Home Blog Page 498

CG Cabinet: साय मंत्रिमंडल का विस्तार जल्द! एक बार फिर विस्तार की सुगबुगाहट तेज..

0

छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा जोरों पर है। 21 अगस्त को मुख्यमंत्री जापान और दक्षिण कोरिया की यात्रा पर रवाना होंगे, उनके दौरे से पहले एक बार फिर विस्तार की सुगबुगाहट तेज हो गई है। ऐसे में सवाल है कि जिन नामों पर कयास महीनों से लग रहे है उन्हें मौका मिलेगा या मुख्यमंत्री ऐसे नामों की घोषणा करंगे जो सबको चौंका दे।

मुख्यमंत्री ने ये जरूर कहा कि जल्द मंत्रिमंडल विस्तार होगा, लेकिन कब होगा, उसकी तारीख नहीं बताई। वैसे सूबे में चर्चा है कि हरियाणा के फार्मूले पर मंत्रियों की संख्या 13 हो सकती है। वर्तमान में 10 मंत्री कार्यरत है। अगर तीन मंत्री बनाए जाएंगे तो एक अन्य पिछड़ा वर्ग, एक अनुसूचित जाति और एक सामान्य वर्ग से बनाए जा सकते है। अब सवाल है कि ओबीसी वर्ग मेें किसका दावा मजबूत है। इसमें यादव समाज को साधने के लिए दुर्ग के विधायक गजेंद्र यादव को मंत्री बनाया जा सकता है। उनका पारिवारिक बैकग्राउंड भी आरएसएस से है।

इसी तरह अनुसूचित जाति से अगर किसी को मंत्री पद सौंपा जाता है तो सतनामी गुरु खुशवंत को मौका मिल सकता है। खुशवंत रायपुर संभाग के आरंग से विधायक हैं। इस संभाग से अभी केवल मंत्री टंकराम वर्मा ही है। इससे पहले यहां से बृजमोहन अग्रवाल भी मंत्री रहे हैं। इस स्थिति में रायपुर संभाग को तवज्जो देने के साथ ही एससी वर्ग को साधने के लिए गुरु खुशवंत को मौका मिल सकता है। इसी तरह सामान्य वर्ग में से पार्टी किसी को मौका देती है तो बिलासपुर संभाग से पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल रायपुर संभाग से पूर्व मंत्री राजेश मूणत और सरगुजा संभाग से राजेश अग्रवाल का नाम सबसे आगे चल रहा है। वैसे इन नामों पर सिर्फ कयास ही लग रहे हैं। खाली पदों पर किसकी लॉटरी लगती है ये तो तब साफ होगा। जब मुख्यमंत्री नामों का ऐलान करेंगे।

CG: छत्तीसगढ़ में एक बार फिर से मौसम ने करवट ले ली है, बीते दो दिनों से रात में प्रदेश के कई जिलों में जमकर बारिश ..

0

रायपुर: छत्तीसगढ़ में एक बार फिर से मौसम ने करवट ले ली है। बीते दो दिनों से रात में प्रदेश के कई जिलों में जमकर बारिश हो रही है। शुक्रवार और शनिवार रात को हुई बारिश के चलते लोगों को भीषण गर्मी से छुटकारा मिला है। शनिवार रात भी राजधानी रायपुर समेत कई अन्य इलाकों में जमकर बारिश हुई।

वहीं मौसम विभाग ने अगले एक हफ्ते तक प्रदेश में बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने प्रदेश के अलग-अलग जिलों में भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। मौसम के बारे में जानकारी देते हुए मौसम विभाग की तरफ से बताया गया कि, राजधानी रायपुर समेत आस-पास के इलाकों में रविवार को भी भारी होगी।

मौसम विभाग ने रायपुर, बिलासपुर, राजनांदगांव, दुर्ग, बालोद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़ और कोरबा जिले में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की तरफ से मिली जानकारी के अनुसार, रायपुर में आज भी दिन भर बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग ने आगे बताया कि, छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी बारिश होने के साथ-साथ तेज आंधी-तूफ़ान भी चल सकता है।

