Home Blog Page 898

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने मनियारी नदी पर बनने वाले पुल का किया शिलान्यास

0

उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने आज मुंगेली जिले के लोरमी विकासखंड में मनियारी नदी पर बनने वाले उच्च स्तरीय पुल का भूमिपूजन और शिलान्यास किया। राज्य शासन के लोक निर्माण विभाग द्वारा ग्राम कारीडोंगरी में पांच करोड़ 81 लाख रुपए की लागत से इसका निर्माण किया जाएगा। मनियारी नदी पर इस पुल के निर्माण से क्षेत्र के 11 गांवों को राहत मिलेगी और वहां के रहवासी बारहों महीने निर्बाध आवागमन कर सकेंगे। इससे दरवाजा, कन्सेरी, अखरार, खाम्ही, घनाघाट, डोंगरिया, कारीडोंगरी, जाखड़बांधा, खुड़िया, महामाई और लमनी गांवों की करीब 11 हजार की आबादी लाभान्वित होगी। लोक निर्माण विभाग द्वारा 120 मीटर लंबे इस उच्च स्तरीय पुल के निर्माण का कार्य एक वर्ष में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने विभागीय अधिकारियों को पुल के निर्माण में पूरी गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए समय-सीमा में काम पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।

उप मुख्यमंत्री साव ने पुल के भूमिपूजन और शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में प्रदेश के चहुंमुखी विकास के लिए अनेक कार्य किए जा रहे हैं। गांवों, गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं सहित सभी वर्गों के कल्याण के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। मुंगेली जिले में भी सड़क, पुल, पुलिया सहित विभिन्न निर्माण कार्य प्राथमिकता से किए जा रहे हैं। उन्होंने कारीडोंगरी में मनियारी नदी पर उच्च स्तरीय पुल के निर्माण के लिए क्षेत्रवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह स्थानीय रहवासियों की बहुप्रतीक्षित मांग थी, जिसके आज पूरे होने की शुरूआत हो गई है। कलेक्टर राहुल देव, पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, वनमंडलाधिकारी संजय यादव और जिला पंचायत के सीईओ प्रभाकर पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि तथा गणमान्य नागरिक भी शिलान्यास कार्यक्रम में मौजूद थे।

नव संकल्प शिक्षण संस्थान में प्रतियोगी परीक्षा की कराई जा रही तैयारी

0

मुख्यमंत्री साय के मंशानुरूप जशपुर जिला प्रशासन द्वारा डीएमएफ मद अंतर्गत संचालित नवसंकल्प शिक्षण संस्थान में प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता सुनिश्चित करने हेतु लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। संस्थान में वर्तमान में नगर सैनिक एवं आगामी छत्तीसगढ़ पुलिस आरक्षक भर्ती की तैयारी आवासीय सुविधा के साथ कराई जा रही है। यहां के छात्रों को नवसंकल्प एवं जशपुर पुलिस के द्वारा आयोजित फिजिकल ट्रेनिंग में पुलिस ग्राउंड जशपुर में प्रतिदिन अंतिम चरण हेतु तैयारी कर रहे हैं।
छात्रा नमिता बड़ा ने बताया कि दुलदुला क्षेत्र में शासकीय नौकरी की तैयारी करने का कोई विकल्प नहीं था। फिर मुझे अपने दोस्तों से नवसंकल्प शिक्षण संस्थान जशपुर के बारे में जानकारी मिली। मेरा एंट्रेंस परीक्षा के माध्यम से नव संकल्प के लिए चयन हुआ। नमिता ने बताया कि वे ग्रेजुवेशन 2022 में पास की है। अब वह नवसंकल्प शिक्षण संस्थान में सीजी पुलिस और होम गार्ड का साथ-साथ में तैयारी कर रही है। उन्होंने बताया कि हाल ही में होम गार्ड का फिजिकल टेस्ट पास की है। नवसंकल्प जशपुर में सुबह से ग्राउण्ड में फिजिकल की ट्रेनिंग दी जाती है। इसके पश्चात् क्लास चलती है। संस्थान में खाने-पीने की अच्छी सुविधा दी जाती है और पढ़ाई बहुत अच्छी चलती है। नमिता ने कहा कि यहां पढ़ाई करके क्वालिफाई जरूर करूंगी। उन्होंने संकल्प संस्थान में इतनी सुविधा देने के लिए मुख्यमंत्री साय को धन्यवाद दिया है।

