Home Blog Page 3195

MP : मुख्यमंत्री कमलनाथ के करीबियों के ठिकानों पर दूसरे दिन भी आयकर की कार्रवाई, खोले जा सकते हैं लॉकर्स

0

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ के करीबी और व्यापारी अश्विन शर्मा के राजधानी भोपाल स्थित परिसरों पर आज भी आयकर विभाग ने एक बार फिर कार्रवाई शुरू कर दी। विभाग के नई दिल्ली से आए अधिकारी कल तड़के से शुरू की गई कार्रवाई के तहत मुख्यमंत्री कमलनाथ के सहयोगियों के भोपाल और इंदौर स्थित परिसरों पर कार्रवाई कर रहे हैं। समझा जा रहा है कि अधिकारी आज इन परिसरों से प्राप्त दस्तावेजों, नकदी और जेवर समेत अन्य संपत्ति का आंकलन करेंगे। विभाग को अब तक इस कार्रवाई में करीब नौ करोड़ रुपए की नकदी बरामद हुई है।

आयकर विभाग की दिल्ली से आई टीमों के कल मुख्यमंत्री के करीबी प्रवीण कक्कड़ समेत अन्य कई लोगों के परिसरों पर छापे मारे जाने के बाद से प्रदेश में इस विषय को लेकर राजनीति शुरू हो गई थी। कमलनाथ ने कहा कि पूरा देश जानता है कि संवैधानिक संस्थाओं का किस तरह और किन लोगों के खिलाफ और कैसे इस्तेमाल पांच सालों से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इनका उपयोग कर डराने का कार्य करते हैं। जब इनके पास विकास पर, अपने काम पर कुछ कहने को नहीं रहता है, तो ये विरोधियों के खिलाफ इस तरह के हथकंडे अपनाते हैं। इस कार्रवाई से न केवल विभाग की स्थानीय टीम को दूर रखा गया था, बल्कि स्थानीय पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के बीच छापे के दौरान विवाद की स्थिति बनने की खबरें भी सामने आईं थीं। हालांकि पुलिस ने इससे इंकार किया था।

तैयार हो गई सवालों की लिस्ट, डॉ. पुनीत गुप्ता की गिरफ्तारी से खुलेंगे राज

0

पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह के दामाद एवं डीकेएस सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल के पूर्व अधीक्षक डॉ. पुनीत गुप्ता जल्द सरेंडर कर सकते हैं। यह चर्चा रविवार को दिन भर सुर्खियों में रही, लेकिन इसकी पुष्टि कहीं से भी नहीं हो सकी। पुलिस के पास डॉ. गुप्ता कहां छिपे हैं, इससे संबंधित कुछ जानकारी है। पुलिस इन ठिकानों पर दबिश क्यों नहीं दे रही है, इसका जवाब अफसर नहीं दे रहे। गिरफ्तारी हो या सरेंडर, उससे पूछे जाने वाले सवाल तैयार हैं।

डॉ. गुप्ता पुलिस की सख्ती में कई राज खोल सकते हैं। कई नेता, अफसरों के नाम भी सामने आ सकते हैं। 16 मार्च को डीकेएस के वर्तमान अधीक्षक डॉ. केके सहारे ने 50 करोड़ की गड़बड़ियों पर डॉ. गुप्ता के विरुद्ध एफआइआर दर्ज करवाई थी।

इस मामले में गठित जांच कमेटी ने पूछताछ के लिए सवालों की पूरी फिहरिस्त तैयार कर ली है। यह सूची अब तक जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर तय की गई है। दूसरी तरफ 912 फाइलें डीकेएस में हैं, इनमें गड़बड़ियों का चिठ्ठा पुलिस को मिला है।

पुलिस से पूर्व स्वास्थ्य विभाग की उच्च स्तरीय जांच कमेटी ने इन्हीं फाइलों के आधार पर बताया था कि आवश्यकता से अधिक मशीनों, फर्नीचर की खरीदी और गैर जरूरी पदों पर भर्तियां की गईं। जांच के दायरे में छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन (सीजीएमएससी), चिकित्सा शिक्षा विभाग के कई फाइलें हैं।

