Home Blog Page 2991

मोटराइज्ड ट्राइसिकल योजना से प्रदीप का हर सफर हुआ आसान

0

दोनों पैरों से निःशक्त ग्रामीण युवक प्रदीप राठौर आज जीवन की नई दिशा की ओर चल पड़ा है। कल तक उसे घर से बाहर की दुनिया को देखने कही आने जाने के लिए बार-बार सोचना पड़ता था, उसे अपनी सहायता के लिये कुछ लोगों पर आस लगाकर रखनी पड़ती थी। प्रदीप लाचार और बेबस था। उसे भी बाहर घूमने फिरने की इच्छा तो होती थी, लेकिन समय पर उसकी इच्छा पूरी हो पाये ऐसा संभव नही हो पाता था। जब कोई साथ दे देता या अपने साथ बाहर लेकर जाता तभी वह घूम फिर पाता था। एक दिन प्रदीप को शासन द्वारा दिव्यांगों को मोटराइज्ड ट्राईसिकल दिये जाने की योजना की जानकारी लगी, उसने समाज कल्याण विभाग के माध्यम से आवेदन दिया। आवेदन की जांच के बाद प्रदीप को मोटराइज्ड ट्रायसिकल मिल गया। बैटरी से चलने वाली इस मोटराइज्ड ट्रायसिकल ने प्रदीप की मानों दुनिया ही बदल दी। घर से बाहर घूमने फिरने से लेकर अपना जरूरी काम निपटाने में मोटराइज्ड ट्रायसिकल एक बड़ा मददगार साबित हुआ है। उसे अब किसी अन्य व्यक्ति का राह नही देखना पड़ता। उसे जब कभी बाहर घूमने का मन करता है मोटराइज्ड ट्रायसिकल निकाल कर घूम आता है। इस तरह से उसका कठिन सफर अब आसान हो गया है। 

     कोरबा जिले के कटघोरा विकासखंड के अंतर्गत ग्राम मुढ़ाली निवासी प्रदीप राठौर ने बताया कि वह बचपन से ही दोनों पैर से निःशक्त है। दिव्यांग होने की वजह से उसे बाहर आने जाने में बहुत परेशानी का सामना करना पड़ता था। उसकी इच्छा होती थी कि वह भी सामान्य इंसानों की तरह बाहर घूमने फिरने जाये। लेकिन निःशक्तता की वजह से कही भी नही जा सकता था। उसने बताया कि पिताजी का निधन हो चुका है। गरीबी की वजह से मोटराइज्ड ट्रायसिकल नही ले पाये। कुछ समय तक हाथ से चलाने वाला ट्रायसिकल में चलता था लेकिन इससे केवल कुछ दूर ही चल पाता था क्योकि इसे चलाने पर हाथों में दर्द भी होता था। प्रदीप ने बताया कि मोटराइज्ड ट्रायसिकल मिलने के बाद उसकी समस्यायंे दूर हो गई है। बस बैटरी चार्ज करना पड़ता है। फिर बटन दबाते ही 40 से 50 किलोमीटर तक का सफर आसानी से किया जा सकता है। उसने बताया कि अब वह शहर से गांव तक की दूरी तय कर लेता है। गांव में अपने घर से शहर में रहने वाले मामा के घर भी आता जाता है। प्रदीप ने शासन द्वारा दिव्यांगों को निःशुल्क में प्रदान किये जा रहे मोटराइज्ड ट्रायसिकल की सराहना करते हुये कहा कि शासन ने उसकी जिंदगी के कठिन सफर को बहुत आसान बना दिया है। 

छत्तीसगढ़ में रूर्बन मिशन के कार्यों को राष्ट्रीय कार्यशाला में सराहा गया : नई दिल्ली में आयोजित कार्यशाला में श्रेष्ठ कार्यों की हुई प्रस्तुति

