Home Blog Page 2424

छत्तीसगढ़ – मुख्यमंत्री ने सभी कलेक्टरों को असामयिक बारिश से हुई क्षति का आंकलन करने के निर्देश दिए…

0

मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने राज्य में पिछले 2 दिनों से असामयिक हुई बारिश से क्षति का आंकलन करने के निर्देश सभी जिला कलेक्टरों को दिए हैं। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव से सभी जिलों में बारिश से हुई क्षति तथा फसल का सर्वे कराकर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है तथा प्रभावित किसानों को हर संभव आवश्यक मदद देने के निर्देश दिए हैं।

छत्तीसगढ़ – गार्डन बनाने के लिए हो रही पेड़ों की कटाई, 50 साल पहले खुद वन विभाग ने लगाए थे…

0

 छत्तीसगढ़ में दर्जनों पेड़ इस वजह से काट दिए गए क्योंकि उस जगह पर गार्डन बनाया जाएगा। पेड़ों की बली देकर यह गार्डन बिलासपुर जिले के ग्राम पंचायत लुतरा शरीफ में बनाने की तैयारी है। खास बात यह है कि जिस जगह पर धड़ल्ले से कटाई की जा रही है वहां 50 साल पहले इन पेड़ों को पौधों की शक्ल में वन विभाग ने ही लगाया था। हरियाली फैलाने के मकसद से लगाए इन पौधों को पेड़ बनने के बाद काट दिया गया। पार्क बनाने के लिए शासन की ओर से 1 करोड़ 20 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं।

सबूत मिटाने जड़ों को उखाड़ा मिट्‌टी से भर दिए गड्‌ढे

  1. जब पेड़ों की कटाई की मीडिया ने तस्वीरें लेनी शुरू की तो अफसरों ने अपनी अक्ल लगाई। काटे गए पेड़ो के बचे हुए ठूंठ जड़  सहित खोदकर निकलवा दिए गए। जड़ निकालने से हुए गड्ढों में बाहर से मिट्टी डलवाकर फिलिंग करा दी गई।  इससे पहले भी पेड़ों को काटने की बात आई थी। तब इस संभाग के कमिश्नर सोनमणि बोरा ने पेड़ों को काटे जाने का विरोध किया था। अब डीएफओ इस बारे में कुछ भी कहने से बच रहे हैं। नर्सरी में कटाई करा रहे अधिकारियों ने कह दिया बड़े अधिकारियों के निर्देश पर यह काम हो रहा है।
  2. पेड़ों की कटाई के बाद वन विभाग ही यहां पार्क बनाएगा। विकास कार्य के लिए विभाग को 40 लाख रुपये की पहली क़िश्त मिल चुकी है। वन विभाग के अफसर सोंठी तेरस राम कुर्रे औश्र वन रक्षक हफीज खान ने 16 अक्टूबर को यहां भूमिपूजन किया फिर इसके अगले दिन से दलबल के साथ नर्सरी के हरे-भरे पेड़ों की कटाई शुरू करा दी। जानकारी के मुताबिक जब गांव के सरपंच ने आवाज़ उठाने की कोशिश की तो ट्रेक्टर्स में भरकर इमारती लकड़ियां उन्हें तोहफे में दे दी गई।

छत्तीसगढ़ – रायपुर एयरपोर्ट पर पकड़े गए 8.73 करोड़ के जेवर जब्त, बिल मिले 2 करोड़ रुपए के ही

0

सेंट्रल जीएसटी की टीम ने गुरुवार की रात रायपुर एयरपोर्ट के कार्गो कांप्लेक्स के सामने पकड़ी गई हीरे, सोने और चांदी की करीब 64.3 किलो ज्वेलरी जब्त कर ली है। इसकी कीमत 8.73 करोड़ रुपए (करीब पौने 9 करोड़) अांकी गई है। पूरी ज्वेलरी राजधानी और अासपास के 69 कारोबारियों की है। इनमें से 13 कारोबारियों के जेवर बिल के साथ मिले हैं। बाकी ज्वेलरी 56 व्यापारियों की है, जिसके बिल नहीं हैं। जीएसटी ने इसे टैक्स चोरी का मामला करार देते हुए जुर्माने का असेसमेंट शुरू कर दिया है। अफसरों ने बताया कि ज्वेेलरी से भरा यह पैकेट मुंबई से इंडिगो की फ्लाइट (6ई801) से द्राक्षी लॉजिस्टिक कुरियर कंपनी ने भेजा था। 


