Home Blog Page 908

सुरक्षाबल की सक्रियता से दहशत, झीरम घाटी हमले को अंजाम देने वाले दरभा डिवीजन से जुड़े नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण…

0

नारायणपुर-दंतेवाड़ा सीमा पर हुए मुठभेड़ से नक्सली सकते में हैं. इसका परिणाम है कि वर्ष 2013 में झीरम घाटी हमले को अंजाम देने वाले दरभा डिवीजन के नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है, इनमें से एक माओवादी पांडु पर एक लाख रुपए का इनाम था.

आत्मसमर्पण करने वाले सभी माओवादी दरभा डिवीजन के कांगेर नेशनल पार्क एरिया कमेटी के सदस्य हैं. आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में एक महिला माओवादी भी शामिल है. बस्तर पुलिस अधीक्षक सलभ सिन्हा ने इन्हें आत्मसमर्पण योजना के तहत लाभ और प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की है.दरभा डिवीजन 2005 से 2015 तक नक्सली गतिविधियों का मुख्य केंद्र था, लेकिन 2016 के बाद से इसमें गिरावट आई है. वरिष्ठ नक्सली नेताओं के मारे जाने और आत्मसमर्पण के कारण क्षेत्र के अधिकांश नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया है, जिससे नक्सली गतिविधियों में कमी आई है.

दिसंबर से जनरल टिकट पर सफर करने वाले यात्रियों को मिलेंगी सीटें….

0

जनरल कोचों से सफर करने वाले आम यात्रियों की बल्‍ले-बल्‍ले होने वाली है. उन्‍हें धक्‍का-मुक्‍की या लटककर यात्रा करने की जरूरत नहीं होगी. इसके लिए लंबा इंतजार भी नहीं करना होगा. दिसंबर से यात्री अपने गंतव्‍य तक सुविधाजनक तरीके से पहुंच सकेंगे. भारतीय रेल ने आम यात्रियों की सुविधा के लिए सभी मेल और एक्‍सप्रेस ट्रेनों में चार-चार जनरल कोच लगाने की डेडलाइन तय कर दी है.

मौजूदा सामय 10 हजार से अधिक ट्रेनें पूरे देश में चल रही हैं. इसमें वंदेभारत, शताब्‍दी, राजधानी से लेकर मेल एक्‍सप्रेस, पैसेंजर, लोकल, ईएमयू और डीएमयू शामिल हैं. मेल एक्‍सप्रेस की संख्‍या करीब 822 है. इन सभी ट्रेनों में चार-चार कोच जनरल के लगाए जा रहे हैं. दो आगे और दो पीछे कोच लगेंगे.

अभी तक संख्‍या तय नहीं थी

अभी तक-मेल एक्‍सप्रेस में जनरल कोचों की संख्‍य तय नहीं थी. किसी में एक, किसी में दो, किसी में तीन तो किसी में चार कोच लगते थे. यह कोचों की उपलब्‍धता पर निर्भर करता था. इसी वजह से जिस ट्रेनों में जनरल कोचों की संख्‍य कम होती है, उन ट्रेनों के जनरल कोचों में घुसने के लिए मारामारी होती थी. यात्रियों को लटकर यात्रा करनी पड़ती है. कोच में घुस न पाने की वजह से कई बार ये यात्री स्‍लीपर कोच में घुसकर मजबूरी में सफर करते थे.

1300 कोच लगाने की जरूरत

रेल मंत्रालय के अनुसार सभी मेल-एक्‍सप्रेस ट्रेनों में कुल मिलाकर 1300 कोचों की जरूरत पड़ेगी. इन कोचों का निर्माण तेजी से किया जा रहा है. जैसे-जैसे कोच बनते जा रहे हैं, ट्रेनों में लगाए जा रहे हैं. अभी तक 120 ट्रेनों में चार-चार कोच लगाए जा चुके हैं.

2000 कोचों का निर्माण मार्च तक

भारतीय रेलवे कुल 2000 जनरल कोचों का निर्माण मार्च 2024 तक करेगा. इनमें से 1300 कोच लगने के बाद के बाद बचे हुए 700 कोचों को पुराने कोचों से रिप्‍लेस किया जाएगा. इस तरह जनरल कोचों में लोगों को धक्‍का मुक्‍की करके सफर करने की जरूरत नहीं होगी.

