Home Blog Page 3251

Upper Caste Reservation: सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका पर सुनवाई 28 मार्च तक टली

0

नई दिल्ली

सुप्रीम कोर्ट ने सामान्य वर्ग के आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए नौकरी और शिक्षा में 10% आरक्षण देने को लेकर दायर याचिकाओं पर सुनवाई टाल दी है। यह सुनवाई अब 28 मार्च को होगी। गौरतलब है कि इससे पहले कोर्ट ने याचिका तो स्वीकार कर ली थी, लेकिन संविधान संशोधन को लागू करने पर फिलहाल रोक लगाने से इन्कार कर दिया था। आरक्षण को लेकर तहसीन पूनावाला समेत अन्य लोगों ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है

बता दें कि आर्थिक आधार पर सवर्ण गरीबों को आरक्षण देने के फैसले को चुनौती पूनावाला से पहले जनहित अभियान और यूथ फॉर इक्वेलिटी जैसे संगठनों द्वारा भी चुनौती दी गई है। इस मामले में 25 जनवरी को, अदालत ने कहा था कि वह चार हफ्तों में कानून को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई शुरू करेगी।

पूनावाला का तर्क है कि आरक्षण के उद्देश्य के लिए पिछड़ेपन को ‘अकेले आर्थिक स्थिति’ द्वारा परिभाषित नहीं किया जा सकता है। यूथ फॉर इक्वलिटी ने भी यही तर्क दिया है और आरोप लगाया है कि संशोधन बिल संविधान की मूल विशेषताओं का उल्लंघन करता है।

यूथ फॉर इक्वलिटी ने सरकार के इस कदम के समय पर सवाल उठाया है और कहा है कि इस कानून के लागू होने के बाद केंद्रीय और राज्य दोनों स्तर पर राजनीतिक दल और जाति समूह आरक्षण प्रतिशत में वृद्धि की मांग करेंगे।

गौरतलब है कि पीएम मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार ने गत 9 जनवरी को सदन में ये विधेयक पारित किया था, जिसके पांच दिन बाद यह लागू हुआ।

जम्मू-कश्मीर में चुनाव को लेकर विपक्षी दलों का पीएम पर हमला, कहा- अगर लोकसभा चुनाव संभव तो विधानसभा क्यों नहीं?

0

चुनाव आयोग द्वारा लोकसभा और विधानसभा चुनावों की तारीखों के ऐलान के साथ ही विवाद भी जारी है। जम्मू-कश्मीर में लोकसभा के साथ विधानसभा चुनाव न कराने पर नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता फारूक अब्दुल्ला ने भी मोदी सरकार पर निशाना साधा है। फारूक अब्दुल्ला ने कहा, “जम्मू-कश्मीर में सभी दल एक साथ (लोकसभा और विधानसभा) चुनाव कराने के पक्ष में हैं। लेकिन इसके बावजूद विधानसभा के चुनाव नहीं कराए जा रहे हैं।” उन्होंने मोदी सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि लोकसभा चुनावों के लिए जम्मू-कश्मीर में हालात अनुकूल है लेकिन राज्य चुनाव के लिए नहीं? उन्होंने पूछा कि स्थानीय निकाय चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए, पर्याप्त बल मौजूद हैं, फिर राज्य चुनाव क्यों नहीं हो सकते?

छत्तीसगढ़ : इस चुनाव में पहली बार वोट डालेंगे छत्तीसगढ़ के साढ़े चार लाख से अधिक युवा

0

रायपुर। लोकसभा चुनाव 2019 के लिए तारीखों की घोषणा चुनाव आयोग ने कर दी है। पूरे देश में 11 अप्रैल से 19 मई के बीच 7 चरणों में चुनाव होंगे। छत्तीसगढ़ में 11, 18 व 23 अप्रैल को मतदान होंगे। इसके लिए निर्वाचन आयोग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदाताओं की अंतिम सूचि का प्रकाशन कर दिया है। छत्तीसगढ़ में इस लोकसभा चुनाव के जरिए 4 लाख 60 हजार 394 युवा पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करने जा रहे हैं। यह वे मतदाता हैं जो अभी-अभी 18 वर्ष की आयु में पहुंचे हैं।

