Home Blog Page 2947

यहाँ पर ब्लैक में बिक रहीं इंसानी हड्डियां और खोपड़ियां, चाव से खरीद रहे लोग

0

आधुनिक दौर में हल चीज ऑनलाइन खरीदने का चलन बढ़ता जा रहा है। इन दिनों इंस्टाग्राम पर ऐसी चीज बिक रही है जिसके बारे में जानकर आपके होश उड़ जाएंगे। ब्रिटेन में इंस्टाग्राम पर इंसानी खोपड़ियां बेची जा रही हैं। खास बात यह है कि इंसानी खोपड़ियों को लोग चाव से खरीद भी रहे हैं।

स्थानीय मीडिया द सन के मुताबिक, ज्यादातर हड्डियों-खोपड़ियों की खरीदारी रिसर्च, मेडिकल साइंस के लिए की जाती है। जीव विज्ञान और मानव शरीर के अध्येता भी इनकी खरीदारी करते हैं। यूनाइटेड किंगडम में इंसानी शरीर की हड्डियों और खोपड़ियों को बेचने पर कोई रोक नहीं है। इस कारण खोपड़ियां आसानी से उपलब्ध हो जाती हैं।

आमतौर पर खरीदार अपने विक्रेता को पर्सनल मैसेज करते हैं। फिर दोनों के बीच डील होती है। इसमें शिपिंग और पैकेजिंग जैसे चार्ज भी शामिल होते हैं। स्टॉकहॉम यूनिवर्सिटी की 2017 में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार- यूके में यह बिजनेस 46,000 पाउंड (करीब 40 लाख रुपए) का है, जो हर साल बढ़ रहा है। हालांकि कुछ रिसर्चर्स का दावा है कि यह मार्केट पिछले दो साल में और बढ़ गया है। वर्तमान समय में हर साल 70 लाख का कारोबार हो रहा है।

भारत ने इस मामले में चीन को दी मात, फिर विदेशों से पैसा भेजने के मामले में नंबर एक बने भारतीय

0

दुनिया भर में काम कर रहे भारतीय फिर एक बार धन भेजने के मामले में शीर्ष पर बने हुए हैं। विश्व बैंक की ताजा आई रिपोर्ट के अनुसार भारतीय श्रमिक दुनिया के अन्य लोगों की तुलना में सबसे ज्यादा धन भारत भेज रहे हैं। विश्व भर में काम कर रहे भारतीय श्रमिकों की वास्तविक संख्या का अनुमान लगाना मुश्किल है, क्योंकि भारतीय विदेश मंत्रालय केवल प्रवासी भारतीयों और इमिग्रेशन जांच के लिए पहुचने वाले लोगों की संख्या को ही गिनता है। जबकि बड़ी संख्या में लोग अवैध तरीके से भी विदेश जाते हैं।

साल 1990 से अपने देश को धन भेजने के मामले में भारतीय हमेशा से शीर्ष पर काबिज रहे हैं। इस सूची में दूसरे स्थान पर चीन जबकि तीरसे स्थान पर मैक्सिको है।

इन देशों में रहते हैं सबसे ज्यादा प्रवासी भारतीय

देशप्रवासी भारतीयों की संख्या
अमेरिका46 लाख
यूएई31 लाख
मलेशिया29 लाख
सऊदी अरब28 लाख
म्यांमार20 लाख

स्त्रोत- विदेश मंत्रालय (दिसंबर 2018)

इन देशों में काम करते हैं सबसे ज्यादा अकुशल भारतीय कामगार

देशअकुशल भारतीय कामगारों की संख्या
यूएई112059
सऊदी अरब72399
कुवैत57613
ओमान36037
कतर34471

स्त्रोत- संसदीय प्रश्नोत्तर (फरवरी 2019)

विदेशों में रहते हैं इन राज्यों के सबसे ज्यादा अकुशल कामगार

राज्यअकुशल भारतीय कामगारों की संख्या
उत्तर प्रदेश86273
बिहार59181
तमिलनाडु31588
राजस्थान30272
पश्चिम बंगाल28648

