Home Blog Page 2586

पैसों को रखना है सुरक्षित तो SBI की मान लें ये सलाह, वरना पछताएंगे

0

धोखाधड़ी के बढ़ते मामलों को देखते हुए सभी कमर्शियल बैंक, पेमेंट्स बैंक और अधिकांश माइक्रोफाइनेंस इंस्टीट्यूशंस कई एहतियाती कदम उठा रहे हैं, जिससे ऐसी घटनाओं की आशंका कम से कम हो सके. इसी कड़ी में देश के सबसे बड़े बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने अपने ग्राहकों को पैसों की सुरक्षा के लिए सचेत किया है. एसबीआई ने ट्वीट कर ऑनलाइन फ्रॉड से बचने के लिए अपने ग्राहकों को अलर्ट किया है. बैंक ने कहा है कि ग्राहकों को फेक सोशल मीडिया अकाउंट से बचकर रहना चाहिए.

SBI ने चेतावनी जारी करते हुए ग्राहकों को फेक सोशल अकाउंट से सावधान किया है. बैंक ने कहा है कि ग्राहक सिर्फ वेरिफाइड सोशल मीडिया अकाउंट को ही फॉलो करें. बैंक के नाम पर अनऑथोराइज्ड सोशल मीडिया अकाउंट को फॉलो करना आपको भारी पड़ सकता है. बैंक ने अपने ट्वीट में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के लिए एसबीआई के वेरिफाइड और ऑफिशियल हैंडल के बारे में बताया.

एसबीआई ने ट्वीट में कहा है कि आप सोशल मीडिया पर फेक अकाउंट्स पर इंटरएक्ट करने लिए समय और पैसा नहीं लगाएं. बैंक ने अपने ट्वीट में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के लिए एसबीआई के वेरिफाइड और ऑफिशियल हैंडल के बारे में बताया.

एसबीआई के ये हैं वेरिफाइड अकाउंट्स- >> फेसबुक: @StateBankOfIndia
>> इंस्टाग्राम: @theofficialsbi
>> ट्विटर: @TheOfficialSBi
>> लिंक्डइन: State Bank of India (SBI)
>> गूगल+: State Bank of India
>> यूट्यूब: State Bank of India
>> क्वोरा: State Bank of India (SBI)
>> पिनट्रेस्ट: State Bank Of India

गड़बड़ी होने पर यहां करें कॉल
एसबीआई ने बताया है कि किसी भी तरह के ऑनलाइन फ्रॉड और फर्जीवाड़े से बचने के लिए खुद को सतर्क रहने की जरूरत है. एसबीआई ने कहा ग्राहक अपने मोबाइल में ये दो हेल्पलाइन नंबर सेव कर सकते हैं. एसबीआई ने 1800112211 और 18004253800 दो टोल फ्री नंबर जारी किए हैं. एसबीआई ने बताया है कि अगर आपके साथ कोई भी धोखाधड़ी होती है या फिर अनधिकृत ऑनलाइन ट्रांजेक्शन होता है तो सीधे बैंक को संपर्क करें या फिर जारी किए गए इन दोनों टोल फ्री नंबर पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं.

87 साल के हुए पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, पीएम मोदी ने ट्वीट कर दी जन्मदिन की बधाई

0
  • 26 सितंबर 1932 को हुआ था मनमोहन सिंह का जन्म, 87 साल के हुए
  • पीएम मोदी ने ट्वीट कर दी बधाई, स्वस्थ और दीर्घायु रहने की कामना की
  • 90 के दशक में आर्थिक सुधारों के लिए याद किए जाते हैं मनमोहन सिंह
  • साल 2004 और 2009 में प्रधानमंत्री बने, वर्तमान में राज्यसभा सदस्य हैं

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह गुरुवार को 87 साल के हो गए। 26 सितंबर 1932 को अविभाजित भारत के पंजाब (अब पाकिस्तान) के एक गांव में जन्मे मनमोहन सिंह दो बार प्रधानमंत्री रह चुके हैं। वर्तमान में वह राजस्थान से राज्यसभा सदस्य हैं। मनमोहन सिंह के जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट किया है कि हमारे पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह जी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं। मैं उनके लंबे और स्वस्थ्य जीवन के लिए प्रार्थना करता हूं।

