Home Blog Page 874

राजनांदगांव जिले में अपूर्व उत्साह एवं हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया गणतंत्र दिवस

0

राजनांदगांव में अपूर्व उत्साह एवं हर्षाेल्लास के साथ गणतंत्र दिवस मनाया गया। गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन दिग्विजय स्टेडियम राजनांदगांव में किया गया। समारोह में खेल एवं युवा कल्याण एवं राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने राष्ट्रीय ध्वज फहरा कर संयुक्त परेड की सलामी ली। उन्होंने परेड का निरीक्षण एवं मुख्यमंत्री का प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया। समारोह में विकास एवं प्रगति के प्रतीक तीन रंगों का गुब्बारे भी उड़ाये।

समारोह में मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग के साथ परेड का निरीक्षण किया। परेड का नेतृत्व परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक श्री लोकेश कुमार कसेर ने किया। परेड में जवानों द्वारा हर्ष फायर किया गया और सम्प्रभुता, अखंडता के प्रतीक राष्ट्रपति जी की जय का उद्घोष किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री वर्मा द्वारा शहीद पुलिस जवानों के परिवारों के परिजनों को सम्मानित किया गया।

गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय मुख्य समारोह में स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मोहक प्रस्तुति दी गई। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा विकास कार्यों पर आकर्षक झांकी का प्रदर्शन भी किया गया। मुख्य अतिथि द्वारा जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। गणतंत्र दिवस के अवसर पर दिग्विजय स्टेडियम राजनांदगांव में आयोजित परेड में श्रेष्ठ परेड के लिए आर्म्स प्लाटून वर्ग में 38वीं बटालियन आईटीबीपी को प्रथम एवं नगर सेना महिला बल राजनांदगांव को द्वितीय पुरस्कार से नवाजा गया। अनआर्म्स प्लाटून वर्ग में डॉ. बल्देव प्रसाद मिश्र शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बसंतपुर (नेवल) ने प्रथम एवं शासकीय दिग्विजय महाविद्यालय (नेवल) ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

गणतंत्र दिवस पर मंत्रालय में फहराया गया राष्ट्रीय ध्वज

0

गणतंत्र दिवस पर आज नवा रायपुर, अटल नगर स्थित मंत्रालय महानदी भवन में अपर मुख्य सचिव श्रीमती रेणु जी पिल्ले ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। कार्यक्रम में मंत्रालयीन अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

गणतंत्र दिवस 26 जनवरी 2025 :राज्यपाल रमेन डेका का प्रदेश की जनता के नाम संदेश का मूलपाठ- रायपुर, पुलिस परेड ग्राउंड