0

छत्तीसगढ़ में रूर्बन मिशन के तहत किए जा रहे कार्यों को एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली है। मिशन के कार्यों के अनुभवों को साझा करने हाल ही में 24 जून को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय कार्यशाला में प्रदेश में किए जा रहे कार्यों पर प्रस्तुति दी गई। केन्‍द्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री श्री नरेन्‍द्र सिंह तोमर और ग्रामीण विकास राज्‍य मंत्री साध्‍वी निरंजन ज्‍योति भी कार्यशाला में शामिल हुईं। ग्रामीण विकास मंत्रालय के अधिकारियों एवं देश भर से आए जनप्रतिनिधियों ने रूर्बन मिशन के अंतर्गत यहां हो रहे अधोसंरचना विकास और रोजगारमूलक कार्यों की खुले दिल से तारीफ की। कार्यशाला में क्लस्टरों के लिए तैयार किए जा रहे मास्टर प्लान (विकास योजना) की प्रक्रिया एवं प्रगति के बारे में भी जानकारी दी गई।  

केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा आयोजित राष्ट्रीय रूर्बन मिशन की इस एक दिवसीय कार्यशाला में धमतरी जिले के लोहरसी क्लस्टर के अंतर्गत ग्राम पंचायत भानपुरी की सरंपच श्रीमती उत्तरा साहू और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गठित स्वसहायता समूह की सदस्य श्रीमती वीणा साहू ने मिशन के तहत किए गए कार्यों से वहां आ रहे सकारात्मक बदलाव के बारे में अनुभव साझा किए। कार्यशाला में आंध्रप्रदेश, तमिलनाडू, गुजरात, उत्तरप्रदेश, मिजोरम, पंजाब, महाराष्ट्र, राजस्थान, झारखंड, तेलंगाना, उत्तराखंड, केरल, नागालैंड, कर्नाटक, हरियाणा और मध्यप्रदेश के प्रतिनिधियों ने भी अपने अनुभव साझा किए। कार्यशाला में देश भर के 80 निर्वाचित जनप्रतिनिधियों और 275 प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

राष्ट्रीय कार्यशाला में छत्तीसगढ़ द्वारा लोहरसी क्लस्टर में किए जा रहे कार्यों के अनुभव साझा किए गए। एक्वाडक्ट द्वारा सिंचित रकबे में वृद्धि, सुसज्जित एवं सुव्यवस्थित हाट-बाजार, इंजेक्शन वेल निर्माण, तालाब सौंदर्यीकरण, आदर्श आंगनबाड़ी, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, ई-रिक्शा से आजीविका और जैविक कृषि दुकान जैसे कार्यों से रोजगार के अवसरों में हुई बढ़ोतरी तथा अधोसंरचना विकास के बारे में जानकारी दी गई।

रूर्बन मिशन के अधिकारियों ने कार्यशाला में बताया कि रूर्बन मिशन और मनरेगा के अभिसरण से ग्राम पोटियाडीह में निर्मित एक्वाडक्ट से गांव के 118 किसानों के 125 हेक्टेयर असिंचित भूमि में अब सिंचाई हो सकेगी और वे साल में दो फसल ले सकेंगे। ग्राम भानपुरी के सर्वसुविधायुक्त एवं सुव्यवस्थित हाट-बाजार में स्थानीय व्यापारी देर शाम तक व्यवसाय कर रहे हैं। ग्राम परसतराई में इंजेक्शन वेल बनाकर वर्षा जल का संचयन कर जल संरक्षण किया जा रहा है। इससे वहां भू-जल स्तर में अच्छा सुधार हो रहा है। ग्राम मुजगहन में शीतला तालाब का कायाकल्प कर आमोद-प्रमोद की जगह के रूप में विकसित किया गया है।

कार्यशाला में अधिकारियों ने यह भी बताया कि रूर्बन मिशन के अंतर्गत बहुआयामी विकास कार्य प्राथमिकता से किए जा रहे हैं। सभी क्लस्टरों में स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन तथा आजीविका संवर्धन के कार्यों पर विशेष जोर दिया जा रहा है। छत्तीसगढ़ की ओर से रूर्बन मिशन के राज्य परियोजना प्रबंधक श्री राजीव कुमार त्रिपाठी, नगर एवं ग्राम निवेश के सहायक संचालक श्री गणेश राम तुरकाने तथा रूर्बन विशेषज्ञ श्री हरीश गिरी गोस्वामी ने भी कार्यशाला में भाग लिया।       