स्त्रोत- विदेश मंत्रालय

अमेरिका में इमरान का ‘अपमान’ मेट्रो से गए होटल, पाक विदेश मंत्री ने किया स्वागत

0

वॉशिंगटन। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान अमेरिका के अपने 3 दिवसीय आधिकारिक दौरे पर शनिवार दोपहर यहां पहुंचे। यहां पाकिस्तानी प्रधानमंत्री का सरकार की तरफ से कोई स्वागत नहीं किया गया। इमरान खान को एयरपोर्ट से मेट्रो द्वारा होटल जाना पड़ा। हवाई अड्डे पर उनके स्वागत के लिए उनके विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी मौजूद थे। काफी तादाद में वहां मौजूद पाकिस्तानी मूल के अमेरिकियों ने भी उनका स्वागत किया।क्रिकेटर से नेता बने खान कतर एअरवेज की उड़ान से यहां पहुंचे और अमेरिका में पाकिस्तान के राजदूत अजद मजीद खान के आधिकारिक निवास में ठहरे हुए हैं।

इमरान खान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से व्हाइट हाउस में सोमवार, 22 जुलाई को मुलाकात करेंगे। इस मुलाकात के दौरान अमेरिकी नेतृत्व उन पर पाकिस्तानी धरती पर सक्रिय चरमपंथी एवं आतंकवादी समूहों के खिलाफ ‘निर्णायक एवं स्थिर’ कार्रवाई करने और तालिबान के साथ शांति वार्ता में सहायक भूमिका निभाने का दबाव बनाएगा।

इमरान, ट्रंप के अलावा अमेरिका के कुछ प्रमुख मंत्रियों तथा शीर्ष सैन्य अधिकारियों के साथ भी बातचीत और बैठक करेंगे। इमरान के साथ विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी, सेना प्रमुख कमर जावेद बाजवा तथा अन्य शीर्ष सैन्य एवं नागरिक अधिकारी भी रहेंगे। खान के अमेरिकी दौरे को लेकर बलोच, सिंधी और मोहाजिर समेत पाकिस्तान के कई धार्मिक अल्पसंख्यक समुदाय विरोध प्रदर्शन भी कर रहे हैं।

आतंकवाद के प्रति बदलना होगा रवैया : इमरान खान के वॉशिंगटन पहुंचने के बाद अमेरिकी प्रशासन के अधिकारी ने कहा कि यदि इस्लामाबाद अपनी कुछ नीतियों में बदलाव करता है तो इसको दी जाने वाली सुरक्षा सहायता पर लगी रोक को हटाने पर पुनर्विचार किया जा सकता है।

अमेरिकी अधिकारी ने कहा कि व्हाइट हाउस का दौरा करने के लिए खान को निमंत्रण देकर अमेरिका ने इस्लामाबाद को एक संदेश भेजा है कि रिश्तों में सुधार करने और एक स्थायी भागीदारी का निर्माण के लिए दरवाजा खुला है।

पाकिस्तान को अमेरिकी सुरक्षा सहायता जारी रखने को लेकर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए अधिकारी ने कहा कि सुरक्षा सहायता अभी भी स्थगित है।

ट्रंप प्रशासन ने जनवरी 2018 में पाकिस्तान की सुरक्षा सहायता स्थगित कर दी थी और उसके बाद यह पहली बार है जब किसी अमेरिकी अधिकारी ने उस निलंबन को हटाने की संभावना पर चर्चा की है। अधिकारी का कहना है कि पाकिस्तान को आतंकवाद और क्षेत्रीय शांति के प्रति अपनी नीतियों को बदलना होगा।