0

हमारी परंपरा में जननी जन्मभूमिश्च स्वर्गादपि गरीयसी की बात कही गई है। जननी और जन्मभूमि स्वर्ग से बढ़कर हैं। हमारी इस सुंदर धरती भारत माता के 76 वें गणतंत्र दिवस का उत्सव मनाने, हम सब आज एकत्र हुए हैं। हम सौभाग्यशाली हैं कि हमें इस धरती में जन्म लेने का पुण्य मिला। हमारा सौभाग्य इस बात को लेकर भी है कि हम एक स्वतंत्र धरती में एक सबसे अच्छे संविधान की छांव में सुकून का जीवन बिता रहे हैं। यह सब संभव हो पाया हमारे स्वातंत्र्य वीरों और शहीदों के साहस के बूते। उन्होंने अपना पूरा जीवन देश की आजादी के लिए न्यौछावर कर दिया। हम आभारी हैं, उन संविधान निर्माताओं के प्रति, जिन्होंने एक गणतांत्रिक राज्य में नागरिक के रूप में हम सबकी गरिमा को सुरक्षित करने वाला संविधान बनाया। हम आभारी हैं, उन लोकतंत्र सेनानियों के प्रति, जिन्होंने संविधान के स्तंभ को कठिन परिस्थितियों में भी थामे रखा।
इस वर्ष छत्तीसगढ़ राज्य अपनी स्थापना की रजत जयंती वर्ष मना रहा है। यह संयोग है कि यह वर्ष छत्तीसगढ़ राज्य निर्माता भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी का जन्म शताब्दी वर्ष भी है। मेरी सरकार इस अवसर को अटल निर्माण वर्ष के रूप में मना रही है। हम सभी प्रदेशवासी अटल जी के प्रति कृतज्ञ हैं। आज हमारा प्रदेश जिस तेजी से विकास की राह पर बढ़ रहा है और विकसित छत्तीसगढ़ की परिकल्पना पर काम कर रहा है, इसके पीछे अटल जी का सुशासन का मंत्र और समावेशी विकास की सोच है।
साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने संविधान के माध्यम से एक ऐसे गणतंत्र का निर्माण किया, जिसमें हर नागरिक अपनी पूरी गरिमा से स्वतंत्रता का सुख लेते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी कर सके। मेरी सरकार प्रदेश के हर वर्ग के विकास के लिए संकल्पित है और इसके अनुरूप कार्य कर रही है। अमर शहीद वीरनारायण सिंह जी ने 1857 में भारत के प्रथम स्वातंत्र्य संग्राम में अंग्रेजों के विरुद्ध बिगुल बजाई थी। उन्होंने पराधीनता से मुक्ति के लिए संघर्ष किया, लोगों को भूख से मुक्ति दिलाने के लिए संघर्ष किया। उनके आदर्श हमारे पथप्रदर्शक बने हैं। मेरी सरकार ने प्रदेश के 68 लाख परिवारों को पांच सालों तक मुफ्त राशन देने का निर्णय लिया है।
किसी सरकार की संवेदनशीलता उसके सरोकारों से पता चलती है। मेरी सरकार का पहला ही निर्णय प्रदेश के 18 लाख परिवारों के लिए छत की व्यवस्था करना था। आगामी वित्तीय वर्ष के लिए 3 लाख अतिरिक्त आवास निर्माण की स्वीकृति भी दी गई है। हमारा प्रदेश धान का कटोरा है। हम देश के दूसरे ऐसे राज्य हैं जो सेंट्रल पूल में चावल का सबसे ज्यादा योगदान करते हैं। मेरी सरकार ने अन्नदाताओं के चेहरे पर खुशियां बिखेरने का काम किया है। छत्तीसगढ़ के किसानों को 3100 रुपए प्रति क्विंटल धान का मूल्य मिलता है और 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदा जाता है, जो सर्वाधिक है। इसके साथ ही प्रदेश में भूमिहीन कृषि मजदूरों के लिए मेरी सरकार ने दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना का शुभारंभ भी किया है। इसके अंतर्गत 5 लाख 62 हजार भूमिहीन कृषकों को 10 हजार रुपए सालाना प्रदान किया जा रहा है। मेरी सरकार के इस निर्णय से हर गाँव में खुशहाली आई है। लोग खेती-किसानी की ओर लौट आये हैं। गाँव-गाँव में ट्रैक्टर नजर आते हैं। किसान अपनी खेती में निवेश कर रहे हैं। कृषि अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होने से शहरी अर्थव्यवस्था भी गुलजार हो रही है।
डॉ. अंबेडकर यह कहते थे कि मैं एक समुदाय की प्रगति उस डिग्री से मापता हूँ, जो महिलाओं ने हासिल की है। मुझे इस बात की खुशी है कि मेरी सरकार ने महिलाओं को आगे बढ़ाने बहुत से जतन किये हैं। महतारी वंदन योजना के माध्यम से 70 लाख महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपए दिये जा रहे हैं। इस राशि से हमारी माताओं-बहनों को अपना बजट व्यवस्थित करने में मदद मिलती है। बहुत सी माताएं-बहनें अपने सपने इस राशि से पूरा कर रही हैं।