तीन सदस्यीय टीम ने शुरू की जांच

गोलबाजार थाना में 16 मार्च की दोपहर अपराध क्र. 70/19 के तहत 409, 467, 468, 420 और 120 के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया था। इसी पर जांच जारी है। इन धाराओं में जमानत मिलना मुश्किल है।

महालेखाकार की ऑडिट खत्म 

बीते 15 दिन से जारी महालेखाकार की ऑडिट खत्म हो गई है। ऑडिट रिपोर्ट में क्या है इसका खुलासा तो रिपोर्ट सार्वजनिक होने के बाद ही होगा, लेकिन यह रिपोर्ट ही पुलिस के लिए कार्रवाई का बड़ा आधार बनेगी। पुलिस सूत्रों की मानें तो केस डायरी के साथ पुलिस इस रिपोर्ट को भी संलग्न करेगी। जांच अधिकारी नसर सिद्दिकी ‘नईदुनिया” से बातचीत में यह बात पहले ही कह चुके हैं।

पकड़े जाने पर पुलिस इन बिंदुओं पर करेगी पूछताछ 

– दस्तावेजों के आधार पर 59 करोड़ रुपये की शासकीय स्वीकृति उपकरण खरीदी के लिए थी, 104 करोड़ की खरीदी का आधार दें? शासन से स्वीकृति क्यों नहीं ली? सीजीएमएससी के किस अधिकारी ने इस खरीदी में आपका साथ दिया है?


– जरुरत से अधिक उपकरणों की खरीदी क्यों की गई, इसमें शासकीय संपत्ति का दुरुपयोग हुआ है?

– उपकरणों की खरीदी, आउटसोर्सिंग, दुकानों के आवंटन की फाइलें कहां हैं? कुछ शासकीय फाइलें आपके निजी क्लीनिक, घर से बरामद हुई हैं? उन्हें क्यों घर ले जाया गया?

– 29 मार्च को आपको पेश होने के लिए नोटिस जारी किया गया था, पेश न होने की पीछे क्या वजह है? इतने दिनों तक आप कहां थे, किसके घर में ठहरे हुए थे? उन सभी के नाम बताएं।

ऐसे मालामाल बनेंगे छत्तीसगढ़ के किसान, उस्मानाबादी बकरे पर रिसर्च

0

रायपुर। प्रदेश में अब लघु किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार करने के लिए छत्तीसगढ़ कामधेनु विश्वविद्यालय ने गरीबों की गाय कही जाने वाली बकरी पर शोध करना शुरू कर दिया है, जो आइसीआर के माध्यम से ट्राइबल के विकास के लिए है। इसमें उस्मानाबादी बकरे, बकरी की प्रजातियों को शामिल किया है। यह प्रदेश के आंचलिक जिलों में बकरी का पालन कर रहे किसानों के लिए वरदान साबित होगा।

सीजी कामधेनु विवि के कुलपति डॉ. एनपी दक्षिणकर की मानें तो मौजूदा समय प्रदेश में जमूनापारी समेत अन्य प्रजातियों की बकरी का पालन किसान करते हैं, जबकि उस्मानाबादी बकरी, बकरे का पालन किया जाए तो किसानों की आर्थिक आय में तेजी से बढ़ोतरी होगी, क्योंकि स्थानीय प्रजातियों की तुलना में उस्मानाबादी प्रजाति में मृत्युदर कम होने के साथ बच्चे की जन्मदर भी बेहतर है।

स्थानीय नस्ल में होगा सुधार

वीसी डॉ. दक्षिणकर ने प्रदेश में पशुपालन के माध्यम से किसानों की आय में बढ़ोतरी करने के लिए बकरी पालन की योजना में सुधार करना चाहते हैं, इसलिए आइसीआर के माध्यम से आदिवासी क्षेत्रों में रह रहे लोगों को उस्मानाबादी बकरी के पालन से जोड़ते हुए प्रशिक्षित करने की दिशा में प्रयास चल रहा है।