आंधी-तूफ़ान और बारिश के बीच कई इलाकों में बिजली गिरने की संभावना भी मौसम विभाग द्वारा जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह देते हुए कहा कि, बिना किसी आवश्यक कार्य के घर से बाहर ना निकले और बारिश के समय पेड़ या खुली जगह पर ना रहे।

CG: नन्हें बालगोपालों की अठखेलियों से गुलजार हुआ मुख्यमंत्री निवास, सीएम साय ने हर्षोल्लास के साथ मनाई जन्माष्टमी ..

0

रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुख्यमंत्री निवास में इस बार जन्माष्टमी का उत्सव राजधानी रायपुर के बैरन बाजार स्थित आंगनबाड़ी के नन्हें-मुन्ने बच्चों के साथ मनाया। बच्चों ने राधा और कृष्ण का रूप धरकर अपनी अठखेलियों और मनमोहक वेशभूषा से कार्यक्रम को जीवंत बना दिया।

राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आज कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास और पारंपरिक श्रद्धा के साथ मनाया गया। पूरे निवास परिसर को फूलों, रंगीन रोशनियों और सजावट से सुसज्जित किया गया, जिससे वातावरण भक्ति और उल्लास से भर गया। कार्यक्रम में छोटे-छोटे बच्चों ने कृष्ण-लीला की झांकियां और प्रसंग प्रस्तुत किए। उनकी मासूमियत और भावपूर्ण अभिनय ने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया। मुख्यमंत्री निवास बच्चों की हंसी और उल्लास से गुलजार रहा।

मुख्यमंत्री साय ने बच्चों के साथ भगवान कृष्ण की पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरंतर तरक्की की कामना की। उन्होंने कहा कि भगवान कृष्ण की लीला हमें धर्म, नीति और कर्तव्य पालन की प्रेरणा देती है। छत्तीसगढ़ की जनता की मेहनत और आस्था से प्रदेश निरंतर प्रगति कर रहा है। हमारा संकल्प है कि भगवान कृष्ण के उपदेशों से प्रेरणा लेकर छत्तीसगढ़ को न्याय, सद्भाव और विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाएं।

मुख्यमंत्री साय ने स्नेहपूर्वक सभी बच्चों को अपने हाथों से चाकलेट, शिक्षण सामग्री और प्रसाद का वितरण किया। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजन न केवल हमारी परंपराओं को जीवित रखते हैं, बल्कि नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ते हैं।

उन्होंने सभी प्रदेशवासियों को कृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम के अध्यक्ष राम सेवक पैकरा, छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय वास्तव, मितुल कोठारी, सुनील पिल्ले, मुख्यमंत्री निवास कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित थे।

CG: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बस्तर जिलों के 29 गांवों में पहली बार राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया, सीएम साय ने बताया संकल्प का परिणाम ..

0

आजादी के 78 साल बाद बस्तर के उन गांवों में तिरंगा शान से लहराया, जहां अब तक नक्सलियों का लाल झंडा ही ताकत और खौफ का प्रतीक माना जाता था। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बीजापुर, नारायणपुर और सुकमा जिलों के 29 गांवों में पहली बार राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह उपलब्धि हमारी सरकार के उस संकल्प का परिणाम है, जिसमें नक्सल प्रभावित इलाकों में शांति और विकास की नई धारा प्रवाहित करने का लक्ष्य रखा गया है। बस्तर अब भय और हिंसा से बाहर निकलकर प्रगति, समृद्धि और विश्वास की ओर बढ़ रहा है। बस्तर के गांवों में तिरंगे का फहराया जाना केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि बदलते बस्तर की ऐतिहासिक तस्वीर है। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने इसे सुरक्षा बलों की मेहनत और स्थानीय समुदायों के धैर्य का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि आज जिन गांवों में तिरंगा फहराया गया, वहां दशकों तक लाल झंडे का खौफ छाया रहा। यह बस्तर में नई सुबह का प्रतीक है। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर बस्तर के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