भारतीय रिजर्व बैंक मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी बैठक:रेपो रेट में बदलाव नहीं, आपके घर और कार की नहीं बढ़ेगी ईएमआई

0

नई दिल्‍ली. भारतीय रिजर्व बैंक ने लगातार दसवीं बार रेपो रेट को 6.5 फीसदी पर बरकरार रखा है.हालांकि, आरबीआई ने अपना रुख बदलकर ‘तटस्थ’ कर दिया है.  मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी (MPC) की तीन दिन की बैठक सोमवार (7 अक्टूबर) को शुरू हुई थी. आज रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास (RBI Governor Shaktikanta Das) ने बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी दी. रेपो रेट वो दर होती है, जिस पर रिजर्व बैंक अन्य बैंकों को कर्ज देता है. जब रेपो रेट में बढ़ोतरी होती है, तो बैंकों को रिजर्व बैंक से महंगी दर पर कर्ज मिलता है.अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा अपनी बेंचमार्क दर में 50 आधार अंकों की कटौती के बाद भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा रेपो रेट पर पहली नीति घोषणा है.

बता दें कि फरवरी, 2023 से रेपो दर को 6.5 फीसदी पर यथावत रखा है. सरकार ने आरबीआई को यह सुनिश्चित करने का काम सौंपा है कि कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (CPI) आधारित खुदरा महंगाई 4 फीसदी (2 फीसदी ऊपर या नीचे) पर बनी रहे. महंगाई को केंद्रीय बैंक की निर्धारित सीमा के भीतर लोन और आर्थिक वृद्धि को गति देने के मकसद से नीतिगत दर को यथावत रखा गया है.समिति के छह सदस्यों में से पांच ने नीतिगत दर को यथावत रखने के पक्ष में मतदान किया.

खुदरा मुद्रास्फीति के 4.5 प्रतिशत रहने का अनुमान
आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास ने मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी के निर्णयों की घोषणा करते हुए कहा कि मुद्रास्फीति में नरमी धीमी और असमान बनी रहेगी. चालू वित्त वर्ष में खुदरा मुद्रास्फीति के 4.5 प्रतिशत रहने के अनुमान को भी बरकरार रखा गया है. पहली तिमाही में 8 प्रमुख उद्योगों का उत्पादन 1.8% घटा. वहीं,  सरकारी खपत में सुधार हो रहा है. अत्यधिक बारिश ने बिजली, कोयला और सीमेंट जैसे कुछ उद्योगों को प्रभावित किया है.

इस वित्त वर्ष 7.2% रह सकती है GDP ग्रोथ
शक्तिकांत दास ने GDP ग्रोथ के अनुमान से जुड़े आंकड़े शेयर किए हैं. वित्‍त वर्ष 2025 में भारतीय जीडीपी के 7.2 फीसदी की ग‍ति से बढ़ने का अनुमान है.उन्होंने कहा, ‘‘वैश्विक स्तर पर चुनौतियों के बावजूद देश की आर्थिक बुनियाद मजबूत बनी हुई है. मौजूदा स्थिति पर गौर करने के बाद चालू वित्त वर्ष में जीडीपी (सकल घरेलू उत्पाद) वृद्धि दर 7.2 प्रतिशत रहने के अनुमान को कायम रखा गया है.’’ दूसरी तिमाही में जीडीपी के 7.0%, तीसरी तिमाही में 7.4%, चौथी तिमाही में 7.4% और वित्त वर्ष 2026 की पहली तिमाही में 7.3% हरने का अनुमान आरबीआई ने लगाया है.

