Home Blog Page 3209

छत्तीसगढ़ में निगरानी दलों द्वारा अब तक एक करोड़ से अधिक की अवैध सामग्री और नगदी जब्त : उड़नदस्तों, स्थैतिक निगरानी दलों, पुलिस और आबकारी विभाग की टीमें मुस्तैद

0

लोकसभा निर्वाचन-2019 के दौरान प्रदेश में आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने अवैध सामग्रियों और नगद राशि के परिवहन पर निगरानी दलों द्वारा कड़ी नजर रखी जा रही है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुब्रत साहू के निर्देश पर जिला निर्वाचन कार्यालयों द्वारा गठित उड़नदस्तों, स्थैतिक निगरानी दलों, पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने 02 अप्रैल 2019 तक कुल एक करोड़ चार लाख 30 हजार 986 रूपए कीमत की सामग्री और नगद राशि जब्त की है। दोषी व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार प्रकरण भी दर्ज किए गए हैं।
    मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि सघन जांच के दौरान 02 अप्रैल तक 40 लाख 96 हजार 605 रूपए की नगद राशि जब्त की गई है। निगरानी दलों ने इस दौरान छह लाख 46 हजार 861 रूपए कीमत की तीन हजार 576 लीटर शराब भी जब्त की है। उड़नदस्तों और स्थैतिक निगरानी दलों ने अवैध रूप से परिवहन किए जा रहे लैपटाप, वाहन, साड़ी, प्रेशर कुकर आदि सामग्री भी जब्त किए हैं। इनकी कीमत 40 लाख 28 हजार 20 रूपए है। निगरानी दलों द्वारा साढ़े 16 लाख रूपए कीमत के सोना, चांदी एवं अन्य कीमती आभूषण तथा साढ़े नौ हजार रूपए मूल्य के मादक व नशीले पदार्थ की भी जब्ती की गई है।

छत्तीसगढ़ : आदर्श मतदान केन्द्र के लिए प्राथमिक शाला मुजगहन चयनित

0

धमतरी। आगामी लोकसभा निर्वाचन 2019 के लिए प्रत्येक विधानसभा में पांच मतदान केन्द्र को संगवारी एवं आदर्श मतदान केन्द्र बनाया गया है। जिसमें धमतरी विधानसभा में एक संशोधन किया गया है। अब मतदान केन्द्र क्रमांक 245 प्राथमिक शाला भवन कोहका को संशोधित करते हुए मतदान केन्द्र क्रमांक 102 प्राथमिक शाला भवन मुजगहन को प्रस्तावित किया गया है। बाकि अन्य केन्द्रों में मतदान केन्द्र क्रमांक 38 प्राथमिक शाला भवन छाती, मतदान केन्द्र क्रमांक 72 शासकीय उन्नयन प्राथमिक शाला भवन भटापारा पिपरछेड़ी, केन्द्र क्रमांक 114 शासकीय हाईस्कूल गोकुलपुर और केन्द्र क्रमांक 137 मनोनाईट हायर सेकेण्डरी शाला भवन (दक्षिण) हिन्दी मिडियम लालबगीचा है। संशोधन का प्रस्ताव अनुविभागीय अधिकारी धमतरी ने कलेक्टर को प्रेषित किया है।

धमतरी : आईपीएल मैच के लिए हो रही थी सट्टेबाजी, सट्टेबाज गिरफ्तार

0

आईपीएल मैच में सट्टा खिलाते बनियापारा से एक आरोपी को नगदी और लाखों की सट्टा-पट्टी सहित सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। थाना सिटी कोतवाली से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार रात रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर और राजस्थान रॉयल के बीच आईपीएल का मैच चल रहा था। पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली कि बनियापारा में सट्टा खेलाया जा रहा है।