अधिकारी ने कहा कि अगर पाकिस्तान, अफगानिस्तान में हमारी सुरक्षा चिंताओं पर काम करता है और लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद जैसे कुछ आतंकवादी समूहों पर कार्रवाई करता है तो हम कुछ मामलों में निलंबन को बदलने पर विचार करेंगे।

दिल्ली के विकास के लिए शीला दीक्षित ने ऐसे तैयार किया था का ब्लू प्रिंट

0
  • शीला दीक्षित ने दिल्ली के विकास का ब्लू प्रिंट तैयार किया
  • दिल्ली में फ्लाईओवर का पूरा खाका शीला सरकार ने बनाया
  • दिल्ली में मेट्रो विस्तार, शीला दीक्षित की प्लानिंग का नतीजा

शीला दीक्षित 3 दिसंबर 1998 को दिल्ली के लिए नया दौर लेकर आईं. संयोग के नए झोंकों के साथ वह उस दिन दिल्ली की मुख्यमंत्री बनी थीं. संयोग इसलिए क्योंकि शीला दीक्षित को उसी साल दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की कमान मिली थी. उसी साल प्याज की कीमत में आग लगी और दिल्ली में मजबूत जड़ों वाली बीजेपी को तिनके की तरह उड़ जाना पड़ा.

वो 1998 की दिल्ली थी जब सड़क पर ब्लू लाइन बसें तांडव करती नजर आतीं थी. जब दिल्ली की सड़कों पर वाहनों का लंबा रेला लगता था, जब दिल्ली में घर से दफ्तर पहुंचना ओलंपिक में मेडल जीतने जैसा था. शीला को ऐसी दिल्ली मंजूर नहीं थी. 2019 की जिस दिल्ली पर हम रश्क करते हैं, उसकी बुनियाद शीला दीक्षित ने दो दशक पहले ही रख दी थी.

शीला दीक्षित ने 1998 में मुख्यमंत्री बनने के बाद दिल्ली के विकास का ब्लू प्रिंट तैयार किया. राष्ट्रीय राजधानी में लंबे-लंबे फ्लाइओवर का पूरा खाका शीला सरकार ने तैयार किया. दिल्ली की लाइफ लाइन कही जाने वाली मेट्रो को जो विस्तार मिला वो शीला दीक्षित की ही प्लानिंग का नतीजा है और दिल्ली में कॉमनवेल्थ गेम्स की कामयाबी का श्रेय शीला दीक्षित को ही जाता है.

शीला दीक्षित ने सियासत में नई शब्दावली दी विकास और तरक्की की शब्दावली. मंदिर आंदोलन के बाद तेजी से आगे बढ़ रही बीजेपी को शीला दीक्षित ने बड़ी बारीकी से विकास के अस्त्र से सत्ता से बाहर कर दिया. शीला दीक्षित ने दिखा दिया कि विकास के बल पर भी चुनाव जीते जाते हैं और वर्चस्व कायम किया जाता है.

सियासत की मान्य कलाओं से देखें तो शीला दीक्षित का इतने लंबे समय तक टिके रहना हैरान कर देने वाला है. उन्हें लच्छेदार भाषण देना नहीं आता था. उन्हें दलीय राजनीति की पेचीदीगियों की ज्यादा जानकारी नहीं थी. वो कांग्रेस के अंदरूनी सत्ता समीकरण में भी बेहद सहज नहीं थी, लेकिन उन्हें अपनी मंजिल का पता था. उन्हें पता था राजनीति में उनका रास्ता विकास की गलियों से ही गुजरेगा.

पूरे 15 साल शीला दीक्षित दिल्ली की अजीज रहीं. इतनी अजीज कि एक दौर में वो अजेय थीं. इतनी अजेय कि शीला के बगैर दिल्ली अधूरी दिखती थी. आज शीला दीक्षित ने उसी दिल्ली को अलविदा कह दिया.

