मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुब्रत साहू लोकसभा निर्वाचन-2019 में निर्वाचन व्यय अनुवीक्षण के संबंध में राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के साथ आज 5 अप्रैल को बैठक लेंगे। बैठक में लोकसभा निर्वाचन के दौरान प्रत्याशियों तथा राजनीतिक दलों द्वारा किए जाने वाले निर्वाचन व्यय के संबंध में आवश्यक जानकारी राजनीतिक दलों के साथ साझा की जाएगी। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय में दोपहर तीन बजे से आयोजित इस बैठक में पंजीकृत राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दल शामिल होंगे। इस बैठक में सभी संबंधितों से उपस्थित होने का अनुरोध किया गया है।
श्री नारायणा हॉस्पिटल, रायपुर द्वारा राज्य पुलिस अकादमी चंदखुरी में प्रशिक्षणरत प्रशिक्षुओं, स्टॉफ एवं परिवार के सदस्यों हेतु एक दिवसीय निःशुल्क नेत्र जांच चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में श्री नारायणा हॉस्पिटल के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. कुनाल कुकवास एवं डॉ. आलोक श्रीवास्तव ने दवाईयां एवं आवश्यक परामर्श दिया तथा उनकी टीम के द्वारा अकादमी के लगभग 100 से भी अधिक पुलिस अधिकारी/कर्मचारियों को नेत्र चिकित्सा से लाभान्वित किया गया।
राज्य पुलिस अकादमी की पुलिस अधीक्षक डॉ. श्रीमती संगीता पीटर्स ने श्री नारायणा हॉस्पिटल के इस आयोजन की सराहना करते हुए सतत् समाजिक सेवा भाव हेतु अस्पताल प्रबंधन को धन्यवाद ज्ञापित किया। इस शिविर को सफल बनाने में उप पुलिस अधीक्षक श्री रमाशंकर द्विवेदी, श्रीमती रूपा खेस, श्री सुभाष दास, श्री पीताम्बर गिलहरे, सी.डी.आई. श्री हरीश तिवारी, क्वार्टर मास्टर राजकुमार कुर्रे, स्टेनो जीत देवांगन एवं अकादमी के समस्त स्टॉफ ने योगदान दिया।
धमतरी। लोकसभा चुनाव को मद्देनजर लंबित वारंटों एवं स्थाई वारंटों की तामिली के निर्देश पुलिस अधीक्षक दिए। आदेश के तहत थाना कुरुद से चार और थाना मगरलोड से एक स्थाई वारंटी को गिरफ्तार किया गया है। इसमें कुरूद से आदिल रिजवी पिता नियाज रिजवी, निवासी बालाजी कॉलोनी, देवेंद्र कुमार साहू पिता मनीराम साहू निवासी ग्राम चारभाठा, संजय पटेल पिता यादराम पटेल ग्राम सिवनीकला को पुलिस ने गिरफ्तार किया। ये आरोपी थाना कुरूद के स्थाई वारंटी थे, जिनको गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। थाना मगरलोड से भी एक स्थाई वारंटी राधेलाल कमार पिता लेखराम कमार निवासी परसाबुड़ा को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया। ये स्थाई वारंटी लंबे समय से फरार थे।
रायपुर। रायपुर नगर निगम के अफसरों ने गुरुवार को शहर की कई दुकानों में छापामार कार्रवाई कर अलग-अलग दुकानों से 13 किलो पॉलीथिन जब्त कर दुकान संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की है। रायपुर नगर निगम के जोन क्रमांक 5 के स्वास्थ्य अमले ने आज लाखेनगर तथा विवेकानंद आश्रम की दुकानों में छापा मारकर 5 किलो प्रतिबंधित पॉलीथिन जब्त किया। इधर टाटीबंध तथा मोहबाबाजार के सब्जी बाजारों में जोन 8 अमले ने 8 किलो पॉलीथीन जब्त किया। दूसरी ओर दो गन्ना रस दुकानों सहित एक होटल में गंदगी पाए जाने पर 6 हजार रुपए का जुर्माना भी वसूला गया। लाखे नगर चौक के पास जय मातादी होटल में गंदगी पाये जाने पर संचालक से 5 हजार रुपए जुर्माना वसूला गया। रायपुरा में 2 गन्ना रस सेन्टरों में गंदगी पाये जाने पर दुकानदारों से 5 – 5 सौ रुपए जुर्माना वसूला गया। विवेकानंद आश्रम के पास स्थित राजस्थानी होटल में घरेलू गैस सिलेण्डर का उपयोग करते पाया गया। जिसे जब्त कर लिया गया। इस कार्रवाई में जोन 5 के स्वच्छता निरीक्षक दिलीप साहू तथा भूषण ठाकुर शामिल थे। जोन 8 के जोन कमिश्नर प्रवीण सिंह गहलोत ने बताया कि टाटीबंध तथा मोहबाबाजार में आज के दिन सब्जी बाजार लगता है। वहां से 8 किलो प्रतिबंधित पॉलीथिन जब्त किया गया है।