दबाव में नक्सली कैडर कमोजर हुआ: पिछले कुछ वर्षों में सुरक्षा बलों की नई रणनीति, शिविरों की स्थापना और लगातार दबाव के चलते नक्सली कैडर कमजोर हुआ है। आत्मसमर्पण नीतियों ने बड़ी संख्या में उग्रवादियों को मुख्यधारा में लौटाया है। वहीं सरकार ने यह स्पष्ट किया है कि केवल सुरक्षा उपाय ही नहीं, बल्कि विकास ही स्थायी समाधान है। इसी कारण नियद नेल्ला नार योजना सहित सड़क, बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा की सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा और अन्य योजनाओं से ग्रामीणों को प्रत्यक्ष लाभ मिलने लगा है।

भरोसा जीतना बदलाव का बड़ा आधार: सरकारी योजनाओं के माध्यम से ग्रामीणों का भरोसा जीतना इस ऐतिहासिक बदलाव का सबसे बड़ा आधार रहा है। स्वास्थ्य शिविर, शिक्षा और रोजगार के नए अवसर तथा प्रशासन का संवेदनशील रवैया ग्रामीणों को यह संदेश दे रहा है कि सरकार उनके साथ खड़ी है। बस्तर की यह नई तस्वीर पूरे देश को यह संदेश देती है कि जब इच्छाशक्ति, रणनीति और जनभागीदारी एक साथ आते हैं, तो कोई भी चुनौती असंभव नहीं रहती।

CG : नवा रायपुर में स्टंट करने वाले 128 बाइक और 6 कार ड्राइवरों पर कार्रवाई ..

0

पुलिस ने पकड़ी स्टंटबाजों की बाइक;

रायपुर में पुलिस ने स्टंटबाजों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 15 अगस्त को नवा रायपुर की सड़कों पर स्टंट करने पहुंचे 128 बाइक और 6 कार ड्राइवरों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इनके चालाना काटे गए। दरअसल पिछले दिनों सोशल मीडिया पर एक कुछ वीडियो वायरल हुए थे, जिस आधार पर कार्रवाई की गई है।

रायपुर में स्टंटबाजों के खिलाफ कार्रवाई, नवा रायपुर में पुलिस ने पकड़े 128 बाइकर्स, स्टंट करके हुए पुलिस के सामने गिरा एक … स्वतंत्रता दिवस के दिन नवा रायपुर की सड़कों पर स्टंट करने पहुंचे बाइकर्स गैंग पर पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस की घेराबंदी में 128 दोपहिया वाहन और 6 कार चालक पकड़े गए। सभी पर तेज रफ्तार, लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने, बिना नंबर और दस्तावेजी खामियों समेत विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। एसएसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात डॉ. प्रशांत शुक्ला और एएसपी अटल नगर विवेक शुक्ला के मार्गदर्शन में विशेष योजना बनाकर कार्रवाई की गई। डीएसपी सतीश ठाकुर व गुरजीत सिंह के नेतृत्व में 40 सदस्यीय टीम ने घेराबंदी कर स्टंटबाजों को पकड़ा। जब्त वाहन थाना राखी, मंदिर हसौद और अटल नगर यातायात थाने में रखे गए हैं।

“राहुल गांधी बिहार में 17 अगस्त से शुरू करेंगे वोट अधिकार यात्रा, तेजस्वी समेत कई नेता होंगे शामिल”

0

“राहुल गांधी बिहार में 17 अगस्त से शुरू करेंगे वोट अधिकार यात्रा, तेजस्वी समेत कई नेता होंगे शामिल”

कांग्रेस नेता राहुल गांधी वोट चोरी के मुद्दे पर लगातार केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर निशाना साध रहे हैं. इस बीच राहुल 17 अगस्त से बिहार यात्रा शुरू करने जा रहे हैं. कांग्रेस ने इसका नाम’ वोट अधिकार यात्रा’ दिया है.