थाना प्रभारी उमेन्द्र टण्डन के निर्देशन में उपनिरीक्षक विनय निराला, आरक्षक डायमंड, युवराज, पुष्पा, साइबर सेल से प्रदीप सिंह, प्रहलाद बंछोर, कुलदीप सिंह की टीम ने बनियापारा में दबिश देकर मनीष सोनी पिता सुकलाल सोनी 29 वर्ष को धरदबोचा। आरोपी के पास से 54840 रुपए नगद, एक पोर्टेबल टीवी, मोबाइल, कैल्कुलेटर और लगभग 6 लाख रुपए  की सट्टा-पट्टी जब्त की गई। आरोपी मनीष के खिलाफ धारा 4 (क) जुआ एक्ट के तहत और अलग से धारा 151 के तहत कार्यवाही की गई है।

राहुल गाँधी भरेंगे नामांकन, वायनाड पहुंचे राहुल-प्रियंका

0

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी केरल के वायनाड पहुंच गए हैं, अब से कुछ ही देर में वह नामांकन दाखिल करेंगे। राहुल के साथ कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद हैं। लोकसभा चुनाव के दौरान मिशन दक्षिण को साधने के लिहाज से कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी इस बार केरल के वायनाड से चुनाव लड़ रहे हैं। राहुल इस बार दो सीटों से चुनाव लड़ रहे हैं, केरल की वायनाड और यूपी का अमेठी। कांग्रेस की तैयारी इस नामांकन को मेगा शो बनाने की हैं।

जानिये पाकिस्तान में जंजीरों से बंधे इस पेड़ का रहस्य

0

देश-विदेश में सालों से ऐसी कई चीजें होती आ रही है जिसके पीछे के कारण हिराब करने वाले होते है। आज हम आपको पडोसी मुल्क पाकिस्तान से जुडी ऐसी ही एक अनोखी घटना के बारे में बताने जा रहे हैं जहाँ कई सालों से एक पेड़ को गिरफ्तार किया गया है और उसे जंजीरों से जकड़ा हुआ हैं। सुनकर आपको हैरानी जरूर होगी लेकिन यह सच बात हैं। तो आइये जानते है इसके पीछे की दिलचस्प कहानी के बारे में।

एक कानून के कारण पाकिस्तान के खैबर पखतूनख्वा प्रांत में एक बरगद के पेड़ को जंजीरों मे जकड़ कर रखा गया है। जी हां, प्रांत के लंडी कोतल में यह जंजीरों से जकड़ा हुआ है और उस पर एक तख्ती भी लगी है जिस पर ‘I am under arrest’ लिखा है। बता दें की यह पेड़ पाकिस्तान के लांडी कोटल आर्मी में लगा है। जहां इसकी गिरफ्तारी के पीछे बड़ी ही दिलचस्प कहानी है। वही ये कहानी साल 1898 की है जब नशे में धुत्त ब्रिटिश अफसर जेम्स स्क्वायड लांडी कोटल आर्मी कैंटोनमेंट में टहल रहा था।

इसी दौरान उसे महसूस हुआ कि सामने मौजूद बरगद का पेड़ उसकी तरफ आ रहा है। वो इससे बुरी तरह घबरा दिया और आस-पास मौजूद सैनिकों को आदेश देकर उसने पेड़ को गिरफ्तार कर लिया। जहां सैनिकों ने भी आदेश का पालन करते हुए पेड़ कहीं भाग न जाए इसलिए उसे जंजीरों से बांध दिया। 121 साल बाद आज भी ये पेड़ ऐसे ही जंजीरों से बंधा हुआ खड़ा है। इस गिरफ्तार पेड़ पर आज भी भारी-भारी जंजीरें लटकी हुई हैं यही नहीं गिरफ्तार पे़ड़ पर एक तख्ती भी लटकी हुई है जिस पर पेड़ के हवाले से लिखा हुआ है ‘मैं गिरफ्तार हूं।’ आज तक जंजीरें इसलिए नहीं हटाई गईं, ताकि अंग्रेजी शासन की क्रूरता को दर्शाया जा सके।

छत्तीसगढ़ : उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों मिलेगा अवार्ड, वेबसाइट में दर्ज होगा नाम

