Home Blog Page 882

उपराष्ट्रपति श्री धनखड़ 15 जनवरी को गुरू घासीदास विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल

0
उपराष्ट्रपति श्री जगदीप धनखड़ के मुख्य आतिथ्य में 15 जनवरी को बिलासपुर स्थित गुरू घासीदास विश्वविद्यालय का 11वां दीक्षांत समारोह आयोजित होगा।
जारी कार्यक्रम के अनुसार उपराष्ट्रपति श्री धनखड़ दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए अपनी धर्मपत्नी डॉ. श्रीमती सुदेश धनखड़ के साथ बिलासपुर आएंगे। उपराष्ट्रपति भारतीय वायु सेना के विशेष विमान से दोपहर 12.15 बजे दिल्ली से प्रस्थान कर दोपहर 2 बजे रायपुर स्थित माना एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां हेलीकॉप्टर से बिलासपुर जाएंगे। उपराष्ट्रपति अपरान्ह 3 बजे से 4 बजे तक गुरू घासीदास विश्वविद्यालय के 11वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। उपराष्ट्रपति इसके पश्चात बिलासपुर से हेलीकॉप्टर से संध्या 4.50 बजे रायपुर माना एयरपोर्ट पहुंचेंगे और 5 बजे विशेष विमान से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।

मुख्यमंत्री ने मकर संक्रांति के पावन अवसर पर वर्ष 2025 के शासकीय कैलेंडर का किया विमोचन

0

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में मकर संक्रांति के शुभ अवसर पर छत्तीसगढ़ के रजत जयंती वर्ष 2025 के शासकीय कैलेंडर का विमोचन किया।  कैलेंडर के कवर पेज में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की फोटो के साथ ‘सुशासन से समृद्धि की ओर’ के मूलमंत्र को दर्शाया गया है। छत्तीसगढ़ शासन के वार्षिक कैलेंडर में राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं के माध्यम से छत्तीसगढ़ वासियों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव को दिखाया गया है। विमोचन के अवसर पर कृषि मंत्री श्री राम विचार नेताम और लुण्ड्रा विधायक श्री प्रबोध मिंज, मुख्यमंत्री के सचिव श्री पी. दयानंद उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर कहा कि ‘सुशासन से समृद्धि’ के मूलमंत्र पर आधारित यह कैलेंडर हमारे शासन की प्राथमिकताओं और उपलब्धियों का प्रतीक है। इसमें हमने राज्य की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाहित किया है, जो छत्तीसगढ़ को समृद्धि और विकास के नए आयामों तक ले जाएंगी। उन्होंने मकर संक्रांति के पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह साल हमारे प्रदेश की समृद्धि और खुशहाली का स्वर्णिम वर्ष होगा।

क्यूआर कोड के नए फीचर्स ने कैलेंडर को बनाया खास

रजत जयंती वर्ष 2025 के कैलेंडर में कुछ नए फीचर्स को समाहित किया गया है जिसने इसे और आकर्षक बना दिया है। कैलेंडर के प्रत्येक माह में एक क्यूआर कोड दिया गया है, जिसमें उस माह के विशेष अवसरों पर आधारित मुख्यमंत्री के वीडियो संदेश को सुना जा सकता है। इसी के साथ ही नए संदेश और शासन की उपलब्धियों की जानकारी निरंतर मिलती रहेगी। कैलेंडर के प्रत्येक माह के लिए उस महीने का क्यू आर कोड ही एक्टिव रहेगा। इसके साथ ही कैलेंडर के प्रत्येक पेज में छत्तीसगढ़ से जुड़े प्रमुख तथ्य के बारे में भी बताया गया है।

कैलेंडर के प्रत्येक माह में दिखेगी शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं की झलक

