Home Blog Page 3111

पुंछ सेक्टर में पाकिस्तान ने किया संघर्ष विराम का उल्लंघन, एक बच्ची मरी, 10 लोग घायल

0

जम्मू। पाकिस्तान ने सोमवार को संघर्ष विराम का उल्लंघन कर जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा पर अग्रिम चौकियों और सीमांत गांव को निशान बनाकर बिना किसी उकसावे के गोलीबारी की जिसमें एक बच्ची की मौत हो गयी और 10 अन्य घायल हो गये। आधिकारिक सूत्रों ने यहां बताया, ‘पाकिस्तानी सेना ने पुंछ में नियंत्रण रेखा पर कृष्णा घाटी और मनकोटे क्षेत्र में बिना किसी उकसावे के गोलीबारी की जिसमें एक पांच वर्षीय लड़की की मौत हो गयी, जबकि पांच अन्य घायल हो गये।’ उन्होंने बताया कि पुंछ में सीमा पर अभी भी भारी गोलीबारी चल रही है। भारतीय सेना ने सीमा पार से हो रही गोलीबारी का मुंह तोड़ जवाब दिया। इससे पहले पाकिस्तानी सेना ने आज सुबह करीब सात बजकर 45 मिनट पर शाहपुर केरनी सेक्टर में सीमा पार से मोर्टार और छोटे हथियारों से गोलीबारी की जिसमें मेंधर तहसील में गुंतरीआन का रहने वाले मोहम्मद शरीफ घायल हो गया। मृतक लड़की की पहचान सोबिया शफीक (पांच) के रूप में हुई है। वह बांदीचचियां के मोहम्मद शफीक की पुत्री है। घायलों में नसीम अख्तर (40), समीर अहमद (7), मोहम्मद जहांगीर (35) और अन्य हैं ये सभी बांदीचचियां के रहने वाले हैं। इसके अलावा घायलों में डारे संगला की नगीना बी (40), मंढेर में गुंतरीआन की सुरानकोटे मोहम्मद शरीफ, शौकत ओर हनीफा बी हैं। पाकिस्तान ने इससे पहले रविवार को भी राजौरी के नौशेरा सेक्टर में और शनिवार की शाम को पुंछ के मनकोटे और कृष्णा घाटी सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया था। अंतिम सूचना मिलने तक दोनों ओर से गोलीबारी जारी है।

छत्तीसगढ़ : अंतागढ़ टेपकांड, फिरोज सिद्दीकी ने एसआईटी को सौंपा वीडियो

0

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित अंतागढ़ टेपकांड मामले के मुख्य गवाह फिरोज सिद्दीकी टेपकांड मामले से सम्बंधित एक वीडियो को आज सिविल लाइन स्थित एसपी ऑफिस में  एसआईटी की टीम को सौंपने पहुंचे। उन्होंने बताया कि एसआईटी को वीडियो देने के बाद वह इस वीडियो को सार्वजनिक करेंगे। अब देखना है कि फिरोज सिद्दीकी एसआईटी को जो वीडियो सौंपने जा रहे हैं उसमें किन-किन लोगों के चेहरे से पर्दा हटता है।