रोहतास जिले से वोट अधिकार यात्रा की शुरुआत होगी. इस यात्रा का मकसद राज्य में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ विरोध दर्ज कराना है.

राहुल गांधी 16 दिन बिहार में रहेंगे. इस दौरान वो 24 जिले में यात्रा करेंगे. पत्रकारों से बात करते कांग्रेस सांसद अखिलेश सिंह ने कहा कि 17 अगस्त से वोटर अधिकार यात्रा की शुरुआत हो रही है. इसको लेकर सारी तैयारी पूरी हो चुकी है. उन्होंने बताया कि रविवार को बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के माध्यम से लोगों के मताधिकार पर कथित हमले को उजागर करने के लिए ये यात्रा हो रही है.

1 सितंबर को पटना में रैली अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि राहुल गांधी 1 सितंबर को पटना में एक रैली के साथ ‘वोट अधिकार यात्रा’ के समापन तक एक पखवाड़े से अधिक समय तक उनके राज्य में रहने की संभावना है. 16 दिन तक चलने वाली 1,300 किलोमीटर की यह यात्रा बिहार के करीब 24 जिलों से गुजरेगी. इस यात्रा में इंडिया गठबंधन के सभी दल के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे.

सासाराम से शुरू होगी यात्रा अखिलेश प्रसाद सिंह ने बताया कि राहुल गांधी सासाराम से यात्रा शुरू करेंगे. इस यात्रा के लिए संबंधित अधिकारियों से इजाजत ले ली गई है. उन्होंने बताया कि सासाराम में राहुल गांधी के साथ बिहार में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव के अलावा तीन वामपंथी दलों सहित हमारे अन्य गठबंधन सहयोगी भी शामिल हो सकते हैं.

इन जिलों से गुजरेगी यात्रा 17 अगस्त सासाराम (रोहतास) 18 अगस्त औरंगाबाद 19 अगस्त गया और नवादा 20 अगस्त विश्राम 21 अगस्त लखीसराय-शेखपुरा 22 अगस्त मुंगेर और भागलपुर 23 अगस्त कटिहार 24 अगस्त पूर्णिया और अररिया 25 अगस्त विश्राम 26 अगस्त सुपौल 27 अगस्त दरभंगा और मुजफ्फरपुर 28 अगस्त सीतामढ़ी और मोतिहारी 29 अगस्त बेतिया, गोपालगंज और सिवान 30 अगस्त छपरा और आरा 1 सितंबर पटना के गांधी मैदान में रैली, यात्रा का समापन ये यात्रा न सिर्फ मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं को उजागर करने के मकसद से की जा रही है, बल्कि राज्य में होने वाले विधान चुनाव से पहले जनता के बीच विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ ब्लॉक की एकजुटता और ताकत भी दर्शाने की रणनीति का हिस्सा है. जिसमें इंडिया गठबंधन ने कई बड़े नेता शामिल होंगे.

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर शेयर किया पोस्ट राहुल गांधी ने अपने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि ’17 अगस्त से ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के साथ हम बिहार की धरती से वोट चोरी के खिलाफ सीधी लड़ाई छेड़ रहे हैं. यह सिर्फ एक चुनावी मुद्दा नहीं- यह लोकतंत्र, संविधान और ‘एक व्यक्ति, एक वोट के सिद्धांत की रक्षा का निर्णायक संग्राम है’. उन्होंने कहा ‘हम पूरे देश में साफ-सुथरी मतदाता सूची बनवाकर ही रहेंगे. युवा, मजदूर, किसान- हर नागरिक, उठो और इस जनांदोलन से जुड़ो. अब की बार, वोट चोरों की हार – जनता की जीत, संविधान की जीत. हमारे साथ बिहार के युवा ‘एक व्यक्ति-एक वोट’ और संविधान को बचाने के लिए निकलेंगे। साथ ही वोट चोरी को रोकेंगे। इस लड़ाई में हमें बिहार के युवाओं की जरूरत है. सभी युवाओं को हमारे साथ जुड़कर संविधान की रक्षा करनी चाहिए’.