लोकतंत्र के सबसे बड़े पर्व के लिए इस बार छत्तीसगढ़ से कुल 1 करोड़ 89 लाख 16 हजार 285 मतदाताओं का नाम मतदाता सूचि में दर्ज हुआ है। इनमें 94 लाख 77 हजार 113 पुरुष व 94 लाख 38 हजार 463 महिलाएं हैं। तृतीय लिंग के कुल 709 मतदाता राज्य में हैं। छत्तीसगढ़ में लोकसभा की कुल 11 सीटें हैं। वर्तमान में छत्तीसगढ़ की 11 में से 10 लोकसभा सीटों पर बीजेपी का कब्जा है, जबकि एक सीट कांग्रेस के पास है।

अमेरिका में हवा में टकराए दो पैराग्लाइडर्स, दोनों की मौत

0

वॉशिंगटन। अमेरिका के सैन डियागो में एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ है। यहां के सबसे लोकप्रिय पैराग्लाइडर बंदरगाहों में से एक में दो पैराग्लाइडर हवा में टकरा गए। वे लगभग 75 फीट (23 मीटर) तक तेजी से नीचे जमीन की तरफ गिरे, जिससे उनकी मौत हो गई। मीडिया रिपोर्ट्स में गवाहों और सैन डिएगो के अधिकारियों के हवाले से इस घटना की जानकारी दी गई है।

प्रत्यक्षदर्शी 25 वर्षीय रेयान ब्लोम ने बताया कि ब्लैक बीच के ऊपर टकराने के बाद दोनों किसी टूटी हुई पत्ती की तरह जमीन की तरफ गिरे। अधिकारियों ने हादसे में जान गंवाने वाले पुरुषों की पहचान नहीं की है। उनकी आयु 61 साल और 43 साल बताई जा रही है।

सैन डिएगो लाइफगार्ड लेफ्टिनेंट रिच स्ट्रोप्की ने यूनियन-ट्रिब्यून को बताया कि एक कम अनुभवी पायलट ने उन्हें एक कठिन मोड़ दिया। उनकी कैनोपियों की लाइन्स उलझ गई थी। बताते चलें कि टॉरी पाइंस ग्लाइडरपोर्ट लंबे समय से हैंग ग्लाइडर और पैराग्लाइडर के बीच लोकप्रिय रहा है।

यहां से समुद्र के किनारे नीचे जाने वाले एक खड़ी ब्लफ के किनारे पर पैराग्लाइडर्स एक सीधी ढलान से उड़ान भरते हैं। ब्लफ फेस और समुद्री हवाएं उन्हें हवा में ऊपर बने रहने के लिए आदर्श स्थिति प्रदान करती हैं।

वर्ल्ड जरनल ऑफ इमरजेंसी मेडिसिन द्वारा साल 2015 में प्रकाशित एक लेख में कहा गया था कि अगस्त 2004 से सितंबर 2011 तक दो लाख 42 हजार 355 पैराग्लाइडिंग जंप की गई थीं। इनमें से 18 की मौत पैराग्लाइडिंग से हुई और 64 लोग दर्दनाक रूप से घायल हुए थे।

छत्तिसगढ : ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत

0

रायपुर।

आरंग से चिखली गांव जाते समय करमंदी बस स्टैंड के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को चपेट में ले लिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। आरंग पुलिस ने बताया कि ग्राम चिखली निवासी गिरधारी यादव ने रिपोर्ट लिखाई कि उसका छोटा भाई हरीराम यादव के साथ बाइक की किस्त जमा करने शनिवार शाम को आरंग आया था। वहां से किस्त पटाकर देर शाम को हरीराम अकेले बाइक चलाते हुए वापस गांव लौट रहा था। रास्ते पर ग्राम करमंदी बस स्टैंड के आगे मेन रोड मोड़ पर चिखली की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक क्रमांक सीजी 6 जीएन 2111 ने हरीराम यादव को टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद ट्रक लेकर चालक भाग निकला।