शासकीय कैलेंडर के जनवरी माह में छत्तीसगढ़ सरकार की  श्री रामलला दर्शन योजना के माध्यम से अयोध्या और काशी की निःशुल्क यात्रा कर लौटे श्रद्धालुओं की तस्वीर दिखाई गई है। इस योजना से बड़ी संख्या में प्रदेश के लोगों को प्रभु श्री राम के दर्शन का लाभ मिल रहा है।
इसी तरह फरवरी माह में राजिम कुंभ कल्प के वैभव की तस्वीर को साझा किया गया है। वहीं मार्च माह में 70 लाख माताओं-बहनों की खुशियों को
दर्शाती तस्वीर है, जिनके जीवन में महतारी वंदन योजना से बड़ा बदलाव आया है। कैलेण्डर के अप्रैल माह में वनांचल में रहने वाले लोगों के जीवन में तेंदूपत्ता संग्रहण से आए बदलाव की तस्वीर है। शासन ने तेंदूपत्ता संग्राहकों के लिए पारिश्रमिक दर को 4 हजार रुपए से बढ़ाकर 5 हजार 500 रुपए कर दिया है।
मई माह में श्रमिकों के सम्मान में चलाई जा रही वीर नारायण सिंह श्रम अन्न योजना की तस्वीर है। इस योजना के माध्यम से श्रमिकों के लिए 5 रुपए में भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। जून के महीने में स्कूली बच्चों की तस्वीर साझा की गई है। साथ ही छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 लागू किए जाने और 18 स्थानीय भाषाओं में पढ़ाई कराए जाने का भी उल्लेख किया गया है।
इसी तरह जुलाई के महीने में किसानों की समृद्धि के लिए संचालित कृषक उन्नति योजना के बारे में जानकारी देते हुए छत्तीसगढ़ के किसान की खुशहाली की तस्वीर को प्रदर्शित किया गया है। अगस्त माह में देश की सुरक्षा में तैनात महिला सुरक्षाकर्मियों के साथ मुख्यमंत्री की तस्वीर दिखाई गई है। सितंबर  माह में प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से पक्के घर का सपना पूरा हो रहे खुशहाल हितग्राहियों की तस्वीर है। इन दोनों ही योजनाओं से विशेष पिछड़ी जनजातियों और गरीब परिवारों को आवास मुहैया हो रहा है। अक्टूबर माह में बस्तर   संभाग की खुशहाली और बदलती हुई तस्वीर को साझा किया गया है। बस्तर ओलंपिक की इस तस्वीर में तीरंदाजी में हाथ आजमाते युवा अपने सुरक्षित भविष्य का सपना गढ़ रहे हैं। इसी तरह नवंबर माह में धान खरीदी महापर्व के गौरव को दिखाया गया है। वही दिसंबर माह में शासन की नियद नेल्ला नार योजना के माध्यम से दूरस्थ आदिवासी बहुल ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विकास और क्षेत्र में शांति स्थापना के संकल्प को प्रदर्शित किया गया है।

जिले के तीन ब्लॉकों में चलाया जाएगा फाईलेरिया उन्मूलन अभियान

0

बस्तर एवं बकावंड में सघन फाईलेरिया उन्मूलन अभियान चलाया जाएगा। उक्त अभियान के दौरान 10 से 14 फरवरी तक स्वास्थ्य दलों द्वारा बूथों पर यथा आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों, पंचायत भवनों में दवा का सेवन कराया जाएगा। तत्पश्चात 15 से 25 फरवरी तक घर-घर भ्रमण कर दवा सेवन करवाया जाएगा। वहीं 26 से 28 फरवरी तक मापअप राउण्ड में छूटे हुए लाभार्थियों को दवा का सेवन कराया जाएगा। इस फाईलेरिया उन्मूलन अभियान के दौरान 10 से 28 फरवरी तक मेडिकल कॉलेज, सिविल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में एमडीए कार्नर यथा सामूहिक दवा सेवन केन्द्र भी संचालित रहेंगें। ज्ञातव्य है कि फाईलेरिया (हाथी पांव) जैसे गंभीर बीमारी से बचाव हेतु सरकार द्वारा सामूहिक दवा सेवन कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है, जिसके अंतर्गत दो वर्ष से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं गंभीर रोग से ग्रसित व्यक्तियों को छोड़कर अन्य सभी व्यक्तियों को फाईलेरिया से बचाव की दवा खिलाई जाती है। इस बार यह अभियान 10 फरवरी से 28 फरवरी 2025 तक छत्तीसगढ़ राज्य के बस्तर जिले के तीन विकासखंड तोकापाल, बस्तर एवं बकावंड में चलाया जाएगा।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय बसाक ने इस सम्बंध में बताया कि जिले के उक्त चिन्हित विकासखण्डों में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल विकास, स्कूल शिक्षा, नगरीय प्रशासन विभाग सहित विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों के सहयोग से फाईलेरिया उन्मूलन अभियान को सुचारू रूप से चलाया जाएगा। इस अभियान के दौरान सामूहिक दवा सेवन कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं कंपलायंस को बढ़ाने हेतु प्रोजेक्ट कंसर्न इंटरनेशनल संस्था के द्वारा श्रीमती ममता नंद डिस्ट्रिक्ट मोबिलाइजेशन कोआर्डिनेटर को विकासखंड बस्तर, बकावंड एवं तोकापाल तथा जिला एनव्हीबीडीसीपी शाखा के साथ निरंतर रूप से समन्वय कर हाथी पांव उन्मूलन हेतु कार्य सम्पादित किए जाने कहा गया है।