गुजरात हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंचे हार्दिक पटेल

0

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव लडऩे के लिए अयोग्य घोषित कांग्रेस नेता हार्दिक पटेल ने गुजरात हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपील की है।  अपनी याचिका में पटेल ने हाईकोर्ट के फैसले पर रोक और सजा निलंबित करने की मांग की है।  याचिका अभी सुप्रीम कोर्ट की रजिस्ट्री में लंबित हैं,  सूचीबद्ध होने के बाद हार्दिक अपनी याचिका पर सुनवाई की मांग करेंगे। हार्दिक ने अपनी याचिका में कहा है कि नामांकन का आखिरी दिन गुरुवार है, इसलिए सुप्रीम कोर्ट हाईकोर्ट की याचिका पर रोक लगाए। बता दें कि  2015 में गुजरात में हुए उपद्रव के मामले में शुक्रवार को गुजरात हाईकोर्ट से हार्दिक पटेल को बड़ा झटका लगा था। हाईकोर्ट ने हार्दिक पटेल की याचिका को खारिज कर दिया था जिसमें मेहसाणा में 2015 के दंगा उपद्रव मामले में उनकी सजा निलंबित करने की अपील की गई थी। दंगा भड़काने के आरोप में साल 2018 में निचली कोर्ट ने पाटीदार नेता हार्दिक पटेल को दोषी ठहराते हुए दो साल की जेल की सजा सुनाई थी। दंगा 23 जुलाई, 2015 को हुए थे और उनके नेतृत्व में पाटीदारों ने पहली बार रैली की थी। बुधवार को गुजरात सरकार ने हार्दिक पटेल की दोषसिद्धि पर स्थगन आदेश देने की मांग करने वाली याचिका का विरोध किया था। सरकारी वकील मितेश अमीन ने अदालत से कहा था कि पटेल करीब 17 मुकदमों का सामना कर रहे हैं, जिससे पता चलता है कि उनका चरित्र ठीक नहीं है। पटेल के वकील ने कहा था कि अगर स्थगन आदेश नहीं दिया गया तो उससे उनके मुवक्किल को अपूरणीय क्षति होगी क्योंकि वह चुनाव लडऩा चाहते हैं। जुलाई 2018 में सत्र अदालत ने उन्हें दो साल जेल की सजा सुनाई थी। वे फिलहाल जमानत पर चल रहे हैं। 

छत्तीसगढ़ : 23 हजार 298 करोड़ रुपये की कमाई कर बना देश में अव्वल, बिलासपुर रेलवे जोन ने बनाया रिकार्ड

0


दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे जोन ने 2018-19 में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। जोन ने कमाई के सारे रिकार्ड तोड़ते हुए 23 हज़ार करोड़ से अधिक की कमाई की है। यह पिछले वर्ष की तुलना में 13 प्रतिशत अधिक है। माल लदान में अपने ही पुराने रिकॉर्ड को तोड़ते हुए कुल 185.5 मिलियन टन वार्षिक लदान के आंकड़े को बिलासपुर जोन ने पार किया है।Paragraph

सीनियर डीसीएम और जनसंपर्क अधिकारी रवीश कुमार ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में वर्ष 2018-19 में प्रमुख मशीनों के अधिक ब्लॉक दिए गए। पिछले 11 सालों की तुलना में सर्वाधिक रेल नवीनीकरण के कार्यों को इस वर्ष किए गए। 2018-19 में 209 यूनिट का सम्पूर्ण ट्रैक नवीनीकरण कार्य पूरा किया गया। यह पिछले साल की तुलना में 15 प्रतिशत अधिक है। इस साल 151 किलोमीटर से ज्यादा नई रेल लाइनों का निर्माण किया गया। इसके साथ ही साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के रूप में इस वर्ष दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में 182 रूट किलोमीटर के रेल लाइन के विद्युतीकरण कार्य को भी अंजाम दिया गया। माल लदान में रेलवे जोन ने सर्वाधिक कमाई की और यात्री सुविधाओं में भी जोन ने बेहतर काम किया।

Kanker : अवैध संबंध के शक के चलते प्रेमी की धारदार हथियार से हत्या

0

पखांजूर/हरनगढ़/ कांकेर । पत्नी से अवैध संबंध के शक में पति ने प्रेमी युवक की हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित पति ने थाने पहुंच आत्मसमर्पण कर दिया। पखांजूर क्षेत्र के ग्राम पीवी 116 निवासी विनय राय पिछले कुछ समय से महाराष्ट्र में डॉक्टरी का कार्य कर रहा था। वह बीच-बीच में अपनी पत्नी से मिलने आता था। इसी बीच उसे शक हुआ कि ग्राम पीवी 41 निवासी राकेश मंडल के साथ उसकी पत्नी के अवैध संबंध है।