कैंब्रिज विश्वविद्यालय से की है पढ़ाई

मनमोहन सिंह ने 1948 में पंजाब विश्वविद्यालय से 10वीं की परीक्षा पास की और आगे की पढ़ाई के लिए विदेश चले गए। ब्रिटेन के कैंब्रिज विश्वविद्यालय से साल 1957 में उन्होंने प्रथम श्रेणी से अर्थशास्त्र में ग्रेजुएट हुए। साल 1962 में उन्होंने ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के नूफील्ड कॉलेज से अर्थशास्त्र में पीएचडी की।

अर्थशास्त्र के शिक्षक बने, वित्त मंत्रालय में सलाहकार रहे

पीएचडी कर डॉक्टर की उपाधि लेने के बाद मनमोहन सिंह ने पंजाब विश्वविद्यालय और दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स में अर्थशास्त्र भी पढ़ाया। शिक्षक के रूप में भी वह छात्रों के पसंदीदा रहे। उन्हें जिनेवा में दक्षिण आयोग के महासचिव के रूप में भी नियुक्त किया गया था।

1971 में डॉ सिंह वाणिज्य मंत्रालय में आर्थिक सलाहकार और 1972 में वित्त मंत्रालय में मुख्य आर्थिक सलाहकार रह चुके हैं। इसके बाद के वर्षों में वे योजना आयोग के उपाध्यक्ष, रिजर्व बैंक के गवर्नर, प्रधानमंत्री के आर्थिक सलाहकार और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग(यूजीसी) के अध्यक्ष भी रहे।

ऐसे शुरु हुआ राजनीतिक करियर कांग्रेस नेता मनमोहन सिंह साल 1991 में असम से राज्यसभा सदस्य चुने गए। इसके बाद वह साल 1995, 2001, 2007 और 2013 में फिर राज्यसभा सदस्य रहे। 1998 से 2004 तक जब भाजपा सत्ता में थी, तब वही राज्यसभा में विपक्ष के नेता थे। 1999 में उन्होंने दक्षिणी दिल्ली से चुनाव लड़ा लेकिन जीत नहीं पाए।

साल 2004 में जब कांग्रेस सत्ता में आई, तो डॉ. मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री बनाए गए। साल 2009 में एक बार फिर कांग्रेस सत्ता बचाने में कामयाब रही और एक बार फिर डॉ. सिंह प्रधानमंत्री बने।

बेहतर वित्तमंत्री के तौर पर किए आर्थिक सुधार

मनमोहन सिंह 1991 से 1996 तक वित्तमंत्री रहे। 1990 का दशक वैश्वीकरण के लिए जाना जाता है और देश में आर्थिक सुधारों के लिए वह हमेशा याद किए जाते हैं। विदेशी कंपनियों को भारत में निवेश करवाने में उनकी बड़ी भूमिका रही है। उनकी भूमिका की सभी सराहना करते हैं।

मनमोहन सिंह ने राष्ट्रमंडल प्रमुखों की बैठक और वियना में मानवाधिकार पर हुए विश्व सम्मेलन में 1993 में साइप्रस में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया था।

एक महीने में एड्स के 70 मरीज मिलने से हड़कंप, HIV पॉजिटिव के मामले अचानक बढ़े

0

खतरनाक बीमारी एचआईवी एड्स का कहर मुरादाबाद में तेजी से बढ़ा है। एक महीने में सत्तर नए मरीजों में एड्स की पुष्टि हुई है। इनमें से तीस मरीज बिलारी इलाके के हैं। इससे जिले के स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। बिलारी इलाके में विशेष शिविर आयोजित करके लोगों की एचआईवी जांच कराने की कवायद शुरू की गई है।

मुरादाबाद के जिला अस्पताल स्थित लैबोरेट्री में एक महीने के दौरान ढाई सौ से ज्यादा लोगों ने एचआईवी की जांच कराई जिनमें से सत्तर लोगों की रिपोर्ट में एचआईवी पॉजिटिव आया है। इन सभी का इलाज जिला अस्पताल स्थित एआरटी (एंटीरेटरोवायरल ट्रीटमेंट) सेंटर पर शुरू किया गया है। पिछले काफी समय से एआरटी पर प्रति माह 50 से 55 मरीजों में एड्स के संक्रमण की पुष्टि होने के बाद उनका इलाज शुरू हो रहा था।