0

रायपुर। पुलिस महानिदेशक डीएम अवस्थी के निर्देशानुसार उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस के अधिकारी/कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रदेश में ‘इन्द्रधनुष योजना’ संचालित की जारी है। पुलिस महानिदेशक ने राज्य के विभिन्न जिलों में अपने प्रवास के दौरान पुलिस कर्मचारियों से की गई बातचीत तथा पुलिस मुख्यालय में पुलिस कर्मचारियों से मिलने के दौरान यह अनुभव किया कि पुलिस विभाग के अधिकांश अधिकारी/कर्मचारी पूर्ण निष्ठा से अच्छा काम करते हैं किन्तु उनके द्वारा किये गये अच्छे कार्यों का उच्च स्तर पर मान्यता नहीं मिलने के फलस्वरूप अच्छा कार्य करने वाले पुलिस कर्मचारियों के मनोबल में वृद्धि नहीं हो पाती है और कुछ अवसरों पर उन्हें हतोत्साहित भी होना पड़ता है। अतः पुलिस कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह ‘इन्द्रधनुष योजना’ प्रारंभ की गई है।

इस योजना के माध्यम से प्रदेश के समस्त आरक्षक से निरीक्षक/कंपनी कमाण्डर स्तर तक के एवं इकाईयों में पदस्थ अनुसचिवीय बल के अधिकारी/कर्मचारी को स्वयं के द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों से पुलिस महानिदेशक छत्तीसगढ़ से अवगत कराने का अवसर प्राप्त होगा। प्रदेश के सभी इकाईयों में पदस्थ कर्मचारी एवं अराजपत्रित पुलिस अधिकारी सप्ताह में यदि कोई उत्कृष्ट कार्य करते हैं तथा उन कर्मचारियों को विश्वास होता है कि यह उत्कृष्ट कार्य पुलिस महानिदेशक छत्तीसगढ़ के संज्ञान में लाने योग्य है तो किए गए उत्कृष्ट कार्यों को लिखकर इकाई प्रमुख/पुलिस अधीक्षक/सेनानी से अनुशंसा प्राप्त कर प्रत्येक सोमवार को पुलिस मुख्यालय, रायपुर में पुलिस महानिदेशक छत्तीसगढ़ के समक्ष स्वयं उपस्थित होंगे और अपने द्वारा किये गये उत्कृष्ट कार्य से पुलिस महानिदेशक को अवगत कराएंगे।

 पुलिस अधिकारी/कर्मचारी द्वारा किए गए कार्य उत्कृष्ट स्तर के पाये जाने पर पुलिस महानिदेशक की ओर से प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर उनकी प्रशंसा की जाएगी। ऐसे पुलिस कर्मी जिन्हें एक वर्ष में पुलिस महानिदेशक द्वारा दस या उससे अधिक बार प्रशस्ति-पत्र देकर उनके कार्यों की प्रशंसा की गई है तो उनके नाम छत्तीसगढ़ पुलिस की वेबसाईट में ‘बेस्ट पुलिस मेन आॅफ छत्तीसगढ’ के रूप में दर्ज किया जाएगा। योजना का उद्देश्य पुलिस कर्मियों के मध्य उत्कृष्ट कार्य करने के लिए एक स्वस्थ्य प्रतिस्पर्धा उत्पन्न करना एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों की कार्यों की मान्यता देते हुए उनका मनोबल बढ़ाना है।

पुलिस मुख्यालय द्वारा उक्त योजना को लागू किए जाने के लिए सभी पुलिस इकाईयों को पत्र जारी करते हुए प्रत्येक इकाई प्रमुख को लगातार सात दिवस तक सभी थाना/चैकियों/कंपनी एवं कार्यालयों में रोलकाल के दौरान पढ़कर कर्मचारियों को इससे अवगत कराने एवं अधिक से अधिक कर्मचारियों को उत्कृष्ट कार्य करते हुए ‘इन्द्रधनुष योजना’ में शामिल होने के लिए उत्साहित एवं प्रेरित करने के निर्देश दिए गए हैं।

