Home छत्तीसगढ़ राहुल गांधी मामले में बोले सीएम बघेल- जनता तक जाएंगे, ‘भाजपा का...

राहुल गांधी मामले में बोले सीएम बघेल- जनता तक जाएंगे, ‘भाजपा का पिछड़ा वर्ग प्रेम, केवल दिखावटी’ और कुछ नहीं !

26
0

रायपुर। राहुल गांधी की संसद सदस्यता खत्म होने के मामले में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि हम जनता के बीच जाएंगे। उन्होंने कहा इस मामले में दो बाते हैं एक कानूनी और दूसरी जिसकी लड़ाई लड़नी है।

उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर हम जनता के बीच अपनी बात रखेंगे। मुख्यमंत्री बघेल ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान आरोप लगाया कि भाजपा अदाणी के मामले में मौन साधे हुए है। उसके बारे में कुछ नहीं बोल रहे हैं, बल्कि एक नया एंगल लाए हैं कि पिछड़ा वर्ग का अपमान।

भाजपा के बारे में मैं कहना चाहूंगा कि भाजपा के अध्यक्ष घड़ियाली आंसू बहाना बंद करें। सीधे-सीधे भाजपा को अदाणी के मामले में जवाब देना चाहिए। राहुल गांधी की टिप्पणी को भाजपा द्वारा अन्य पिछड़ा वर्ग का अपमान बताने के मामले में भी मुख्यमंत्री जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि भाजपा का पिछड़ा वर्ग प्रेम केवल दिखावटी है। भाजपा के अध्यक्ष घड़ियाली आंसू बहाना बंद करें।

आरक्षण को लेकर फिर भाजपा पर निशाना

मुख्यमंत्री बघेल ने आरक्षण को लेकर एक बार फिर भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि विधानसभा में हमने आरक्षण विधेयक पारित किया मगर भाजपा के दबाव में इस विधेयक पर अभी तक हस्ताक्षर नहीं हुए हैं। लाखों युवाओं का काम रोक दिया गया। शिक्षा-नौकरियों को लेकर काम रुके हुए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा गरीबों के हक की लड़ाई लड़ती आई है और भाजपा ने उनकी उपेक्षा कर अपना उल्लू सीधा किया है।

चूहा, बिल्ली तक किया संबोधित, ये मानसिकता है

मुख्यमंत्री बघेल ने पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने मेरे खिलाफ कई बयान दिए। कभी कहा कि छोटा आदमी छोटे मन से काम करता है। भानुप्रतापपुर उपचुनाव नामांकन रैली हुई थी तब चूहा, बिल्ली, कुत्ता जैसे शब्दों से संबोधित किया। यह भाजपा की मानसिकता को बताता है। उन्होंने कहा कि मैं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से कहना चाहता हूं कि वह अपनी पार्टी के उपाध्यक्ष से पूछें कि ऐसा कहा था या नहीं।

आरक्षण पर धोखा दे रही भूपेश सरकार ; साव

मुख्यमंत्री के बयान पर पलटवार करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि आरक्षण के नाम पर भूपेश बघेल सरकार ने सभी वर्गों को धोखा देने का काम किया है। पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह पर चूहा, बिल्ली जैसे बयान देने के आरोप पर साव ने कहा कि उनका बयान किसी दूसरे परिप्रेक्ष्य में था। साव ने कहा कि राहुल की सदस्यता इसलिए छिनी क्योंकि उन्होंने अन्य पिछड़ा वर्ग का अपमान किया।