अब एक महीने में 70 एड्स के मरीज आने से खलबली मच गई है। बिलारी इलाके में एड्स के मरीज सबसे ज्यादा मिलने से स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है। बिलारी के स्योंडारा गांव के बीस मरीजों को एड्स की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग ने गांव में विशेष शिविर लगाने का सिलसिला शुरू कर दिया है।

झोलाछापों पर एड्स फैलाने का संदेह : एड्स पॉजिटिव मरीजों की संख्या एकाएक बढ़ने का कारण बिलारी इलाके में झोलाछापों का ज्यादा होना माना जा रहा है। बिलारी में ज्यादा केस आने से ही एड्स के मरीजों का आंकड़ा बढ़ा है। झोलाछापों पर अंकुश लगाकर ही एड्स के केस घटाए जा सकते हैं। (डॉ.एनके मिश्रा, नोडल अधिकारी, एंटी रेटरोवायरल ट्रीटमेंट सेंटर)

एआरटी सेंटर पर मरीज तीन हजार के पार : जिला अस्पताल स्थित एआरटी सेंटर पर एड्स का इलाज शुरू कराने वाले मरीजों की संख्या तीन हजार से ज्यादा हो गई है। पिछले छह महीने के दौरान यहां एड्स के पांच सौ से ज्यादा नए मरीज पहुंचे हैं। तीन हजार से ज्यादा मरीज दर्ज होने से सेंटर पर संसाधन कम पड़ने की समस्या भी सामने आने लगी है। एआरटी सेंटर पर एचआईवी एड्स पीड़ित बच्चों की संख्या सौ पहुंच गई है। इन बच्चों का इलाज एआरटी सेंटर पर शुरू किया गया है।

जांच की सुविधा से बढ़ा मरीजों का आंकड़ा : एआरटी सेंटर के काउंसलर रत्नेश शर्मा के मुताबिक पिछले पांच साल की तुलना में एचआईवी एड्स के मरीजों की संख्या बढ़ी है। कुछ हफ्तों में मरीजों का आंकड़ा और तेजी से ऊपर चढ़ा है। सरकार ने एड्स की जांच की सुविधा का दायरा काफी बढ़ा दिया है। पीएचसी और सीएचसी पर भी एड्स की जांच शुरू हुई है। आशंकित मरीजों की जिला अस्पताल स्थित लैबोरेट्री में दोबारा जांच कराकर ही एड्स की पुष्टि की जा रही है।

दुबई में भारतीय को 2 आम चुराना पड़ा महंगा, अदालत ने सुना दी ये बड़ी सजा

0

दुबई में एक भारतीय को 2 आम चोरी करना महंगा पड़ गया। यहा 2 आम चुराने के मामले में भारतीय शख्स को तीन महीने की कैद और एक लाख जुर्माना लगाया गया है। दुबई की एक अदालत ने सोमवार को ये फैसला सुनाया । कोर्ट ने फैसले में इस भारतीय वर्कर को भारत वापस भेजने का भी आदेश दिया है।
जानकारी के मुताबिक, 2017 में इस शख्स ने दो आम चुराकर खाए थे। इसी मामले में उसे पकड़ा गया और फिर मामला कोर्ट तक पहुंच गया, जिसमें अब सजा का ऐलान किया गया है।

कोर्ट ने 27 साल के भारतीय शख्स को 5,000 दिरहम यानी करीब एक लाख रुपए का जुर्माना लगाया है, साथ ही तीन महीने के कैद की सजा सुनाई है। बताया जा रहा कि ये शख्स 11 अगस्त, 2017 को दुबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर यात्री के सामान को कन्वेयर बेल्ट पर रख रहा था इसी दौरान उसने दो आम चुराए थे। इन आमों की कीमत लगभग 6 दिरहम यानी करीब 115 रुपए थी। गल्फ न्यूज की खबर के मुताबिक आम चुराने की पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई थी। एयरपोर्ट की सिक्युरिटी ने सीसीटीवी रिकॉर्डिंग में पाया कि कर्मचारी ने भारत जाने वाले यात्रियों के बैग से आम निकाला था।