घुमका के ग्रामीणों की मांग पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दिया नगर पंचायत बनाने का आश्वासन

0

उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अरुण साव ने राजनांदगांव जिले के घुमका ग्राम पंचायत की सरपंच, पंचों और ग्रामीणों की मांग पर घुमका को नगर पंचायत बनाने का आश्वासन दिया है। उप मुख्यमंत्री साव से रायपुर स्थित उनके निवास पर घुमका की सरपंच फूलमती वर्मा ने अपने पंचों और ग्रामीणों के साथ मुलाकात कर घुमका को नगर पंचायत बनाने की मांग रखी। उन्होंने बताया कि गांववाले काफी दिनों से इसकी मांग कर रहे हैं। गांव की आबादी छह हजार से अधिक हो गई है। उन्होंने उप मुख्यमंत्री को गांववालों की तरफ से आवेदन सौंपते हुए इसके लिए आवश्यक पहल करने का अनुरोध किया। उप मुख्यमंत्री साव ने ग्रामीणों की मांग और उनकी भावनाओं को देखते हुए घुमका ग्राम पंचायत के जल्द ही नगर पंचायत के रूप में उन्नयन का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक 28 अक्टूबर को

0

मुख्यमंत्री साय की अध्यक्षता में सोमवार 28 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे राज्य मंत्रिपरिषद (कैबिनेट) की बैठक मंत्रालय, महानदी भवन, नवा रायपुर, अटल नगर में आयोजित की गई है।

कलेक्टर रणबीर शर्मा ने समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन तैयारियों की समीक्षा की

0

कलेक्टर रणबीर शर्मा ने खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन के संबंध में आज यहां जिला पंचायत के सभाकक्ष में तैयारियों की समीक्षा की ।

उल्लेखनीय है कि खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के लिए मुख्यमंत्री साय की घोषणा अनुरूप 14 नवंबर 2024 से किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी किया जाना है। धान खरीदी के लिए आयोजित ज़िला स्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी टेकचन्द्र अग्रवाल,एडीएम प्रकाश भारद्वाज, धान खरीदी व्यवस्था से संबंधित जिला स्तर के अधिकारियों-खाद्य नियंत्रक, खाद्य अधिकारी, ज़िले के एसडीएम, जिला विपणन अधिकारी, अपैक्स बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, नागरिक आपूर्ति निगम के जिला प्रबंधक, राज्य भंडार गृह निगम एवं कृषि विभाग के जिला प्रबंधक सभी धान खरीदी समिति के प्रबंधकों, धान खरीदी प्रभारी व कम्प्यूटर ऑपरेटरों उपस्थित थे। इस दौरान आगामी धान खरीदी की तैयारी का बिंदुवार समीक्षा कर खरीदी केंद्रों में सभी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर शर्मा ने खरीदी के पहले सभी तैयारी पूरी करने के निर्देश दिये। उन्होंने जिले के सभी धान खरीदी केंद्रों में धान खरीदी के लिए पर्याप्त जगह, साफ-सफाई, फेंसिंग, चबूतरा, ड्रेनेज, विद्युत व्यवस्था, सीसीटीव्ही, पेयजल व किसान विश्राम गृह की व्यवस्था कराने के साथ-साथ पर्याप्त तारपोलिन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने किसानों को किसी प्रकार की परेशानी या दिक़्क़त न हो, इसके लिए खरीदी केंद्रों में समर्थन मूल्य, कॉल सेंटर, फायर ब्रिगेड, पुलिस थाना व कंट्रोल रूम के नंबर जरूरी रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए हैं।

पर्याप्त मात्रा में बारदाने उपलब्ध करने कहा

बैठक में कलेक्टर ने समितिवार रकबे की जानकारी ली और बढ़े हुए रकबे का सत्यापन करने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को निर्देशित किया। कलेक्टर ने कहा कि बारदाने की कमी से जिले के किसी भी धान खरीदी केंद्रों में धान की खरीदी प्रभावित नहीं होना चाहिए। इसके लिए पर्याप्त मात्रा में बारदाने की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने खरीदी के दौरान समितियों में स्टेंसिल का स्याही लाल रंग का उपयोग करने के निर्देश दिए।

