Home Blog Page 3187

डॉ. रमन ने साधा कांग्रेस पर निशाना कहा- पाकिस्तान और कांग्रेस का गठजोड़ उजागर

0

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान के बयान को कांग्रेस प्रायोजित और  साजिश बताया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और कम्युनिस्ट ताकतें विदेशी ताकतों के इशारों व सहयोग से चाहे जितने कुटिल दांव खेल ले, भारतीय जनता राष्ट्रवाद और राष्ट्रीय एकता, अखंडता व संप्रभुता की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं करेगी।  डॉ. सिंह ने कहा कि इमरान खान का यह बयान साफ  करता है कि यह कांग्रेस प्रायोजित है। मतदान से पहले भारतीय मतदाताओं को भ्रमित करने की सोची-समझी कुटिल चाल है। कांग्रेस, पाकिस्तान और विदेशी मीडिया की तिकड़ी भारत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ऐतिहासिक जीत की ओर बढ़ रही भारतीय जनता पार्टी से खौफजदा है और इसलिए कुटिल चालबाजियां कर भारत के जनमानस को दिग्भ्रमित करने के इरादे से साजिशाना दांव-पेंच आजमा रही है। डॉ. सिंह ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस सत्ता की लालसा में भारत की संवैधानिक-लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने की शर्मनाक कोशिश कर रही है। इस तरह के कुटिल दांव और शर्मनाक आचरण के लिए कांग्रेस और कम्युनिस्ट ताकतों को देश से माफी मांगनी चाहिए। भारतीय जनता ऐसे षडय़ंत्रों का इन चुनावों में मुंहतोड़ जवाब देने जा रही है। 

डॉ. सिंह ने साफ  किया कि कांग्रेस इमरान के बयान को मुद्दा बनाने की भी विफल कोशिश कर रही है, लेकिन भारत की जनता का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व पर पूर्ण विश्वास है कि भारत में भाजपा की जीत के बाद पाकिस्तान से पटाखों की नहीं, अपितु आतंकियों के चीत्कार की ही आवाजें सुनाई देंगी। 

सीएम भूपेश बघेल 13 अप्रैल को जशपुर और रायगढ़ में करेंगे जनसभा को संबोधित

0

रायपुर। सीएम भूपेश बघेल 13 अप्रैल शनिवार को रायगढ़, जशपुर के दौरे रहेंगे। सीएम कांसाबेल, धरमजयगढ़ एवं बरमकेला में आमसभा लेंगे और रायगढ़ में शाम को रोड शो करेंगे। रायगढ़ में लोकसभा प्रत्याशी लालजीत सिंह राठिया के लिए प्रचार प्रसार करेंगे। सीएम भूपेश बघेल 13 अप्रैल को सुबह 11 बजे पुलिस स्टेशन हेलीपेड भिलाई 3 से कांसाबेल विधानसभा पत्थलगांव जिला जशपुर के लिए रवाना होंगे और दोपहर 12 बजे जशपुर जिले के कांसाबेल में उतरेंगे। यहां पर सीएम दोपहर 12 से 1 बजे तक कांसाबेल में आमसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद सीएम धरमजयगढ़ में सभा को संबोधित करेंगे। धरमजयगढ़ से बरमकेला के लिए रवाना हो जाएंगे। बरमकेला में चुनावी सभा को संबोधित करने के बाद सीएम रायगढ़ शहर पहुंचेगे। सीएम रायगढ़ में रोटरी कल्ब के कार्यक्रम में शामिल होंगे और रात्रि विश्राम से पहले पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से चर्चा करेंगे।

राहुल की सुरक्षा को लेकर गृह मंत्रालय समुचित कार्रवाई करेगा : रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण

0

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की सुरक्षा में चूक और उन पर लेजर बीम डाले जाने की शिकायत पर कहा कि गृह मंत्रालय इस पर समुचित कार्रवाई करेगा। भाजपा की वरिष्ठ नेता और रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने पार्टी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस की राहुल गांधी की सुरक्षा व्यवस्था में चूक की शिकायत के बारे में पूछने पर कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि राहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर कांग्रेस की शिकायत पर केन्द्रीय गृह मंत्रालय समुचित कार्रवाई करेगा। कांग्रेस के तीन वरिष्ठ नेताओं ने अमेठी में राहुल गांधी के नामांकन के दौरान सुरक्षा में गंभीर चूक का आरोप लगाते हुए गृहमंत्री राजनाथ सिंह को एक पत्र लिखकर केंद्र से जांच कराने को कहा है। पत्र में कांग्रेस ने राहुल गांधी की सुरक्षा से संबंधित प्रोटोकोल को सख्ती से पालन कराए जाने की भी मांग की है। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस ने पत्र में कहा है कि नामांकन दाखिल करने के बाद जिस समय राहुल गांधी पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे, उस समय उनके सिर के हिस्से पर हरे रंग की लेजर बीम कई बार डाली गई थी। सीतारमण ने लोकसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान में प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि चुनाव आयोग के अनुसार दोपहर एक बजे तक करीब 35 फीसदी मतदान हुआ है। कुछ इलाकों में यह आंकड़ा 44 प्रतिशत तक पहुंच गया है। कुछ स्थानों को छोड़कर बाकी सभी जगह मतदान शांति पूर्ण रूप से चल रहा है। कार्यकर्ता बहुत उत्साहित हैं। मतदान की रफ्तार से पार्टी में उत्साह है। उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि भाजपा एवं राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को अच्छी बढ़त हासिल होगी।

महीने में मिलेंगे 35 लाख, इस अरबपति को चाहिए हर वक्त साथ रहने वाला PA

0

एक असिस्टेंट को नौकरी पर रखकर कोई कितने रुपये तक सैलरी दे सकता है. आपसे यह सवाल किया जाए तो शायद आपका जवाब होगा ज्यादा से ज्यादा 1 लाख या 2 लाख, लेकिन आप गलत हैं. 26 साल के एक ऑस्ट्रेलियाई अरबपति ने सोशल मीडिया पर नौकरी के लिए विज्ञापन निकाला है. इस अरबपति शख्स का नाम है मैथ्यू लेपरे (Matthew Lepre). लेपरे की डिमांड है कि उन्हें ऐसा पर्सनल असिस्टेंट चाहिए जो हर समय उनके साथ रह सके. इसके लिए वह हर महीने 52 हजार डॉलर (करीब 35 लाख रुपये) तक देने के लिए तैयार हैं.

40 हजार से ज्यादा लोगों ने किया आवेदन 
लेपरे की यह पोस्ट इंटरनेट पर वायरल हो रही है और अब तक इस पद के लिए 40 हजार से ज्यादा लोग आवेदन कर चुके हैं. मैथ्यू का ई-कॉमर्स से जुड़ा हुआ बिजनेस है और उनकी चार कंपनियां हैं. इससे उन्हें हर हफ्ते 85,764 डॉलर (करीब 59.3 लाख रुपये) की कमाई हो जाती है. उन्होंने सोशल मीडिया पर इस जॉब को ‘The coolest job in the world’ नामक टाइटल से शेयर किया है.

35 लाख के अलावा ये सुविधाएं भी मिलेंगी 
जो भी शख्स लेपरे का पर्सनल असिस्टेंट बनेगा उसे 35 लाख रुपये के अलावा ट्रैवलिंग, रहने, खाने-पीने और हेल्थ इंश्योरेंस की सुविधा कंपनी की तरफ से दी जाएगी. यह वेतन आवेदन के अनुभव और क्षमता दोनों पर निर्भर करेगी. मेल ऑनलाइन की रिपोर्ट के अनुसार लेपरे को अब तक जो 40 हजार आवेदन आए हैं, उनमें से 30 हजार महिलाएं हैं. इतना ही नहीं कई महिलाओं ने तो लेपरे को शादी तक का ऑफर दे दिया है.

आवेदन करने वाले 23 से 37 साल के बीच 
लेपरे ने कहा कि अधिकतर आवेदन ब्रिटेन, इटली, दक्षिणी अमेरिका और एशिया से मिले हैं. आवेदन करने वालों की उम्र 23 से 37 साल के बीच है. तमाम आवेदन में कहा गया है कि वे अपनी 9 से 5 बजे की जॉब से परेशान हो गए हैं. उन्हें कॉर्पोरेट लाइफ से बाहर आना है. अब वे जॉब के साथ ही ट्रैवलिंग करना चाहते हैं.

जॉब के लिए यह करना होगा 
अरबपति मैथ्यू लेपरे ने बताया कि उम्मीदवार को कंप्यूटर अच्छे से चलाना आता हो. साथ ही वह सोशल मीडिया में भी एक्सपर्ट होना चाहिए. ऑर्गनाइज होने के साथ ही वह नया सीखने के लिए इच्छुक और महत्त्वाकांक्षी हो. आवेदक को यह भी पता होना चाहिए कि लेपरे क्या करते हैं, इसके लिए वह उनका यूट्यूब चैनल भी देख सकते हैं.