मेरी सरकार का फोकस तीव्र आर्थिक प्रगति पर है। छत्तीसगढ़ एक ऐसा आदर्श राज्य है, जहां निवेश के लिए बेहद अनुकूल माहौल है। खनिज संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता, दक्ष मानव संसाधन, बेहतरीन अधोसंरचना यहां उद्यमियों के लिए आकर्षक निवेश वातावरण तैयार करती है। नई उद्योग नीति लाकर मेरी सरकार ने उद्यमियों के लिए छत्तीसगढ़ में रेड कारपेट खोल दिया है। सिंगल विंडो सिस्टम 2.0, इज आफ डूइंग बिजनेस और विभिन्न उद्यमों के लिए आकर्षक अनुदान से छत्तीसगढ़ में निवेश का सुनहरा अवसर उद्योगजगत के लिए खुल गया है। अगले पांच सालों में इसके माध्यम से ढाई लाख करोड़ रुपए के निवेश की संभावना है, जिससे पांच लाख लोगों के लिए रोजगार के अवसर खुलेंगे।
हमारे गणतंत्र को सबसे बड़ा खतरा हिंसक विचारधाराओं से है। विगत कई वर्षों से प्रदेश माओवाद के संकट में उलझा हुआ है। मेरी सरकार ने एक वर्ष के भीतर सघन अभियान चलाकर माओवादियों को कमजोर करने का कठिन परिश्रम किया है। उत्साह और उमंग से भरे हमारे जवानों ने माओवादियों की रीढ़ तोड़ दी है। उन्होंने माओवादियों को उनके सबसे सुरक्षित पनाहगाहों में मार गिराया है।
जिन इलाकों में माओवादी आतंक की वजह से विकास का उजाला नहीं पहुंच सका था, वहां नियद नेल्ला नार योजना के माध्यम से मेरी सरकार 17 विभागों की 53 कल्याणकारी योजनाओं और 28 सामुदायिक सुविधाओं का लाभ ग्रामीणों तक पहुंचा रही है। पहली बार इन गांवों में स्वास्थ्य शिविर लगे हैं। आधार कार्ड बने हैं। आयुष्मान कार्ड बन रहे हैं। स्कूलों में बच्चों की मुस्कुराहट लौट आई है। गांधी जी के सुराजी गांवों का सपना यहां फिर से आकार लेने लगा है। मेरी सरकार ने बस्तर में बस्तर ओलंपिक का भी आयोजन किया। इनमें 1 लाख 65 हजार लोगों ने हिस्सा लिया। यह संकेत है कि बस्तर में शांति का दौर लौट आया है। हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने भी मन की बात में इस पहल का जिक्र करते हुए प्रशंसा की, जो पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है।
सुशासन मेरी सरकार का मूलमंत्र है। सुशासन के लिए सबसे जरूरी शर्त है पारदर्शिता। मेरी सरकार हर स्तर पर डिजिटल गवर्नेंस को अपना रही है। विभिन्न विभागों में 266 करोड़ रुपए की लागत से आईटी टूल्स इंस्टाल किये जा रहे हैं। इनसे विभागीय गड़बड़ियों की आशंका थम जाएगी। मेरी सरकार ई-आफिस प्रणाली को भी अपना रही है। नोटशीट अब ई-फाइल के रूप में बढ़ेगी। अधिकारी जो टिप्पणी करेंगे, वो सुरक्षित हो जाएगी, इसमें किसी तरह का फेरबदल संभव नहीं होगा। तय समय-सीमा में फाइल मूव होगी। इससे नीतिगत निर्णयों की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी। यह अनुभव में आता है कि फाइलों के निराकरण में काफी समय लगने की वजह से कार्य की लागत काफी बढ़ जाती है। जनता से जुड़े हुए काम अब तय समय सीमा में पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न होंगे।
हमारे प्रधानमंत्री जी ने डिजिटल गवर्नेंस को हर स्तर पर बढ़ावा दिया है। पीएम गतिशक्ति के माध्यम से वे देश की बड़ी अधोसंरचना परियोजनाओं की मानिटरिंग करते हैं, जिससे तय समय-सीमा में इन्हें आगे बढ़ाने में सफलता मिलती है। मेरी सरकार ने प्रदेश में अटल मानिटरिंग पोर्टल तैयार किया है। इसके माध्यम से फ्लैगशिप योजनाओं के क्रियान्वयन पर नजर रखी जाती है। मेरी सरकार नागरिक सेवाओं को डिजिटल प्लेटफार्म पर लाने नवाचार कर रही है। सुगम एप से रजिस्ट्री की प्रक्रिया आसान और पारदर्शी हो गई है। मंत्रालय में प्रवेश के लिए स्वागतम एप तैयार किया गया है। बसों का लोकेशन बस संगवारी एप के माध्यम से जाना जा सकता है। मेरी सरकार ने खनिजों के मैनुअल ट्रांजिट पास को समाप्त कर आनलाइन ट्रांजिट पास की व्यवस्था की है। जेम पोर्टल से शासकीय खरीदी सुनिश्चित की गई है।