वित्त मंत्री अरुण जेटली ने गुरुवार को कहा कि वर्तमान में भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ रही अर्थव्यवस्था है और यदि यह रुख अगले दशक या आगे तक जारी रहती है तो गरीबों की संख्या न्यूनतम स्तर तक लायी जा सकेगी। जेटली ने उद्योग संगठन भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) की वार्षिक बैठक को संबोधित करते हुए सोच में बदलाव की आवश्यकता बतायी और कहा कि बाजार आधारित सुधाारत्मक मॉडल अपनाने और अर्थव्यवस्था में होने वाली वृद्धि को गरीबी उन्मूलन के लिए उपयोग करने, इंफ्रास्ट्रक्चर को गति देने तथा समाज में आर्थिक रूप से कमजोर लोगोें को मदद करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हम इतिहास रचने के मुहाने पर खड़े हैं इसलिए एकता बनाए रखना महत्वपूर्ण है। भारत के सामाजिक आर्थिक स्वरूप में बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 तक मध्यम वर्ग सबसे बड़ा समूह होगा। आर्थिक वृद्धि में तेजी आने पर मध्यम वर्ग और नये मध्यम वर्ग के उभरने का अनुमान है। इस उभरते हुये वर्ग का आकार बड़ा होगा। तब विपरीत वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद घरेलू उपभोग पर अर्थव्यवस्था में अधिक तेजी लायी जा सकती है। वित्त मंत्री ने कहा कि पिछले चार वर्षों में सरकार ने मध्यम वर्ग के उपयोग के विभिन्न उत्पादों पर कर दर में कमी की है। इसके साथ ही बेहतर अनुपालन से कर संग्रह में वृद्धि हुयी है जिससे गरीबों के लिए बनायी गयी योजनाओं के लिए फंड मिला है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की जीवनशैली को बेहतर बनाने के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र में बहुत कुछ करने की जरूरत है। इसमें राज्यों की महती भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि चुनाव सुधार में भारत में बहुत कुछ किया गया है। इस दिशा में राजनीतिक दलों के चंदे में पारदर्शिता लाने में चुनावी बॉन्ड की महत्वपूर्ण भूमिका है। जेटली ने सीआईआई के पूर्व अध्यक्ष जमशेद एन. गोदरेज को लाइफटाइम अचिवमेंट पुरस्कार से सम्मानित भी किया। इस अवसर पर सीआईआई के अध्यक्ष राकेश भारती मित्तल और संगठन के उपाध्यक्ष विक्रम किर्लोस्कर भी मौजूद थे।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के केरल की वायनाड सीट से नामांकन भरने के बाद उनके साथ मौजूद उनकी बहन व पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने अपने ट्वीटर एकाउंट पर राहुल गांधी को लेकर बड़ी मार्मिक टिप्पणी की है। उन्होंने लिखा है कि मेरा भाई, मेरा सच्चा दोस्त और अब तक जितने लोगों को मैं जानती हूं, उनमें सबसे साहसी इंसान। वायनाड आप उनका ख्याल रखना, वो आपको निराश नहीं करेंगे। राहुल गांधी के नामांकन के ठीक बाद प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर राहुल गांधी की जमकर तारीफ की। इधर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने वायनाड लोकसभा सीट से पर्चा दाखिल करने के बाद गुरुवार को कहा कि वायनाड इसलिए आए ताकि लोगों को ये संदेश दे सकें कि पूरा भारत एक है। राहुल ने कहा कि वह अपने पूरे चुनाव प्रचार अभियान के दौरान सीपीएम के खिलाफ एक भी शब्द नहीं बोलेंगे। राहुल ने संवाददाताओं से बातचीत के दौरान कहा कि मैं समझ सकता हूं कि सीपीएम के मेरे भाई और बहन मेरे खिलाफ बोलेंगे और मुझ पर हमला करेंगे लेकिन अपने पूरे चुनाव प्रचार अभियान के दौरान उनके खिलाफ एक भी शब्द नहीं बोलूंगा।