समर्थन मूल्य पर होने वाली धान खरीदी में किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए इस साल भी किसानों की पहचान उपरांत धान खरीदी बायोमेट्रिक प्रणाली से की जाएगी। पिछले साल की तुलना में इस साल ज्यादा धान खरीदी की संभावना को देखते हुए धान बेचने आने वाले किसानों का मौके पर ही फिंगर प्रिंट लिया जाएगा, उसके बाद ही धान खरीदी होगी। इसके लिए किसानों से 31 अक्टूबर तक समितियों में अपना आधार नंबर और उनके द्वारा नामित एक अन्य रिश्तेदार का आधार पंजीयन कराने के लिए जिले में यह प्रक्रिया शुरू है।

ऐसे होगी बायोमेट्रिक खरीदी प्रक्रिया

किसी भी तरह की फर्जी खरीदी रोकने के लिए इस साल आधार नंबर बायोमेट्रिक प्रक्रिया अपनाई जाएगी। इसमें धान बेचने के लिए किसानों को स्वयं अथवा उनके द्वारा नामित व्यक्ति धान बेचते समय अपने अंगूठे के निशान की मदद से आधार कार्ड पर आधारित बायोमेट्रिक प्रणाली की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। समितियों में किसानों को कोई परेशानी न हो इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा। किसान द्वारा या नामित व्यक्ति के द्वारा अगर किसी कारणवश धान बेचने में कोई दिक्कत हो तो एक-एक ट्रस्टेड पर्सन यानी विश्वसनीय व्यक्ति की नियुक्ति कलेक्टर द्वारा की जाएगी, वह किसान को धान बेचने में मदद करेगा। किसान का आधार मशीन में स्वीकार नहीं होने पर किसान के पंजीकृत मोबाइल नंबर में ओटीपी आएगा, जिसका उपयोग कर धान खरीदी प्रक्रिया संपादित की जाएगी।

पिछले साल से यह प्रणाली लागू

खरीफ सीजन 2023-24 में पारदर्शी तरीके से धान खरीदी करने के लिए शासन द्वारा बायोमेट्रिक प्रणाली लागू की गयी है, जिसमें किसान अपना अंगूठा लगाने के पश्चात अपनी धान बिक्री कर सकते हैं। जिस तरह से पीडीएस की दुकान पर राशन लेने के लिए अंगूठा लगाना पड़ता है। अब उसी तरह किसानों को धान बेचते समय अंगूठा लगाना पड़ेगा। किसानों को समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान कोई असुविधा न हो, इसके लिए उनके परिवार एवं रिश्तेदारों को नामिनी बनाने की सुविधा प्रदाय किया गया है। जिसके आधार पर स्वयं उपस्थित होकर या उनके द्वारा बनाए गए नामिनी के द्वारा धान की बिक्री की जा सकती है।

जिले में संचालित होटल, रेस्टोरेंट में दबिश देकर खाद्यान्न सामग्री के नमूने लिए जा रहे