मिसाल- मुस्लिम परिवार ने हिंदू कर्मचारी की मौत के बाद किया अंतिम संस्कार, कराया ब्राह्मण भोज

0

हिन्दुस्तान की गंगा-जमुनी तहज़ीब की मिसाल को अमल में लाते हुए भदोही के एक मुस्लिम परिवार ने अपने एक कर्मचारी की मौत के बाद हिन्दू रीति-रिवाज़ से उसका दाह संस्कार किया और तेरहवीं की रस्म निभायी. तेरहवीं भोज के लिए बांटे गए कार्ड पर नीचे शोकाकुल परिवार में इरफ़ान अहमद खान और फरीद खान का नाम छपा होने के साथ भवदीय में उनकी फर्म का नाम लिखा गया. ये ब्राह्मण भोज इरफ़ान और फरीद ने अपने सहयोगी मुरारी लाल श्रीवास्तव की आत्मा की शांति के लिए 25 जून की रात शहर के हरिराम पुर में किया जिसमें हिंदू-मुस्लिम दोनों समुदाय के एक हज़ार से ज़्यादा लोग शामिल हुए.

कोतवाली पुलिस के मुताबिक, मुरारी लाल श्रीवास्तव (65) को पिछले दिनों खेत में किसी ज़हरीले जंतु ने काट लिया था, जिससे इलाज के दौरान 13 जून को उनकी मौत हो गई थी. मुरारी के परिवार में किसी के ना होने पर उनका शव इरफान और फरीद के परिवार को सौंप दिया गया. दोनों ने कुछ सहयोगियों की मदद से पूरे विधि-विधान से उनका अंतिम संस्कार किया.

इरफान और फरीद ने गुरुवार को बताया कि मुरारी हमारे घर के सदस्य की तरह पिछले 15 साल से हम लोगों के साथ जुड़े रहे और हमेशा घर के सदस्य की तरह हमें उनका समर्थन मिला. इरफान के मुताबिक, मुरारी उनके घर के बुज़ुर्ग सदस्य की तरह थे इसलिए हम लोगों ने वहीं किया जो हम घर के किसी सदस्य के लिये करते. साथ ही कहा कि जब हम लोग तेरहवीं का कार्ड बांटने हर जगह गए तो सभी ने आश्चर्य जताया.

उन्होंने बताया कि ब्राह्मण भोज से पहले 22 जून को बाकायदा बाल उतारने की रस्म अदा की गयी और 25 जून को रखे गए ब्राह्मण भोज में एक हज़ार से ज़्यादा हिन्दू -मुस्लिम सभी ने इसमें भाग लिया. मुस्लिम परिवार द्वारा ये सभी रस्में अदा किया जाना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है.

महंगाई से तबाह पाकिस्तान में गैस की कीमत 200% तक बढ़ी, डॉलर के मुकाबले पाकिस्तानी रूपया फिर गिरा

0

दुनिया भर में बदनाम पाकिस्तान की माली हालत इस कदर ख़राब है कि उसके लिए देश चलना मुश्किल होता जा रहा है । पकिस्तान की ख़राब माली हालत का सामना वहां की मजबूर जनता को करना पड़ रहा है. हाल ही में खाद्य प्रदार्थों के बाद बढ़ने के बाद अब पकिस्तान के नागरिकों के लिए खाना पकाना भी महंगा हो गया है । पाकिस्तान की इकनोमिक को-ऑर्डिनेशन कमिटी ने गैस की कीमतों में 191% तक के बढ़ोतरी की इजाजत दी है । साथ ही बिजली की कीमतों में भी बढ़ोतरी को मंजूरी दी गई है । यह नई कीमत 1 जुलाई से लागू होगी।

पाकिस्तानी अख़बार डॉन के मुताबिक इमरान खान सरकार की कैबिनेट ने गैस के दाम में 191% की बढ़ोतरी करने की अनुमति दी है ।बिजली की कीमतों में 1. 494 प्रति यूनिट का इजाफा करने की मंजूरी सरकार ने दी है । सरकार ने आईएमएफ के साथ हुए समझौते के तहत यह किया है ।