पुलिस पूछताछ में भी इस शख्स ने बैग खोलने की बात मानी थी लेकिन चोरी के आरोपों को इंकार कर दिया था। हालांकि 2017 के मामले में अब उसे सजा सुनाई गई है। जानकारी के मुताबिक, अप्रैल 2018 में इस मामले में आरोपी को पुलिस ने सम्मन किया और मामले को लेकर पूछताछ की गई। इसके बाद उसे गिरफ्तार भी किया गया और उसके घर की तलाशी ली गई थी। फिलहाल आरोपी शख्स के पास कोर्ट के फैसले के खिलाफ अपील करने के लिए 15 दिन का समय है।

पीएम मोदी को ‘स्वच्छ भारत अभियान’ के लिए मिला ‘ग्लोबल गोलकीपर अवॉर्ड’

0

 ह्यूस्टन के बाद आज न्यूयार्क में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ग्लोबल गोलकीपर अवॉर्ड से नवाजा गया है। पीएम मोदी को यह अवॉर्ड ‘स्वच्छ भारत अभियान’ के लिए बिल और मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन ने न्यूयॉर्क में दिया। पुरस्कार से सम्मानित होने पर पीएम मोदी ने कहा कि ये सम्मान मेरा नहीं बल्कि उन करोड़ों भारतीयों का है जिन्होंने स्वच्छ भारत के संकल्प को न केवल सिद्ध किया बल्कि अपनी रोजमर्रा की जिंदगी में ढाला भी है। यह देश के लिए बेहद गर्व की बात है।

पीएम मोदी ने आगे कहा कि महात्मा गांधी की 150 जन्म जयंती पर मुझे ये अवार्ड दिया जाना मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से भी बेहद महत्वपूर्ण है। ये इस बात का प्रमाण है कि अगर 130 करोड़ लोगों की जनशक्ति, किसी एक संकल्प को पूरा करने में जुट जाए, तो किसी भी चुनौती का सामना किया जा सकता है।

उन्होने कहा कि जब एक लक्ष्य को लेकर, एक मकसद को लेकर काम किया जाता है तो अपने काम के लिए प्रतिबद्धता होती है, तो ऐसी बातें मायने नहीं रखतीं। मैं ये सम्मान उन भारतीयों को समर्पित करता हूं जिन्होंने स्वच्छ भारत मिशन को एक जनआंदोलन में बदला, जिन्होंने स्वच्छता को अपनी दैनिक जिंदगी में सर्वोच्च प्राथमिकता देनी शुरू की।

किसे और क्यों मिलता है ग्लोबल गोलकीपर अवॉर्ड ?

बता दें कि फाउंडेशन ने पीएम मोदी को भारत में 50 करोड़ से अधिक लोगों को स्वच्छता प्रदान करने के लिए गोलकीपर ग्लोबल गोल्स पुरस्कार प्रदान किया। बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन द्वारा दिए जाना वाला ग्लोबल गोलकीपर अवॉर्ड एक विशेष सम्मान है जो एक ऐसे राजनेता को दिया जाता है जिसने वैश्विक लक्ष्यों को हासिल करने की दिशा में देश या फिर वैश्विक स्तर पर प्रभावशाली नेतृत्व का परिचय दिया हो।

अयोध्या मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट में 32वें दिन की सुनवाई आज; ASI की रिपोर्ट पर जारी रहेगी बहस