0

कलेक्टर निलेश कुमार क्षीरसागर के निर्देशानुसार आगामी त्यौहारी सीजन को दृष्टिगत करते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जिले में संचालित विभिन्न होटलों, रेस्टोरेंटों में दबिश देकर छापामार कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी में जिले में संचालित होटल, रेस्टारेंट में दीपावली त्यौहार के उपलक्ष्य में निम्न गुणवत्ता वाली अमानक मिठाई, खाद्यान्न सामग्री विक्रय एवं घरेलू गैस सिलेण्डर का दुरुपयोग किये जाने के संबंध में संयुक्त टीम द्वारा दबिश देकर कार्रवाई की गई। अमानक स्तर की खाद्यान्न सामग्री पाए जाने पर नमूने लेकर लैब भेजने की भी कार्रवाई संयुक्त टीम द्वारा की जा रही है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया गया कि जिले के चारामा नगर पंचायत में मेसर्स यादव दूध डेयरी से दूध, राजा भोजनालय एवं रेस्टोरेंट से खोवा, सुरेश होटल से पनीर एवं कुन्दा, दुर्गेश रेस्टोरेंट से दही, जोधपुर मिष्ठान भंडार से खोवा एवं पेड़ा की जांच कर मिष्ठान्नों का नमूना प्राप्त कर गुणवत्ता परीक्षण हेतु रायपुर स्थित लैब भेजा गया। फूड एंड ड्रग्स विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार भानुप्रतापपुर में दुर्गा होटल से स्ट्राबेरी स्वीट्स, जैन मिष्ठान से खजूर रोल, गोपाल स्वीट्स से कलाकंद गुलशन होटल से मिल्क बर्फी के नमूने जांच हेतु लिए गए। इसी प्रकार माजीसा किराना स्टोर भानुप्रतापपुर से निलांस सेवाइया लाल गुलाब सरसों तेल, मैगी मसाला, अचार एवं अन्य सामग्री 5576 रुपये, जायसवाल प्रोविहजन स्टोर्स भानुप्रतापपुर के अभिषेक जायसवाल से एवरेस्ट धनिया मसाला, निलांस चिकन मसाला गुजराती पापड़, विकेजी चनाचूर, लाल गुलाब सरसों तेल कीमत 3660 रुपये, जैन एजेंसी भानुप्रतापपुर हल्दीराम रोस्टेड चना 1320 रुपये, राजस्थान किराना स्टोर भानुप्रतापपुर पारले हाइड एंड सीक अनमोल टम्मी, नेचुरल टोस्ट, वाघ बकरी चाय 2690 रुपये, अरिहंत सुपर मार्केट भानुप्रतापपुर सुंदर तिल्ली टोस्ट चिंगस हाट गारलिक 480 रुपये, आशीर्वाद प्रोविहजन स्टोर्स 12776 रुपये कुल 30000 रुपये की एक्सपायरी खाद्य सामग्री जब्त की गई। इसी तरह कांकेर में जय हिंद होटल से मलाई बर्फी, जैन मिष्ठान से पनीर, केसर पेड़ा, नेकी हसन से मथुरा पेड़ा, जय हिन्द रेस्टारेंट पनीर, राजस्थान स्वीटस से बादाम बर्फी का सैंपल जांच हेतु लिया गया एवं होटल रुबरु जायका से 5 किग्रा पुराना मटन, दाल पका 5 क्रिग्रा काबुली चना उबला 2 कि.ग्रा. रसगुल्ला 1 कि.ग्रा. मछली 3 कि.ग्रा. खराब पाए गए जिन्हें मौके पर नष्ट किया गया एवं वेज एवं नानवेज व्यंजन अलग-अलग नहीं रखने हेतु होटल संचालक को नोटिस दिया गया।

बताया गया कि राखी त्यौहार में लिए गये खाद्य नमूना में जैन मिष्ठान कांकेर के खोवा, राजस्थान स्वीट्स कांकेर के पेड़ा, दुर्गेश रेस्टारेंट चारामा बर्फी, गुलशन होटल भानुप्रतापपुर के रसगुल्ला, आजाद होटल भानुप्रतापपुर के पनीर, एवं श्री तारकनाथ मिष्ठान भंडार के चमचम के नमून अमानक पाये गये जिसके विरुद्व खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत माननीय एडीएम न्यायालय में प्रकरण दर्ज किया गया। साथ ही भानुप्रतापपुर के गणपती होटल से 1 नग, दसरु बिरयानी सेंटर 2 नग, प्रभु होटल 2 नग, आजाद होटल से 1 नग, , राजेश होटल से 2 नग कुल 12 घरेलू सिलेंडर पर कार्यवाही की गई। मापतौल विभाग द्वारा जैन मिष्ठान, मां दुर्गा मारवाड़ी भोजनालय, गुरुनानक बेकरी, एवन बेकरी, जय हिन्द होटल, राजस्थान स्वीट्स, नेकी हसन स्वीट्स में व्यापारियों द्वारा पूर्व से पैक वस्तु के संबंध में घोषणाओं का पालन नहीं करने, पैकर पंजीयन नहीं लेने, असत्यापित तौल उपकरण, विनिर्दिष्ट मात्रा से कम तौल की मिठाई के संबंध में प्रकरण दर्ज किया गया। पूरी कार्रवाई के दौरान संयुक्त टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विमल सिंह, खाद्य निरीक्षक अमित कश्यप, उमेश सिन्हा, शैलेन्द्र ध्रुव एवं मापतौल निरीक्षक अंजना बड़ा शामिल थे।

