में PM मोदी ने अपनी सरकार की सस्ते हाउसिंग कार्यक्रमों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि मुझे अक्सर यह सुनकर दुख होता है कि हमारे देश में ज्यादातर लोगों के पास अपना घर नहीं है. मेरा सपना है कि 2022 तक सबका पक्का मकान हो. उन्होंने कहा, ‘कंस्ट्रक्शन में अपनी सोच को लेकर हमने बदलाव किया है. घर हो, मकान हो, कमर्शल बिल्डिंग या सड़क क्यों न हो, इन्हें इको फ्रेंडली बनाने के लिए हमने काम किया. सस्ते घरों पर जीएसटी को कम कर दिया है. इसे 8 फीसदी से घटाकर 1 फीसदी तक कर दिया है. आपको बता दें कि पीएम मोदी दिल्ली में कंस्ट्रक्शन टेक्नॉलजी इंडिया 2019 कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे.

मसूद अजहर की किडनी खराब, आर्मी अस्पताल में हो रहा डायलिसिस

0

रावलपिंडी। भारत के मोस्ट वांडेट आतंकियों में से एक मौलाना मसूद अजहर को लेकर बड़ी खबर है। जानकारी के मुताबिक, पुलवामा आतंकी हमले को अंजाम देने वाले संगठन जैश-ए-मोहम्मद के इस सबसे बड़े आका की तबीयत खराब है। उसकी किडनी खराब हो गई है और पाकिस्तान सेना के रावलपिंडी स्थित अस्पताल में डायलिसिस हो रहा है।

इससे पहले पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह मोहम्मद कुरैशी ने भी कबूला था कि मसूद अजहर पाकिस्तान में है, लेकिन काफी बीमार है। उसकी हालत इतनी खराब है कि उसका घर से निकलना भी मुश्किल है।

पुलवामा आतंकी हमले के बाद मसूद एक बार फिर भारत के निशाने पर है। भारत उसे अंतर्राष्ट्रीय आतंकी ठहराने के लिए संंयुक्त राष्ट्र में लगातार कोशिश कर रहा है। अमेरिका, रूस, ब्रिटेन, फ्रांस समेत 50 से ज्यादा देश भारत के साथ हैं।

ताजा घटनाक्र में पाकिस्तान कह रहा है कि अगर भारत ठोस सबूत देता है, तो हम ‘बेहद बीमार’ मसूद अजहर को गिरफ्तार करेंगे। अगर भारत हमें सबूत देता है, जो पाकिस्तान की अदालत को स्वीकार्य है, तो हम मसूद को गिरफ्तार करेंगे।

भारत ने सौंपा का डोजियर

भारत ने बुधवार 27 फरवरी को पुलवामा आतंकी हमले में जैश की भूमिका पर पाकिस्तान को एक डोजियर सौंपा था। संयुक्त राष्ट्र द्वारा अजहर को एक वैश्विक आतंकवादी घोषित करने के मामले में कुरैशी ने कहा था कि पाकिस्तान किसी भी कदम का स्वागत करेगा, जो भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव को कम करे। अगर उनके पास ठोस सबूत हैं, तो कृपया बैठकर बात करें, कृपया बातचीत करें और हम उचित कार्रवाई करेंगे।

छत्तीसगढ़ : महेंद्र कर्मा के बेटे को दी डिप्टी कलेक्टर के पद पर नियुक्ति

0

रायपुर। झीरम घाटी नक्सल हमले में मारे गए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता महेंद्र कर्मा के बेटे आशीष कर्मा को डिप्टी कलेक्टर के पद पर नियुक्ति दी गई है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में इसका फैसला लिया गया।

संसदीय कार्य मंत्री रविंद्र चौबे ने बताया कि 6100 करोड रुपए के किसानों के लोन की माफी पर चर्चा की गई है। इसके साथ ही वन अधिकार कानून पर भी विचार विमर्श किया गया है। गौरतलब है कि शनिवार सुबह मुख्यमंत्री निवास पर कैबिनेट बैठक संपन्न हुई।

मिली सूचना के मुताबिक बैठक के बाद मुख्यमंत्री भूपेश दुर्ग और रायपुर में आयोजित अनेक कार्यक्रमों में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री रायपुर से दोपहर 12.30 बजे हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होकर एक बजे दुर्ग के धमधा नाका पहुंचेंगे और राजपूत क्षत्रिय महासभा के अधिवेशन में शामिल होंगे।

बुरा फंसा पाकिस्तान, अमेरिका ने पूछा- भारत के खिलाफ क्यों किया F16 का इस्तेमाल

0

वॉशिंगटन। पाकिस्तान ने भारतीय वायु सीमा का उल्लंघन करके अमेरिकी एफ-16 लड़ाकू विमान से हमला करने की नाकाम कोशिश की थी। इस मामले में अमेरिका सख्त हो गया है। उसने पाकिस्तान से जवाब मांगा है कि पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ एफ-16 का दुरुपयोग क्यों किया।