0

अयोध्या मामले (Ayodhya Case) को लेकर सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) में 32वें दिन की सुनवाई आज होगी. आज भी पुरातत्व विभाग (ASI) की रिपोर्ट के खिलाफ मुस्लिम पक्ष की वकील मीनाक्षी अरोड़ा की ओर से बहस जारी रहेगी. बुधवार को मुस्लिम पक्ष के वकील जफरयाब जिलानी ने अपने बयान से पलटते हुए कहा था कि सुन्नी वक्फ बोर्ड राम चबूतरे को श्रीराम का जन्मस्थान नहीं मानता है. हमारा यह कहना है कि हिंदू पक्ष राम चबूतरे को श्रीराम का जन्मस्थान मानता रहा है और इस मामले में डिस्ट्रिक्ट ज़ज की टिप्पणी के खिलाफ हम नहीं जा रहे हैं. सुन्नी वक़्फ़ बोर्ड के वकील जफरयाब जिलानी दरअसल, बुधवार को सीधे तौर पर राम चबूतरे को श्रीराम जन्मस्थान मानने से इंकार करते रहे, लेकिन हकीकत यह है कि उन्होंने डिस्ट्रिक्ट जज के उस फैसले को कभी चुनौती नहीं दी, जिसमें जज ने रामचबूतरे को श्रीरामजन्मस्थान मानने की हिंदू पक्ष की आस्था को मान्यता दी थी. फैजाबाद के डिस्ट्रिक्ट कोर्ट का यह फैसला 18 मई 1986 को आया था. तब महंत रघुबर दास ने विवादित ज़मीन पर श्री राममंदिर के निर्माण को लेकर अर्जी दायर की थी. रघुबर दास ने फैजाबाद सब जज के 24 दिसंबर 1885 के फैसले को चुनौती दी थी. डिस्ट्रिक्ट जज खुद विवादित जगह पर गए और उसके बाद उन्होंने फैसला दिया था.

18 मई 1986 को दिए अपने फैसले में डिस्ट्रिक्ट जज ने कहा कि अपने आप में यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि हिंदुओं के लिए इतनी पवित्र जगह पर बाबरी मस्जिद बनाई गई, लेकिन यह 356 साल पुरानी बात हो चुकी है. अब उस नुकसान की भरपाई होना मुश्किल है. ज़्यादा से ज़्यादा यब यथास्थिति बरकरार रखने का आदेश दिया जा सकता है. इस फैसले में कोर्ट ने कहा था कि रामचबूतरे को हिंदू श्रीराम का जन्मस्थान मानते आए हैं और एक रेलिंग रामचबूतरे को मस्जिद से अलग करती है.मुस्लिमों ने 1986 के इस फैसले में रामचबूतरे को श्रीराम का जन्मस्थान मानने की टिप्पणी को कभी किसी अदालत में चुनौती नहीं दी और उसके बाद से (1986 से) रामचबूतरे पर हिन्दुओं का कब्जा रहा है.

ज़फरयाब जिलानी ने कहा था कि विवादित ढांचे के अंदर सबसे पहले प्रवेश करने वाला शख्स एक सिख था, जिसने 1858 में अंदरुनी हिस्से में झंडा भी लहराया था. दरअसल, जस्टिस एस ए बोबड़े ने जिलानी से मस्जिद के अंदर हिंदुओ के घुसने और पूजा करने के दावे पर सवाल किए थे. जस्टिस बोबड़े ने जिलानी से पूछा था कि क्या मस्जिद बनने बाद 1855 से पहले हिंदुओं ने बाउंड्री के अंदर जाकर पूजा करने की कोशिश की.जिलानी ने जवाब दिया था कि ऐसा नहीं है.1865 में ज़मीन के बाहरी हिस्से यानि रामचबूतरे पर हिंदू पूजा करने लगे.लेकिन 1858 में जिस शख्स ने विवादित ढांचे के अंदर सबसे पहले एंट्री की, वो एक सिख था. उन्होंने अंदर घुसकर झंडा लहराया था. इस पर जस्टिस बोबड़े ने टिप्पणी की थी कि सिख भी श्रीराम में आस्था रखते हैं. सिख धर्म की शिक्षाओं में उनका भी उल्लेख है. सुन्नी वक्फ बोर्ड के वकील ज़फरयाब जिलानी ने कहा था कि ऐसा कोई दस्तावेज नहीं है, जिससे साबित हो कि बाबरी मस्ज़िद के भीतर वाले हिस्से में श्रीराम का जन्मस्थान है.

उधर, सुप्रीम कोर्ट ने मुस्लिम पक्ष की वकील मीनाक्षी अरोड़ा से कहा था कि पुरातत्व टीम ने अपना काम कोर्ट के आदेश पर किया था. उन्हें एक तरह से इस काम के लिए कमिश्नर नियुक्त किया गया था. अगर आपको पुरातत्व टीम की रिपोर्ट पर एतराज था तो आपने हाई कोर्ट में उन्हें गवाही के लिए बुलाए जाने की मांग क्यों नहीं की? आपको पूरा अधिकार था कि उनसे कोर्ट में बुलाकर पूछताछ करते लेकिन आपने ऐसा नहीं किया. कोर्ट का सवाल था कि जब मुस्लिम पक्ष ने हाई कोर्ट में चल रहे मुकदमे के दौरान एविडेंस एक्ट के तहत रिपोर्ट को रिकॉर्ड पर लिए जाने पर आपत्ति दर्ज नहीं करवाई, तो अब अपील के दौरान उसकी बातों को क्यों सुना जाए? मीनाक्षी अरोड़ा ने कोर्ट से इस पर जवाब देने के लिए गुरुवार तक समय मांगा था.