वर्ष 2024-25 में ऑनलाइन पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति हेतु 1 नवम्बर से पंजीयन होगा शुरू

0

आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त ने बताया कि सरगुजा जिला में संचालित समस्त शासकीय/अशासकीय महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, इंजीनियरिंग कॉलेज, मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, आईटीआई, एवं पॉलिटेक्निक आदि के प्राचार्य/संस्था प्रमुख, छात्रवृति प्रभारी एवं उनमें अध्ययनरत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों जो आदिवासी विकास विभाग द्वारा संचालित पोस्ट मैट्रिक छात्रवृति की पात्रता रखते हैं, उनके लिए शिक्षा सत्र 2024-25 हेतु ऑनलाईन पोस्ट मैट्रिक छात्रवृति (कक्षा 12वीं से उच्चतर) के पंजीयन, स्वीकृत एवं वितरण की कार्यवाही
http://postmatricschlarship.cg.nic.in
वेबसाइट पर की जा रही है।

उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा ऑनलाइन आवेदन, प्रस्ताव एवं स्वीकृति वर्ष 2024-25 हेतु तिथि निर्धारित की गई है। विद्यार्थी द्वारा ऑनलाइन आवेदन नवीन एवं नवीनीकरण 01 नवम्बर 2024 से 31 दिसम्बर 2024 तक है। इसी तरह ड्राफ्ट प्रपोजल लॉक करने हेतु 01 नवम्बर 2024 से 15 जनवरी 2025 तक, सैंक्शन आर्डर लॉक करने हेतु 01 नवम्बर 2024 से 31 जनवरी 2025 तक होगी। निर्धारित तिथि के पश्चात सत्र 2024-25 की पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति ऑनलाइन आवेदन हेतु पोर्टल बंद कर दिया जावेगा।

ड्राफ्ट प्रपोजल लॉक एवं सैंक्शन ऑर्डर लॉक करने का अवसर भी प्रदान नहीं किया जायेगा। निर्धारित तिथि तक कार्यवाही पूर्ण नहीं करने पर यदि संबंधित संस्थाओं के विद्यार्थी छात्रवृत्ति से वंचित रह जाते हैं, इसके लिए संस्था प्रमुख स्वयं जिम्मेदार होंगे।

कलेक्टर अग्रवाल की पहल से केशरी कंवर को मिली अनुकंपा नियुक्ति

0

मुख्यमंत्री साय के मंशानुसार जिले में अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों का त्वरित निराकरण हो रहा है। इससे दिवंगत शासकीय सेवकों के परिजनों को शासकीय नौकरी का लाभ मिल रहा है। कलेक्टर दीपक अग्रवाल की तत्परता एवं संवेदनशीलता से जिले में अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों के निराकरण के लिए तेजी से कार्यवाही की जा रही है। कलेक्टर ने विगत दिवस एक और अनुकंपा नियुक्ति प्रकरण का निराकरण करते हुए छुरा अंतर्गत सारागांव निवासी केशरी कंवर को अनुकंपा नियुक्ति का आदेश सौंपा। उन्होंने अनुकंपा नियुक्ति पत्र सौंपकर कंवर को निष्ठा एवं लगन से शासकीय सेवा करने की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। केशरी कंवर को शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पिपराही में भृत्य पद पर नियुक्ति दी गई है। शासन की पहल और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के द्वारा अनुकंपा नियुक्ति मिलने से श्रीमती कंवर एवं उनके परिजनों ने खुशी जताते हुए राज्य शासन एवं जिला प्रशासन का आभार जताया।