 रायपुर के चार लोगों ने इस पैकेट को रिसीव किया। इन्हें रायपुर के ही कुछ सराफा कारोबारियों का कर्मचारी बताया गया है। सूत्रों के अनुसार सेंट्रल जीएसटी के अफसरों को इस बात की सूचना पहले ही मिल गई थी कि मुंबई से ज्वेलरी का एक बड़ा पैकेट रायपुर भेजा गया है। इस सूचना के बाद ही अपर आयुक्त अजय के निर्देश पर सहायक आयुक्त शिवी सांगवान (निवारक) के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई। इसमें अधीक्षक, निरीक्षक एवं हवलदार को शामिल किया गया। फ्लाइट के आने के कुछ घंटे पहले ही अफसरों की टीम पुराने एयरपोर्ट में बने कार्गो कांप्लेक्स में पहुंच गई। इस पुराने एयरपोर्ट से ही सभी सामान का आना-जाना लगा रहता है। टीम ने संदिग्ध लोगों को कार्गो कांप्लेक्स से पैकेट छुड़ाकर एयरपोर्ट के बाहर पहुंचते ही अपने कब्जे में ले लिया। बाद में इन सभी को जीएसटी कार्यालय लाया गया और वहां पर पंचों की उपस्थिति में पंचनामा कार्रवाई की गई। 


बिल वाली ज्वेलरी छूटेगी : विभाग ने उन सभी कारोबारियों को सूचना दे दी है जिनकी ज्वेलरी के साथ बिल है। इन सभी 13 व्यापारियों को 100% मूल्य के बॉन्ड और उसकी 25% की बैंक गारंटी जमा करवाने पर माल को अंतरिम तौर पर छोड़ दिया जाएगा। बाकी पर जुर्माना लगेगा।

छत्तीसगढ़ : सुपेबेड़ा में जेनेटिक बीमारी, डायबिटीज व गंदे पानी के कारण फेल हो रही किडनी…

0

स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि गरियाबंद के सुपेबेड़ा में लोगों की किडनी फेल होने के चार प्रमुख कारण सामने आए हैं। इनमें जेनेटिक बीमारी के साथ मलेरिया, डायबिटीज आैर गंदा पाना सबसे प्रमुख है। उन्होंने कहा कि क्रॉनिक किडनी डिसीज अननोन (सीकेडीयू) भी लोगों की मौत का कारण बन रहे हैं। इससे निपटने सरकार प्रयास कर रही है। पत्रकारों से बातचीत में सिंहदेव ने कहा कि सुपेबेड़ा के पानी की जांच के बाद फ्लोराइड व लेड जैसे दूसरे तत्व भी पाए गए हैं। 


लोगों में यह बीमारी धीरे-धीरे फैलती है। शुरुआत में इसका पता नहीं चल पाने के कारण ही लोग गंभीर बीमारी की चपेट में आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीम आैर एम्स के डॉक्टर लगातार वहां की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।  


इसके अलावा वहां पर पीने के पानी के लिए पाइपलाइन बिछाने की प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जाएगी। सिंहदेव ने कहा कि वहां लगभग 200 से 250 लोग पीड़ित हैं, हम वहां के प्रत्येक नागरिक के स्वास्थ्य के लिए पर्याप्त ध्यान दे रहे हैं।  दो मोबाइल यूनिट वहां भेजे गए हैं। तेल नदी पर ब्रिज की स्वीकृति मिल गई है, फिल्टर प्लांट लगाकर शुद्ध पेयजल की सप्लाई की जाएगी।  उन्होंने बीमारी के लिए आेडिशा के रास्ते आने वाला शराब को भी जिम्मेदार माना है। उनका कहना है कि वहां से आने वाले शराब में यूरिया की मात्रा ज्यादा होती है।