मारा गया नसरल्लाह का भाई, नेतन्याहू का जोश हाई… इजरायल-हिजबुल्लाह जंग के 10 बड़े अपडेट

0

पश्चिम एशिया में तनाव लगातार बढ़ता ही जा रहा है. इजरायल का दावा है कि वह 7 मोर्चों पर युद्ध लड़ रहा है और इस दौरान लगातार इजरायल पर यमन, इराक, लेबनान और गाजा से हमले हो रहे हैं. इजरायल ने दावा किया है कि उसने हिजबुल्लाह की नई लीडरशिप को भी खत्म कर दिया है. इजरायल के प्रधानमंत्री बेन्यामिन नेतनयाहू ने लेबनान के लोगों को संबोधित करते हुए एक वीडियो बयान जारी किया, जिसमें उन्होंने ज़िक्र किया कि हिजबुल्लाह की क्षमताओं को नष्ट कर दिया गया है और हसन नसरल्लाह की जगह लेने वाले उसके उत्तराधिकारी और उसके उत्तराधिकारी के उत्तराधिकारी को भी खत्म कर दिया गया है.

इजरायल हिजबुल्लाह के बीच जारी जंग की हर एक खबर से हम आपको रूबरू कराएंगे. उससे पहले आपको बताते हैं कि पश्चिम एशिया के टेंशन पर दस अपडेट क्या हैं…

  1. इजरायल ने हिजबुल्लाह के नए चीफ को ढेर करने का दावा किया. प्रधानमंत्री बेन्जामिन नेतन्याहू ने कहा कि इजरायली सेना ने हसन नसरल्लाह के उत्तराधिकारी और उसके भी उत्तराधिकारी को मार गिराया है.
  2. बेन्जामिन नेतन्याहू ने अपने वीडियो संदेश में कहा, ‘इजरायल को अपनी रक्षा करने का अधिकार है. इजरायल को जीतने का भी अधिकार है! और इजरायल जीतेगा! हमने हिजबुल्लाह की क्षमताओं को कम कर दिया है. हमने हजारों आतंकवादियों को मार गिराया, जिनमें नसरल्लाह ख़ुद, नसरल्लाह के उत्तराधिकारी और उसके उत्तराधिकारी के उत्तराधिकारी शामिल हैं.’
  3. उधर इजरायल की सेना ने लेबनान में हिजबुल्लाह के 115 ठिकानों पर हमले किए. इस हमले में हिजबुल्लाह के 6 सीनियर कमांडर समेत 50 लड़ाकों को मार गिराने का IDF ने दावा किया.
  4. आईडीएफ के अनुमान के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में अजीज यूनिट के 50 टार्गेट, नासिर यूनिट के 30 टार्गेट और बदर यूनिट के 5 टार्गेट पर हमला किया गया. इसके अलावा राडवान फोर्सेज और हिजबुल्लाह के इंटेलिजेंस हेडक्वाटर के लगभग 10 टार्गेट के साथ-साथ दक्षिणी लेबनान में मीडियम रेंज के रॉकेट यूनिट के लगभग 30 टार्गेट को निशाना बनाया गया.
  5. इजरायली वायुसेना ने दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्लाह के कई अंडरग्राउंड कमांड सेंटर्स पर हमला किया, जिसमें नासिर यूनिट, बदर यूनिट, अजीज यूनिट और राडवान फोर्सेज शामिल थे.
  6. इन हमलों में जिन 6 कमांडरों को मारने का इजरायल ने दावा किया उनमें अहमद हसन नाजल भी शामिल है, जो राडवान फोर्सेज के बिंत जबील में अटैक सैक्टर का प्रमुख था.
  7. इसके अलावा गजर सेक्टर के प्रमुख हुसैन तलाल कमाल, बदर सेक्टर के निवर्तमान प्रमुख मूसा दीब बराकत, बिंत जबील सेक्टर का आर्टिलरी कमांडर अली अहमद इस्माइल और गजर सेक्टर का ऑर्टिलरी कमांडर अब्दुल्ला अली डाकिक भी शामिल है.
  8. उधर इजरायल ने सीरिया की राजधानी दमिश्क में ईरानी दूतावास के पास हमला किया है. दमिश्क में एक इमारत पर हुए हमले में कुछ लोगों के मारे जाने की ख़बर है.
  9. वहीं दूसरी तरफ ऑपरेशन नॉर्दन ऐरोज़ शुरू होने के बाद लेबनान की तरफ से इजरायल पर हुए 3000 रॉकेट अटैक किए गए.
  10. इस बीच बंधकों की रिहाई और युद्ध विराम पर वार्ता के लिए हमास चीफ यह्या सिनवार एक बार फिर आगे आया है. रिपोर्ट के मुताबिक, इस बातचीत के दौरान क़तर के सामने सिनवार ने अपने पर हमला ना होने देने की शर्त रखी है.