स्काईमेट की रिपोर्ट : औसत से सात प्रतिशत कम होगी मानसूनी बारिश

0

नई दिल्ली। मौसम पूवार्नुमान जारी करने वाली निजी कंपनी स्काईमेट ने अलनीनो प्रभाव के कारण इस साल मानसून के कमजोर रहने और इस दौरान औसत से सात प्रतिशत कम बारिश का पूवार्नुमान व्यक्त किया है। स्काईमेट की बुधवार को जारी रिपोर्ट में कहा गया है कि इस साल मानसून सामान्य से कमजोर रहेगा और मानसून के चार महीने में जून से सितम्बर के बीच औसत का 93 प्रतिशत बारिश होगी। इस प्रकार इस साल औसत से सात प्रतिशत कम बारिश का अनुमान है। पिछले साल मानसून के दौरान औसत से नौ प्रतिशत कम बारिश हुई थी। स्काईमेट के प्रबंध निदेशक जतिन सिंह ने कहा ‘प्रशांत महासागर औसत से काफी ज्यादा गर्म हो गया है। मार्च से मई के दौरान अलनीनो की संभावना 80 प्रतिशत है। जून से अगस्त के दौरान इसकी संभावना 60 प्रतिशत रह जाती है। इस प्रकार इस साल धीरे-धीरे अलनीनो का प्रभाव कम होता जायेगा, हालाँकि यह पूरी तरह समाप्त नहीं होगा। इसलिए, इस वर्ष मानसून सामान्य से कमजोर रहने की आशंका है।’ रिपोर्ट में कहा गया है कि जून में दीर्घावधि औसत का 77 प्रतिशत, जुलाई में औसत का 91 प्रतिशत, अगस्त में औसत का 102 प्रतिशत और सितम्बर में औसत का 99 प्रतिशत बारिश होने की संभावना है। कंपनी ने फरवरी में जारी अपनी रिपोर्ट में इस साल मानसून सामान्य रहने की बात कही थी, लेकिन अब इसका कहना है कि इस दौरान काफी बदलाव आया है जिसके कारण उसे अपना पूवार्नुमान बदलना पड़ा है।

छत्‍तीसगढ़: मुश्किल में पूर्व CM रमन सिंह के दामाद, SSP बोले- जल्द गिरफ्तार होंगे पुनीत गुप्ता

0

चुनावी मौसम में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के दामाद डॉ. पुनीत गुप्ता की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं. राज्‍य पुलिस डॉ. गुप्ता को जल्‍द ही ही गिरफ्तार कर सकती है. रायपुर एसएसपी आरिफ शेख ने इस बात के संकेत दिए हैं. डॉ. पुनीत गुप्ता पर डीकेएस अस्पताल में अधीक्षक रहते 50 करोड़ रुपये का गड़बड़झाला करने का आरोप है. इसी मामले में डॉ. पुनीत गुप्ता के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है.

रायपुर एसएसपी आरिफ शेख पुनीत गुप्‍ता के खिलाफ पुख्‍ता सबूत मिलने की बात कही है. उन्‍होंने बताया कि पुनीत गुप्ता का लोकेशन पुलिस को मिला है, जिसके आधार पर दबिश देकर जल्द गिरफ्तारी होगी. बता दें कि पुनीत गुप्ता को बयान देने के लिए 27 मार्च को रायपुर के गोलबाजार थाने में बुलाया गया था, लेकिन गुप्ता नहीं पहुंचे. इसके बाद पुलिस ने उनके पिता डॉ. जीबी गुप्ता के निवास और अस्पताल में दबिश देकर दस्तावेजों की जांच की थी और कई दस्तावेज जब्त भी किए थे.

पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने डॉ. पुनीत गुप्ता को लेकर बयान दिया है. पूर्व सीएम ने कहा कि मामले में पुनीत निर्दोष हैं और समय आने पर वह कोर्ट में हाजिर हो जाएंगे. कोर्ट में सबकुछ साफ हो जाएगा. डॉ. रमन ने दुर्ग में मीडिया से चर्चा के दौरान ये बात कही.

