Home Blog Page 3192

कवर्धा : कबीरधाम जिले में मतदान दिवस 18 अप्रैल को जिले में सामान्य अवकाश घोषित

0

छत्तीसगढ़ सामान्य प्रशासन विभाग मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के तहत कबीरधाम जिले में लोकसभा निर्वाचन की मतदानतिथि 18 अप्रैल गुरूवार को सभी शासकीय कार्यालयों में सामान्य अवकाश घोषित किया है। इस संबंध में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचनअधिकारी श्री अवनीश कुमार शरण ने सभी विभाग प्रमुखों को परिपत्र जारी कर दिया है।

नवरात्र विशेष : करें मां कुष्मांडा की आराधना, चैत्र नवरात्र चौथे दिन बन रहे चार दुर्लभ योग

0

रायपुर। आज चैत्र शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि और मंगलवार का दिन है। इसके साथ ही आज सुबह 10 बजकर 19 मिनट तक सारे काम बनाने वाला रवि योग और शाम 06 बजकर 56 मिनट तक आयुष्मान योग भी रहेगा। इसके अलावा आज नवरात्र का चौथा दिन है। आज के दिन मां दुर्गा के चौथे स्वरूप मां कुष्माण्डा की उपासना की जाती है। साथ ही आज वैनायकी श्री गणेश चतुर्थी व्रत भी है। इसके अलावा आज मुकदमा दायर करने या अपनी बात रखने के योग यानि कि यायीजयद योग सूर्योदय से सुबह 10:18 तक रहेगा। वहीं सारे काम बनाने वाले योग यानि की सर्वार्थ सिद्धि योग सुबह 10:19 तक रहेगा। नवरात्र के चौथे दिन एक साथ 4 योग लगने का असर हर राशि के जातकों पर शुभ पड़ेगा। 6 अप्रैल से शुरू होने वाले चैत्र नवरात्र 14 अप्रैल तक चलेगा। इस नवरात्र में तिथियों में किसी प्रकार का तोड़ भांज नहीं होने के चलते माता भक्तों को पूरे नौ दिन माता भक्ती के लिए मिलेंगे।
मां कुष्मांडा
माता को कुम्हड़े की बलि बहुत प्रिय है। मां कुष्माण्डा की आठ भुजाएं होने के कारण इन्हें अष्टभुजा वाली भी कहा जाता है। इनके सात हाथों में क्रमश: कमण्डल, धनुष, बाण, कमल, अमृत से भरा कलश, चक्र तथा गदा नजर आता है, जबकि आठवें हाथ में जप की माला रहती है। माता का वाहन सिंह है और इनका निवास स्थान सूर्यमंडल के भीतर माना जाता है। कहते हैं सूर्यलोक में निवास करने की क्षमता अगर किसी में है तो वह केवल मां कुष्माण्डा में ही है। साथ ही माना जाता है कि देवी कुष्माण्डा सूर्य देव को दिशा और ऊर्जा प्रदान करती हैं। परिवार में खुशहाली के लिए, अच्छे स्वास्थ्य के लिये और यश, बल तथा आयु की वृद्धि के लिए आज के दिन मां कुष्माण्डा का ध्यान करके उनके इस मंत्र का जाप करना चाहिए-‘ऊं ऐं ह्रीं क्लीं कुष्मांडायै नम:’ ..

ऐसे करें पूजा
दुर्गा पूजा के चौथे दिन माता कुष्मांडा की पूजा सच्चे मन से करना चाहिए। फिर मन को अनहत चक्र में स्थापित करने के लिए मां का आशीर्वाद लेना चाहिए। सबसे पहले सभी कलश में विराजमान देवी-देवता की पूजा करें फिर मां कुष्मांडा की पूजा करें। इसके बाद हाथों में फूल लेकर मां को प्रणाम कर इस मंत्र का ध्यान करें।

या देवी सर्वभूतेषु मां कूष्माण्डा रूपेण संस्थिता।
नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम:।।

मां की पूजा के बाद महादेव और परमपिता ब्रह्मा जी की पूजा करनी चाहिए। इसके बाद मां लक्ष्मी और विष्णु भगवान की पूजा करें।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विक्रम उसेंडी का बयान कहा- मुख्यमंत्री भूपेश पीएम मोदी को पत्र लिख-लिख कर हवाबाजी कर रहे