एसआई ने उतार दी रौब झाड़ रहे ‘टीआई’ की लू, यह है पूरा मामला

0

इंदौर

पुलिसवालों पर रौब झाड़ कर लेनदेन का मसला सुलझाना ‘टीआई’ साहब को महंगा पड़ गया। एसआई ने उसकी लू उतार दी और हवालात में बैठा दिया। उसका मोबाइल जब्त कर लिया। जिसमें फोटो और शिकायती आवेदन मिले हैं। वह कईं लोगों को धमका कर वसूली कर चुका है। पुलिस उससे परेशान लोगों की जानकारी जुटा रही है।

वाकया तुकोगंज थाने का है। पकड़े गए व्यक्ति का नाम हरीश शर्मा निवासी इठालिया (तलेन) है। वह खुद को टीआई बताकर प्रधान आरक्षक अवधेश शर्मा और सिपाही कप्तान पर रौब झाड़ रहा था। उस वक्त एसआई जयदीप राठौर ड्यूटी अधिकारी के रूप में बैठे हुए थे। एसआई राठौर को हरीश की बातों पर शक हुआ। पूछताछ करने पर हरीश ने कहा- वह तलेन, राजगढ़ में एसआई रहा है। बाद में मेरा प्रमोशन हो गया और मैं टीआई बन गया। एसआई राठौर ने उसके फोन से तलेन थाने पर कॉल किया तो हरीश को पहचानने से इंकार कर दिया।

हरीश गुमराह करने लगा और कहा- बीएनपी (देवास) में रहा है। फंसता देख हरीश माफी मांगने लगा और कहा- उसने 2006 में पुलिस भर्ती परीक्षा में भाग लिया था। उसने झूठ बोला था। एसआई ने उसे हवालात में बंद कर दिया। उसके मोबाइल की छानबीन की तो पुलिस की वर्दी में फोटो मिले। वर्दी पर लगी नेम प्लेट पर आरएम शर्मा लिखा हुआ है। उसके मोबाइल में देपालपुर थाने में दिए गए शिकायती आवेदन भी मिले हैं। शक है वह लंबे समय से पुलिस अफसर बन ठगी कर रहा है।

बिचौलिया बन आरोपित-फरियादी से कमीशन ले रहा था ‘टीआई’

टीआई तहजीब काजी के मुताबिक पुलिस नीमच निवासी संदीप के शिकायती आवेदन की जांच कर रही थी। संदीप ने देपालपुर निवासी शानू के खिलाफ शिकायत की थी। हरीश ने पहले संदीप की तरफ से शानू को कॉल कर धमकाया। शानू नेताओं से जुड़ा है। उसने कहा- जो होगा थाने पर निपट लूंगा। शाम को हरीश तुकोगंज थाने आ गया और रिसेप्शन पर बैठे प्रधान आरक्षक व आरक्षक से धमकाने वाले अंदाज में बोला- तुम्हारा टीआई कहां है। पुलिसकर्मी समझे कोई बड़ा अधिकारी है। उन्होंने सम्मान से सिर झुकाया और कहा- साहब अभी नहीं हैं। एसआई राठौर उसकी बातें सुनकर चौंक गए। जैसे ही पूछताछ की हरीश घबराते हुए जवाब देने लगा।

छत्तीसगढ़ : केंद्रीय मंत्री ने छोड़ी सरकारी कार

0
जशपुरनगर । जिस वक्त मुख्य निर्वाचन आयुक्त आम चुनाव की तारीख की घोषणा कर रहे थे,रायगढ़ सांसद और केंद्रीय मंत्री विष्णुदेव साय पत्थलगांव तहसील के बागबहार में कार्यकर्ता सम्मेलन समाप्त कर कांसाबेल विकासखंड के बगिया स्थित अपने निवास पर वापस लौटे थे। आदर्श आचरण संहिता लागू होने की सूचना मिलते ही उन्होंने अपना शासकीय वाहन जिला प्रशासन को वापस लौटा दिया।
इससे बागबहार में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए की सरकार ने विकास के साथ देश की सीमा की रक्षा के लिए जो दृढ़ संकल्प दिखाया है,उससे देशवासियों का सीना गर्व से चौड़ा हुआ है।