अब इतनी महंगी हो जाएगी गैस

50 घन मीटर की कीमत पहले की तरह 121 रुपए होगी। 100 घन मीटर गैस के लिए 572 रुपए की जगह 933 रुपए देने होंगे। 200 घन मीटर गैस के लिए 2,305 की जगह 3,872 रुपए देने होंगे। 300 घन मीटर गैस के लिए 3 ,589 की जगह 7,995 रुपए देने होंगे। 400 घन मीटर गैस के लिए 13,508 की जगह 14, 373 रुपए देने होंगे।

पाकिस्तानी रुपए में गिरावट का दौर जारी गुरुवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले पाकिस्तानी रुपया 163 तक चला गया । 5 साल की सबसे ज्यादा महंगाई
पाकिस्तान में मार्च 2019 के दौरान महंगाई की दर 5 साल के हाई लेवल 9. 41% तक पहुंच गई थी । उस समय महंगाई 9. 2% आंकी गई थी ।

भारतीय दर्शन का मूल सिद्धांत है मानव समानता : उपराष्ट्रपति

0

उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत के निर्माण का आधार मूलत: सहिष्णु सभ्यता हैं और भारतीय दर्शन की तुलना में किसी और दर्शन या धर्म में समानता के सिद्धांत को इतने मौलिक रुप में नहीं अपनाया गया है।

भारत में धार्मिक स्वतंत्रता पर हालिया रिपोर्ट का जिक्र करते हुए उपराष्ट्रपति ने दोहराया कि भारत एक ऐसी भूमि है जो विविध विचारों और दर्शन की जननी है, जो हर समय फली-फूली है।

पिछले सप्ताह अमेरिका के विदेश विभाग ने अपने वार्षिक 2018 अंतरराष्ट्रीय धार्मिक स्वतंत्रता रिपोर्ट में आरोप लगाया था कि ”भारत में 2018 में हिंसक कट्टरपंथी हिंदू समूहों द्वारा अल्पसंख्यक समुदायों खासकर मुस्लिमों के खिलाफ भीड़ के हाथों हमले किये गये।” इस रिपोर्ट पर भाजपा ने कड़ी आपत्ति जतायी। पार्टी ने कहा कि यह नरेंद्र मोदी सरकार के प्रति साफ तौर पर पक्षपाती रवैया दर्शाता है।

उपराष्ट्रपति ने गुरु नानक देव जी की 550वीं जयंती के अवसर पर यहां स्मारक सिक्का जारी करते हुए कहा कि भारतीय समाज की विविधता तो तीसरी सदी ईसापूर्व के सम्राट अशोक के अभिलेखों में ही परिलक्षित होती है।

तंगहाली के बावजूद PAK के रक्षा बजट में बढ़ोतरी, 1,150 अरब रुपये की मंजूरी

0

इस्लामाबाद: पाकिस्तान की संसद ने बृहस्पतिवार को सर्वसम्मति से अगले वित्त वर्ष (2019-20) के लिये 1,152 अरब रुपये के रक्षा बजट को मंजूरी दे दी. संघीय राजस्व मंत्री हम्माद अजहर ने 11 जून को बजट पेश किया था, जिसमें उन्होंने घोषणा की थी कि रक्षा क्षेत्र के लिये बजटीय आवंटन पिछले साल के समान ही किया गया है. हालांकि बजट दस्तावेज यह दर्शाता है कि सरकार ने इसमें 4.5 फीसदी का मामूली इजाफा किया है.

उल्‍लेखनीय है कि बदहाली से परेशान इमरान खान सरकार अर्थव्‍यवस्‍था को पटरी पर लाने की कोशिशों में लगी है. इसके लिए वह वैश्विक संस्‍थाओं से कर्ज ले रही है. हालांकि इसके लिए इमरान खान सरकार की घरेलू मोर्चे पर आलोचना भी हो रही है. इस संबंध में पाकिस्तान के विपक्षी नेता शहबाज शरीफ ने अर्थव्यवस्था की खराब स्थिति को लेकर पिछले दिनों प्रधानमंत्री इमरान खान की सरकार पर हमला बोला और कहा, ”हम भारत के साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा करते थे.”