लगभग 37 लाख रुपये के इस प्रोजेक्ट के जरीए उन्नत नस्ल की बकरी किसानों तक पहुंचे यही विवि का उद्देश्य है। मौजुदा समय लगभग सौ उस्मानाबादी बकरे, बकरी पर रिसर्च चल रहा है। इसके अलावा आगामी दिनों में यूनिवर्सिटी से तरफ से शिविर आयोजित किए जाएंगे। जहां किसानों को प्रशिक्षित कर बकरियों का मुफ्त में वितरण किया जाएगा। ताकि स्थानीय बकरियों की नस्ल में सुधार होगा।

मांस और दूध के लिए बेहतर

ओस्मानाबादी बकरी के इस नस्ल का प्रयोग दूध और मांस दोनों के लिए किया जाता है। इस नस्ल की बकरी महाराष्ट्र में पाई जाती है। आम तौर पर इस नस्ल की बकरी वर्ष में दो बार प्रजनन क्रिया करती है। इस प्रजनन क्रिया के दौरान ट्विन्स अथवा ट्रिप्लेट (एक साथ दो या तीन) बच्चे भी प्राप्त हो सकते हैं।

तात्कालिक समय में उस्मानाबादी बकरे की कीमत अन्य प्रजातियों के अपेक्षा दूगना है। जबकि जमुनापारी नस्ल की बकरियां सिर्फ दूध के मामले में बेहतर होती हैं। लेकिन इनकी मृत्युदर अधिक होती है। इस नस्ल की बकरी का प्रजनन वर्ष में एक ही बार होता है। साथ ही इस बकरी से जुड़वां बधो पैदा होने के संयोग काफी कम होते हैं।

आर्थिक आय में होगी बढ़ोतरी

मौजुदा समय प्रदेश में जमुनापारी समेत अन्य प्रजातियों के बकरी का पालन किसान करते हैं, जबकि उस्मानाबादी बकरी, बकरे का पालन किया जाए तो किसानों के आर्थिक आय में तेजी से बढ़ोतरी होगी। इस दिशा में विवि में रिसर्च कार्य शुरू किया गया है। जल्द ही बेहतर परिणाम आएंगे। – डॉ. एनपी दक्षिणकर, कुलपति, सीजी कामधेनु विवि

छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने किया रामगढ़ की प्राचीनतम नाट्यशाला का अवलोकन

0

 छत्तीसगढ़ की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने आज 7 अप्रैल 2019 को सरगुजा जिले के उदयपुर के रामगढ़ पहाड़ी पर स्थित ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक नाट्यशाला का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि यह छत्तीसगढ़ का ही नहीं, हमारे देश का ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल है। इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. सारांश मित्तर, पुलिस अधीक्षक श्री सदानंद कुमार, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती नम्रता गांधी, सहायक कलेक्टर श्री आकाश छिकारा, कुलपति डॉ. रोहिणी प्रसाद, अपर कलेक्टर श्री निर्मल तिग्गा, उदयपुर के अनुविभागीय राजस्व अधिकारी श्री प्रदीप साहू सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। 

छत्तीसगढ़ के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुब्रत साहू फेसबुक पर आज मतदाताओं से करेंगे सीधा संवाद

0

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुब्रत साहू 8 अप्रैल को अपरान्ह 3 से 4 बजे तक आम नागरिकों के साथ फेसबुक पेज www.facebook.com/CEOChhattisgarh  पर सीधा संवाद करेंगे। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के फेसबुक पेज पर लाइव मौजूद रहकर वे मतदाताओं के निर्वाचन संबंधी जिज्ञासाओं का समाधान करेंगे। वहीं वे मतदाताओं द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब भी देंगे। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुब्रत साहू लोकसभा निर्वाचन की गतिविधियों और निर्वाचन आयोग द्वारा किए जा रहे नए प्रयोगों की भी जानकारी देंगे। इस दौरान आम नागरिकों को सजग रहते हुए आचार संहिता उल्लंघन की सीधे शिकायत करने हेतु प्रयोग में लाए जाने वाले मोबाइल एप्लिकेशन सी-विजिल की भी जानकारी देंगे। वे सोमवार 8 अप्रैल को अपरान्ह 3 बजे से चार बजे तक सीईओ कार्यालय के फेसबुक पेज पर लाइव मौजूद रहेंगे। प्रदेश के नागरिक उक्त अवधि के पूर्व भी अपनी जिज्ञासा और सवाल  फेसबुक पेज @ceochhattisgarh  पर दर्ज कर सकते हैं।