छत्तीसगढ़ : विरोध में फंसा आयुष्मान, राज्य में 30 फीसद ही निजी अस्पतालों में हो पाया इलाज

0

केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना अगस्त 2019 के बाद छत्तीसगढ़ से बाहर हो जाएगी। यह राज्य की भूपेश सरकार ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है। इसकी जगह यूनिवर्सल हेल्थ केयर (यूएचसी) लांच करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। मुख्यमंत्री बघेल विधानसभा सदन के बजट सत्र में इसकी घोषणा कर चुके हैं। 300 करोड़ रुपये की भारी-भरकम बजट वाली योजना के अंतर्गत सभी वर्ग, सभी समुदाय और हर व्यक्ति तक कवरेज होगा। इसे ‘थाईलैंड फॉर्मूला’ कहा जा रहा है। दूसरी तरफ आयुष्मान भारत पर विवाद जस का तस बना हुआ है। 16 सितंबर 2018 को पीएम नरेंद्र मोदी ने योजना लांच की थी, जिसके बाद से राज्य के निजी अस्पताल संचालक इंडियन मेडिकल एसो. के बैनर तले विरोध कर रहे हैं। यह जारी भी है। हालांकि नेत्र रोग विशेषज्ञों (ऑफ्थेलमोलॉजिस्ट) ने योजना के तहत अनुबंध कर काम शुरू कर दिया है। डेंटिस्ट भी सेवाएं दे रहे हैं।

आयुष्मान का विरोध सिर्फ इसलिए है क्योंकि निजी अस्पताल संचालकों का पुरानी स्वास्थ्य योजना के तहत किए गए क्लेम के 60 करोड़ रुपये अब तक जारी नहीं किए गए हैं। आयुष्मान का सॉफ्टवेयर अपडेट नहीं हैं। डॉक्टर्स का कहना है कि योजना में बीमारियों के इलाज का पैकेज पूर्व की योजनाओं से भी कम है। इस महाभारत का अंत कब होगा यह कह पाना संभव नहीं, लेकिन अब सरकारी अस्पतालों में भी इस योजना के तहत इलाज में परेशानियां आ रही हैं। डॉ. भीमराव आंबेडकर अस्पताल के ही आयुष्मान के तहत हुए इलाज के चार करोड़ रुपये अब तक जारी नहीं हुए हैं।

राज्य में बीते 10 साल में आईं स्वास्थ्य योजनाएं-

आरएसबीवाइ- यूपीए सरकार ने 2009 में सिर्फ बीपीएल परिवारों के लिए 30 हजार रुपये सालाना पैकेज वाली राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना (आरएसबीवाइ) लांच की थी। देश की पहली स्वास्थ्य योजना थी, जिसे अच्छा रिस्पांस मिला। इसके तहत राज्य के करीब 46 लाख परिवार अनुबंधित थे, जो आयुष्मान में ट्रांफसर हो चुके हैं।

एमएसबीवाइ- केंद्र सरकार की आरएसबीआइ योजना सिर्फ बीपीएल परिवारों के लिए थी तो पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना (एमएसबीवाइ) लांच की। इसमें एपीएल परिवारों को भी 30 हजार रुपये तक सालाना इलाज की सुविधा वाला कार्ड दिया गया। परिवार के पांच सदस्य इसमें जुड़े।

आयुष्मान- यूपीए के बाद अस्तित्व में आई केंद्र की मोदी सरकार ने 16 सितंबर 2018 को आयुष्मान भारत योजना लांच की। इसमें आरएसबीवाइ को मर्ज कर दिया गया है। लेकिन इसका कई राज्यों के साथ-साथ आइएमए ने भी विरोध किया, जो अनवरत जारी है।