मेरी सरकार साफ-स्वच्छ प्रशासन देने प्रतिबद्ध है। इसके लिए बहुत जरूरी है कि सिविल सेवा के ढांचे और शासकीय सेवाओं में भर्ती प्रक्रिया की शुचिता बनी रहे। मेरी सरकार ने पीएससी 2021 परीक्षा की जांच का काम सीबीआई को सौंपा है। पीएससी परीक्षा की पारदर्शिता बढ़ाने को लेकर तथा प्रदेश के युवाओं को यूपीएससी में प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने के लिए, पीएससी परीक्षाओं को यूपीएससी की तर्ज पर कराने का निर्णय लिया गया है। यूपीएससी की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं के लिए नई दिल्ली के ट्राइबल यूथ हास्टल में सीटों की संख्या 50 से बढ़ाकर 185 कर दी गई है। रायपुर की नालंदा लाइब्रेरी की तर्ज पर 13 नगरीय निकायों में सर्वसुविधायुक्त हाईटेक लाइब्रेरी स्थापित की जा रही है।
मेरी सरकार नवा रायपुर अटल नगर को आईटी हब के रूप में स्थापित कर रही है। इसके लिए अनेक कंपनियों से एमओयू किये गये हैं। बिजनेस कॉन्फ्रेन्स तथा मैरिज डेस्टिनेशन के रूप में भी इसे विकसित किया जा रहा है। मेडिसिटी प्रोजेक्ट के अंतर्गत यहां 5000 बिस्तरों का अस्पताल बनाने के लिए मेरी सरकार ने 200 एकड़ भूमि चिन्हांकित की है। नवा रायपुर अटल नगर को फार्मास्युटिकल हब के रूप में स्थापित किये जाने के लिए 141 एकड़ भूमि चिन्हांकित की गई है। स्टेट कैपिटल रीजन के रूप में इस क्षेत्र का तेजी से विकास होगा।
छत्तीसगढ़ की धरती अपने भीतर अपार सुंदरता को समेटे हुए है। कांगेर घाटी से लेकर सेमरसोत तक जंगलों की अद्भुत श्रृंखला पर्यटकों को विस्मय से भर देती है। यहां आदिवासी संस्कृति का जादू है और पंडवानी का चमत्कार भी। एशिया का नियाग्रा यहां है और मैनपाट में मैक्लोडगंज का आभास भी। संयुक्त राष्ट्र पर्यटन संगठन द्वारा चुने गये विश्व के 20 सर्वश्रेष्ठ पर्यटन गांवों में से एक कांगेर घाटी का गाँव धुड़मारास है। शांत सुरम्य परिवेश में रचे-बसे हमारे इस अद्भुत प्रदेश में पर्यटकों को खींचने की अपार संभावना है। मेरी सरकार इस सुंदर परिवेश में कुछ नया और बेहतर जोड़ने का लगातार काम कर रही है। अभी गुरु घासीदास तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व की स्थापना मेरी सरकार ने की है। यह देश का तीसरा सबसे बड़ा टाइगर रिजर्व है। अंबिकापुर के दरिमा में माँ महामाया एयरपोर्ट आरंभ किया गया है। अंबिकापुर- बिलासपुर-रायपुर फ्लाइट आरंभ होने से पर्यटकों को काफी सुविधा मिल रही है। जगदलपुर से नियमित विमानों की वजह से बस्तर का सुंदर लैडस्केप देखना पर्यटकों के लिए बेहद सहज हो गया है। होम स्टे की सुविधा देने वाले उद्यमियों को अनुदान देने का प्रावधान नई औद्योगिक नीति में किया गया है। यहां पर्यटन कॉरीडोर का निर्माण किया जा रहा है। इन सबकी वजह से बड़ी संख्या में पर्यटकों के यहां पहुंचने की संभावना है। इसमें बस्तर और सरगुजा के विकास को नई गति मिलेगी।
मेरी सरकार ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को प्रदेश में लागू किया है। 18 स्थानीय भाषाओं में छात्र-छात्राओं को पढ़ाई कराई जा रही है। जिस तेजी से आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस हमारे जीवन में जगह बना रहा है, उसके चलते बहुत जरूरी हो गया है कि हम पूरे समाज को इसके अनुरूप तैयार करें। इसकी शुरूआत स्कूली सिलेबस में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस और रोबोटिक्स के पाठ्यक्रम को शामिल कर की गई है। हमारी नई शिक्षा नीति रोजगार परक है। हमारे आईटीआई भी नये दौर की जरूरतों के मुताबिक अपने को बदल रहे हैं। 484 करोड़ रुपए की लागत से प्रदेश के 160 आईटीआई का माडल आईटीआई के रूप में उन्नयन किये जाने का निर्णय लिया गया है। प्रदेश में 341 पीएमश्री स्कूल आरंभ किये गये हैं। पांचवी और आठवीं की बोर्ड परीक्षाएं भी पुनः आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।