भाजपा का संकल्प पत्र : किसानों और बेरोजगारों के लिए हो सकती हैं सौगातें

0

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा सोमवार को अपना घोषणापत्र जारी करेगी। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह समेत पार्टी के शीर्ष नेता मौजूद रहेंगे। भाजपा ने पिछली बार की तरह इस बार भी इसे संकल्प पत्र नाम दिया है। चुनाव आयोग के शेड्यूल के मुताबिक, 11 अप्रैल को पहले चरण का मतदान होगा।

सूत्रों ने न्यूज एजेंसी को बताया कि संकल्प पत्र में भाजपा का जोर किसानों और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दों पर रहेगा। इसके साथ ही पार्टी युवाओं के विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर भी कई ऐलान कर सकती है। सामान्य वर्ग के गरीबों को 10 फीसदी आरक्षण की पहल को भी जोर-शोर से उठाया जा सकता है। बताया जा रहा है कि भाजपा घोषणापत्र जारी के करने के साथ बीते पांच साल के कामकाज की प्रोग्रेस रिपोर्ट भी पेश कर सकती है। रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों की रूपरेखा भी सामने रखेगी।

दिग्विजय सिंह का बयान कहा : देश की संवैधानिक संस्थाएं भाजपा के अनुशांगिक संगठनों की तरह काम करने लग गयीं हैं

0

भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा है कि भाजपा की केंद्र में उल्टी गिनती से बौखलाई मोदी सरकार विपक्षी दलों की सरकारों को बदनाम करने के लिए प्रवर्तन निदेशालय तथा आयकर जैसी संस्थाओं का दुरूपयोग कर रही है। यहां तक की संघीय ढांचे में राज्य को प्रदत्त अधिकारों का भी अतिक्रमण कर केवल राजनैतिक वैमनस्य और द्वेष की भावना से कार्य कर रही है। एक तरफ येदुयरप्पा की डायरी में लिखे हिसाब किताब को दबाया जा रहा है, भाजपा के नेता की गाड़ी से मिले करोड़ों रुपयों को अनदेखा किया जा रहा है। वहीं दूसरी तरफ तेलगु देशम, तृणमूल कांग्रेस, कुमारस्वामी सरकार के मंत्रियों सहित विपक्षी नेताओं के आसपास के लोगों पर छापे डलवाकर अन्य दलों को बदनाम करने की साजिश की जा रही है। टीडीपी के सांसद मुरलीमोहन तथा उनके रिश्तेदारों के यहां भी इसी तरह छापे डाले गए और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री तक को धरने पर बैठना पड़ा।

कर्नाटक के सिंचाई मंत्री पुट्टराजू के घर छापे मारे गए, डीएमके नेता स्टालिन को मांग करनी पड़ी कि क्या आयकर विभाग कभी प्रधानमंत्री मोदी पर भी छापा मारेगा?। कालेधन को वापस लाकर गरीबों के खातों में 15 लाख रुपए डालने की गप्प मारने वाली मोदी सरकार ने संवैधानिक संस्थाओं को ठप्प करके उन्हें राजनितिक काम मे लगा दिया है। अब ये संस्थाएं भाजपा की रैलियों में करोड़ों रुपये की राशि के भुगतान की जानकारी भी हासिल कर लें कि उनका भुगतान किस बैंक के चेक से किया जा रहा है? सिंह ने कहा कि भाजपा ने देश भर में जिन महलनुमा दफ्तरों के निर्माण में हजारों करोड़ रुपए खर्च किये है उनके हिसाब किताब पर आयकर और प्रवर्तन निदेशालय  की नजर नहीं पड़ रही है ? भोपाल में स्थानीय पुलिस और न्याय तंत्र को विश्वास में लिए बिना जो कार्यवाही की गयी है, वह संघीय ढांचे में प्रदत्त राज्य के अधिकारों का अतिक्रमण है।