आज सुपेबेड़ा में राज्यपाल अनुसुइया उइके की चौपाल : राज्यपाल अनुसुइया उइके और स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव मंगलवार को सुपेबेड़ा पहुंचेंगे। पीड़ितों से बातचीत के बाद वे स्वास्थ्य विभाग के अफसरों से जानकारी भी लेंगी। इस दौरान एम्स डॉक्टरों की एक टीम भी रहेगी।

छत्तीसगढ़ – अश्लील सीडी कांड की छत्तीसगढ़ में सुनवाई पर सुप्रीम कोर्ट की रोक, सरकार को नोटिस…

0

 सुप्रीम कोर्ट ने एक पूर्व मंत्री के कथित अश्लील सीडी कांड के मामले में छत्तीसगढ़ की निचली अदालत में चल रहे ट्रायल पर रोक लगा दी है। पीठ ने मामले की जांच कर रही सीबीआई की ट्रांसफर याचिका पर राज्य सरकार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। सीबीआई ने मुकदमे को दिल्ली ट्रांसफर करने का अनुरोध किया है।

यह मामला 27 अक्टूबर 2017 का है। सीबीआई ने यह सीडी गढ़ने और उसे फैलाने का मामला दर्ज किया था। सोमवार को सीबीआई की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने मुख्य न्यायाधीश रंजन गोगोई, जस्टिस एसए बोबडे और जस्टिस एस अब्दुल नजीर की पीठ को बताया कि इस मामले के दो गवाहों को धमकी दी जा रही है और राज्य पुलिस उनके खिलाफ मामले दर्ज कर रही है, इसलिए सीबीआई चाहती है कि मुकदमे को दिल्ली स्थानांतरित कर दिया जाए।

मामले के दो गवाहों ने धमकी की शिकायत की है। इस पर अदालत ने राज्य सरकार को नोटिस जारी कर पूछा है कि क्यों न मामले को किसी अन्य राज्य में सुनवाई के लिए भेज दिया जाए। दिवाली के बाद मामले की सुनवाई होगी। कोर्ट ने अगली सुनवाई की डेट अभी तय नहीं की है। 

सीबीआई की चार्जशीट  : गौरतलब है कि पिछले साल सितंबर में सीबीआई ने मामले में रायपुर की एक विशेष अदालत में चार्जशीट दायर की थी, जिसमें कैलाश मुरारका, विजय पंडया और तीन अन्य को आरोपी बनाया गया था। जांच के दौरान एक और आरोपी रिंकू खनूजा ने इस साल जून में कथित रूप से आत्महत्या कर ली थी। सभी आरोपियों पर आईपीसी की धारा 469 (प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के लिए जालसाजी), 471 ( जाली दस्तावेज को वास्तविक के रूप में इस्तेमाल करना), 120 बी (आपराधिक साजिश) और आईटी अधिनियम की 67 ए (जो कोई भी झूठी जानकारी प्रकाशित करता है या प्रसारित करता है या प्रकाशित करने का कारण बनता है) के तहत दर्ज किया गया था। हालांकि आरोपियों ने सीडी की तैयारी या प्रचलन में शामिल होने से इनकार किया था।

कांग्रेस बाेली- 
नाेटिस का उचित जवाब देगी सरकार

कांग्रेस ने सुप्रीम काेर्ट के नाेटिस का स्वागत किया है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रवक्ता अारपी सिंह ने कहा कि उनकी पार्टी का न्यायपालिका में पूरा भराेसा है। सुप्रीम काेर्ट की नाेटिस का राज्य सरकार उपयुक्त तरीके से जवाब देगी।

ये अहम केस जो दूसरे राज्यों में भी चले 
 

2002: बिल्किस बानो गैंगरेप को मामले को अहमदाबाद से मुंबई भेज दिया था।
2003 : पूर्व सीएम जयललिता के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले की सुनवाई चेन्नई के बाद बेंगलुरू में हुई।
2004 : सुप्रीम कोर्ट ने बेस्ट बेकरी मामले को भी गुजरात से मुंबई भेज दिया।
2012: सुप्रीम कोर्ट ने सोहराबुद्दीन शेख़ फर्ज़ी मुठभेड़ मामले को गुजरात से मुंबई भेज दिया था।
2017 : उन्नाव रेप केस के सभी मामले यूपी से दिल्ली ट्रांसफर किया गया।
2018: जम्मू और कश्मीर के कठुआ रेप केस पंजाब के पठानकोट भेजी गई।

