Home छत्तीसगढ़ खेल गतिविधियों तथा अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में करेंगे बेहतर...

खेल गतिविधियों तथा अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में करेंगे बेहतर कार्य : विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह…

3
0

– आगामी जनवरी माह में अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता के आयोजन की तैयारी करने के दिए निर्देश

– जिले में 637 लाख रूपए की लागत से 4 लेन 800 मीटर सिथेटिंक एथलेटिक ट्रेक का किया जाएगा निर्माण

– जिले के विभिन्न संघ के प्रतिनिधियों से खेल गतिविधियों के संबंध में की गई चर्चा

– विधानसभा अध्यक्ष ने खेल गतिविधियों की समीक्षा बैठक ली

राजनांदगांव। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में खेल गतिविधियों की समीक्षा बैठक ली। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि जिले में खेल अधोसंरचना को मजबूत बनाने के लिए विशेष तौर पर कार्य किए जा रहे है। हॉकी एवं झांकी राजनांदगांव का गौरव है। महंत राजा सर्वेश्वरदास स्मृति अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन आगामी जनवरी माह में अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम राजनांदगांव में कराएंगे। उन्होंने अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता के आयोजन के लिए आवश्यक अनुमति एवं सहमति की प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की यह प्रतियोगिता अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम या दिग्विजय स्टेडियम में होगा। इसके संबंध में निर्धारित समय में होने वाली तैयारी के दृष्टिगत निर्णय लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि दिग्विजय स्टेडियम में विद्युतीकरण सहित अन्य प्रस्ताव केन्द्र एवं राज्य स्तर पर विचाराधीन है, उन पर कार्य करते हुए बेहतर कार्य करेंगे। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने जिले के विभिन्न संघ के प्रतिनिधियों से खेल गतिविधियों तथा अधोसंरचना को मजबूत करने के संबंध में चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्राप्त अतिरिक्ति सुझाव के संबंध में भी विचार किया जाएगा।

महापौर श्री मधुसूदन यादव ने कहा कि दिग्विजय स्टेडियम में विद्युतीकरण कार्य के लिए 6 करोड़ रूपए का प्रस्ताव लंबित है तथा अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम राजनांदगांव में एस्ट्रोटर्फ रिप्लेस्मेंट कार्य के लिए 9 करोड़ 20 लाख रूपए की राशि प्रशासकीय स्वीकृति हेतु लंबित है। की गई चर्चा के अनुरूप इस दिशा में हरसंभव कार्य किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि खेल के आयोजन के लिए मैदान की वैकल्पिक व्यवस्था के लिए दो मैदानों का चयन किया गया है। जिले में खेल विभाग, राजगामी संपदा, स्वेच्छा अनुदान के माध्यम से अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।

कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि खेलो इंडिया लघु सेंटर अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम राजनांदगांव में 35 बालक व 35 बालिका हॉकी खिलाड़ी प्रतिदिन प्रशिक्षण प्राप्त करते है। हॉकी नेशनल लेवल टूर्नामेंट 5 से 15 जनवरी 2026 तक प्रस्तावित किया गया है। स्टेट स्कूल मैदान राजनांदगांव में प्रतिदिन 18 बालक एवं 20 बालिका व्हॉलीबॉल खिलाड़ी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे है। अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम राजनांदगांव में 12 बालक एवं 14 बालिका तीरंदाजी खिलाड़ी प्रतिदिन प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे है। दिग्विजय स्टेडियम में बैंडमिंटन का 3 कोर्ट उपलब्ध है। जिसका नियमित अभ्यास हेतु उपयोग में लाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिले में 637 लाख रूपए की लागत से 4 लेन 800 मीटर सिथेटिंक एथलेटिक ट्रेक का निर्माण किया जाना है। उन्होंने दिग्विजय स्टेडियम में मल्टीजीम रिपेरिंग कार्य, डी ब्लॉक में हाल निर्माण, बैडमेंटन कोर्ट में सिंथेटिक फ्लोर निर्माण कार्य सहित अन्य कार्यों के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने जिले में खेल संभावनाओं के अंतर्गत बैडमिंटन एकेडमी, बाक्स क्रिकेट, स्कैटिंग रिंग का निर्माण, नवीन इंडोर स्टेडियम के निर्माण के संबंध में चर्चा की। कलेक्टर ने कहा कि जिले में बॉलीबाल एवं तीरंदाजी खेल की अच्छी संभावना है। इसके लिए विशेषज्ञ खिलाडिय़ों से प्रशिक्षण प्रदान किया जा सकता है। इस अवसर पर श्री कोमल सिंह राजपूत, श्री सचिन बघेल, श्री रमेश पटेल, श्री संतोष अग्रवाल, श्री सौरभ कोठारी, श्री रमेश डाकलिया, श्री फिरोज अंसारी, श्री भावेश बैद, पुलिस अधीक्षक श्रीमती अंकिता शर्मा, अपर कलेक्टर श्री प्रेमप्रकाश शर्मा, श्री मृणाल चौबे, दिग्विजय स्टेडियम समिति के सदस्यगण, अन्य जनप्रतिनिधि एवं खिलाड़ी, कोच, विभिन्न खेल संघ के प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिकगण उपस्थित थे।