थाने के बाहर फूट-फूटकर रोया आर्मी का जवान, पत्नी-बच्चों पर जान का खतरा

0

उत्तर प्रदेश के इटावा में भारतीय सेना के एक सिपाही का वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में सिपाही फूट-फूटकर रोते हुए अपनी पत्नी और तीन जुड़वां बच्चों को सुरक्षा की मांग करता हुआ दिखाई दे रहा हे। मीडिया में मामला आने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला

दरअसल, भारतीय सेना में तैनात सिपाही अवनीश कुमार मध्य प्रदेश के ग्वालियर जनपद में तैनात हैं। इटावा के रावरेहार गांव में अवनीश का परिवार रहता है। परिवार में पत्नी और तीन जुड़वां बच्चे हैं। अवनीश सात महीने बाद कुछ दिन ही अपने घर छुट्टी पर आया था। अवनीश ने अपनी पत्नी के ऊपर किसी गैर मर्द से बातचीत का शक जाहिर करते हुए उसको डांट दिया था, जिसके बाद पूर्व जिलाबदर आरोपी ने उसकी पत्नी के साथ मरपीट की और महिला से दूर होने के बदले जमीन और 8 लाख रुपए की डिमांड की। डिमांड पूरी नहीं करने पर वह अवनीश को जान से मारने की धमकी देकर वहां से चला गया।

एसएसपी ने दिए केस दर्ज करने के आदेश

अवनीश ने इसकी शिकायत भरथना थाने में की तो आरोप है कि उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई। अवनीश बुधवार को जिला मुख्यालय पर अपनी आपबीती बताने के लिए पहुंचा तो उसका मीडिया के सामने दर्द छलक उठा। मीडिया के संज्ञान में आने के बाद पुलिस हरकत में आयी। एसएसपी इटावा ने तत्काल थाना फ्रेंड्स कॉलोनी में मामला दर्ज करने के आदेश दे दिए हैं।

राहुल गाँधी का बयान कहा- मोदी जी जिन चोरों को बचा रहे हैं, NYAY योजना के लिए उन्हीं की जेब से आएगा पैसा

0

असम के बोकाखाट में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पीएम नरेंद्र मोदी की खूब आलोचना की।

इस दौरान न्याय योजना के दावे को लेकर भाजपा नेताओं और प्रधानमंत्री के सवाल पर कहा कि इस योजना का पैसा उन्हीं चोरों की जेब से आएगा, जिसे मोदी जी बचा रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हम नॉर्थ ईस्ट पर हमला नहीं होने देंगे। साथ ही कहा कि नागरिकता बिल को पास नहीं होने देंगे। अमर उजाला की रिपोर्ट के अनुसारराहुल गांधी ने कहा ‘एक तरफ हर बैंक अकाउंट में 15 लाख रुपये वाला चौकीदार का झूठ, दूसरी तरफ कांग्रेस पार्टी का सच- हिन्दुस्तान के 20 फीसदी सबसे गरीब लोगों को कांग्रेस पार्टी पांच साल तीन लाख 60 हजार रुपये गारंटी करके बैंक खाते में डालेगी। असम के गोलाघाट में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि पीएम मोदी ने पांच साल के अंदर करोड़ों लोगों को बेरोजगार किया। चार साल पहले पीएम मोदी यहां आए थे कई वादे किए थे। क्या कोई वादा पीएम मोदी ने पूरा किया? उन्होंने आगे कहा कि पीएम मोदी ने 15 लाख रुपए हर अकाउंट में डालने का वादा किया था, लेकिन आज तक उन्होंने पूरा नहीं किया।

उन्होंने कहा कि 20 फीसदी लोग महीने के 12 हजार रुपए से कम कमाते हैं। जैसे ही हमारी सरकार बनेगी हर इन परिवार के नाम एक लिस्ट में डालेंगे और हर साल इन सभी के बैंक अकाउंट में कांग्रेस की सरकार 72 हजार रुपए डालेगी।

राहुल गांधी ने आगे कहा कि देश के लाखों युवा कारोबार शुरु करना चाहते हैं। इसके लिए मौजूदा सरकार में परमिशन लेना पड़ेगा। लेकिन हमारी सरकार आने के बाद युवाओं को रोजगार शुरु करने के लिए कोई परमिशन लेने की जरूरत नहीं है। मैं पूछना चाहता हूं कि अनिल अंबानी, नीरव मोदी ने कितने को रोजगार दिया है। मैं बताना चाहता हूं कि उन्होंने सिर्फ अपना जेब को भरा। मैं आपसे वादा करता हूं कि 22 लाख खाली पड़े जगहों को हमारी सरकार आने के बाद भरा जाएगा।