0

रायपुर। हाल में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए बस्तर लोकसभा क्षेत्र के प्रचार के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विक्रम उसेंडी ने बाइक रैली निकालकर भाजपा प्रत्याशी बैदू राम कश्यप के पक्ष में वोट मांगा। उन्होंने लोगों से मुलाकात कर कहा कि आदिवासी भाइयों को शासन से मिलने वाला नमक व चना बंद हो गया है। कांग्रेस सरकार जल्द इसे चालू करवाए क्योंकि पहले दिग्विजय सिंह मुख्यमंत्री हुआ करते थे तो बस्तर का महुआ, चार व अन्य वन उत्पाद नमक के बदले  दुकानदार खरीदा करते थे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, दिग्विजय सिंह के करीबी रहे हैं कही उसी युग में बस्तर को धकेलने का काम तो नहीं कर रहे हैं। मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री को पत्र लिख-लिख हवाबाजी कर रहे हैं और उनके सरकार में ही दिया तले अंधेरा है।

छत्तीसगढ़ : 4651 लीटर शराब समेत सवा चार करोड़ नकद बरामद

0

चुनाव आचार संहिता के लागू होने के बाद से अब तक पांच करोड़ रुपये की अवैध सामग्री और नकदी बरामद की गई है। इसमें चार करोड़ 34 लाख 19 हजार 205 रुपये नकद शामिल है। वहीं चार हजार 651 लीटर अवैध शराब जब्त की गई है। इसकी कीमत आठ लाख 31 हजार 868 रुपये है। सघन जांच अभियान के तहत अधिकारियों ने अवैध लैपटाप, साड़ी, प्रेशर कुकर आदि भी जब्त किए। इनकी कीमत 48 लाख 86 हजार 695 रुपये है। साथ ही 16 लाख 50 हजार रुपये के आभूषण और रत्न शामिल हैं। जिला निर्वाचन कार्यालयों द्वारा गठित उड़नदस्तों ने नकद और वस्तुओं की जब्ती की है। दोषियों के खिलाफ नियमानुसार प्रकरण भी दर्ज किए गए हैं।

राहुल गांधी का भाजपा के घोषणा पत्र पर वार, कहा- इसमें है एक व्यक्ति की आवाज

0

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव को लेकर दोनों ही बड़ी पार्टियों (भाजपा-कांग्रेस) ने अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। कल जारी हुए भाजपा के घोषणा के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपने ट्वीटर अकाउंट के माध्यम से ट्वीट करते हुए कहा कि भाजपा का घोषणा पत्र एक व्यक्ति की आवाज है मंगलवार को दावा किया कि इसे बंद कमरे में तैयार किया गया है और इसमें दूरदर्शिता का अभाव है। उन्होंने यह दावा किया कि उनकी पार्टी का घोषणापत्र लंबे विचार-विमर्श के बाद तैयार किया गया है और उसमें जनता की आवाज शामिल है।  

लोकसभा चुनाव 2019 : मतदाताओं को भ्रमित करने वाले विज्ञापनों पर लगेगी रोक

0

भारत निर्वाचन आयोग ने राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों के लिए मतदान दिवस के साथ उसके एक दिन पहले प्रिंट मीडिया में राजनीतिक विज्ञापन जारी करने के संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए हैं। जिला तथा राज्य मीडिया प्रमाणन समिति को प्रमाणन हेतु प्राप्त आवेदन पर त्वरित निर्णय लेने के निर्देश दिए हैं।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुब्रत साहू ने बताया है कि छत्तीसगढ़ में तीन चरणों में निर्वाचन हो रहा है। पहले चरण के लिए बस्तर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में 11 अप्रैल को मतदान होगा। निर्वाचन के दौरान मीडिया के गलत उपयोग को रोकने भारत निर्वाचन आयोग ने व्यापक तैयारियां की हैं। इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के साथ ही प्रिंट मीडिया में राजनीतिक विज्ञापनों के दुरुपयोग को रोकने के लिए व्यापक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

–इन पर रहेगी कड़ी निगरानी—-

प्रिंट मीडिया में राजनीतिक विज्ञापन के पूर्व प्रमाणीकरण के संबंध में जारी परिपत्र की जानकारी दी। सुब्रत साहू ने बताया है भ्रमित करने वाले विज्ञापनों के प्रकाशन के बाद वे दल अथवा प्रत्याशी जो इससे प्रभावित होते हैं, उनके पास किसी भी प्रकार की सफाई अथवा खंडन का अवसर नहीं होता। ऐसे में स्वतंत्र, पारदर्शी और निष्पक्ष निर्वाचन के लिए प्रिंट मीडिया के राजनीतिक विज्ञापनों का पूर्व प्रमाणन जरूरी है। इस संबंध में सभी राजनीतिक दलों एवं प्रत्याशियों को भी अवगत कराया जा रहा है।