शनिवार रात साढ़े आठ बजे राकेश मंडल बिना राय के घर पर उसके साथ अपने मोबाइल में ऑनलाइन फिल्म देखा रहा था। इस दौरान विनय और बिना के दोनों बच्चे राज और रिया बाहर आंगन में बैठकर मोबाइल पर गेम खेल रहे थे।

इसी बीच विनय वहां पहुंचा और एक लोहे के धारदार हथियार से कुर्सी पर बैठे राकेश की गर्दन पर दो-तीन बार वार कर दिया। जिससे राकेश का गर्दन कटकर धड़ से अलग हो गया। बिना बीच बचाव करने लगी तो विनय ने उसे भी मारने का प्रयास किया। इस दौरान बिना के हाथ की दो उंगली कट गई।

मामले की जानकारी मिलते ही पखांजूर थाना प्रभारी शशिकला पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंची और जांच भी शुरू कर दिया। घटना की जानकारी आग तरह फैल गई। जिसके बाद मृतक के परिजन व सैकड़ों ग्रामीणों ने वहां पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया।

माहौल को शांत कराने के लिए पखांजूर अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मयंक तिवारी घटना स्थल पहुंचे। जिसके बाद भी माहौल को शांत नहीं होने पर पुलिस को लाठी चार्ज करना पड़ा। दूसरी ओर घटना के बाद विनय ने मीडिया के सामने कहा कि बहुत दिनों से राकेश का मेरी पत्नी से अवैध संबंध था। जिसके कारण मैंने हत्या की घटना को अंजाम दिया और इसका मुझे कोई अफसोस नहीं है।

– मामले में बिना राय की रिपोर्ट पर विनय के खिलाफ धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर आरोपित विनय को गिरफ्तार कर लिया गया है। – शशिकला उइके, थाना प्रभारी पखांजूर

Loksabha Election 2019 : कांग्रेस के 687 पेज और पाक सेना के फर्जी खातों को फेसबुक ने हटाया

0

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान 11 अप्रैल से होने जा रहे हैं। इस चरण के लिए राजनीतिक दलों ने अपना चुनाव-प्रचार तेज कर दिया है जबकि दूसरे और उसके आगे के चरणों के लिए भी तैयारी जोरों पर हैं। इस बीच चुनावों से ठीक पहले सोशल साइट फेसबुक ने कांग्रेस को तगड़ा झटका दिया है। फेसबुक का कहना है कि उसने कांग्रेस के संबंधित 687 पेज और अकाउंट को हटा दिया है।

इसके अलावा पाकिस्तान से भारत के खिलाफ चलने वाले 103 फेसबुक और इंस्टाग्राम खातों को भी हटा दिया गया है। फेसबुक ने कहा कि ये खाते पाकिस्तानी सेना की पब्लिसिटी डिवीजन आईएसपीआर या खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए काम करने वाले लोगों से जुड़े हुए थे।

फेसबुक के साइबर सुरक्षा नीति के प्रमुख नथानिएल ग्लीचर ने कहा कि भारत के प्रमुख विपक्षी दल इंडियन नेशनल कांग्रेस के सोशल मीडिया डिपार्टमेंट या आईटी सेल से जुड़े लगभग 687 पेज और अकाउंट्स को हटा दिया गया है। उन्होंने कहा कि इन खातों को फर्जी खातों का एक नेटवर्क बनाने और अपनी पहचान छिपाने के लिए हटाया गया है। कंपनी के ऑटोमेटेड सिस्टम से इनकी पहचान हुई थी।

फेसबुक ने कहा कि कांग्रेस आईटी सेल के उसने 138 पेज और 549 व्यक्तिगत खाते अपने प्लेटफॉर्म से हटा दिए हैं। इनमें से एक या अधिक पृष्ठों के साथ लगभग 206,000 यूजर्स जुड़े थे। फेसबुक पर विज्ञापन के लिए इन खातों और पेजों से करीब 39,000 डॉलर का खर्च किया गया था, जिनका भुगतान भारतीय रुपए में किया गया था। फेसबुक की जांच के अनुसार, पहला विज्ञापन अगस्त 2014 में चला था और सबसे हालिया विज्ञापन मार्च 2019 में चला।