केरल कांग्रेस चंदा इकट्ठा कर केरल की एकमात्र महिला सांसद के लिए खरीदेगी कार

0

केरल में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की युवा सांसद राम्या हरिदास को कार देने के लिये ”क्राउड फंडिंग’ के जरिये धन जुटाने का फैसला किया है. राज्य से इस बार राम्या एकमात्र महिला लोकसभा सांसद हैं. पहली बार सांसद बनीं राम्या हरिदास संसद के निचले सदन में राज्य के अलाथुर संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करती हैं. युवा कांग्रेस के अलाथुर इकाई के अध्यक्ष पलायम प्रदीप ने अपनी फेसबुक पोस्ट में कहा, ”हमलोग आम जनता से नहीं बल्कि खासतौर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच क्राउड फंडिंग की योजना बना रहे हैं.

हालांकि अगर कोई इसमें योगदान करना चाहता है तो वह कर सकता है.’ उन्होंने बताया कि केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता नौ अगस्त को सांसद को वाहन की चाबी सौपेंगे. इस बीच राम्या हरिदास ने कहा कि इस फैसले से वह खुश हैं और गौरवान्वित महसूस कर रही हैं.

टेकऑफ कर रहे विमान के केबिन में घुसने की कर रहा था कोशिश, पंखे पर चढ़ा व्यक्ति

0


अबुजा नाइजीरिया के लागोस शहर के हवाई अड्डे पर एक व्यक्ति टेकऑफ करने वाले विमान के पंखे पर चढ़ गया। अधिकारियों ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि इस दौरान विमान में मौजूद यात्री घबरा गए। नाइजीरिया की समाचार एजेंसी के अनुसार शुक्रवार को मुर्तला मुहम्मद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर खड़ा अजमान एयर फ्लाइट का एक विमान जब उड़ान भरने (टेकऑफ) के लिए क्लीयरेंस मिलने का इंतजार कर रहा था, उसी बीच एक व्यक्ति पंखे पर चढ़ता हुआ नजर आया।

एक बयान में अजमान एयर ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति को जब पायलट ने रनवे पर विमान की तरफ आते हुए देखा तो उसने पहले इंजन को कम किया। जब उसने देखा कि व्यक्ति रुक नहीं रहा है तो पायलट ने इंजन बंद कर दिया। एयरलाइन ने कहा कि इसके बाद व्यक्ति ने छलांग लगाई और विमान के पंखे पर चढ़ गया और केबिन के अंदर घुसने की कोशिश करने लगा। पायलट ने इस घटना की सूचना तुरंत रेडिया पर दी। विमान के अंदर मौजूद एक यात्री ने घटना का वीडियो बना लिया।

वीडियो में दिख रहा है कि व्यक्ति विमान के पंखे पर चल रहा है। घबराए लोगों ने सुरक्षा संबंधी शंकाओं के कारण चालक दल से निकासी दरवाजा खोलने को कहा। व्यक्ति को बाद में नाइजीरिया के हवाई अड्डे के अधिकारियों ने हिरासत मे ले लिया जहां उससे पूछताछ की जा रही है।

दिल्ली की पूर्व सीएम शीला दीक्षित का निगम बोध घाट पर आज होगा अंतिम संस्कार

0

दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित का आज अंतिम संस्कार किया जाएगा। आज दोपहर करीब 2.30 बजे दिल्ली के निगम बोध घाट पर उनका अंतिम संस्कार होगा। उससे पहले उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए कांग्रेस मुख्यालय में करीब 12.15 बजे रखा जाएगा।

शीला दीक्षित ने 81 साल की उम्र में शनिवार को एस्कॉर्ट अस्पताल में अंतिम सांस ली थी। वे कुछ वक्त से बीमार चल रही थीं। उन्हें एस्कॉर्ट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। शनिवार को करीब 3.55 बजे दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया था।

केंद्र सरकार लायेगा नियम : अब शादी में खाना बर्बाद किया, तो भरना होगा 5 लाख जुर्माना