टीडीपी छोड़ भाजपा में शामिल हुए चंद्रबाबू नायडू के करीबी रहे पूर्व मंत्री आदिनारायण रेड्डी…

0

आंध्र प्रदेश में तेलगू देशम पार्टी (टीडीपी) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री आदिनारायण रेड्डी ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण कर ली। टीडीपी प्रमुख चंद्रबाबू नायडू के करीबी रहे रेड्डी ने भाजपा मुख्यालय में पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ली।

भाजपा महासचिव अरुण सिंह ने रेड्डी को प्राथमिक सदस्यता की पर्ची और अंगवस्त्र देकर उन्हें पार्टी में शामिल कराया। इस अवसर पर रेड्डी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में केंद्र सरकार की ओर से कश्मीर से अनुच्छेद 370 को रद्द करने और तीन तलाक के फैसले से साबित हुआ कि यह सरकार देशहित में कठोर फैसले लेने से भी नहीं हिचकती है। रेड्डी ने कहा कि मोदी सरकार सबका साथ-सबका विकास के मंत्र पर चल रही है। सिंह ने रेड्डी का भाजपा में स्वागत करते हुए कहा कि उनके आने से आंध्र प्रदेश में भाजपा को मजबूती मिलेगी।

उल्लेखनीय है कि आदिनारायण रेड्डी आंध्र प्रदेश में चंद्रबाबू नायडू की सरकार में मंत्री थे। उन्हें 2017 में नायडू ने मंत्री बनाया था। वह वाईएसआर कांग्रेस से 2016 में नायडू की पार्टी में शामिल हुए थे। रेड्डी टीडीपी के टिकट पर 2019 का लोकसभा चुनाव भी लड़े थे मगर हार गए।

छत्तीसगढ़ – खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय पहचान दिलाने की पहल : खेल विकास प्राधिकरण और हर जिले में खेल उत्कृष्ठता केन्द्र…

0

 प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा नई-नई पहल की जा रही है। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री उमेश पटेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ खेल विकास प्राधिकरण के माध्यम से खेल उत्कृष्टता केन्द्र (खेल अकादमी) के क्रियान्वयन का निर्णय लिया गया है। राज्य शासन द्वारा पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए युवा महोत्सव का आयोजन भी किया जा रहा है। खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं देने के लिए नई खेल नीति भी बनाई गयी है। स्कूलों में विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए क्रिकेट खिलाड़ी अनिल कुम्बले की भागीदारी वाली टेनविक संस्था के साथ स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा अनुबंध किया गया है।
    मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में गठित किए गए छत्तीसगढ़ खेल विकास प्राधिकरण के माध्यम से प्रदेश के हर जिले में खेल उत्कृष्टता केन्द्र (खेल अकादमी) प्रारंभ किए जाएंगे। यहां खिलाड़ियों को पढ़ाई के साथ साथ खेल की सुविधाएं भी होगी। इस आवासीय अकादमी में सभी सुविधाएं खिलाड़ियों को निःशुल्क मिलेगी। अकादमी के संचालन में सार्वजनिक क्षेत्र एवं निजी क्षेत्र के उद्योगों की सहभागिता होगी। प्राधिकरण का मुख्य उद्देश्य खेल के क्षेत्र में नीतिगत निर्णय के साथ साथ खेल से जुड़े विभागों में समन्वय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजनों का संचालन करना है। यह प्राधिकरण खेलों के लिए आवश्यक संसाधनों जुटाने के अलावा खेल उत्कृष्टता केन्द्र एवं खेल विद्यालयों की मानिटरिंग तथा खेलों से जुड़े विभिन्न कार्यों का संचालित करेगी। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष खेल एवं युवा कल्याण मंत्री एवं सभी मंत्री सदस्य होेंगे।