ऑस्ट्रेलिया ने भारत को दी संजीवनी, न्यूजीलैंड का किया कामतमाम, खिलखिला उठी टीम इंडिया, महिला टी20 वर्ल्ड कप…

0

महिला टी20 वर्ल्ड कप में श्रीलंका से करो या मरो के मुकाबले से पहले भारत को संजीवनी मिल गई है. यह संजीवनी मिली है ऑस्ट्रेलिया की न्यूजीलैंड पर धमाकेदार जीत से. ऑस्ट्रेलिया ने मंगलवार रात न्यूजीलैंड को 60 रन से करारी शिकस्त दी. इससे न्यूजीलैंड का नेट रनरेट निगेटिव हो गया है. अब भारत और न्यूजीलैंड के नेट रनरेट में ज्यादा अंतर नहीं बचा है.

महिला टी20 वर्ल्ड कप में भारत और श्रीलंका का मैच बुधवार को होना है. भारत का रिकॉर्ड श्रीलंका के खिलाफ बेहतरीन है. भारतीय महिला टीम ने श्रीलंका को 19 बार हराया है, जबकि उसे सिर्फ 5 मैचों में शिकस्त मिली है. हालांकि, भारतीय टीम को हाल ही में खेला गया एशिया कप का फाइनल जरूर याद रहेगा, जिसमें उसे श्रीलंका से हार झेलनी पड़ी थी. श्रीलंका से अहम मुकाबले से पहले भारत के लिए एक अच्छी खबर यह भी है कि कप्तान हरमनप्रीत कौर अब पूरी तरह फिट हैं. उन्हें पिछले मैच में चोट के कारण रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा था.

58 रन की हार ने बिगाड़ा भारत का खेल
यूएई में खेले जा रहे महिला टी20 वर्ल्ड कप की बात करें तो भारतीय टीम ने अब तक 2 मैच खेले हैं. पॉइंट टेबल में एक हार और एक जीत के बाद उसके 2 अंक हैं. भारत को पहले मैच में न्यूजीलैंड ने 58 रन से हराया था. इसके चलते भारत का नेट रनरेट काफी खराब हो गया. श्रीलंका के खिलाफ जब भारतीय टीम मैदान पर उतरेगी तो जीत के साथ नेट रनरेट भी उसके दिमाग पर रहेगा.

ऑस्ट्रेलिया ने कैसे दी संजीवनी
भारत के ही ग्रुप में ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और पाकिस्तान भी हैं. ये तीनों टीमें पॉइंट टेबल में भारत से बेहतर स्थिति में हैं. ऑस्ट्रेलिया 4 अंक के साथ पहले नंबर पर है. एक दिन पहले तक न्यूजीलैंड 2 अंक और 2.900 रनरेट के साथ पहले नंबर पर था. ऑस्ट्रेलिया से हार के बाद वह तीसरे नंबर पर खिसक गया है. अब उसका रनरेट -0.050 हो गया है. अब भारत, पाकिस्तान और न्यूजीलैंड एक-एक मैच हार चुके हैं. तीनों टीमों के 2-2 अंक हैं. ये टीमें अब अधिकतम 6 अंक तक पहुंच सकती हैं. ऐसे में इन तीनों टीमों के बीच सेमीफाइनल के लिए अंक के साथ-साथ नेट रनरेट की जंग भी हो सकती है. ऑस्ट्रेलिया की न्यूजीलैंड पर जीत ने भारत के लिए नेट रनरेट का गणित थोड़ा आसान कर दिया है.