राज्यपाल ने गणतंत्र दिवस समारोह में वीरता शौर्य एवं उत्कृष्ट सेवा के लिए पद अलंकरण से किया सम्मानित

0

राजधानी में आयोजित गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में राज्यपाल श्री रमेन डेका ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का पद अलंकरण से सम्मानित किया। उन्होंने 15 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को पुलिस वीरता पदक 2024 से अलंकृत किया।

निरिक्षक श्री शिशुपाल सिन्हा, निरिक्षक श्री निर्मल जांगड़े जिला कांकेर, सहायक उप निरिक्षक श्री गोपाल बोड्डू जिला बीजापुर, प्रधान आरक्षक श्री एमैया चिलमुल जिला बीजापुर, प्रधान आरक्षक श्री प्रफुल्ला गोपाल जिला बीजापुर, प्रधान आरक्षक श्री तुलाराम कुहरामी जिला बीजापुर, आरक्षक श्री हेमन्त एण्ड्रिक जिला बीजापुर, आरक्षक श्री मोती लाल राठौर जिला बीजापुर, आरक्षक श्री गोविन्द सोढ़ी जिला बीजापुर, आरक्षक श्री सुकारू राम जिला बीजपुर, आरक्षक श्री मुन्ना राम कड़ती जिला बीजापुर, आरक्षक श्री कृष्णा गाली 19 पोखरण वाहिनी छसबल, करनपुर जिला जगदलपुर, आरक्षक श्री भीमा राम बेड़ता जिला बीजापुर, आरक्षक श्री धनीराम कोरसा जिला बीजापुर, आरक्षक श्री कृष्णा ताती जिला बीजापुर को पुलिस वीरता पदक से अलंकृत किया गया। इसके अलावा श्री आनंद सिंह रावत, सहायक सेनानी श्री पीटीसी, बोरगांव विशिष्ट सेवा हेतु राष्ट्रपति का पुलिस पदक दिया गया।