“ट्रंप के टैरिफ पर अब RSS हुआ एक्टिव, दिल्ली में 2 दिन बैठक; बनेगी रणनीति”

0

“ट्रंप के टैरिफ पर अब RSS हुआ एक्टिव, दिल्ली में 2 दिन बैठक; बनेगी रणनीति”

अमेरिका की ओर से भारतीय उत्पादों पर 50 फीसदी टैरिफ लगाए जाने के बाद अब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) इस मामले में एक्टिव हो गया है। इसी के मद्देनजर आरएसएस दिल्ली में बड़ी बैठक करेगा। ये बैठक 19 और 20 अगस्त को होगी, जिसमें टैरिफ पर आगे की रणनीति तय होगी और संगठन सिफारिशें केंद्र सरकार को भेजेगा।

जानकारी के अनुसार दिल्ली में आरएसएस की होने जा रही इस बैठक की अध्यक्षता संघ प्रमुख मोहन भागवत करेंगे। इसके अलावा बैठक में सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले समेत सभी छह सह-सरकार्यवाह और कई अखिल भारतीय अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। बैठक में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा हाल ही में इंडिया पर लगाए गए ट्रैरिफ समेत देश के भविष्य के लिए विदेश नीति क्या रहे? इस पर चर्चा होने की संभावना है।

टैरिफ का बोझ कैसे हो कम? केंद्र सरकार को भेजी जाएंगी सिफारिशें सूत्रों के मुताबिक इन दो दिन बैठक में अमेरिकी टैरिफ नीति से भारत की अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाले असर पर गहन चर्चा होगी। जिसमें टैरिफ से भारतीय कारोबारियों पर पड़ने वाले बोझ, उसे कम करने का रास्ता निकाला जाने का रास्ता तलाश जाएगा। इसके अलावा बैठक में टैरिफ के संभावित कुप्रभावों, उनसे कैसे निपटा जाए इस पर रणनीति तय की जाएगी। अंत में कुछ सिफारिशें केंद्र सरकार के पास भेजी जा सकती हैं।

टैरिफ पर डिटेल प्रेजेंटेशन, निपटने पर होगी प्लानिंग सूत्रों की मानें तो संघ का आर्थिक समूह इस मुद्दे पर बैठक में डिटेल प्रेजेंटेशन देगा। फिर उस पर चर्चा कर आगे की प्लानिंग की जाएगी। टैरिफ के प्रभाव को कम करने के लिए सुझाव दिए जाएंगे। इस बारे में RSS नेता राम माधव ने शनिवार को कहा कि ट्रंप एक लेन-देनवादी व्यक्ति हैं। उनका एकमात्र उद्देश्य अपने देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाना है। भारत इस मुद्दे पर फेल नहीं हुआ है।

ट्रंप की है अपनी शैली, आरएसएस और भाजपा में मतभेद नहीं आरएसएस नेता राम माधव ने पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिफ मुनीर की इंडिया को परमाणु धमकी पर कहा कि कोई भी हमारे देश को परमाणु धमकी से नहीं डरा सकता। उन्होंने इस मुद्दे पर अमेरिकी की प्रतिक्रिया की निंदा की। वहीं डोनाल्ड ट्रंप और आसिफ मुनीर की मुलाकात पर कहा कि हमें ट्रंप की शैली समझनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि ट्रंप ने उत्तर कोरिया के किम जोंग उन से भी बातचीत की थी, यही उनकी शैली है। उधर, भाजपा और आरएसएस के बीच मतभेद की अटकलों पर राम माधव ने कहा कि दोनों एक विचार से जुड़े दो अलग-अलग संगठन हैं। भाजपा राजनीतिक कार्य करती है, और आरएसएस समाज में समुदाय के बीच काम करता है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि दोनों के बीच कोई मनमुटाव या मतभेद नहीं है।