उल्लेखनीय है कि जिले में पिछले चार माह के भीतर 19 लोगों को अनुकंपा नियुक्ति दी जा चुकी है। कलेक्टर अग्रवाल अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों का प्रमुखता से संज्ञान लेकर निराकरण के निर्देश दे रहे हैं। इससे पात्र अभ्यर्थियों को राहत मिल रही है। श्रीमती कंवर ने शासकीय नियुक्ति।मिलने के बाद कहा कि राज्य शासन की नीति के तहत त्वरित पहल से नौकरी मिल गई है। जिससे आर्थिक समस्याओं को दूर करने एवं परिवार के पालन पोषण में सहायक होगी। कंवर ने बताया कि उनके पति शिक्षा विभाग अंतर्गत शिक्षक के रूप में कार्यरत थे। सेवा अवधि के दौरान उनकी निधन हो गई। पति के गुजर जाने के बाद परिवार के सहारे एवं भरण-पोषण की चिंता सताने लगी थी, साथ ही भविष्य भी अंधकार नजर आने लगा था। शासन की पहल से अनुकंपा नियुक्ति मिलने से परिवार के भरण पोषण की समस्या दूर हो गई है। शासन के सहयोग से मिले अनुकंपा नियुक्ति के फलस्वरूप अब परिवार के विकास की भी चिंता दूर हो गई है।

पंचायत एवं नगरपालिका निर्वाचक नामावली में दावा-आपत्ति की अंतिम तिथि 29 एवं 30 अक्टूबर

0

त्रिस्तरीय पंचायत/नगरपालिका निर्वाचन की निर्वाचक नामावली में नाम जोड़ने हेतु ऐसे मतदाता पात्र होगें, जिनकी आयु 01 जनवरी 2024 को 18 वर्ष हो गया है। उनका नाम सामान्य निर्वाचक नामावली में होना अनिवार्य है। जिसके आधार पर विधानसभा एवं लोकसभा का निर्वाचन सम्पन्न हुआ है। नगर पालिका के निर्वाचन (नगर निगम, नगर पालिका परिषद, नगर पंचायत) के निर्वाचक नामावली में दावा आपत्ति प्राप्त करने हेतु अंतिम तारीख 30 अक्टूबर 2024 दिन बुधवार अपरान्ह 03.00 बजे तक है, एवं त्रिस्तरीय पंचायत के निर्वाचन नामावली में दावा आपत्ति प्राप्त करने की अंतिम तारीख 29 अक्टूबर 2024 दिन मंगलवार अपरान्ह 3.00 बजे तक है

अग्निवीर भर्ती हेतु युवाओं को शारीरिक दक्षता के लिए जिले में व्यापक प्रशिक्षण

0

जिले में युवाओं के कौशल को निखारने और उन्हें रोजगार से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक प्रशिक्षण अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के निर्देशानुसार जिला रोजगार अधिकारी ने विकास नगर मैदान में शारीरिक दक्षता प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं के बीच पहुंचकर आगामी सेना भर्ती के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने आगामी 29 जनवरी से 31 जनवरी 2025 तक होने वाली अग्निवीर वायुसेना सीधी भर्ती के साथ-साथ दिसंबर 2024 में रायगढ़ में आयोजित होने वाली अग्निवीर थलसेना भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा की तैयारी के लिए युवाओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिला रोजगार एवं मार्गदर्शन केंद्र कोण्डागांव द्वारा 10 सितंबर से अग्निवीर लिखित परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले युवाओं को शारीरिक दक्षता प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं को अधिक परिश्रम करने व अपने शारीरिक कौशल को निखारने हेतु प्रोत्साहित किया गया।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री साय के अनुरूप प्रदेश में रोजगार और शिक्षा के अवसरों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कदम उठाए जा रहे हैं। राज्य शासन के इस प्रयास से बस्तर संभाग के दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं को भी अपने सपनों को साकार करने का अवसर मिल रहा है। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार अग्निवीर जैसी भर्ती प्रक्रियाओं में युवाओं को विशेष रूप से प्रशिक्षित किया जा रहा है, जिससे राज्य के युवाओं का देश की सेवा का सपना पूरा हो सके और राष्ट्र हित में अपना योगदान दे सकें।