परमाणु ऊर्जा अब भी भारत के लिए चुनौती है : मोदी

0

न्यूयॉर्क. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने बुधवार को कहा कि भारत को परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह का सदस्य न बनाए जाने से परमाणु ऊर्जा (Nuclear Power) उत्पन्न करने के लिए ईंधन की आवश्यक पूर्ति करने में दिक्कते आ रही हैं. अगर इस समस्या को हल कर जाए तो देश बाकी विश्व के लिए आदर्श बन सकता है. मोदी ने कहा कि परमाणु उर्जा हमारे लिए एक बहुत बड़ी चुनौती है, जिसका समाधान करना बहुत जरूरी है.

ब्लूमबर्ग ग्लोबल बिजनेस फोरम में सवाल और जवाब के सत्र के दौरान मोदी ने कहा कि हम परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह के सदस्य नहीं हैं और इसके कारण हमें परमाणु ऊर्जा उत्पन्न करने के लिए ईंधन की आवश्यक आपूर्ति नहीं मिलती है. भारत के एनएसजी के रास्ते में चीन सबसे बड़ी रुकावट है. उन्होंने कहा कि अगर इस मोर्चे पर भारत को समाधान मिल जाता है तो देश बाकी की दुनिया के लिए इस क्षेत्र में आदर्श बन सकता है.

चीन ने 48 सदस्यीय इस समूह में भारत की सदस्यता के रास्ते में हमेशा रोड़े अटकाए हैं. मई 2016 में एनएसजी की सदस्यता के लिए भारत द्वारा आवेदन देने के बाद से ही चीन इस पर जोर देता रहा है कि केवल वे देश ही इस संगठन का हिस्सा बन सकते हैं जिन्होंने परमाणु अप्रसार संधि पर हस्ताक्षर कर रखे हैं. भारत ने इस पर हस्ताक्षर नहीं किए हुए.

देश में उर्जा की जरूरतों को देखते हुए सरकार मानती है कि परमाणु उर्जा के उत्पादन को बढ़ाना चाहिए. न्यूक्लियर पावर प्लांट बनाने की अत्याधुनिक तकनीक प्राप्त करने के लिए भारत का एनएसजी में शामिल होना बहुत जरूरी है. यदि भारत एनएसजी में शामिल होता है तो उसे न्यूक्लियर पावर प्लांट बनाने की तकनीक बहुत आसानी से मिल सकेगी.

भाजपा में शामिल होंगे योगेश्वर दत्त, हरियाणा के सोनीपत से लड़ सकते हैं चुनाव

0

सोनीपत। हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले ओलंपिक पदक विजेता योगेश्वर दत्त भाजपा में शामिल हो सकते हैं। अगले महीने होने वाले हरियाणा विधानसभा चुनावों में सोनीपत की किसी विधानसभा सीट से पार्टी के उम्मीदवार बन सकते हैं।

योगेश्वर दत्त ने बुधवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला से मुलाकात की थी और उन्हें बताया था कि उन्होंने हरियाणा पुलिस से इस्तीफा दे दिया है।
सूत्रों के मुताबिक पहलवान योगेश्वर को सोनीपत लोकसभा क्षेत्र के किसी विधानसभा सीट से टिकट दिया जा सकता है। वह सोनीपत जिले के ही रहने वाले हैं।

उल्लेखनीय है कि योगेश्वर दत्त ने 2012 के लंदन ओलिंपिक में कांस्य पदक जीता था। उन्होंने 2014 के कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीता था और उन्हें 2013 में पद्म श्री से सम्मानित किया गया था।