0

खाना बर्बाद करने वाले होटल, रेस्तरां और शादीघरों पर पांच लाख रुपये तक जुर्माना लगेगा। एफएसएसएआई ने इसका मसौदा तैयार कर लिया है। जल्द ही इसे मंजूरी के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय को भेजा जाएगा।

नियमन क्यों : सूत्रों ने कहा कि होटल, रेस्तरां से लेकर शादी-ब्याह में खाने की बर्बादी आम है। बचे हुए खाने को कहां और कैसे इस्तेमाल करना है, इसका पता अधिकतर लोगों को नहीं होता है। न ही इस बर्बादी को रोकने के लिए कोई पहल करना चाहता है। इसलिए अब भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) बचे हुए खाने के इस्तेमाल को लेकर एक नियमन लेकर आने वाला है।

गुणवत्ता पर नजर : सूत्रों ने कहा कि कई गैर सरकारी संगठन होटल-रेस्तरां और शादीघरों से बचा हुआ खाना लेकर गरीबों में बांटने का काम कर रहे हैं, लेकिन इस खाने की गुणवत्ता को लेकर कोई मानक नहीं है। नए मसौदे में इस मुद्दे पर विशेष ध्यान दिया गया है।

पंजीकरण कराना होगा : नई व्यवस्था के तहत होटल, रेस्तरां व शादीघरों के संचालकों को एफएसएसएआई की वेबसाइट पर पंजीकृत किया जाएगा। वहीं खाना बांटने के लिए एनजीओ अधिकृत किए जाएंगे।।

खाद्य आयुक्त की निगरानी : मसौदे के अनुसार, सभी राज्यों में खाद्य आयुक्त की अध्यक्षता में एक समिति बनेगी। यह समिति दान में दिए गए भोजन की निगरानी करेगी और व्यवस्था में सुधार के लिए सुझाव देगी।

करोड़ टन खाना हर साल देश में बर्बाद होता है संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट के मुताबिक।

ये होंगी शर्तें 
* बचे हुए खाने में हाइजिन और सफाई का खास ध्यान रखना होगा। खाना पैकेज्ड है तो उस पर असली लेबल होना चाहिए।
* खाने पर एक्सपायरी डेट, शाकाहारी या मांसाहार जैसी जानकारियां लिखनी होगी।
* दानकर्ता और दान लेने वाली संस्था को हर पैक के वितरण का रजिस्टर रखना अनिवार्य होगा।
*बचे हुए खाने को अच्छे से पैक कर सात डिग्री सेल्सियस तापमान में रखना जरूरी होगा।

एयर इंडिया कंपनी में नियुक्तियों और पदोन्नति पर केंद्र ने लगाई रोक, निजीकरण से पहले मोदी सरकार का बड़ा फैसला

0

एयर इंडिया के निजीकरण के अपने प्रस्ताव को देखते हुए मोदी सरकार ने कंपनी में व्यापक स्तर पर सभी नियुक्तियों और पदोन्नतियों को रोकने का निर्देश दिया है। सिर्फ कुछ नई उड़ानें शुरू की जा सकती हैं, वह भी बहुत जरूरी होने पर और व्यावसायिक स्तर पर लाभकारी दिख रही हो तो।

खबरों के मुताबिक, यह निर्देश लगभग एक हफ्ते पहले आया है। इसके अनुसार, आगामी निजीकरण को देखते हुए कोई बड़ा कदम नहीं उठाया जाना है। इसके तहत नियुक्तियां और पदोन्नति भी रोक दी जाएगीं। यह निर्देश निवेश तथा जन संपत्ति प्रबंधन विभाग (डीआईपीएएम) ने दिया है।

पिछले कार्यकाल में बोली लगाने वाले को ढूंडने में नाकाम रही मोदी सरकार इस कार्यकाल में एयर इंडिया को निजी हाथों में देने के लिए युद्धस्तर पर काम कर रही है। सरकार ने निजीकरण की प्रक्रिया में निर्णय लेने के लिए मंत्रियों के समूह (जीओएम) को दोबारा गठित किया है। कंसल्टिंग फर्म ईवाई पहले से ही निजी बोली लगाने वालों को आमंत्रित करने के लिए प्रारंभिक सूचना ज्ञापन को अंतिम रूप देने के लिए काम कर रही है।