भारत के पास वापसी का मौका
भारत के पास अब मौका है कि वह श्रीलंका पर बड़ी जीत दर्ज कर ना सिर्फ 2 अंक हासिल करे, बल्कि नेट रनरेट भी बढ़ा ले. भारत का नेट रनरेट अभी -1.217 है. श्रीलंका की टीम टूर्नामेंट में एक बार भी 100 रन नहीं बना सकी है. भारत उसके खराब फॉर्म का फायदा उठा सकता है. वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में दोनों ग्रुप से टॉप-2 टीमें प्रवेश करेंगी. अंक बराबर रहते हैं तो सेमीफाइनलिस्ट टीम का फैसला नेट रनरेट से होगा.

अनइन्स्टॉल ऐप भी चुराता है मोबाइल डाटा, तुरंत सेटिंग में जाकर करें ये काम, फिर नहीं रहेगा चोरी का डर

0

स्मार्टफोन से बेकार के मोबाइल ऐप डिलीट करने के बाद यूजर्स बेफ्रिक हो जाते हैं. लेकिन, अनइन्स्टॉल होने के बाद भी ये ऐप्स मोबाइल डाटा पर डाका डालते रहते हैं. ऐसे में इन्हें पूरी तरह से मोबाइल से बाहर करना जरूरी है.

स्मार्टफोन आज हर आदमी की जरूरत बन गई है. क्योंकि, वॉइस और वीडियो कॉलिंग के साथ-साथ इसमें इंटरनेट से जुड़ी तमाम सुविधाएं मिलती हैं. यूजर एक्सपीरियंस को बेहतर बनाने के लिए मोबाइल में कई ऐप इन्स्टॉल किए जाते हैं.

ऐप इन्स्टॉलेशन के दौरान यूजर्स कई बातों का ध्यान रखते हैं लेकिन, क्या आप जानते हैं कि ऐप को अनइन्स्टॉल करने के बाद भी सावधानी बरतनी जरूरी है, क्योंकि इनसे आपके मोबाइल डाटा का चोरी होने का डर बना रहता है.

ऐसा इसलिए क्योंकि, अनइन्स्टॉल करने पर मोबाइल ऐप, होम पेज से तो डिलीट हो जाते हैं लेकिन फोन की सेटिंग में छिपे होते हैं और हमारा डाटा जुटाते रहते हैं. ऐसे में आपकी गोपनीय जानकारी को लेकर खतरा बना रहता है. आइये आपको बताते हैं कि आखिर इस समस्या से कैसे निपटा जा सकता है.

मोबाइल फोन की सेटिंग में गूगल के ऑप्शन पर क्लिक करें. इसके बाद मैनेज योर गूगल अकाउंट पर जाएं.यहां मौजूद डेटा एंड प्राइवेस पर क्लिक करें. इस दौरान नीचे थर्ड पार्टी ऐप्स एंड सर्विस का ऑप्शन दिखेगा. इस ऑप्शन पर क्लिक करें, यहां फोन में मौजूद व डिलीट ऐप्स दिखाई देंगे. इस लिस्ट में अन-इन्स्टॉल ऐप पर क्लिक करें.
इसके बाद एक्सेस और कनेक्शन डिलीट पर क्लिक करें, फिर मोबाइल डेटा शेयर होना बंद हो जाएगा.

मंत्री श्री देवांगन चुनरी यात्रा में हुए सम्मिलित, पंडालों में टेका मत्था, डांडिया उत्सव में मातृ शक्ति से लिया आशीर्वाद