भारत के खिलाफ जहर घोल रहा था पाकिस्तान

फेसबुक के साइबर सुरक्षा नीति के प्रमुख नथानिएल ग्लीचर ने कहा कि पाकिस्तानी सैन्य स्थापना के व्यक्ति फर्जी एकाउंट बनाकर ‘मिलिट्री फैन पेजेस’, ‘जनरल पाकिस्तानी इंटेरेस्ट पेजेस’, कश्मीर कम्युनिटी पेजेस और ‘न्यूज पेजेस’ को संचालित करते थे।

वे अक्सर स्थानीय और राजनीतिक समाचारों के बारे में पोस्ट करते हैं, जिसमें भारत सरकार, राजनेताओं और सेना जैसे विषय शामिल होते हैं। हालांकि, इन पेजों और खातों के पीछे के लोगों ने अपनी पहचान छिपाने की कोशिश की थी। मगर, फेसबुक ने कहा कि इसकी जांच में एक पाकिस्तानी सैन्य लिंक मिला है, जिसमें आईएसपीआर कर्मचारियों के वास्तविक खातों और उनके द्वारा बनाए गए नकली खातों का एक नेटवर्क है।

इनमें से अधिकांश उल्लंघन पिछले महीने में हुआ, जब भारत और पाकिस्तान के बीच जैश-ए-मोहम्मद के द्वारा पुलवामा में किए गए हमले के बाद तनाव फैल गया था। उस आतंकी हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के 44 जवान शहीद हो गए थे।

इस व्यवहार में शामिल पाकिस्तान आधारित पृष्ठों में “हलका फुल्का”, “कश्मीरियों के लिए कश्मीर”, “पाकिस्तान सेना – सर्वश्रेष्ठ” और “पेंटर पैलेट” नाम का एक पृष्ठ शामिल था, जिसमें विंग कमांडर अभिनंदन वर्थमान से संबंधित कंटेंट था। बताते चलें कि पाकिस्तानी वायुसेना के एफ-16 विमान को मार गिराने के बाद विंग कमांडर का मिग-21 विमान दुर्घटनाग्रस्त होकर पाकिस्तान में गिर गया था।

इसके बाद पाकिस्तानी सेना ने अभिनंदन को हिरासत में ले लिया था। हालांकि, बाद में भारतीय कूटनीति और अंतरराष्ट्रीय दबाव के चलते पाकिस्तान को विंग कमांडर को रिहा करना पड़ा था। फेसबुक ने कहा कि उसने 24 पेज, 57 इंडिविजुअल अकाउंट, 7 ग्रुप और 15 इंस्टाग्राम अकाउंट को हटाया है।

लगभग 28 लाख खातों ने इन पेजेस में से एक या अधिक को फॉलो किया था, जबकि करीब 4,700 खाते इन समूहों में ज्वाइन हो गए थे। वहीं, करीब 1,050 यूजर्स ने इनमें से एक या अधिक इंस्टाग्राम खातों को फॉलो किया था। फेसबुक कहा कि इन ये खातों और पेजेस ने अपने प्लेटफॉर्म पर विज्ञापनों पर 1,100 डॉलर खर्च किए थे, जिनका भुगतान अमेरिकी डॉलर और पाकिस्तानी रुपये में किया गया था।

वायनाड में राहुल गांधी के खिलाफ NDA उम्मीदवार की घोषणा, थुषार वेलापपल्ली देंगे चुनौती

0

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के पहले कांग्रेस ने पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी के अमेठी के अलावा केरल की वायनाड सीट से भी चुनाव लड़ने की घोषणा की है। इसके बाद जहां भाजपा कांग्रेस पर निशाना साध रही है वहीं लेफ्ट पार्टियां भी हमला बोल रही हैं।