अब भूपेश सरकार ने लिया है यूनिवर्सल हेल्थ केयर का फैसला-

राज्य में सरकार बदली और सत्ता में लौटी कांग्रेस यूनिवर्सल हेल्थ केयर (यूएचसी) लाने जा रही है। स्थिति अभी बहुत स्पष्ट नहीं है। यह हर व्यक्ति तक पहुंचेगी, सभी कार्ड खत्म हो जाएंगे और हर मरीज को सरकारी अस्पतालों में मुफ्त इलाज मुहैया करवाने की बात कही गई है।

10 जिलों से होगी शुरुआत-

यूएचसी लांच करने के लिए भूपेश सरकार के पास सिर्फ पांच महीने का समय है। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने पूर्व में ही कहा था कि शुरुआत 10 जिलों से होगी। विभागीय के अफसर इसी दिशा में काम कर रहे हैं। यह भी बता दें कि अगर तैयारी पूरी हो जाती है तो योजना सभी जिलों में एक साथ भी लांच की जा सकती है।

आइएमए के जितने भी सदस्य आयुष्मान के तहत काम कर रहे हैं वे अपने रिस्क पर काम रहे हैं। हमारे पहले से ही स्टैंड है और क्लियर कट है कि जब तक पूर्व की योजना का भुगतान नहीं हो जाता तब तक काम नहीं करेंगे। काफी सदस्य नहीं भी कर रहे हैं। अब देखते हैं कि चुनाव के बाद सरकार का क्या स्टैंड होता है।

छत्तीसगढ़ : इंस्पेक्टर पत्नी ने पति को गोली मारी, हालत गंभीर

0

रायपुर । छत्तीसगढ़ में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात एक महिला ने अपने पति को गोली मार दी, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक भाटापारा में पदस्थ RPF इंस्पेक्टर सुनीता मिंज ने पति दीपक श्रीवास्तव को आपसी विवाद के चलते गोली मार दी।

दीपक को मेकाहारा अस्पताल में भर्ती किया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने आरपीएफ में तैनात आरोपी महिला इंस्पेक्टर सुनीता को गिरफ्तार कर लिया है।

राष्ट्रपति ने प्रभु देवा और हरिनारायण यादव समेत देश की इन हस्तियों को दिए पद्म अलंकरण

0

नई दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने सोमवार राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक विशेष समारोह में 56 हस्तियों को पद्म अलंकरण प्रदान किए। इनमें दक्षिण भारत के सुपरस्टार मोहनलाल के अलावा फिल्म निर्माता प्रभु देवा शामिल हैं। इनके अलावा कई राजनीतिक, खेल और कला जगत से जुड़ी हस्तियों को भी पद्म सम्मान दिए जा रहे हैं।

इस साल कुल 112 हस्तियों को ये सम्मान देने की घोषणा हुई थी। गृह मंत्रालय के अधिकारी के मुताबिक, सोमवार को अलंकृत होने वालों में नाटककार बाबासाहेब पुरंदरे (पद्म विभूषण), राजनेता हुकुमदेव नारायण यादव (पद्म भूषण)शामिल हैं।

इनके अलावा दक्षिण भारतीय फिल्मों के कलाकार मोहनलाल को पद्म भूषण, पूर्व विदेश सचिव सुब्रमण्यम जयशंकर को पद्मश्री से सम्मानित किया गया।

वहीं डांसर और फिल्म निर्माता प्रभु देवा को पद्म श्री से सम्मानित किया गया है।

राष्ट्रपति ने गीतकार शंकर महादेवन को पद्मश्री से सम्मानित किया वहीं तालवादक आनंदन शिवमनी को भी पद्मश्री से नवाजा।

इसके अलावा रेसलर बजरंग पुनिया को राष्ट्रपति कोविंद ने पद्मश्री से सम्मानित किया। वहीं कबड्डी टीम के कप्तान अजय ठाकुर को भी पद्मश्री दिया गया।

इनके अलावा टेबल टेनिस प्लेयर शरत कमल और ग्रैंडमास्टर हरिका द्रोणावली को पद्मश्री से सम्मानित किया गया।