बताते चलें कि पाकिस्तान की इस हिमाकत का जवाब देते हुए भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर अभिनंदन ने मिग-21 विमान से एफ-16 लड़ाकू विमान को मार गिराया था। इस मामले में अमेरिका ने पाकिस्तान सरकार से सवाल पूछा है कि उसने बिना अनुमति के एफ-16 विमान का प्रयोग सैन्य कार्रवाई के लिए क्यों किया।

अमेरिका ने कहा है कि एफ-16 विमान पाकिस्तान को आतंकी संगठनों पर हमले करने और अपना बचाव के लिए दिया गया था न कि सैन्य कार्रवाई के लिए। लिहाजा, एफ-16 विमान का इस्तेमाल अमेरिका के नियमों के मुताबिक ही होना चाहिए।

बताते चलें कि पाकिस्तान ने भारत के दावा का खंडन करते हुए कहा था कि 27 फरवरी को पाकिस्तान से कोई एफ-16 विमान उड़ा ही नहीं था। इस पर भारतीय वायुसेना के अधिकारियों ने एफ-16 लड़ाकू विमान के मलबे को दिखाया था, जिसका कुछ हिस्सा भारत में गिरा था, जबकि शेष विमान का मलबा पाक अधिकृत कश्मीर में गिरा था।

इसके साथ ही भारत ने उस मिसाइल (AMRAAM) के टुकड़े को भी दिखाया था, जो एफ-16 विमान से दागी गई थी। इस मिसाइल के बारे में कहा गया था कि यह पाकिस्तान के सिर्फ एक ही विमान में फिट हो सकती है, जो एफ-16 ही है। इस बात पर अब अमेरिका ने सख्त रुख अख्तियार करते हुए पाकिस्तान से सवाल किया है।

मोदी बोले- भारत ने बदल डाला डिक्शनरी में अभिनंदन का अर्थ

0

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को विज्ञान भवन कार्यक्रम में एयरफोर्स के पायलट विंग कमांडर अभिनंदन वर्तमान की जमकर तारीफ की। उन्होंने अभिनंदन की वतन वापसी के बाद कहा कि भारत में ताकत है कि वह डिक्शनरी में शब्दों के अर्थ बदल सकता है। पीएम ने कहा, ‘पहले अभिनंदन का अर्थ कॉन्ग्रेचुलेशन होता था, लेकिन आज इस शब्द का अर्थ बदल गया है।’

मोदी ने कहा कि यह नया भारत है, जिसकी ताकत कुछ और ही है। उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान जो भी करेगा, दुनिया उसे गौर से देखती है। वह ‘कंस्ट्रक्शन टेक्नोलॉजी इंडिया 19’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे हैं। इससे पहले शुक्रवार को अभिनंदन के देश में लौटने पर पीएम मोदी ने ट्वीट कर उनके साहस की सराहना की थी।

पाकिस्तान को भारत के वीर सपूत विंग कमांडर अभिनंदन को 59 घंटे बाद शुक्रवार को भारत को सौंपना पड़ा। रात 9.20 बजे वतन लौटने के साथ ही अभिनंदन के शौर्य की कहानी भारतीय सेना के इतिहास में अमर हो गई। अभिनंदन जब लौटे, तो उनके चेहरे और हावभाव को देखकर साफ दिख रहा था कि उन्होंने पाकिस्तान को भारत के साहस का परिचय बखूबी करा दिया है।

बताते चलें कि पुलवामा में 14 फरवरी को 40 जवानों के शहीद होने का बदला लेने के लिए वायुसेना ने 26 फरवरी को पाकिस्तान के बालाकोट में जैश के आतंकी अड्डे तबाह किए थे। उसके जवाब में पाक वायुसेना ने 27 फरवरी को एफ-16 लड़ाकू विमान से जम्मू-कश्मीर में भारतीय सैन्य ठिकानों पर हमला किया था। तभी विंग कमांडर अभिनंदन ने पाकिस्तानी वायुसेना के विमानों को खदेड़ा और एक एफ-16 को मार गिराया था।

इस दौरान उनका मिग-21 क्रैश होने के कारण वह विमान से कूद गए थे, लेकिन वह इलाका पाक अधिकृत कश्मीर का था। जांबाज अभिनंदन पर वहां हमला किया गया, लेकिन उन्होंने हौसला नहीं खोया। भारत माता की जय के नारे लगाने के साथ ही उन्होंने साहस व संयम का परिचय देते हुए हवाई फायर कर जान बचाई।

अपने पास के मौजूद दस्तावेज वह निगल गए, लेकिन दुश्मन के हाथ में नहीं पड़ने दिए। इसी बीच पाक सेना पहुंची और उन्हें भीड़ से छुड़ाकर अपने कब्जे में ले लिया। जब तक पाकिस्तान की हिरासत में रहे, उन्होंने पहचान के नाम पर सिर्फ नाम व रैंक बताई और कोई भी जानकारी दुश्मन को नहीं दी।