“US के वाशिंगटन में सबसे ऊंचाई पर लहराया तिरंगा, भारत के रंग में रंगा बुर्ज खलीफा”

0

“US के वाशिंगटन में सबसे ऊंचाई पर लहराया तिरंगा, भारत के रंग में रंगा बुर्ज खलीफा”

भारत के 79वें स्वतंत्रता पर तिरंगा केवल भारत में नहीं फहराया, बल्कि अमेरिका, यूएई जैसे पॉवरफुल देशों में भी तिरंगा की शान दिखाई दी। अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन में सबसे ऊंचाई यानी 605 फीट पर तिरंगा लहराया।

यह स्थान था स्पेस नीडल। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर यहां तिरंगा फहराया गया। वाशिंगटन में मिसिसिपी नदी के किनारे यह ऐतिहासिक टॉवर बना है। वहीं दुनिया की सबसे ऊंची इमारत यानी दुबई का बुर्ज खलीफा को लेजर लाइट से तिरंगा रंग में रंगा गया। भारतीयों ने लिए यह दोनों क्षण बेहद गर्व भरे रहे।

बुर्ज खलीफा में लगे भारत माता के जय के नारे भारत के 79वें स्वतंत्रता दिवस पर दुबई का बुर्ज खलीफा शुक्रवार रात भारतीय तिरंगे के रंगों से जगमगा उठा। दुनिया की सबसे ऊंची इमारत पर केसरिया, सफेद और हरे रंग से जगमगा दिया गया। इस मौके पर भारतीय प्रवासियों के अलावा स्थानीय लोगों ने भी जश्न मनाया। तालियों के गड़गड़ाहट के बीच भारत माता की जय के नारे लगे। दुबई में भारतीय दूतावास ने इसका विडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया।

क्या है स्पेस नीडल? स्पेस नीडल एक अवलोकन टॉवर है। यह अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन के सिएटल में मौजूद है। इसका निर्माण साल 1962 में हुआ था। बाद में इसे ऐतिहासिक स्थल घोषित किया गया। 1962 में सिएटल सेंटर में वर्ल्ड मेला लगा था, उसकी निगरानी के लिए यह टॉवर बनाया गया था। इस मेले में 23 लाख से ज्यादा पर्यटक आए थे। इसकी ऊंचाई 605 फीट (184 मीटर) है। चौड़ाई 138 फीट (42 मीटर) है। वजन 9,550 शॉर्ट टन (8,660 मीट्रिक टन ) है। वहीं अगर इसकी क्षमताओं की बात करें तो यह 200 मील प्रति घंटे (320 किमी/घंटा) तक की रफ्तार वाली हवाओं और 9.0 तीव्रता तक के भूकंपों को झेल सकता है।

“उपराष्ट्रपति चुनाव को लेकर नया अपडेट, 19 को होगी NDA की पार्लियामेंटी बोर्ड मीटिंग, तय होगा उम्मीदवार”

0

“उपराष्ट्रपति चुनाव को लेकर नया अपडेट, 19 को होगी NDA की पार्लियामेंटी बोर्ड मीटिंग, तय होगा उम्मीदवार”

उपराष्ट्रपति चुनाव को लेकर नया अपडेट आया है। उपराष्ट्रपति चुनाव उम्मीदवार का नाम तय करने के लिए BJP संसदीय बोर्ड की बैठक कल 17 अगस्त को शाम करीब 6 बजे होगी।

वहीं NDA के संसदीय बोर्ड की मीटिंग 19 अगस्त को होगी। BJP संसदीय बोर्ड की मीटिंग में उम्मीदवार के नाम पर चर्चा होगी। वहीं NDA संसदीय बोर्ड की मीटिंग में उम्मीदवार का नाम फाइनल किया जाएगा।