0

वाणिज्य उद्योग व श्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन  नवरात्र के अवसर पर कोरबा शहर के विभिन्न दुर्गा पंडालों, मंदिर और डांडिया उत्सव में सम्मिलित होकर मां दुर्गा की पूजा अर्चना कर क्षेत्र वासियों की खुशहाली और उन्नति की कामना की। सीएसईबी विद्युत गृह विद्यालय के समीप स्थित शिव मंदिर माता की चुनरी की पूजा अर्चना की। धर्म जागरण मातृ शक्ति द्वारा आयोजित यात्रा में अधिक संख्या में महिलाएं और पदाधिकारियों के साथ मंत्री श्री देवांगन भी चुनरी यात्रा में शामिल हुए।
यहां से मंत्री श्री देवांगन सीएसईबी कॉलोनी स्थित गायत्री मंदिर में आयोजित पावन प्रज्ञा पुराण में सम्मिलित हुए। जहां मंत्री श्री देवांगन ने मां गायत्री की आरती की साथ ही पुराण का श्रवण किया। सीएसईबी कॉलोनी स्थित महिला मंडल द्वारा आयोजित दुर्गा पूजा में मंत्री श्री देवांगन शामिल होकर मां जगदम्बा की आरती की। समिति की मांग पर मंत्री श्री देवांगन ने कीचन शेड के निर्माण के लिए 5 लाख विधायक निधि से देने की घोषणा की।।इसी तरह एमपी नगर में भव्य दुर्गा पंडाल में मंत्री श्री देवांगन ने मत्था टेक कर पूरे नगर वासियों की मंगल के लिए कामना की।
कोरबा के वार्ड क्रमांक 23 पंडित रवि शंकर शुक्ल नगर में आयोजित गरबा उत्सव में मंत्री श्री देवांगन शामिल होकर गरबा ग्राउंड में मातृ शक्ति के साथ मां जगमदम्बा की आरती की।उन्होंने दुर्गापूजा की सभी को बधाई व शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने मां दुर्गा से प्रार्थना करते हुए कहा है कि वे सबके जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य प्रदान करें। इस अवसर पर कॉलोनी की महिलाओं को सम्मानित भी किया गया। यहां से मंत्री श्री देवांगन नगर निगम आवासीय परिसर स्थित गरबा उत्सव में शामिल होकर सभी को नवरात्र पावन पर्व की बधाई और शुभकामनाएं दी।।
इस अवसर पर मंत्री श्री देवांगन के साथ कोसाबाड़ी मंडल अध्यक्ष अजय विश्वकर्मा, निज सचिव नरेंद्र पाटनवार, नेता प्रतिपक्ष हितान्नद अग्रवाल, पार्षद अब्दुल रहमान, अभिषेक पालीवाल, राम त्रिपाठी समेत अन्य उपस्थित रहे।

राज्यपाल श्री डेका से विधायक श्री साहू ने की सौजन्य भेंट

0

राज्यपाल श्री रमेन डेका से आज राजभवन में रायपुर ग्रामीण क्षेत्र के विधायक श्री मोतीलाल साहू ने सौजन्य भेंट की। उन्होंने राज्यपाल को माना कैंम्प दुर्गा उत्सव में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।
इस अवसर पर श्री श्यामा चक्रवर्ती, श्री शुभंकर रे, श्री भीमा विश्वास, श्री विश्वनाथ पाल तथा श्री मनिटोल विश्वास उपस्थित थे।

179 महतारी सदन की मिली स्वीकृति, 25 सौ वर्गफुट में बनेगा महतारी सदन

0

प्रदेश के प्रत्येक ग्राम पंचायतों में ग्रामीण महिलाओं को स्वावलंबी एवं आत्मनिर्भर बनाने तथा आपसी समरसता स्थापित करने सामायिक कार्यक्रमों में सामूहिक भागीदारी तथा महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के निर्देशानुसार महतारी सदन का निर्माण कार्य किया जाना है। उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के प्रयास से 179 महतारी सदन की स्वीकृति आदेश जारी किया गया है। उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि न्यू इंडिया के ग्रोथ साइकल में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की आत्मनिर्भर भारत अभियान महिलाओं की क्षमता को देश के विकास के साथ जोड़ रहा है। प्रदेश के ग्राम पंचायतों में बनने जा रहा महतारी सदन भी इसी दिशा में एक प्रयास है। उन्होंने कहा कि लगातार ग्राम भ्रमण के दौरान महिलाओं द्वारा बैठने की स्थान न होने की शिकायत की और बैठने हेतु स्थान दिलाने की मांग की जाती रही इसलिए महतारी सदन बनाने का विचार आया। ततपश्चात महिलाओं को रोजगार दिलाने और उनको काम काज के लिए स्थान उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश सरकार गांवों में महतारी सदन बनाने जा रही है। 179 महतारी सदन की स्वीकृति इसी उद्देश्य को पूर्ति के लिये जारी किया गया है। कार्यों में एकरूपता के दृष्टिकोण से पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा कार्य का एक मानक डिजाईन एवं प्राक्कलन तैयार किया गया है। प्रति महतारी सदन की लागत राशि रुपये 29.20 लाख होगी। उक्त कार्य महतारी सदन योजना के बजट से 24.70 लाख तथा स्वच्छ भारत मिशन के बजट से 4.50 लाख के अभिसरण से किया जाएगा। इसप्रकार 179 महतारी सदन हेतु 52 करोड़ 20 लाख रुपये स्वीकृत किया गया है।