छत्तीसगढ़ में प्राइवेट नौकरी वालों को मतदान करने मिलेगी दो घंटे की छुट्टी, सरकारी कर्मचारियों का रहेगा अवकाश

0

रायपुर। लोकसभा चुनाव के दौरान प्राइवेट नौकरी करने वालों को मतदान करने के लिए दो घंटे की छुट्टी मिलेगी। वहीं सरकारी कर्मचारियों का अवकाश रहेगा। यह सूचना निवार्चन आयोग की ओर से रायपुर कलेक्टर डॉ. बसव राजू एस ने जारी किया है। कलेक्टर डॉ. बसव राजू एस ने कहा कि लोकसभा चुनाव को लेकर रायपुर में पूरी तरह से तैयारी की जा चुकी है। यहां कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर काम सौंप दिया गया है। लोकसभा चुनाव में ज्यादा से ज्यादा मतदान करने के लिए लोग जागरूक हों इसके लिए मतदाता जागरूकता रैली निकाली जा रही है। वहीं चुनाव के दौरान सरकारी कर्मचारियों का अवकाश रहेगा और प्राइवेट काम करने वाले कर्मचारियों के लिए दो घंटे के लिए मतदान करने छुट्टी दी जाएगी।

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के 12वें सीजे बने जस्टिस रामचंद्र मेनन

0

केरल हाईकोर्ट में पदस्थ जस्टिस पीआर रामचंद्र मेनन छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के 12 वें चीफ जस्टिस नियुक्त किए गए हैं। इस संबंध में सुप्रीम कोर्ट के कॉलेजियम ने आदेश जारी किया है।

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के पूर्व सीजे अजय कुमार त्रिपाठी ने लोकपाल का सदस्य बनाए जाने के बाद पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद सीनियर जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा को कार्यवाहक सीजे नियुक्त किया गया। आठ अप्रैल को सीजेआइ रंजन गोगोई, जस्टिस एसए बोबड़े व जस्टिस एनवी रमन्ना की सदस्यता वाली कॉलेजियम ने केरल हाईकोर्ट में पदस्थ जस्टिस पीआर रामचंद्र मेनन का छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस नियुक्त करने आदेश जारी किया है। जस्टिस मेनन छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के 12वें चीफ जस्टिस होंगे।

2009 को केरल हाईकोर्ट में हुई थी नियुक्ति

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के नवनियुक्त चीफ जस्टिस पीआर रामचंद्र मेनन का जन्म एक जून 1959 को हुआ। शासकीय लॉ कॉलेज एर्नाकुलम से एलएलबी की डिग्री लेने के बाद उन्होंने आठ जनवरी 1983 को विधि व्यवसाय शुरू किया। पांच जनवरी 2009 को उन्हें केरल हाईकोर्ट में एडिशनल जज के पद में नियुक्त किया गया। 15 दिसंबर 2010 को उनकी स्थाई नियुक्ति की गई।

अब तक इन्होंने संभाली जिम्मेदारी

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट की स्थापना के साथ जस्टिस डब्ल्यूए शिशाक पांच दिसंबर 2000 से 15 जनवरी 2002 तक, जस्टिस केएचएन कुरंगा छह फरवरी 2002 से 10 मई 2004 तक, जस्टिस एएस वेंकटचला मूर्ति 28 मई 2004 से सात जनवरी 2005 तक, जस्टिस एके पटनायक 14 मार्च 2005 से एक अक्टूबर 2005 तक, जस्टिस एसआर नायक 17 नवंबर 2005 से 31 दिसंबर 2006 तक, जस्टिस एचएल दत्तु 10 फरवरी 2007 से 17 मई 2007 तक, जस्टिस राजीव गुप्ता दो फरवरी 2008 से नौ अक्टूबर 2012 तक, जस्टिस यतिन्द्र सिंह 22 अक्टूबर 2012 से आठ अक्टूबर 2014 तक, जस्टिस नवीन सिन्हा नौ जुलाई 2014 से 10 मई 2016 तक, जस्टिस दीपक गुप्ता 16 मई 2016 से 16 फरवरी 2017 तक, जस्टिस टीबी राधाकृष्णनन 18 मार्च 2017 से छह जुलाई 2018 तक और जस्टिस अजय कुमार त्रिपाठी सात जुलाई 2018 से 26 मार्च 2019 तक छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रह चुके हैं।

बिलासपुर : जिन स्टेशनों में नहीं पहुंच रहा रेलनीर, वहां बिकेगा दूसरे ब्रांड का पानी