सराहनीय सेवा हेतु पुलिस महानिरीक्षक श्री सुशील चन्द्र द्विवेदी, माना रायपुर के पुलिस अधीक्षक श्री राजकुमार मिंज, उप पुलिस अधीक्षक श्री गुरजीत सिंह, सहायक सेनानी श्री प्रशांत श्रीवास्तव, जगदलपुर कंपनी कमाण्डर श्री प्रभुलाल कोमरे, बस्तर उप निरीक्षक श्री द्वारिका प्रसाद मिश्रा, सुकमा प्रधान आरक्षक श्री धरम सिंह नरेटी, कांकेर प्रधान आरक्षक श्री रविन्द्र कुमार ठाकुर को अलंकृत किया गया।

सराहनीय सुधार सेवा पदक के लिए बिलासपुर जेल शिक्षक श्री हेमंत कुमार नामदेव, दुर्ग प्रहरी श्री ताराचंद अवस्थी, रायपुर प्रहरी श्री टेकराम वर्मा, जगदलपुर प्रहरी श्री देवनारायण राम एवं गृह रक्षक तथा नागरिक सुरक्षा सराहनीय सेवा पदक के लिए धमतरी सैनिक श्री सुरेन्द्र कुमार सिंगौर तथा राज्य वीरता पुरस्कार के लिए बलौदाबाजार-भाटापारा से पोषण जायसवाल, कुणाल कौशले और दंतेवाड़ा से जयंत कुमार मरकाम को पुरस्कार से अलंकृत किया गया। इसके अलावा कर्तव्य पथ पर साहस और बहादुरी का परिचय देने के लिए पुलिस के वीरता पदक से अलंकृत किया गया।

मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की दी शुभकामनाएं

0

मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों को देश के 76वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी है। इस अवसर पर उन्होने देश को आजादी दिलाने के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन किया है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि गणतंत्र दिवस भारतीय लोकतंत्र का महापर्व है, जो भारत देश को एक सूत्र में बांधता है। यह दिन हमें हमारे महान संविधान की याद दिलाता है, जो हमारे देश की एकता और अखंडता का आधार है। मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान के मूल्यों को हम सभी अपने जीवन में उतारने का संकल्प लें और लोकतांत्रिक मूल्यों की मजबूती सुनिश्चित करते हुए देश और प्रदेश की प्रगति में अपना योगदान दें।

बीजापुर जिला मुख्यालय पर गणतंत्र दिवस समारोह : विधायक अटामी होंगे मुख्य अतिथि

0

बीजापुर जिला मुख्यालय में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस मुख्य समारोह में विधायक अटामी मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय ध्वज के साथ-साथ मुख्यमंत्री जी का संदेश भी वाचन करेंगे। कार्यक्रम का आयोजन छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा 20 जनवरी, 2025 को जारी निर्देशों के अनुरूप और मुख्य अतिथि के परामर्श से किया जाएगा। गणतंत्र दिवस समारोह में परंपरागत उल्लास के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम, देशभक्ति गीतों और अन्य गतिविधियों का आयोजन होगा।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा 24 जनवरी, 2025 को जारी एक संशोधित आदेश में पहले से घोषित मुख्य अतिथि, विधायक किरण देव के स्थान पर विधायक बीजापुर अटामी को मुख्य अतिथि निर्धारित किया गया है।

लाल किले में पहुंची छत्तीसगढ़ की झांकी, भारत पर्व 2025 में बढ़ाएगी शोभा

0

नई दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले में इस वर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले भारत पर्व 2025 में छत्तीसगढ़ की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगी। छत्तीसगढ़ की झांकी में राज्य की समृद्ध जनजातीय परंपराओं और रामनामी समुदाय की विशिष्ट झलक प्रस्तुत की गई है। यह झांकी छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर, पारंपरिक लोक जीवन और रामनामी समुदाय की अनोखी पहचान को खूबसूरती से दर्शाती है। रामनामी समुदाय, जो भगवान श्री राम के प्रति अपनी अनन्य भक्ति के लिए जाना जाता है, इस झांकी का मुख्य आकर्षण है।