चुनाव आयोग ने महाराष्‍ट्र और हरियाणा में विधानसभा चुनावों की घोषणा कर दी है। राज्य में आचार संहिता लागू कर दी है। राज्य में 21 अक्टूबर को होंगे। नॉमिनेशन भरने की आखिरी तारीख 4 अक्टूबर को होगी और नामांकन वापस लेने की तारीख 7 अक्टूबर को होगी। मतगणना 24 अक्टूबर को होगी।

महाराष्ट्र चुनाव को लेकर अमित शाह ने बुलाई BJP के शीर्ष नेताओं की बैठक

0

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए तारीखों का ऐलान हो चुका है लेकिन अभी तक बीजेपी और शिवसेना के बीच सीट शेयरिंग पर बात नहीं बन सकी है। सीट शेयरिंग को लेकर शिवसेना के साथ जारी खींचतान के बीच बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने पार्टी मुख्यालय में शीर्ष नेताओं की एक बैठक बुलाई है। पार्टी मुख्यालय में होने वाली इस बैठक में महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस और कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद रहेंगे।

इसके अलावा इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी और संगठन मंत्री भी शामिल होंगे। शिवसेना और बीजेपी के बीच सीटों के बंटवारे पर बात नहीं बन पाई है, अमित शाह ने भी अपना मुंबई दौरा रद्द कर दिया था। दोनों दलों द्वारा महाराष्ट्र में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए सीटों के बंटवारे को लेकर अभी तक कोई ऐलान नहीं किया गया है।

सीटों के बंटवारे को लेकर बीजेपी और शिवसेना के बीच तल्खी बढ़ती दिखाई दे रही है। सीटों के बंटवारे को लेकर जारी खींचतान के बीच पिछले दिनों शिवसेना नेता संजय राउत का भी बयान आया था। संजय राउत ने कहा था कि इतना बड़ा महाराष्‍ट्र है, ये जो 288 सीटों का बंटवारा है ये भारत-पाकिस्‍तान बंटवारे से भी भयंकर है। उन्‍होंने कहा कि जैसे ही दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन का फॉर्मूला फिक्‍स हो जाएगा बता दिया जाएगा।

महाराष्ट्र में कुल 288 सीटें हैं जिनपर 21 अक्टूबर को मतदान होना है, जबकि चुनाव परिणाम 24 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे। बीजेपी अध्यक्ष की शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे से मुलाकात के दौरान सीट शेयरिंग के फॉर्मूले पर अंतिम मुहर लगनी थी, लेकिन इसके पहले ही अमित शाह का मुंबई दौरा रद्द हो गया और सीटों के बंटवारे को लेकर होने वाला संभावित ऐलान टाल दिया गया था।

कश्मीर पर मध्यस्थता को लेकर डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी और इमरान से कही ये बात

0

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के नेताओं के साथ कश्मीर पर चर्चा की है और उन्हें मध्यस्थता की पेशकश की है और उनसे आग्रह किया है कि इस मामले को बस सुलझा लें और खत्म करें।

ट्रंप ने यहां संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करने के बाद एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि मजबूत संबंध बनाने और निष्पक्ष द्विपक्षीय व्यापार पर पाकिस्तान और भारत के नेताओं के साथ तथा कई अन्य देशों के नेताओं के साथ उनकी बहुत फलदायी बातचीत हुई है।

ट्रंप ने कहा, ‘पाकिस्तान और भारत के संबंध में हमने कश्मीर के बारे में बात की और मैं जो भी मदद कर सकता हूं, उसकी मैंने पेशकश की, और वह मदद मध्यस्थता है। मैं जो कर सकता हूं वह करूंगा, क्योंकि वे बहुत गंभीर मोड़ पर हैं, और आशा है वे बेहतर स्थिति में हो जाएंगे।’

उन्होंने कहा, ‘यदि आप दोनों सज्जनों की तरफ देखें, तो वे दोनों मेरे बहुत अच्छे मित्र हैं। मैंने मित्रों से कहा कि इसे बस सुलझा लें, क्योंकि वे दो परमाणु शक्तियां हैं।’

ट्रंप ने संयुक्त राष्ट्र महासभा से अलग पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान के साथ सोमवार को द्विपक्षीय बातचीत की थी और भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मंगलवार को बातचीत की थी। उन्होंने मोदी के साथ ह्यूस्टन में रविवार को हाउदी मोदी समारोह में भी मंच साझा किया था।