सखी वन स्टॉप सेंटर महासमुंद में विभिन्न पदों पर सेवा प्रदाता चयन हेतु आवेदन आमंत्रित

0

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित सखी वन स्टॉप सेंटर, महासमुंद में दैनिक कार्यों के संचालन हेतु विभिन्न पदों पर सेवा प्रदाता के चयन हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।  जिसमें केंद्र प्रशासक, पैरा लीगल कार्मिक/वकील एवं पैरा मेडिकल कार्मिक के 01-01 पद तथा सुरक्षा गार्ड/नाइट गार्ड के 03 पद शामिल है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास श्री समीर पांडेय ने बताया कि इन पदों के लिए इच्छुक एवं पात्र आवेदकों से आवेदन पत्र पंजीकृत डाक/स्पीड पोस्ट/कोरियर के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 जनवरी 2025 है। आवेदन को पंजीकृत डाक के माध्यम से जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला महासमुंद, पिन कोड-493445 के पते पर भेजना होगा। इस संबंध में विस्तृत जानकारी जिला महासमुंद की वेबसाइट अथवा महिला एवं बाल विकास विभाग महासमुंद के सूचना पटल पर अवलोकन किया जा सकता है।

छत्तीसगढ़ी फिल्म और संगीत उद्योग के अनुराग शर्मा ने युवाओं में जमाया रंग

0

छत्तीसगढ़ी फिल्म और संगीत जगत में अपनी अलग पहचान बनाने वाले युवा कलाकार अनुराग शर्मा ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर क्षेत्रीय कला और संस्कृति को नए आयाम दिए हैं। मूल रूप से बिलासपुर जिले के निवासी ने आज युवा महोत्सव में अपनी गायन से युवाओं में रंग  जमाया। युवा उनके गीतों पर झूम उठे। श्री शर्मा अपनी अद्भुत गायन शैली और अभिनय कौशल के लिए जाने जाते हैं।

गौरतलब है कि अनुराग ने अपने करियर की शुरुआत क्षेत्रीय मंचों पर गायन से की थी। धीरे-धीरे, उनकी मधुर आवाज़ और छत्तीसगढ़ी गीतों के प्रति प्रेम ने उन्हें प्रदेश के युवा वर्ग में लोकप्रिय बना दिया। आज उनके ‘छत्तीसगढ़ के माटी‘, कहाँ है माता दिखत नई हो, आमा पान के पतरी और ‘मोर मया के धुन‘ जैसे हिट गीत पर युवा झूम उठे।

राज्यपाल डेका से पैरा एशिया कप के गोल्ड मेडल विजेता झा ने सौजन्य भेंट की

0

राज्यपाल  रमेन डेका से आज राजभवन में पंजा कुश्ती में पैरा एशिया कप के गोल्ड मेडल विजेता श्री श्रीमंत झा ने सौजन्य भेंट की। श्री झा ने गत नवम्बर माह में मुबंई में आयोजित प्रतियोगिता में यह उपलब्धि हासिल की। श्री झा का यह 49 वां अंतर्राष्ट्रीय मेडल है। वे आगामी माह नार्वे में होने वाले पैरा विश्व कप प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए चयनित हो चुके हैं। राज्यपाल  डेका ने  झा की उपलब्धियों की सराहना की और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। उन्होंने श्री झा को प्रोत्साहन स्वरूप 10 हजार रूपए का चेक भी प्रदान किया।

वरिष्ठ सहकारी निरीक्षक एवं प्रभारी सहकारिता विस्तार अधिकारी पिथौरा को कारण बताओ नोटिस