लोकसभा निर्वाचन के दौरान मतदाताओं को अब सिर्फ मतदाता पर्ची के आधार पर मतदान करने की अनुमति नहीं होंगी। मतदाता को मतदान के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली मतदाता पर्ची (वोटर स्लीप) के साथ अपने पहचान का एक और दस्तावेज साथ रखना होगा। भारत निर्वाचन आयोग ने इस संबंध में अपने निर्दश में कहा है कि मतदान के लिए मतदाता परिचय पत्र के अलावा 11 अन्य दस्तावेज मान्य होंगे। आयोग ने कहा है कि मतदाता पर्ची में फोटो के अलावा अन्य सुरक्षा मानक की कमी होती है, ऐसे में इसके दुरूपयोग की शिकायतें मिलती रहीं है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि सिर्फ मतदाता पर्ची के आधार पर मतदाता को मतदान का अधिकार नहीं होगा।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री महादेव कावरे ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं की सहूलियत के लिए मतदाता परिचय पत्र (इपिक) के अतिरिक्त 11 अन्य दस्तावेज जिसमें आधार कार्ड , पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, केन्द्र और राज्य शासन तथा शासकीय संस्थानों द्वारा जारी फोटो पहचान पत्र, बैंक अथवा पोस्ट ऑफिस द्वारा जारी फोटोयुुक्त पासबुक, पैन कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, स्वास्थ्य बीमा कार्ड, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज, सांसद, विधायकों को जारी फोटो पहचान पत्र तथा रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडिया द्वारा जारी स्मार्ट कार्ड शामिल है को पहचान पत्र के तौर पर मान्य किया है।
छत्तीसगढ़ के सतपुड़ा पर्वत की मैकल पर्वत श्रृंखला से घिरे सुरम्यवादियों में स्थित ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक महत्व के सुप्रसिद्व भोरमदेव मंदिर के प्रांगण में दो दिवसीय भोरमदेव महोत्सव का बुधवार की रात शुभारंभ किया गया। शुभारंभ समारोह के मुख्य अतिथि दुर्ग संभाग के कमिश्नर श्री दिलीप वासनिकर और विशिष्ट अतिथि संस्कृति विभाग के संचालक श्री अनिल कुमार साहू थे।
जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस समारोह में का शुभारंभ कमिश्नर ने दीप प्रज्जवलित कर तथा पूजा अर्चना कर किया। उन्होेंने कहा कि भोरमदेव का मंदिर ऐतिहासिक, पुरातात्विक और धार्मिक महत्व का है। संस्कृति विभाग और जिला प्रशासन द्वारा आयोजित समारोह के माध्यम से इसकी ख्याति को दूर-दूर तक पहुंचाना है। उन्होंने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश की तरक्की और खुशहाली की कामना की।
संचालक संस्कृति श्री अनिल कुमार साहू ने कहा कि भोरमदेव मंदिर की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर है। उन्होंने भोरमदेव को जिले का गौरव बताया और भव्य आयोजन के लिए जिला प्रशासन को धन्यवाद दिया। कलेक्टर श्री अवनीश कुमार शरण ने कहा कि भोरमदेव महोत्सव का आयोजन कई वर्षो से होते आ रहा है। जन आस्था को ध्यान में रखकर यह आयोजन किया गया है। उन्होंने बताया कि इस समारोह में कबीरधाम जिले के ब्लॉक, अनुभाग एवं जिले के साथ ही छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से कलाकार अपनी प्रस्तुति दे रहे हैं। उन्होंने महोत्सव में उपस्थित विशाल जनसमूह से लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए अपने मताधिकार का उपयोग करने की अपील की। जिला पंचायत के सीईओ श्री कुंदन कुमार ने मतदाताओं को मतदान दिवस 18 अप्रैल को मतदान करने की शपथ दिलाई।
छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले मे प्रारंभ दो दिवसीय भोरमदेव महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर छत्तीसगढ़ के ख्याति प्राप्त कलाकारों और स्कूली बच्चों द्वारा रंग-बिरंगे पोशाक में जहां छत्तीसगढ़ की लोक कलाओं, लोक संस्कृति और तीज-त्यौहारों पर आधारित गीत एवं नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी वहीं ओडिसी नृत्यांगना श्रीमती पूर्णश्री राउत ने शिव की महिमा, डॉ. आकांक्षा विश्वकर्मा ने शिव प्रस्तुति और कत्थक नृत्यांगना कुमार पलक तिवारी ने चतुरंग एवं सूफी कत्थक नृत्य कर अपनी भाव-भंगिमाओं से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।