0

छोटे स्टेशनों से सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहतभरी खबर है। अब उन्हें रेलनीर के अभाव में लोकल ब्रांड का पानी नहीं खरीदना पड़ेगा। वे ब्रांडेड और रेलवे एप्रूव पानी से प्यास बुझा पाएंगे। सीसीएम ने आदेश जारी कर रेलनीर के अलावा छह ब्रांड को बेचने की अनुमति दी है।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के सभी स्टेशनों के स्टाल, कैंटीन, फूड प्लाजा व जनआहार के संचालकों को केवल रेलनीर बेचने का आदेश है। दूसरे ब्रांड पर पूर्ण रूप से पाबंद लगा दिया गया है। इस आदेश का पालन नहीं करने पर जुर्माने की कार्रवाई का प्रावधान है। रेलवे व आइआरसीटीसी के अधिकारी नियमित इसकी जांच भी करते हैं। रेलनीर की सप्लाई आइआरसीटीसी को करना है। इसके लिए उन्होंने अलग से टेंडर भी किया है। इस व्यवस्था से जोन के प्रमुख स्टेशनों में आसानी से रेलनीर की सप्लाई हो जाती है। लेकिन अभी कई छोटे स्टेशनों में रेलनीर नहीं पहुंच पाता है। ऐसे में चोरी छिपे यात्रियों की सुविधा के लिए दूसरे ब्रांड का पानी रख भी लेते हैं तो हमेशा जुर्माने का डर रहता है। रेल प्रशासन की इस सख्ती की वजह से कहीं न कहीं यात्रियों को नुकसान हो रहा था। यह एक बड़ी समस्या थी। ऐसे में यात्रियों को राहत देने के लिए योजना बनाई जा रही है। इस पर अब जाकर फैसला हुआ है। जोनल मुख्यालय स्तर पर यह तय हुआ है कि जिन स्टेशनों में रेलनीर नहीं पहुंच पाता या फिर आइआरसीटीसी की लिस्टिंग में नहीं है। वहां छह ब्रांड के पानी बोतल बेचे जा सकते हैं। उन्हें निर्देश भी दिए गए हैं कि एप्रूव ब्रांड के अलावा दूसरे ब्रांड का पानी बिकता है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इन ब्रांड को किया गया है एप्रूव

– किल्ले

– एक्वाफिना

– आक्सीरिच

– बीबो

– बेसलरी

– बेली

घटिया ब्रांड पर लगेगी रोक

छह ब्रांड को एप्रूव करने के बाद छोटे स्टेशनों में घटिया ब्रांड के पानी की बिक्री पर रोक लगेगी। दरअसल लगातार यह शिकायत आ रही थी कि स्टीकर लगाकर किसी भी ब्रांड का पानी बेचा जा रहा है। कई बार तो साधारण नल से पानी भरकर बेच दिया जाता है। यात्री भी प्यास बुझाने के लिए मजबूरी में इसे खरीद लेते थे। पानी की उपलब्धता होने से उन्हें इस तरह की परेशानी नहीं होगी।

आइआरसीटीसी यहां करा रहा उपलब्ध

जानकारी के मुताबिक आइआरसीटीसी बिलासपुर, चांपा, कोरबा, रायगढ़, अनूपपुर, दुर्ग, भिलाई, रायपुर, राजनांदगांव, गोंदिया, तिल्दा व भाटापारा में रेलनीर उपलब्ध करा रहा है। जबकि जोन में छोटे व बड़े को मिलाकर 300 से अधिक स्टेशन हैं। हालांकि इनमें से कुछ स्टेशनों में स्टाल की सुविधा नहीं है।

जहां रेलनीर उपलब्ध नहीं हो रहा है। वहां के लिए छह ब्रांड को बेचने की अनुमति दी गई है। अब यात्रियों को असुविधा नहीं होगी। इसके अतिरिक्त दूसरा ब्रांड बिकता है तो कार्रवाई होगी।