0

कलेक्टर  विनय लंगेह द्वारा शुक्रवार को धान खरीदी केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया गया। उनके द्वारा विकासखण्ड पिथौरा के पथरला, जाड़ामुड़ा, आरंगी, नरसैयापलम धान उपार्जन केन्द्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों के अनुसार वरिष्ठ सहकारी निरीक्षक एवं प्रभारी सहकारिता विस्तार अधिकारी श्री  एस के डे  को विकासखण्ड पिथौरा में संचालित धान उपार्जन केन्द्रों में समुचित रूप से निरीक्षण एवं पर्यवेक्षण किया जाना नहीं पाया गया। उपार्जन केन्द्र पथरला, जाड़ामुड़ा एवं नरसैयापल्लम आदि में विगत दिवसों के धान के बोरे फड़ में बिना स्टेकिंग के अव्यवस्थित रुप से रखे पाए गए जो भौतिक सत्यापन के योग्य नहीं था जबकि धान खरीदी दिवस को ही स्टेकिंग का कार्य पूर्ण कर लिया जाना चाहिए, बारदाना का स्कंध अव्यवस्थित रुप से रखा जाना पाया गया जो गिनती के योग्य नहीं था, बारदानों में स्टेनसिंल नहीं लगा था एवं किसानों की सहमति से रकबा समर्पण के कार्य में लापरवाही किया जाना पाया गया था। फड़ के अव्यवस्थित एवं धान से भरे बोरों के स्टेक नहीं होने से धान खरीदी के दौरान कृषकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इससे स्पष्ट है कि शासन के महम्वपूर्ण कार्य धान खरीदी में अपने पदीय दायित्वों के निर्वहन में जानबूझकर लापरवाही किया जाना पाया गया।
कलेक्टर ने उपरोक्त कृत्य के लिए छ.ग. कर्मचारी सिविल सेवा आचरण नियम के प्रावधानों के तहत अनुशासनात्मक एवं दण्डात्मक कार्यवाही करने नोटिस जारी किया है ।
नोटिस में पत्र प्राप्ति के 3 दिवस के भीतर उन्हे स्पष्टीकरण व्यक्तिगत रुप से उपस्थित होकर प्रस्तुत करने कहा गया है । निर्धारित अवधि में स्पष्टीकरण प्राप्त नहीं होने अथवा प्राप्त स्पष्टीकरण समाधानकारक नहीं होने पर  नियमानुसार कार्यवाही किया जावेगा, जिसके लिए  स्वयं जिम्मेदार होंगे। इसके अलावा कलेक्टर ने खाद्य विभाग के साथ अंतरजिला बहमनी चैक पोस्ट का निरीक्षण किया गया एवं आवश्यक निर्देश दिए गए ।

जेंडर और अनुसंधान प्रशिक्षण के विशेषज्ञ के लिए 24 जनवरी तक आवेदन आमंत्रित

0

महिलाओं की सुरक्षा व हेतु एक अम्ब्रेला योजना मिशन शक्ति के अंतर्गत सभी आने वाली योजनाओं का क्रियान्वयन एवं संचालन हेतु राज्य स्तर पर राज्य स्तरीय महिला सशक्तिकरण केन्द्र के जेंडर विशेषज्ञ और अनुसंधान प्रशिक्षण विशेषज्ञ के एक-एक पद के संविदा भर्ती के लिए आवेदन पत्र पंजीकृत डाक, स्पीड पोस्ट, कूरियर के माध्यम से 24.01.2025 की संध्या 5 बजे तक आयुक्त संचालनालय महिला एवं बाल विकास विभाग इन्द्रावती भवन ब्लॉक-1 द्वितीय तल नया रायपुर 492002 में आमंत्रित है।  विस्तृत जानकारी वेबसाईट सीजी डब्ल्यूसीडी डॉट जीओवी डॉट इन cgwcd.gov.in

युवा अपनी ऊर्जा, साहस और आत्मविश्वास से समाज के विकास में दें योगदान – अरुण साव

0

रामकृष्ण मिशन आश्रम में आयोजित राष्ट्रीय युवा दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार हरसंभव सहयोग कर रही है। युवाओं की अच्छी शिक्षा के लिए नारायणपुर जिले के अंदरूनी क्षेत्रों में स्वामी विवेकानंद रामकृष्ण मिशन आश्रम संचालित किए जा रहे हैं, जहां शिक्षा के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और समाज के उत्थान के कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने अपनी कुशाग्र बुद्धि से भारतीय दर्शन और संस्कृति को देश-विदेश में प्रतिष्ठित किया। उन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए 9 सितम्बर 1893 में शिकागो की धर्मसभा में जो संबोधन दिया, वह अविस्मरणीय है। वन मंत्री श्री केदार कश्यप और रामकृष्ण मिशन आश्रम के सचिव स्वामी व्याप्तानंद जी महाराज भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कार्यक्रम में कहा कि रामकृष्ण मिशन आश्रम द्वारा क्षेत्र में संचालित की जा रहीं विभिन्न गतिविधियां और सामाजिक उत्थान के कार्य अनुकरणीय है। बच्चों को शिक्षा के साथ आत्मनिर्भर बनाने कलात्मक दृष्टि से प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने बच्चों और युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि असफलता से कभी निराश होने की जरूरत नहीं है। युवाओं को सकारात्मक ऊर्जा, साहस और आत्मविश्वास के साथ भयमुक्त होकर आगे बढ़ना चाहिए।

वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि युवा स्वामी विवेकानंद जी के जीवन का अनुसरण कर अपने जीवन को सफल बनाएं। मनुष्य के दिल में देश और मातृभूमि के प्रति हमेशा सम्मान की भावना होनी चाहिए। परिश्रम ही अच्छा जीवन प्राप्त करने का साधन है। उन्होंने भगवान बिरसा मुण्डा और स्वतंत्रता सेनानियों का जिक्र करते हुए उनके बताए मार्गों पर चलकर समाज को आगे बढ़ाने का आग्रह किया।

रामकृष्ण मिशन आश्रम के सचिव स्वामी व्याप्तानंद जी महाराज ने कार्यक्रम में कहा कि आज पूरा देश युवाओं के साथ खड़ा है। नारायणपुर में रामकृष्ण मिशन 1984 से काम कर रहा है। अबूझमाड़ के लोगों के बेहतर स्वास्थ्य और शिक्षा के लिए इस आश्रम की स्थापना हुई है। यहां के बच्चे आश्रम में पढ़ाई कर सफल होकर  समाज में अमूल्य योगदान दे रहे हैं। कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई, पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार, जिला पंचायत के सीईओ श्री वासु जैन और स्वामी अनुभवानंद सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में कार्यक्रम में मौजूद थे।

स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रेरित हों युवा- रमेन डेका

0

राष्ट्रीय युवा दिवस पर नई दिल्ली के रामकृष्ण मिशन में आयोजित विशेष कार्यक्रम में  राज्यपाल रमेन डेका ने युवाओं को स्वामी विवेकानंद के प्रेरणादायक विचारों से सीखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने अपने विचारों और कार्यों से भारतीय युवाओं को राष्ट्र निर्माण की दिशा में कदम बढ़ाने के लिए प्रेरित किया है।

कार्यक्रम में स्वामी विवेकानंद के विचारों को साझा करते हुए उन्होंने कहा, “आज के युवा आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ सकते हैं। स्वामीजी ने कहा था, ‘दुनिया को चरित्र की आवश्यकता है। वह चरित्र जो प्रेम और निःस्वार्थता से परिपूर्ण हो। ऐसा प्रेम हर शब्द को बिजली की तरह प्रभावी बना देता है।’

राज्यपाल ने स्वामी विवेकानंद द्वारा युवाओं के लिए दिए गए आह्वान का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने कहा था, “एक लाख पुरुष और महिलाएँ, जो पवित्रता, साहस और सेवा की भावना से परिपूर्ण हों, देश के कोने-कोने में जाकर समाजोन्नति और समानता का संदेश फैलाएँ।”

कार्यक्रम में स्वामी विवेकानंद के शिकागो धर्म संसद में दिए गए ऐतिहासिक भाषण की भी चर्चा की, जिसने पूरी दुनिया को भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिकता की शक्ति का एहसास कराया।

डेका ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा, “भारत एक युवा राष्ट्र है और इसे सही दिशा में ले जाने के लिए युवाओं की ऊर्जा को स्वामी विवेकानंद के आदर्शों से प्रेरित करना आवश्यक है। उनकी शिक्षाएँ हमें न केवल व्यक्तिगत विकास के लिए प्रेरित करती हैं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति हमारी जिम्मेदारी का बोध भी कराती हैं।”

कार्यक्रम में भारत के अटॉर्नी जनरल  आर. वेंकटरमणि, सांसद बांसुरी स्वराज, भारतीय खाद्य निगम के महानिदेशक आशुतोष अग्निहोत्री, रामकृष्ण मिशन, नई दिल्ली के सचिव स्वामी सर्वलोकानंद भी उपस्थित रहे।