       मुख्यमंत्री श्री बघेल ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए झीरम घाटी के शहीदों के नाम पर पुरस्कार देने की घोषणा भी की है। नेशनल यूथ गेम में पदक विजेता खिलाड़ियों को नए प्रावधानों के अनुसार व्यक्तिगत खेलों में स्वर्ण पदक के लिए 2 लाख रूपए, रजत पदक के लिए 1.50 लाख एवं कास्य पदक  के लिए 1 लाख रूपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसी प्रकार दलीय खेलों में विजेता प्रत्येक खिलाड़ी को स्वर्ण पदक के लिए एक लाख रूपए, रजत पदक के लिए 75 हजार रूपए और कास्य पदक के लिए 50 हजार रूपए देने की घोषणा की गई है। उल्लेखनीय है कि राज्य के खिलाड़ियों ने इस वर्ष पूणे में आयोजित खेलो इंडिया यूथ गेम्स में राज्य के 87 खिलाड़ियों ने 6 खेल में भाग लिया और 10 पदक प्राप्त किए। (राज्य के खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत खेल बॉक्सिंग में 1 बैडमिंटन में 2 स्वीमिंग में 3, वेटलिफ्टिंग 2 कुल 8 एवं कबड्डी के बालक, बालिका वर्ग में 1-1 पदक प्राप्त किए) स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा स्कूली बच्चों को खेलों से जोड़ने के लिए टेनविक संस्था के साथ प्रदेश के चार जिलों महासमुंद, कबीरधाम, जगदलपुर और राजनांदगांव के 30 स्कूलों में कक्षा तीसरी से दसवीं तक अध्ययनरत विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के लिए 23 खेलों का चयन किया गया है।  

     मुख्यमंत्री के निर्देश पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा युवाओं को विशेष अवसर एवं मंच प्रदान करने, सांस्कृतिक गतिविधियों से युवाओं को जोड़ने और उनकी प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से स्वामी विवेकानंद की जयंती के उपलक्ष्य में विकासखण्ड, जिला एवं राज्य स्तरीय युवा महोत्सव मनाने का निर्णय लिया गया है। यह महोत्सव विकासखण्ड मुख्यालयों में 15 अक्टूबर से 15 नवम्बर के मध्य, जिला मुख्यालयों में 15 नवम्बर से 15 दिसंबर के मध्य और राजधानी रायपुर में राज्य स्तरीय महोत्सव 12 से 14 जनवरी के मध्य आयोजित किया जाएगा। युवा उत्सव में 18 विधाओं पर सांस्कृतिक प्रतिभाओं का प्रदर्शन करेंगें। 18 विधाओं के अतिरिक्त इस वर्ष पारम्परिक सुआ नृत्य, पंथी नृत्य, करमा नाचा, सरहुल नाचा, बस्तरियां लोक नृत्य, राउत नाचा, फुगड़ी, भौंरा, गेड़ी दौड़-चाल, रॉक बैण्ड (राज्य स्तर पर) के अलावा छत्तीसगढ़ी संस्कृति को उजागर करने के लिए पारम्परिक वेशभूषा प्रतियोगिता, छत्तीसगढ़ी व्यंजन पर आधारित फूड फेस्टिवल प्रतियोगिता, छत्तीसगढ़ी लोक कला एवं संस्कृति, ऐतिहासिक धरोहर, पारम्परिक एवं आदिवासी शैली से संबंधित विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता को शामिल किया गया है।
    राजधानी रायपुर में इस वर्ष ऑल इंडिया सिविल सर्विसेस खेल प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। जिसमें हॉकी, एथलेटिक्स, वेटलिफ्टिंग, पावर लिफ्टिंग एवं बॉडी बिल्डिंग में भारत सरकार एवं राज्य सरकार के 1581 कर्मचारी खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता मंे राज्य के खिलाड़ियों ने एथलेटिक में 15 एवं पावर गेम में 12 कुल 27 पदक प्राप्त कर राज्य का नाम रोशन किया। इसी प्रकार  फरवरी 2019 को राष्ट्रीय स्तर पर रायपुर हॉफ मैराथन का आयोजन किया गया, जिसमें 20 हजार युवाओं ने भाग लिया। मैराथन मंे विदेशी युवा भी शामिल हुए। विजेताओं को 33 लाख रूपए के पुरस्कार प्रदान किए गए। यह आयोजन अब हर वर्ष आयोजित होगा।
       राज्य में खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए खेल विभाग द्वारा मान्यता प्राप्त 23 राज्य खेल संघों द्वारा संचालित खेल गतिविधियों के लिए रूपए 38 लाख 65 हजार से अधिक की अनुदान राशि जारी की गई है। राज्य के सभी 27 जिलों मंे ग्रीष्म अवकाश पर ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। विभाग में पदस्थ प्रशिक्षकों द्वारा रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग में हॉकी, फुटबाल, सॉफ्टबॉल, कबड्डी, क्रिकेट एवं व्हालीबॉल खेलों का नियमित रूप से निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है। 