देश की संवैधानिक संस्थाएं भाजपा के अनुषांगिक संगठनों की तरह काम करने लग गयी हैं े यह देश के लोकतंत्र ,संघीय प्रणाली और संविधान के लिए आज सबसे बड़ी चुनौती है े केंद्र  को राज्य की पुलिस या उसकी न्याय व्यवस्था पर अविश्वास व्यक्त कर उसे तिरस्कृत करने की छूट नही दी जा सकती। सिंह ने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि आयकर विभाग स्वयं पुलिस की भूमिका निभाने लगा है।

नवरात्री विशेष : मां चंद्रघंटा की अराधना कर जीवन में शांति और समृद्धि प्राप्त करें की

0

रायपुर। चैत्र नवरात्र के तीसरे दिन मां दुर्गा के तृतीय स्वरुप मां चंद्रघंटा की पूजा की जाती है। 6 अप्रैल से चैत्र नवरात्र प्रारंभ हो चुका है जो 14 अप्रैल तक चलेगा। यह नवरात्र कई मायनों में माता भक्तों के लिए खास फलदायी है। आज नवरात्र का तीसरा दिन है। मां चंद्रघंटा के सच्चे मन से पूजा करने से रोग दूर होते हैं, शत्रुओं से भय नहीं होता और लंबी आयु का वरदान मिलता है। इसके साथ ही मां आध्यात्मिक शक्ति, आत्मविश्वास और मन पर नियंत्रण भी बढ़ाती हैं। मां चंद्रघंटा शेर पर सवारी करती हैं और इनके दसों हाथों में अस्त्र-शस्त्र हैं। मां के माथे पर चंद्रमा विराजमान है जो उनका रूप और सुंदर बनाता है। मन, कर्म, वचन शुद्ध करके पूजा करने वालों के सब पाप खत्म हो जाते हैं।

मां चंद्रघंटा के मस्तक पर घंटे का आकार का चंद्रमा अलंकृत है, इसलिए इन्हें माता चंद्रघंटा के नाम से जाना जाता है। मां चंद्राघंटा देवी माता पार्वती के सुहागिन रुप से भी प्रचलित हैं। ऐसा माना जाता है कि नवरात्र के तीसरे दिन मां चंद्रघंटा की विधि-विधान से पूजा करने से इंसान के जीवन में से अंहकार रुपी अंधकार नष्ट होकर जीवन में शांति और समृद्धि की प्राप्ती होती है। दस भुजाधारी मां चंद्राघंटा के हाथों में तलवार, त्रिशूल, गदा, चमेली का फूल, धनुष, भाला, सहित कई अस्त्र-शस्त्र सुशोभित हैं। मां चंद्रघंटा की सवारी सिंह (शेर) है।

ऐसे करें पूजा…

मां को केसर और केवड़ा जल से स्नान कराएं। मां को सुनहरे या भूरे रंग के वस्त्र पहनाएं और खुद भी इसी रंग के वस्त्र पहनें। केसर-दूध से बनी मिठाइयों का भोग लगाएं। मां को सफेद कमल और पीले गुलाब की माला अर्पण करें। पंचामृत, चीनी व मिश्री का भोग लगाएं।

मां का आशीर्वाद पाने के लिए इस मंत्र का 108 बार जाप करने से फायदा मिलेगा।

या देवी सर्वभूतेषु मां चंद्रघंटा रूपेण संस्थिता।
नमस्तस्यै, नमस्तस्यै, नमस्तस्यै, नमो नम:।

छत्तीसगढ़ में भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ ने मोदी अगेन अभियान चलाया