रविश कुमार सिंह

सीपीआरओ, दपूमरे जोन

छत्तीसगढ़ : आयकर विभाग ने जब्त किए तीन करोड़ 69 लाख रुपये

0

प्रदेश में प्रथम चरण के निर्वाचन के लिए बस्तर में मतदान होने जा रहा है। इस बीच निगरानी दलों की सघन जांच पूरे प्रदेश में जारी है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुब्रत साहू के निर्देश पर निगरानी दल जांच अभियान चला रहे हैं। प्रदेश में अवैध धनराशि और वस्तुओं की बरामदगी का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। आठ अप्रैल तक जब्तशुदा वस्तुओं में 4 करोड़ 45 लाख 26 हजार 605 रुपये नकद भी शामिल है। इस दौरान 5 हजार 142 लीटर अवैध शराब बरामद हुई। इसकी कीमत नौ लाख 20 हजार 833 रुपये है। सघन जांच अभियान के तहत अधिकारियों ने अवैध लैपटॉप, साड़ी, प्रेशर कुकर आदि भी जब्त किए हैं। इनकी कीमत 55 लाख 38 हजार 295 रुपये है। साथ ही 16 लाख पचास हजार रुपए के आभूषण और रत्न भी शामिल हैं। यह आंकड़ा बढ़कर सवा पांच करोड़ रुपये के पार चला गया है। वस्तु बरामद की गई, इसमें चार करोड़ 45 लाख 26 हजार 605 रुपये से अधिक नकद राशि है। इसमें से आयकर विभाग ने तीन करोड़ 69 लाख 40 हजार रुपये जब्त किए हैं।

देखें अब तक कहां-कहां कितना प्रतिशत हुआ मतदान…

0

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान आज सुबह सात बजे से चल रहा है। इसके तहत 18 राज्य व 02 केन्द्र शासित प्रदेशों के साथ 91 लोकसभा सीटों के लिए मतदान हो रहा है। इन सीटों पर कुल 1279 उम्मीद्वार मैदान पर हैं। पहले चरण की वोटिंग को लेकर मतदाताओं में भी भारी उत्साह देखा जा रहा है।
सुबह 11 बजे तक उत्तराखंड में 23.3 फीसदी, मिजोरम में 29.9 फीसदी, तेलंगाना में 22.84 फीसदी, मेघालय में 27 फीसदी, अरुणाचल प्रदेश में 27.48 फीसदी, नागालैंड में 48 फीसदी, बिहार में 20.31 फीसदी और अंडमान एंड निकोबार में 14.37 फीसदी मतदान हुआ है। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित इलाके दंतेवाड़ा में भी लोगों में मतदान को लेकर भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। 9 अप्रैल को यहां बीजेपी विधायक भीमा मांडवी का निधन नक्सली हमले में हुआ था। इसमें चार सुरक्षाकर्मी भी शहीद हुए थे। आज दंतेवाड़ा में मतदान बूथों के बाहर लोगों की लंबी कतारें लगी हैं।
जम्मू-कश्मीर के मतदाताओं में वोटिंग को लेकर भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। जम्मू-कश्मीर में सुबह 9 बजे तक 11.43 फीसदी मतदान हुआ है। जम्मू में 14.12 फीसदी, सांबा में 16.52 फीसदी, राजौरी में 11.88 फीसदी, पुंछ में 12.98, बारामुला में 5.80 फीसदी, कुपवाड़ा में 7.98, बांदीपोरा में 5.97 फीसदी मतदान हुआ। बांदीपोरा के बूथ संख्या 114 और 115 पर मतदाताओं की लंबी कतारें लगी हुई है। यहां के मतदाताओं का कहना है कि इस बार वे उसे ही वोट देंगे जो संसद में उनके स्थानीय मुद्दों को उठाएगा।
वहीं एआईएमआईएम प्रमुख और हैदराबाद से प्रत्याशी असदुद्दीन ओवैसी ने भी वोट डाला। वहीं केंद्रीय मंत्री और नागपुर से बीजेपी प्रत्याशी नितिन गडकरी ने भी अपना वोट डाला। असम के मुख्यमंत्री सबार्नंद सोनोवाल ने भी मतदान किया है। तेलंगाना राष्ट्र समिति के कार्यकारी अध्यक्ष केट रामराराव ने भी हैदराबाद में मतदान किया।

सोनिया गांधी रोड शो के बाद आज करेंगी नामांकन दाखिल

0

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण के लिए 6 मई को रायबरेली लोकसभा सीट में मतदान होगा। इसके लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। गुरुवार को यूपीए प्रमुख सोनिया गांधी रायबरेली लोकसभा सीट के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगी। नामांकन दाखिल करने से पहले सोनिया गांधी रोड शो करेंगी। सोनिया गांधी रायबरेली लोकसभा सीट से 5वीं बार मैदान में हैं। इस सीट से 2004, 2006 (उपचुनाव), 2009 और 2014 में विजयी हुईं थीं। समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के महागठबंधन ने इस सीट से कोई उम्मीदवार नहीं उतारा है। ऐसे में रायबरेली सीट पर सोनिया गांधी और भाजपा के दिनेश प्रताप सिंह के बीच सीधी टक्कर है।