PM मोदी को धमकी देने वाली इस Pakistani महिला का एक झटके में हुआ बुरा हाल, जानिए कैसे

0

भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का नाम लेकर उन्हें सांप, बिच्छू और मगरमच्छ दिखाने वाली पाकिस्तानी गायिका राबी पीरजादा का अब बुरा हाल हो गया है। अपनी इसी घटिया हरकत के चलते वो अलग ही तरह के संकट में पड़ गई हैं। इस महिला को पाकिस्तान के वन्यजीव विभाग ने गैरकानूनी तरीके से सांप और मगरमच्छ रखने के मामले में चालान काट दिया है। पीरजादा ने यह सोचा भी नहीं होगा कि उसके साथ ऐसा होगा। अब इसको लेकर वो पाकिस्तान की ही बुराई करने लगी है।

पीरजादा ने कहा कि वो एक ‘बड़ा देशभक्ति का काम’ कर रही हैं लेकिन यह काम गैरकानूनी निकला और इस पर वह बरस पड़ीं और कहा कि यह सांप और मगरमच्छ उनके नहीं हैं और यह कि ऐसी ही बातों से पता चलता है कि बहुत सारे भारतीय ‘गद्दार पाकिस्तानियों’ से कहीं बेहतर हैं। वो वन्यजीव विभाग पर खूब बरसी। आपको बता दें कि कुछ दिन पहले पीरजादा ने एक वीडियो जारी किया था जिसमें उन्होंने ‘जुल्म के शिकार कश्मीरियों’ के समर्थन में आवाज उठाते हुए मोदी को सांप और मगरमच्छ दिखाकर ‘डराया’ था। इसी वीडियो पर पाकिस्तान के वन्यजीव विभाग ने कहा कि इन जानवरों को घर में रखने की इजाजत नहीं है उसका चालान काट दिया।

इसके बाद अब पीरजादा ने एक और वीडियो जारी किया है जिसमें उन्होंने कहा कि सांप और मगरमच्छ उनके नहीं हैं। वह इन्हें संपेरों से लेकर वीडियो व शो में दिखाती हैं जिससें संपेरों को भी पैसा मिल जाता है.। अपने वीडियो में उन्होंने कहा है कि पांच साल से इन सांपों के साथ तमाम न्यूज चैनलों में जा रही हूं तब तो किसी ने कुछ नहीं कहा। लेकिन जैसे ही मैंने मोदी को धमकी दी और उन्हें डराया तो अफसोस की बात है कि मेरे खिलाफ तुरंत कार्रवाई की गई।

पीरजादा ने किसी ने यह भी कहा है कि यदि आप लोग पाकिस्तान से प्यार नहीं कर सकते तो कम से कम गद्दारी तो मत करिए। उन्होंने टीवी चैनलों को निशाने पर लेते हुए कहा कि मेरा वही वीडियो क्यों दिखाया जिसमें मैं मोदी की बात कर रही हूं। भारत वाकई आप लोगों से अच्छा है। मैं कभी भारतीयों की बुराई नहीं करती, सिर्फ मोदी की करती हूं। बहुत सारे भारतीय बहुत सारे इन पाकिस्तानियों से बेहतर हैं जो अपने मुल्क से गद्दारी करते हैं और वन्यजीव विभाग भी ऐसा ही गद्दार है। उन्होंने कहा कि अभी वन्यजीव विभाग की तरफ से उन्हें लिखित में कुछ नहीं मिला है। यदि मिलता है तो वो विभाग पर मुकदमा ठोकेंगी।