जिला समाचार : रायपुर में बांटने थे मछली के एक लाख बीज, आधा भी नहीं बांट पाए

0

राज्य मत्स्य विभाग द्वारा प्रदेश के सभी जिलों सहित रायपुर में मत्स्य बीज का वितरण किया जाता है। रायपुर जिले में एक लाख मछली बीज बांटने का लक्ष्य था, लेकिन विभाग आधा भी नहीं बांट पाया और नया सत्र शुरू हो गया है। विभाग के अधिकारी की मानें तो बरसात में विभाग में पानी भर गया था, जिसके कारण काफी संख्या में बीज बह गए। जो बचे थे, उसमें से लगभग बीस हजार बीज का वितरण हुआ है। इसी तरह की स्थिति लगभग अधिकांश जिले में है। ज्ञात हो कि मछली बीज का उत्पादन जून में शुरू होता है। उसके बाद विभाग के माध्यम से प्रशिक्षित मछुआरों को मुफ्त जीरा (स्पान) का वितरण जुलाई से अगस्त तक किया जाता है। इस सत्र का लक्ष्य क्या होगा, यह 28 अप्रैल की बैठक में तय हो सकता है।

मौसम की दुहाई

लक्ष्य पूरा ने करने के मामले में विभाग स्वयं की खामियों को नजरअंदाज कर रहा है। मौसम ठीक नहीं होने की दुहाई दे रहे हैं। ऐसे में विभाग की योजनाएं सिर्फ फाइलों तक सिमट कर रह गई हैं। दूसरी ओर किसान मछली के बीज के लिए विभाग के चक्कर लगाते रहते हैं। इन्हें हर बार यही कहा जाता है कि जल्द ही वितरण होगा। प्रदेश में मछली पालन करने वाले लगभग आठ लाख मछुआरा हैं, जिन्हें योजना के माध्यम से स्पान, हेचरी, तालाब आदि का वितरण होता है।

मृगल प्रजाति की संख्या अधिक

बीज वितरण में रोहू, कतला, मृगल प्रजाति की संख्या अधिक रहती है। ज्ञात हो कि मछलियों की पैदावार बढ़ाने में छत्तीसगढ़ को लगातार अच्छी सफलता मिली है। गत 12 वर्षों में 25 लाख मीट्रिक टन से अधिक मछलियों की पैदावार की जा चुकी है। इससे छत्तीसगढ़ अंतर्देशीय मछली उत्पादन के क्षेत्र में देश में पांचवें बड़े राज्य के रूप में उभरकर सामने आया है। छत्तीसगढ़ मछली बीज उत्पादन और आपूर्ति के क्षेत्र में भी आत्मनिर्भर राज्य माना जाने लगा है।

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की ‘न्याय” यात्रा का दूसरा चरण दुर्ग, राजनांदगांव और कांकेर लोकसभा क्षेत्र में आज से

0

कांग्रेस की ‘न्याय” यात्रा का दूसरा चरण मंगलवार से शुरू होगा। इस चरण में न्याय रथ दुर्ग, राजनांदगांव और कांकेर लोकसभा क्षेत्रों में घूमेगा।

न्यूनतम आय योजना का प्रचार करने के लिए प्रदेश कांग्रेस ने न्याय यात्रा शुरू की है। इसका पहला चरण हो चुका है। पहले चरण में न्याय रथ बस्तर लोकसभा के पूरे क्षेत्र में घूम चुका है।

कांकेर लोकसभा के बड़े हिस्से में रथ का भ्रमण हो गया है। दूसरा चरण रायपुर के बूढ़ेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद शुरू होगा। मंदिर से निकलकर न्याय रथ दुर्ग लोकसभा क्षेत्र पहुंचेगा।

पाटन, दुर्ग ग्रामीण, वैशालीनगर, अहिवारा, साजा, बेमेतरा, नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र में न्याय रथ को घुमाया जाएगा। दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के बाद रथ राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र में पहुंच जाएगा।

वहां कवर्धा, खैरागढ़, राजनांदगांव, डोंगरगांव और मोहला विधानसभा क्षेत्र में रथ को घुमाया जाएगा।

दूसरे चरण के अंतिम दौर में रथ कांकेर लोकसभा क्षेत्र के डौंडीलोहारा पहुंचेगा। दूसरे चरण की यात्रा नौ अप्रैल से 12 अप्रैल तक चलेगी। इस दौरान 21 सभा और पांच रोड शो किए जाएंगे।

मध्‍य प्रदेश: IT की रेड में 281 करोड़ रुपये बरामद, ‘बड़ी पार्टी’ को ट्रांसफर किए गए थे 20 करोड़

0

दिल्ली की आयकर टीम द्वारा मध्य प्रदेश सहित तीन राज्यों के करीब पचास ठिकानों पर की गई छापेमारी में बड़ा खुलासा हुआ है. कार्रवाई में 281 करोड़ रु. के बेहिसाबी कैश रैकेट का पता चला है. सेंट्रल बोर्ड ऑफ डायरेक्ट टैक्सेस (सीबीडीटी) ने बताया कि राजनीति, व्यापार और सरकारी सेवाओं से जुड़े लोगों के जरिए यह रकम इकट्ठा की गई थी.