बजट पर चर्चा 
शरीफ ने नेशनल असेंबली में एक हफ्ते के हंगामे के बाद बजट पर चर्चा के दौरान कहा कि खराब नीतियों के कारण अफगानिस्तान और बांग्लादेश जैसे देश कुछ क्षेत्रों में पाकिस्तान से बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं. उन्होंने कहा, ”अफगानी मुद्रा पाकिस्तानी मुद्रा से अधिक मजबूत है…बांग्लादेश की प्रति व्यक्ति आय हमसे ज्यादा है.”

शहबाज शरीफ ने कहा कि 15-20 साल पहले पाकिस्तान भारत के साथ ”स्वस्थ प्रतिस्पर्धा” कर था क्योंकि वह कपड़ा क्षेत्र में अपने पड़ोसी देश से आगे था. इमरान खान सरकार ने 11 जून को बजट पेश किया था लेकिन इस पर कोई चर्चा नहीं हो सकी क्योंकि सत्ता पक्ष के सदस्यों ने हंगामा किया और नेशनल असेंबली में विपक्ष के नेता के संबोधन में व्यवधान डाला.

राहुल गांधी ने J&K में हादसे में छात्रों की मौत पर शोक जताया

0

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को एक हादसे में 11 छात्रों की मौत पर शोक जताया। जम्मू कश्मीर में एक हादसे में नौ लड़कियों समेत 11 छात्रों की मौत हो गयी।

राहुल गांधी ने कहा कि इस खबर को सुनकर वह पीड़ा महसूस कर रहे हैं और उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ”जम्मू-कश्मीर मे एक दर्दनाक हादसे में नौ लड़कियों सहित 11 छात्रों की मौत की खबर सुन कर मुझे दुख पहुंचा है। इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले बच्चों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है और मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”

दूसरों को न्याय देने वाले जज को 9 साल बाद मिला इंसाफ, ये है पूरा मामला

0

 दूसरों को न्याय देने वाले न्यायाधीश को खुद इंसाफ पाने के 9 सालों तक लंबा इंतजार करना पड़ा। 9 सालों तक जज कानूनी लड़ाई लड़ते रहे और आखिरकार उनको अपने केस में न्याय मिला है। दरअसल, ये मामला करीब 1 लाख तीस हजार के मेडिकल बिल से जुड़ा है जो पंजाब सरकार बनाम न्यायाधीश का है। इस मामले में हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार को फटकार लगाते हुए जज का बिल जमा करने को कहा है।पंजाब 
9 साल के बाद मिला जज को इंसाफ

कोर्ट ने ये भी कहा है कि बिल जमा करने में देरी पर उचित ब्याज भी देना होगा। पंजाब सरकार और जज के बीच ये मामला साल 2010 का है। तब एडिशनल सेशन जज डीके मोंगा पंजाब लीगल सर्विस अथॉरिटी के मेंबर सेक्रेटरी थे। उस दौरान उनकी तबीयत बिगड़ी और उन्होंने 4,36,943 रु का इलाज कराया। इलाज पर खर्च हुए पैसों का सारा बिल जज ने पंजाब सरकार को सौंपा था और अपने मेडिकल री-इंबर्समेंट की मांग की थी।

पंजाब सरकार 
पंजाब सरकार ने बिल जमा करने में लगाया था अड़गा

लेकिन पंजाब सरकार ने इसको स्वीकार नहीं किया और एक नया नोटिफिकेशन जारी कर दिया। इस नोटिफिकेशन में कहा गया कि जुडीशियल अफसरों के इलाज का उतना ही मेडिकल री-इंबर्समेंट दिया जाएगा जितना कि उनके द्वारा बताई गई बीमारियों के इलाज पर एम्स में खर्च आता है। पंजाब सरकार ने एम्स के हिसाब से बिल का अनुमान लगाते हुए 3,08,924 रुपये का भुगतान कर दिया। लेकिन इसमें करीब एक लाख तीस हजार रु का बिल जमा नहीं किया गया। इसके लिए जज ने सरकार को रिप्रजेंटेशन दिया लेकिन सरकार ने उनकी कोई दलील नहीं मानी।