एयर इंडिया के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “इस बार विनिवेश को लेकर कोई संदेह नहीं है। जिस गति से चीजें हो रही हैं, विमानन कंपनी का मालिकाना हक किसी निजी कंपनी के पास पहुंच जाएगा।”

एयर इंडिया पर कुल करीब 58,000 करोड़ रुपये का कर्ज है। राष्ट्रीय विमानन कंपनी का संचयी नुकसान 70 हजार करोड़ रुपये है। इसी साल 31 मार्च को खत्म हुए वित्त वर्ष में विमानन कंपनी को 7,600 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।

नागरिक विमानन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने इसी हफ्ते कहा था कि एयर इंडिया को बचाने के लिए उसका निजीकरण करना होगा। उन्होंने कहा था कि सरकार ऐसी विमानन कंपनी को चलाने के लिए तैयार नहीं है, जहां संचालन संबंधी निर्णय प्रतिदिन लिए जाते हैं ना कि नौकरशाही प्रक्रिया या ठेका प्रक्रिया से। पुनर्गठित जीओएम के अध्यक्ष गृह मंत्री अमित शाह अगले कुछ सप्ताहों में एयर इंडिया के निजीकरण से संबंधित निर्णय ले सकते हैं।

बृजमोहन ने राशन कार्ड नवीनीकरण की मुद्दे पर सरकार को घेरा

0

राशन कार्ड नवीनीकरण के मुद्दे पर रायपुर दक्षिण विधायक एवं पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने ध्यानाकर्षण सूचना के माध्यम से सरकार को घेरा। बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश में राशन कार्ड नवीनीकरण के नाम पर गरीब जनता को मुश्किल में डाल दिया गया है। बिना किसी योजना के राशन कार्ड नवीनीकरण के लिए जनता को कतार में खड़ा कर दिया जाना और उनका वक्त बर्बाद करना अनुचित है। राजधानी रायपुर में ही शहीद पंकज विक्रम वार्ड, शहीद ब्रिगेडियर उस्मान वार्ड, विपिन बिहारी सूर वार्ड, खूबचंद बघेल वार्ड, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड, शहीद राजीव पांडेय वार्ड,कामरेड सुधीर मुखर्जी वार्ड, रामनगर क्षेत्र सहित पूरे 70 वार्डों में अव्यवस्था के चलते मारपीट और छीना झपटी की नौबत आ गई है। कई जगहों पर उमस-गर्मी के चलते महिलाएं गश खाकर गिरती रही है। रोजी-मजदूरी करने वाले लोग अपना काम छोड़कर राशन कार्ड फॉर्म के लिए भटक रहे हैं। हर काउंटर में अलग-अलग नियम कानून बनाए बताए जा रहे हैं। यह कार्य इतना धीमा है कि लोगों को 8-10घण्टे भी लाइन में लग रहे है। राशन कार्ड नवीनीकरण की स्थान पर न पेयजल की व्यवस्था है और ना ही प्राथमिक चिकित्सा की सुविधा। सुरक्षा व्यवस्था भी कहीं नजर नहीं आता। इन स्थानों पर बदहवासी का आलम दिखता है। विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि सरकार द्वारा किये जा रहा है इस कार्य मैं उनकी नीति स्पष्ट नहीं है। एक कार्ड पर 35 किलो चावल मिलेगा या फिर प्रति व्यक्ति 10 किलो प्रदान किये जायेंगे समझ से परे है। बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश की गरीब जनता को मुश्किल में डाल कर राजनीतिक लाभ लेना अनुचित है। इस मसले आज शासन के खिलाफ पूरे प्रदेश में आक्रोश व्याप्त है।