इस बीच एडीए ने वायनाड सीट से ही राहुल गांधी के खिलाफ अपने उम्मीदवार का ऐलान कर दिया है। इस सीट से राहुल गांधी के खिलाफ एनडीए उम्मीदवार थुषार मैदान में होंगे।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने सोमवार को घोषणा की कि वायनाड सीट से थुषार वेल्लापपल्ली एनडीए के उम्मीदवार होंगे। थुषार भारत धर्म जन सेना के अध्यक्ष हैं और बेहद डायनामिक युवा नेता हैं। वे विकास और सामाजिक न्याय की दिशा में हमारी प्रतिबद्धता का प्रतिनिधित्व करते हैं। उनकी मदद से भाजपा केरल में एक राजनीतिक विकल्प के रूप में उभरेगी।

बता दें कि राहुल गांधी के वायनाड से चुनाव लड़ने की घोषणा कांग्रेस द्वारा रिववार को ही गई है। इसके बाद राहुल गांधी 4 अप्रैल को वहां से अपना नामांकन दाखिल करने जाएंगे।

भाजपा ने इसे अमेठी में राहुल की संभावित हार का डर बताया है। वहीं वामपंथी दलों ने भी त्योरियां चढ़ा ली हैं। वाम दलों ने कहा है कि भाजपा से मुकाबला करने के बजाय कांग्रेस अध्यक्ष लेफ्ट के खिलाफ मैदान में उतर गए हैं। उन्हें हराने के लिए वाम मोर्चा हरसंभव प्रयास करेगा।



1st April: आज से घर से लेकर Insurance तक यह चीजें हो जाएंगी सस्ती

0

नई दिल्ली। नए वित्त वर्ष की शुरुआत के साथ ही सोमवार का दिन अपने साथ कई ऐसे बदलाव ला रहा है, जो आम जनता की जिंदगी को सीधे तौर पर प्रभावित करने वाले हैं। इनमें अधिकतर बदलाव उनकी जिंदगी को सुकून देने वाले हैं। आज से जहां सस्ते घर का सपना साकार होगा वहीं जीवन बीमा भी सस्ता होने जा रहा है। जानिए आज से आपकी जिंदगी और क्या होने वाले हैं बदलाव।

रेलवे में मिलेगी सुविधा

सोमवार से रेलवे संयुक्त पीएनआर जारी करेगा। अगर किसी यात्री को दो ट्रेनों से यात्रा करनी है, तो उसके नाम पर संयुक्त पीएनआर जारी होगा। सोमवार से कनेक्टिंग ट्रेन छूटने पर टिकट की रकम वापस हो जाएगी। इससे ट्रेनों के परिचालन में भी समयबद्धता बढ़ेगी।

ईपीएफओ में मिलेगी सुविधा

आज से ईपीएफओ का यूनिवर्सल अकाउंट नंबर यानी यूएएन ज्यादा प्रभावी हो जाएगा। इसके तहत नौकरी बदलने पर आपका पीएफ अकाउंट अपने आप ट्रांसफर हो जाएगा। इससे पहले ईपीएफओ के सदस्यों को यूएएन रखने के बाद भी पीएफ ट्रांसफर करने के लिए अलग से आवेदन करना पड़ता था।

सस्ता होगा बीमा, मिलेगा फायदा

आज से बीमा के नियमों के बदलाव भी लागू होंगे। इससे जीवन बीमा पॉलिसी लेना भी सस्ता हो जाएगा। नियम में परिवर्तन का फायदा 22 से 50 वर्ष के लोगों को होगा।

हाई-सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट मिलेगी

सोमवार से वाहन बनाने वाली कंपनियों पर नया नियम लागू होगा। उन्हें हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट देना आवश्यक कर दिया गया है। नए नियमों में यह भी कहा गया है कि वाहन बिना नंबर प्लेट के फैक्टरी के बाहर नहीं निकलेंगे।

आयकर में बड़ी छूट

वेतनभोगी वर्ग के लिए सबसे बड़ी खुशखबर यह है कि नए नियमों के तहत उनकी पांच लाख रुपए तक की आय पूरी तरह टैक्स फ्री होगी। करदाता कई तरह की अन्य छूट का फायदा लेते हुए आठ से साढ़े आठ लाख रुपए तक की आय पर आयकर की बचत कर सकेंगे। बैंकों और डाकघरों में जमा पर मिल रहा 40 हजार रुपए तक का ब्याज भी कर-मुक्त होगा। आम बजट से जुड़े सभी अन्य फायदे सोमवार से लागू हो रहे हैं।