धार जिले में 15 फीट ऊंची छत की रैलिंग से भैंस पर गिरी डेढ़ साल की बच्ची

0

धार। जाको राखे साइयां मार सके ना कोई-यह कहावत एक बार फिर सही साबित हुई जब एक डेढ़ साल की बच्ची की जान आश्चर्यजनक तरीके से बच गई। इस हादसे को जिसने भी देखा उसने दांतों तले अपनी अंगुली दबा ली।

रैलिंग के बीच से 15 फीट नीचे गिर गई बच्ची

मामला धार जिले के देदला गांव का है। देदला गांव में डेढ़ साल की बच्ची छत पर खेलते-खेलते रैलिंग के बीच से 15 फीट नीचे गिर गई।

बच्ची सीधे भैंस की गर्दन पर गिरी

प्रत्यक्षदर्शियों से इस मामले में मिली जानकारी के अनुसार हादसे के दौरान यह गनीमत रही कि बच्ची सीधे भैंस की गर्दन पर गिरी। इससे उसकी जान बच गई। बच्ची को 24 घंटे अस्पताल में भर्ती करने के बाद उसकी अस्पताल से छुट्टी कर दी गई।

दादा के साथ खेलते समय हुआ यह हादसा

जानकारी के अनुसार एंजिल पिता कृष्णा जाट बुधवार सुबह दादा जगदीश जाट के साथ छत पर खेल रही थी। दादा सोयाबीन के बोरे भरने में लगे थे, तभी मासूम खेलते-खेलते रैलिंग के बीच कांच के लिए छोड़ी खाली जगह से नीचे बंधी भैंस की गर्दन पर गिर गई।

जमीन पर गिरने से बच्ची के मुंह में चोट आई

इस मामले में बताया जाता है कि इसके बाद जमीन पर गिरने से बच्ची के मुंह में चोट आई। इस दौरान बच्ची के कुछ दांत भी टूट गए। परिजन बालिका को सीधे धार के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां 24 घंटे डॉक्टरों ने उसे अपनी निगरानी में रखा। हालात सामान्य होने पर बच्ची की छुट्टी कर दी गई।

बेमौसम कटहल की पैदावार, लोगों का लगा तांता…

0

बिल्हौर (कानपुर)। चौबेपुर के हुलासपुर गांव में एक किसान के कटहल के बगीचे में बेमौसम बड़े-बड़े फल आने से क्षेत्र में कौतूहल है। पेड़ों पर लगे कटहल के फल अपने सीजन की तरह ही पूरी तरह दिनप्रतिदिन बढ़ रहे हैं। हुलासपुर गांव निवासी इंद्रपाल सिंह ने अपने कटहल के पेड़ों को दिखाते हुए बताया कि उनके पिता भारत सिंह ने करीब 15 साल पहले कटहल का बगीचा लगाया था। कई पेड़ों में कभी फल नहीं आए थे। इसके बाद उन्होंने कृषि वैज्ञानिकों की मदद से कई प्रकार की खाद डाली तो पेड़ बेमौसम ही फलदार हो गए हैं। आमतौर पर कटहल का सीजन मार्च से माई माह तक होता है। लेकिन अक्तूबर में भी पेड़ में लगातार फूल और फल आ रहे हैं। देखने वालों का तांता लगा है।

इंद्रपाल के मुताबिक, बेमौसम कटहल देखने, खाने, अचार आदि रखने में जस का तस है और स्वाद में भी कोई अंतर नहीं है। इस संबंध में चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के उद्यान विभाग के विज्ञानी डॉ. वीके त्रिपाठी का कहना है कि यह जलवायु परिवर्तन का प्रभाव है। इसके अलावा हारमोंस का भी प्रभाव हो सकता है।