21 को नामांकन भरेगा उम्मीदवार सूत्रों के अनुसार, NDA का उम्मीदवार 21 अगस्त को उपराष्ट्रपति चुनाव नामांकन भरेगा। NDA शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के नामांकन की प्रक्रिया में शामिल होंगे। बता दें कि पिछले हफ्ते संसद भवन में NDA नेताओं की अहम बैठक हुई थी। इस बैठक में उपराष्ट्रपति चुनाव उम्मीदवार का नाम तय करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी और BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा को अधिकृत किया गया था।

इन जगहों पर होंगी दोनों मीटिंग >बता दें कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने घोषणा की है कि 19 अगस्त 2025 को सुबह 9:30 बजे संसदीय बोर्ड की बैठक संसद के पुस्तकालय भवन के GMC बालयोगी सभागार में होगी। लोकसभा और राज्यसभा के सभी NDA सदस्यों को बैठक में मौजूद रहने को कहा गया है। यह सूचना NDA संसदीय दल के कार्यालय सचिव डॉ. शिव शक्ति नाथ बख्शी ने दी। वहीं भारतीय जनता पार्टी (BJP) 17 अगस्त को नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में अपनी संसदीय बोर्ड की बैठक करेगी।

“भारत-पाक बम बरसा रहे थे, मैंने रोक दिया; पुतिन से मुलाकात के बद ट्रंप ने फिर किया दावा”

0

“भारत-पाक बम बरसा रहे थे, मैंने रोक दिया; पुतिन से मुलाकात के बद ट्रंप ने फिर किया दावा”

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर दावा किया है कि उनकी पहल के चलते दुनिया भर में कई युद्ध टल गए, जिनमें भारत और पाकिस्तान के बीच युद्धविराम भी शामिल है। हालांकि, भारत ने इन दावों को बार-बार सिरे से खारिज किया है और कहा है कि दोनों देशों के बीच समझौता सीधे सैन्य अधिकारियों के स्तर पर हुआ था।

फॉक्स न्यूज़ के सीन हैनिटी शो में ट्रंप ने कहा कि उनका मकसद जिंदगियां बचाना और बड़े युद्धों को रोकना है। उन्होंने कहा, “भारत और पाकिस्तान एक-दूसरे के विमान गिरा रहे थे। एक-दूसरे पर बम बरसा रहे थे। हालात परमाणु युद्ध तक पहुंच सकते थे। लेकिन मैं इसे रोक सका। नंबर वन है जिंदगियां बचाना, बाकी सब उसके बाद।” ट्रंप ने यह भी दावा किया कि बिना उनके दखल के छह बड़े युद्ध छिड़ जाते। उन्होंने थाईलैंड और कंबोडिया के बीच हालिया संघर्ष को भी अपनी कूटनीतिक सफलता बताया।

ट्रंप के दावों को भारत ने बार-बार इसे नकारते हुए साफ किया कि भारत-पाकिस्तान युद्धविराम पर अमेरिका का कोई असर नहीं था। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने संसद में कहा था, “मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि इस मुद्दे पर अमेरिका से किसी भी स्तर पर कोई बातचीत नहीं हुई। न तो व्यापार और न ही किसी अन्य विषय को युद्धविराम से जोड़ा गया। उस दौरान प्रधानमंत्री मोदी और ट्रंप के बीच कोई बात भी नहीं हुई।”

जयशंकर ने कहा था भारत और पाकिस्तान के बीच फरवरी में हुआ समझौता दोनों देशों के DGMO के बीच सीधी बातचीत का नतीजा था। ट्रंप बार-बार खुद को वैश्विक शांति दूत के रूप में पेश कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने दावा किया था कि उन्होंने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को यूक्रेन युद्ध समाप्त करने के लिए 10 से 12 दिन की समय-सीमा दी है। हालांकि, उनके इन बयानों पर न तो ठोस प्रमाण दिए गए हैं और न ही संबंधित देशों ने उनकी पुष्टि की है।