बैंकों का लोन होगा सस्ता

सोमवार से बैंक एमसीएलआर के बजाय आरबीआई के रेपो रेट के आधार पर कर्ज देंगे। ऐसे में आरबीआई जब भी रेपो रेट में कटौती करेगा, बैंकों को कर्ज पर ब्याज घटाना ही होगा। इससे सभी तरह का कर्ज सस्ता होने की उम्मीद है। हालांकि रेपो रेट में बढ़ोतरी की सूरत में बैंक ब्याज दर बढ़ा भी सकते हैं।

मिलेगा सस्ता मकान

एक अप्रैल से घर खरीदने के इच्छुक लोगों को सस्ते मकान मिलने वाले हैं। जीएसटी की दरों में कमी के बाद अब 20 लाख तक के अफोर्डेबल मकानों पर केवल एक फीसदी जीएसटी यानी 20 हजार रुपए टैक्स लगेगा। वहीं 50 लाख तक के मकान पर पांच फीसदी जीएसटी लगेगी यानी ढाई लाख रुपए टैक्स। इस प्रकार 50 लाख के मकान पर सीधे-सीधे 3.5 लाख का फायदा होगा और 20 लाख के मकान पर 1.4 लाख रुपए बचेंगे।

सुविधा के लिए शुरू हो जाएगा ई-पैन कार्ड बनना

एक अप्रैल से उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए ई-पैन कार्ड बनना शुरू हो जाएगा। इसके बाद आपको पैन कार्ड के लिए लंबा इंतजार नहीं करना होगा। यूआईडीएआई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आप कुछ मिनट में ई-पैन कार्ड ले सकेंगे। पैनकार्ड बनाने के लिए भले ही आपका आधार कार्ड अनिवार्य है, लेकिन आपके एड्रेस प्रुफ के वेरीफिकेशन के लिए एजेंसी नियुक्त की जा रही है।

जीएसटी का होगा सरलीकरण

जीएसटी में आ रही कठिनाइयों को देखते हुए व्यापारी बहुत दिनों से मांग कर रहे थे, कि जीएसटी का सरलीकरण किया जाए। एक अप्रैल से जीएसटी के सरलीकरण के तहत नया फार्म जारी होने की बात कही जा रही है। बताया जा रहा है कि इससे बड़ी राहत मिलेगी। इस संबंध में कार्रवाई शुरू कर दी गई है और निर्देश जारी किए गए हैं।

बिल्डरों पर होगी सख्ती

रेरा में पंजीयन नहीं कराने वाले बिल्डरों पर 1 अप्रैल से सख्ती होने वाली है। ऐसे बिल्डरों को चार गुना पैनाल्टी के साथ पंजीयन कराने के लिए 31 मार्च तक का समय दिया गया है।

कंपोजीशन स्कीम की बढ़ी लिमिट

कंपोजीशन स्कीम की सीमा बढ़कर अब 1.5 करोड़ रुपए टर्नओवर तक होगी। जीएसटी के तहत अब उन्हीं का पंजीकरण अनिवार्य होगा, जिनका सालाना टर्नओवर 40 लाख रुपए होगा। ऐसे में छोटे कारोबारियों को बड़ा फायदा मिलेगा।



Shajapur: शुजालपुर में ऑयल फैक्ट्री में लगी भीषण आग

0

शाजापुर। जिले के शुजालपुर में सोमवार को जोड़ के समीप खुशबू ऑयल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। करीब दो घंटे तक इस आग पर काबू नहीं पाया जा सका। आग से लाखों रुपए का सामान और तेल जलकर राख हो गया। बताया जा रहा है कि यहां शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी। राह से गुजर रहे लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके को इसकी सूचना दी। जिसके बाद फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। लेकिन तब तक वहां रखा पूरा सामान और कई हजार लीटर तेल जलकर खराब हो गया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है।