भारत पर्व 2025 का आयोजन लाल किला प्रांगण में 26 जनवरी से 31 जनवरी तक किया जाएगा। इस दौरान छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न राज्यों झांकियां भारत की सांस्कृतिक विविधता और विकास यात्रा को प्रदर्शित करेंगी। छत्तीसगढ़ की झांकी राज्य की जनजातीय संस्कृति के विविध रंगों को उजागर करेगी। यह झांकी दर्शकों को न केवल राज्य की कला और संस्कृति से रूबरू कराएगी, बल्कि छत्तीसगढ़ के आदिवासी समाज की विशिष्ट जीवनशैली और उनकी अनूठी परंपराओं की झलक भी दिखाएगी।

भारत पर्व हर साल गणतंत्र दिवस के अवसर पर पर्यटन मंत्रालय द्वारा आयोजित किया जाता है। यह कार्यक्रम 26 जनवरी से 31 जनवरी तक नई दिल्ली के लाल किला प्रांगण में आयोजित किया जाता है। इस पर्व में सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक प्रवेश निशुल्क होता है। यह भारतीय संस्कृति, परंपरा, तथा विविधता को करीब से देखने का शानदार अवसर प्रदान करता है। भारत पर्व में गणतंत्र दिवस परेड में शामिल विभिन्न राज्यों की झांकियों को देखने के साथ ही फूड वेंडर्स के स्टॉल पर विभिन्न राज्यों के स्वादिष्ट व्यंजन का लुत्फ भी उठा सकते हैं।

राज्यपाल डेका ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर दी शुभकामनाएं

0

राज्यपाल रमेन डेका ने 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर देश एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपने संदेश में देश की आजादी के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और संविधान निर्माताओं को याद किया और कहा कि इन्हीं की बदौलत हमें आजादी हासिल हुई है और गणतंत्र मिला है।

राज्यपाल डेका ने कहा कि हमे अपने देश की विरासत पर गर्व करते हुए स्वर्णिम भारत के सपने को साकार करने के लिए एक जुट होकर कार्य करना है। गणतंत्र और आजादी कायम रहे. इसका भार देश के युवाओं पर भी है। इस अवसर पर उन्हें देश के प्रति अपने दायित्व का निर्वहन करने का प्रण लेना चाहिए।

राज्यपाल डेका गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुलिस ग्राउंड में ध्वज फहराएंगे

0

गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी 2025 को राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में राज्यपाल रमेन डेका राष्ट्रीय ध्वज फहरा कर संयुक्त परेड की सलामी लेंगे।

पुलिस ग्राउंड में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में राज्यपाल श्री डेका प्रातः 9:00 बजे ध्वज फहराएंगे। परेड के निरीक्षण के पश्चात् मार्च पास्ट होगा। राज्यपाल द्वारा प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया जाएगा। पदक अलंकरण एवं पुरूस्कार वितरण किया जाएगा। समारोह के दौरान हॉर्स शो, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं झांकियों की प्रस्तुति होगी।

मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की दी बधाई

0

मुख्यमंत्री साय ने 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई दी है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस हमें भारत के प्रजातांत्रिक जीवन मूल्यों और परम्पराओं के प्रति जागरूक करता है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारत अपने लोकतंत्र के लिए दुनिया भर में जाना जाता है। हम सबकी प्राथमिक जिम्मेदारी है कि हम लोकतंत्र को मजबूत करने में अपनी भागीदारी निभाएं। मुख्यमंत्री साय ने 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी युवाओं से मतदान प्रक्रिया में शामिल होकर भारत की लोकतांत्रिक परम्परा का हिस्सा बनने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र के नवनिर्माण में एक एक मत की बड़ी महत्वपूर्ण भूमिका होती है, इसलिए सभी नागरिकों को अपने बहुमूल्य मताधिकार का प्रयोग पूरी जिम्मेदारी और निर्भीकता से करना चाहिए।