सीबीडीटी के मुताबिक, कैश का एक हिस्सा हवाला के जरिए दिल्ली स्थित एक बड़ी राजनीतिक पार्टी के मुख्यालय में भी ट्रांसफर किया गया है. इसमें 20 करोड़ रु. की वह रकम भी शामिल है, जिसे हाल ही में पार्टी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी के तुगलक रोड स्थित आवास से पार्टी मुख्यालय में भेजा गया था. हालांकि सीबीडीटी की तरफ से जारी बयान में किसी नेता के नाम का जिक्र नहीं किया गया है.

दरअसल, दिल्ली की आयकर टीम द्वारा मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री कमलनाथ के करीबी लोगों के ठिकानों पर जबरदस्त छापे की कार्रवाई हुई है. यह कार्रवाई करीब 30 घंटे तक चली. इस दौरान इंदौर और भोपाल में आयकर की टीम के साथ सीआरपीएफ के जवान भी थे. भोपाल में सीआरपीएफ के जवानों की एमपी पुलिस से झड़प भी देखने को मिली थी.

सीबीडीटी के जो खुलासे सामने आए हैं उसमें

-सीबीडीटी ने बताया कि एक पदाधिकारी के करीबी रिश्तेदार के समूह के दिल्ली स्थित ठिकानों पर छापों के दौरान कई सबूत मिले हैं. इनमें एक डायरी भी शामिल है, जिसमें 230 करोड़ के बेनामी लेनदेन का जिक्र है.’
-डायरी के अलावा 242 करोड़ रु. की रकम के फर्जी बिलों के कुछ देशो की 80 कंपनियों की मौजूदगी के सबूत भी मिले हैं.
-सीबीडीटी ने यह भी बताया कि 14.6 करोड़ रु. का बेहिसाबी कैश, 252 शराब की बोतलें, हथियार भी जब्त किए गए हैं.

छत्तीसगढ़ : सभी चरणों के मतदान की समाप्ति तक एक्जिट पोल पर प्रतिबंध

0

रायपुर। लोकसभा निर्वाचन के पहले चरण के मतदान दिवस से अंतिम चरण की मतदान समाप्ति तक भारत निर्वाचन आयोग ने मीडिया में किसी भी प्रकार के एक्जिट पोल के प्रकाशन अथवा प्रसारण पर रोक लगा दी है। लोकसभा के लिए कुल सात चरणों में मतदान होना है। प्रदेश में प्रथम तीन चरणों में 11 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान होंगे। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुब्रत साहू ने बताया कि एक्जिट पोल संबंधी आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन पर कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही संबंधित निर्वाचन क्षेत्र में मतदान समाप्ति के 48 घंटे पूर्व से किसी भी प्रकार के जनमत सर्वेक्षणों के प्रसारण अथवा प्रकाशन पर भी प्रतिबंध लागू रहेगा। पहले चरण का मतदान शुरू होने के साथ ही सुबह सात बजे से लोकसभा निर्वाचन के सभी चरणों की समाप्ति तक देश में मीडिया द्वारा एक्जिट पोल के परिणाम का प्रकाशन अथवा प्रसारण प्रतिबंधित रहेगा। यह पहले चरण के मतदान यानी 11 अप्रैल की सुबह सात बजे से 19 मई की शाम साढ़े छह बजे की अवधि में कोई भी व्यक्ति किसी भी निर्वाचन क्षेत्र में एक्जिट पोल सर्वेक्षण नहीं कर सकेगा और प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, चलचित्र, टेलीविजन या किसी अन्य माध्यम पर इसके परिणाम का प्रकाशन-प्रसारण नहीं कर सकेगा।  इस अवधि के दौरान निर्वाचन संबंधी किसी भी सामग्री का चलचित्र, टेलीविजन या इस तरह के अन्य माध्यमों पर प्रदर्शन वर्जित रहेगा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया है कि आयोग ने इस संबंध में जानकारी सभी समाचार ब्यूरो, मीडिया संस्थानों और टेलीविजन चैनलों को प्रेषित करने के निर्देश दिए हैं।