शुभारंभ समारोह में छत्तीसगढ़ी फिल्म कलाकार श्री सुनील तिवारी और उसकी टीम ने रंग झांझर द्वारा गणपति वंदना से प्रस्तुति दी। महोत्सव में प्रदेश के सुप्रसिद्ध कलाकार सुश्री गरिमा दिवाकर एवं सुश्री स्वर्णा दिवाकर बहनों ने अपने ग्रुप द्वारा देवा श्री गणेशा की स्तुति से कार्यक्रम का शुरूआत की और एक के बाद एक लोक गीतों एवं लोक नृत्यों की बेहतरीन प्रस्तुति दी। महाभारत की कथा पर आधारित पंडवानी गायिका श्रीमती प्रतिमा बारले ने भी शानदार प्रस्तुति दी। खेमेन्द्र कुमार नायक ने वाद्ययंत्र और संजय कुमार चंद्रवंशी ने जसगीत की प्रस्तुति से लोगो को बेहद आकर्षित किया।
महोत्सव में एकलव्य आदर्श आवाासीय विद्यालय तरेगांव जंगल के छात्र-छात्राओं ने छत्तीसगढ़ की लोकरंग “हाय रे सरगुजा नाचे“ मादर की थाप पर बेहतरीन प्रस्तुति दी। इसी विद्यालय के नन्हे बालकों ने “ए माझी ले चले नदिया के पार“ गीत पर कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों का मनमोह लिया। कार्यक्रम में मूकबधिर बच्चों ने भी नृत्य एवं गीत प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। जिला प्रशासन द्वारा कलाकारों को पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
रायपुर। अविभाजित मध्यप्रदेश राज्य के सबसे बड़े दानवीर दाऊ कल्याण सिंह की प्रतिमा को उनकी जन्मतिथि के अवसर पर गंगा जल से स्नान करवाकर पवित्र किया गया और डॉ पुनीत गुप्ता को जल्द गिरफ्तार कराने का संकल्प लिया गया। आरटीआई कार्यकर्ता अनिल अग्रवाल ने बताया कि दानवीर दाऊ कल्याण सिंह हमेशा दूसरों की मदद के लिए तत्पर रहते थे। दाऊजी ने अस्पताल, स्कूल व मंदिर सहित जेवर भी दान में दिए हैं। जो मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ की योजनाओं के लिए काम में आ रहे हंै। दाऊ कल्याण सिंह जैसे पवित्र आत्मा को पुनीत गुप्ता जैसे भ्रष्ट लोग कलंकित कर रहे हैं। आरटीआई कार्यकर्ता और समाज कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया है कि जल्द ही पुनीत गुप्ता को गिरफ्तार कराएंगे और जेल के पीछे लेकर जाएंगे।
छत्तीसगढ़ में रिटायर्ड और इस्तीफा देकर राजनीति में आने वाले सरकारी अफसरों का पिछले विधानसभा चुनाव में तांता लगा हुआ था. लेकिन लोकसभा चुनाव आते-आते ऐसे अफसरों का राजनीति से मोहभंग होता दिख रहा है. इस बार सूबे में न ही भाजपा और न ही कांग्रेस पार्टी में अफसर शामिल हो रहे हैं. विधानसभा चुनाव के तीन महीने के अंदर ही अफसरो का राजनीतिक दलों में शामिल होने का भूत उतर सा गया है.
विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल 24 पूर्व अधिकारियों ने लोकसभा चुनाव से पहले इस्तीफा देकर पार्टी छोड़ दी. कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए कुछ रिटायर्ड अफसर अब भी कांग्रेस में बरकार हैं, लेकिन राजनीतिक सक्रियता कुछ खास नजर नहीं आ रही है. विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने कई रिटायर्ड अफसरों को पार्टी ने विधानसभा चुनाव में मौका दिया और वो विधायक भी बन गए.
इन अफसरों में रिटायर्ड आईएएस शिशुपाल सोरी कांकेर और अनूप नाग अंतागढ़ से कांग्रेस विधायक हैं. हालांकि कांग्रेस के संचार विभाग के प्रमुख शैलेष नितिन त्रिवेदी का कहना है कि कांग्रेस में शामिल पूर्व अधिकारियों की सक्रियता बरकार है और वे लोकसभा चुनाव में पार्टी के लिए काम कर रहे हैं. दरअसल भाजपा में पिछले साल 2018 में 24 से अधिक प्रशासनिक अफसरों और समाजसेवियों ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के सामने भाजपा में शामिल हुए थे, लेकिन सूबे में कांग्रेस की सत्ता आने के बाद ढाई महीने में ही सभी प्रशासनिक अफसरों ने भाजपा से इस्तीफा दे दिया है. अभी केवल पूर्व आईएएस ओपी चौधरी ही भाजपा में बचे हैं.
दरअसल विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश में पूर्व अधिकारियों का राजनीति में प्रवेश तेजी से हुआ था. लेकिन लोकसभा में कोई भी पूर्व अधिकारी किसी भी पार्टी के साथ नहीं आना चाहता है. शायद उन्हें अंदाजा हो चुका हैं कि केन्द्र सरकार चाहे जिसकी बने उन्हें राजनीतिक लाभ नहीं मिलने वाला है.