0

रायपुर। भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के चिकित्सकों के द्वारा केन्द्र में नरेन्द्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है इसके अंतर्गत रविवार सुबह 7.00 बजे अनुपम गार्डन जी.ई. रोड में प्रकोष्ठ के सभी चिकित्सकों ने मार्निंग वाक करने वाले हजारों लोगों से मिलकर देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए फिर से एक बार नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने का आग्रह किया जिसका आम लोगों द्वारा भरपूर समर्थन मिला। इस अभियान में प्रकोष्ठ के प्रभारी डॉ. जेपी शर्मा, डॉ. अखिलेश दुबे, डॉ. शैलेष खंडेलवाल, डॉ. विद्याकांत त्रिपाठी, डॉ. आर मार्कण्डेय, डॉ. आरआर वर्मा, डॉ. जीवन लाल साहू, डॉ. मनीष ठाकुर, डॉ. अवधिया, डॉ. लक्ष्मीकांत शर्मा आदि लगभग तीस चिकित्सकों ने आमजनता से चाय पर चर्चा करते हुए मोदी अगेन का संकल्प लिया। यह अभियान प्रकोष्ठ के द्वारा अलग-अलग स्थानों पर चुनाव तक लगातार जारी रहेगा।

श्रेष्ठ परंपरा के साथ आगे बढ़ रहा सतनामी समाज : बृजमोहन

0

रायपुर। रायपुर दक्षिण विधायक एवं पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल सतनामी उत्थान एवं जागृति समिति द्वारा आयोजित सतनामी सामूहिक आदर्श विवाह समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने नवविवाहित 28 जोड़ों को शगुन भेट करते हुए सुखद वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दी। यह आयोजन सांस्कृतिक भवन परिसर गुरू घासीदास कॉलोनी न्यू राजेन्द्र नगर में में किया गया था। इस अवसर पर उपस्थित सतनामी समाज को संबोधित करते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि सामूहिक विवाह समाज द्वारा किया जाने वाला श्रेष्ठ कार्य है।इसमें पूरे समाज का आशीर्वाद जोड़े को मिलता है।परिवार को विवाह का भारी-भरकम खर्च भी नही उठाना पड़ता। यह अच्छी परंपरा है। आज हर समाज इस परंपरा को अपना रहा है। उन्होंने कहा कि बाबा घासीदास ने समाज में व्याप्त कुरूतियों का विरोध किया था और समाज में आडंबर का त्याग एक बेहतर जीवन जीने की राह बताई थी।

उनके बताये मार्ग पर ही खुशहाल जीवन हमे प्राप्त होता है। आज सतनामी समाज ने जो सामूहिक विवाह का आयोजन किया है वह भी निश्चित ही बाबा के बताया हुए सदमार्ग ही है। बाबा का संदेश ही रहा है कि एक साथ मिलकर समाज की बेहतरी का काम करें। आज सब एकजुट होकर समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों का रिश्ता जोड़कर उनका भविष्य संवार रहे है। बृजमोहन ने कहा कि समाज के हर रचनात्मक गतिविधियों में हम सभी को अपना योगदान सुनिश्चित करना चाहिए। हमारी कोशिश होनी चाहिए कि समाज जब हमारे परिवार की चिंता करता है तो हम भी कुछ अच्छा करें और समाज को आगे बढ़ाने का प्रत्यन करें। इस अवसर पर वरिष्ठ विधायक सत्यनारायण शर्मा,पूर्व सांसद डॉ. भूषण लाल  जांगड़े, जय बहादुर बंजारे प्रदेश अध्यक्ष सतनामी उत्थान एवं जागृति समिति, एलएल कोसले प्रदेश अध्यक्ष प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज, शकुन डहरिया, अश्वनी बबलू त्रिवेन्द्र, रायपुर शहर अध्यक्ष प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज मनोज बंजारे, पीयूष कोसरे, सुभाष कोसरे , मोहित घृतलहरे, विनोद भारती, कृष्ण कोशल, पप्पू बंजारे, कमल कुर्रे, विकाश बंदे, गोलू गिलहरे, भूपेन्द्र डहरिया, प्रेम बंजारे, अविनाश खूटे, शैलेन्द्र महिलांग, देवदास कुर्रे आदि उपस्थित हुए थे ।