MP : मिमिक्री करने में माहिर बैंक मैनेजर्स से करने लगा फ्रॉड

0


जबलपुर। खुद को कार एजेंसी का मालिक बताकर बैंकों को लाखों रुपए की चपत लगाने वाले शातिर को राज्य सायबर पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित गूगल से कार एजेंसी के मालिक, उसके मैनेजर और बैंक मैनेजर का मोबाइल नंबर निकालकर ठगी की वारदातों को अंजाम देते थे। शातिर और उसके साथी मिमिक्री (आवाज की नकल) करने में माहिर हैं। जिस कारण बैंक के मैनेजरों को उन पर शक नहीं होता था।

एसपी सायबर अंकित शुक्ला ने बताया कि यूनियन बैंक की मदनमहल शाखा के मैनेजर नवीन रंजन चौधरी के पास कुछ दिनों पहले एक शख्स का फोन आया। उसने खुद को बैंक का पुराना ग्राहक और कार एजेंसी का मालिक बताते हुए आरटीजीएस के माध्यम से 9 लाख 234 रुपए अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। इसकी जानकारी होने पर बैंक मैनेजर ने अज्ञात पर मामला दर्ज कराया था। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए निरीक्षक विपिन ताम्रकार के नेतृत्व में एसआई श्वेता सिंह, एसआई हेमंत पाठक, आरक्षक अजीत गौतम, आरक्षक आसिफ अहमद, आरक्षक आलोक की टीम गठित की गई थी।

एक आरोपित पूर्व में हो चुका गिरफ्तार

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि इसी तरह के मामले में हाफिजपुर गौतमबुद्घ नगर (उप्र) निवासी आदर्श कुमार गिरफ्तार हो चुका है। यह भी जानकारी मिली कि रुपए पांचाल विहार, करावल दिल्ली निवासी बबलू चौधरी (37) के अकाउंट में ट्रांसफर हुए हैं। खाते की डिटेल निकाली गई तो पता फर्जी निकला। जिस पर पुलिस का शक आरोपित पर गहरा गया। पुलिस ने तत्काल खाते में ट्रांसफर हुए रुपयों में से 5 लाख का ट्रांजेक्शन रुकवाते हुए जल्द ही उसकी लोकेशन ट्रेस कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपित ने बताया कि वह अपने साथी के साथ मिलकर जबलपुर समेत कई राज्यों में स्थित बैंकों के मैनेजरों को इसी तरह विश्वास में लेकर धोखाधड़ी कर चुका है। पुलिस आरोपित के साथियों की तलाश में जुटी है।

ऐसे करते थे ठगी

आरोपित बबलू चौधरी ने बताया कि वह गूगल से कार एजेंसी के मालिकों की डिटेल और मोबाइल नंबर जुटाते थे। मोबाइल नंबर मिलने के बाद वह एजेंसी के मालिक से बात कर खुद को भी कार की एजेंसी का मालिक बताते हुए कार खरीदने की बात कहते थे। रुपए ट्रांसफर करने का झांसा देकर शातिर ठग, कार मालिक से उसका अकाउंट नंबर ले लेते थे। कार एजेंसी के मालिक का अकाउंट नंबर मिलते ही आरोपित उसकी एजेंसी के मैनेजर का नंबर तलाशते थे। फिर आवाज बदलकर कार एजेंसी मालिक बनकर बात करते हुए अकाउंट में कितने रुपए हैं इसकी जानकारी जुटाते थे। रुपए के बारे में पता चलते ही आरोपित उस बैंक के मैनेजर को फोन करते थे जिसमें एजेंसी मालिक का अकाउंट रहता था। आरोपित, बैंक मैनेजर को रुपए आरटीजीएस के माध्यम से ट्रांसफर करने को कहते थे। बैंक मैनेजर भी विश्वास में रुपए ट्रांसफर कर देता था। इसके बाद जब असल कार एजेंसी मालिक को पता चलता था, तो मामले का खुलासा होता था। लेकिन तब तक वह रुपए निकाल लेते थे।