हाईकोर्ट 
जज ने खटखटाया था हाईकोर्ट का दरवाजा

जज के लिए जब सारे रास्ते बंद हो गए, उन्होंने 2012 में हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। लंबे समय तक चले मामले में दोनों पक्षों की दलीलों को सुनने के बाद हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार से 9 फीसदी ब्याज के साथ बिल का भुगतान करने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने दो महीनों के भीतर जज के पूरे बिल का भुगतान करने और सरकारी बैंकों की ब्याज दर से इसका भुगतान करने का आदेश दिया है। अगर सरकार द्वारा निश्चित समय सीमा के भीतर इस राशि का भुगतान नहीं किया गया तो उसे 12 फीसदी के साथ बिल का भुगतान करना होगा।

लगातार दूसरे दिन बढ़े पेट्रोल, डीजल के दाम, ये रहा आज का भाव

0

 पेट्रोल और डीजल के दाम में फिर लगातार दूसरे दिन वृद्धि हुई है। तेल कंपनियों ने शुक्रवार को दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में पेट्रोल के दाम में पांच पैसे जबकि डीजल के दाम में छह पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की। देश की राजधानी दिल्ली में दो दिनों में पेट्रोल 12 पैसे लीटर महंगा हो गया है। वहीं, डीजल का दाम इन दिनों में 11 पैसे प्रति लीटर बढ़ गया है। 

इंडियन ऑयल की वेबसाइट के अनुसार, दिल्ली, कोलकता, मुंबई और चेन्नई में पेट्रोल के दाम बढ़कर क्रमश: 70.17 रुपये, 72.43 रुपये, 75.87 रुपये और 72.89 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं। चारों महानगरों में डीजल के दाम भी बढ़कर क्रमश: 64.01 रुपये, 65.93 रुपये, 67.11 रुपये और 67.70 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं।

उधर, अंतर्राष्ट्रीय बाजार में हालांकि कच्चे तेल के भाव में लगातार दूसरे दिन नरमी रही लेकिन ब्रेंट क्रूड का दाम 65 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर ही बना हुआ है। 

‘कांग्रेस के डूबते जहाज को छोड़ने वाले पहले शख्स हैं राहुल गांधी’- शिवराज सिंह चौहान

0

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर फिर से तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष पार्टी को बचाने की कोशिश नहीं कर रह हैं. वह कांग्रेस को बचाने की अंत तक कोशिश करने के बजाय पार्टी के डूबते जहाज को छोड़कर जाने वाले पहले शख्स हैं. चौहान ने कहा कि कोई नहीं जानता है कि कांग्रेस का मौजूदा अध्यक्ष कौन है. भाजपा के राष्ट्रव्यापी सदस्यता अभियान के प्रमुख चौहान ने बुधवार को हैदराबाद में भी गांधी पर यही तंस कसा था.

उन्होंने कहा, ”क्या आप जानते हैं कि कांग्रेस का अभी अध्यक्ष कौन है? हमने सुना था कि जब जहाज डूबता है तो कप्तान इसे बचाने के लिए सबसे अंत तक रहता है.” उन्होंने पत्रकारों से कहा, ”लेकिन कप्तान (गांधी) कांग्रेस के जहाज से कूदने वाले पहले व्यक्ति हैं.” इसके अलावा पत्रकारों से चौहान ने कहा कि भाजपा देश में अपना आधार बढ़ाने के लिए अगले महीने से 35 दिन लंबा विशेष सदस्यता अभियान चलाएगी. यह अभियान खासकर उन राज्यों में चलाया जाएगा जहां पार्टी सत्ता में नहीं है.

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान छह जुलाई को शुरू होगा और 11 अगस्त तक चलेगा. चौहान ने बताया कि अभियान का नाम ‘संगठन पर्व’ है. इस अभियान की अहमियत ऐसे क्षेत्रों और राज्यों में होगी जहां भाजपा पर्याप्त मजबूत नहीं है जैसे केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, पुडुचेरी, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, कश्मीर घाटी और सिक्किम समेत अन्य.