5 वर्षो में सभी ग्राम पंचायतों में महतारी सदन बनाने की योजना

प्रदेश के सभी ग्राम पंचायतों में महतारी सदन बनाया जाएगा। महतारी सदन बनाने की शुरुआत हो गयी है। पहले चरण में प्रदेश के प्रत्येक विकासखंड में महतारी सदन बनना प्रारंभ किया जा रहा है व 5 साल में सभी ग्राम पंचायत में महतारी सदन बनेंगे।
प्रदेश में बनने वाले महतारी सदन का निर्माण लगभग 25 सौ वर्गफुट में कराया जाएगा। सदन में कमरा, शौचालय, बरामदा, हाल, किचन और स्टोररूम जैसी सुविधाएं रहेगी। पानी के लिए ट्यूबवेल के साथ वाटर हार्वेस्टिंग भी किया जाएगा। महिलाओं की सुरक्षा के लिए इसमे बॉउंड्रीवाल भी बनाये जाएंगे। महतारी सदन में सामुदायिक शौचालय का भी निर्माण किया जाएगा।

राजस्व मंत्री श्री वर्मा ने तिल्दा-नेवरा नगर पालिका में 44.25 लाख रुपए के निर्माण कार्याे का किया भूमिपूजन

0

राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा आज तिल्दा-नेवरा प्रवास के दौरान तिल्दा नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत 44 लाख 25 हजार रूपए की लागत से निर्मित होने वाले विकास एवं निर्माण कार्यो का भूमिपूजन किया। मंत्री श्री वर्मा ने इस मौके पर नगरपालिका तिल्दा को विकास कार्यो के लिए 75 लाख रूपए दिए जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत निनवा में 16 लाख रूपए की लागत से महतारी सदन का भी निर्माण कराया जाएगा।
मंत्री श्री वर्मा ने ग्राम निनवा में शासकीय हाई स्कूल के लिए निर्मित नवीन भवन का लोकार्पण किया। मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ को संवारने का कार्य विष्णु के सुशासन में निरंतर जारी है। उन्होंने कहा कि बुनियादी सुविधाओं के लिए अधोसंरचनाओं के निर्माण के साथ-साथ मानव सूचकांक को बेहतर करने के लिए हम सब को मिलकर काम करने की जरूरत है। उन्होंने इस मौके पर लोगों से स्वच्छता को अपनी आदत में शामिल करने तथा अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने का आह्वान किया। उन्हांेने कहा कि केन्द्र सरकार और छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा स्वच्छता कार्यक्रम को पूरी गति के साथ संचालित किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ के सभी गांव ओडीएफ हो चुके हैं। अब गांवों को ओडीएफ प्लस बनाने में हम सबको सहभागी बनना है।
राजस्व मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने इस मौके पर तिल्दा-नेवरा नगर पालिका के विभिन्न वार्डाे में 44.25 लाख रुपए से निर्मित होने वाले विभिन्न निर्माण कार्याें का भूमिपूजन किया, जिसमें आर.सी.सी.नाली और सी.सी.रोड निर्माण कार्याे का भूमिपूजन किया। मंत्री श्री वर्मा ने घासीदास भवन की साज सज्जा के लिए 10 हजार रूपए, शासकीय हाई स्कूल निनवा के सांस्कृतिक दल को 10 हजार रूपए तथा रामलीला मंडली को 25 हजार रूपए दिए जाने की घोषणा की।