Home छत्तीसगढ़ गलत जानकारी देकर जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के मामले में 3 गिरफ्तार,...

गलत जानकारी देकर जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के मामले में 3 गिरफ्तार, अस्पताल स्टाफ भी संलिप्त

6
0

राजनांदगांव। नगर निगम से जन्म प्रमाण पत्र बनाने के लिए गलत जानकारी देकर अवैध रूप से दत्तक ग्रहण किए गए बच्चे के मामले में तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों में कुमुद मेमोरियल हॉस्पिटल के दो महिला स्टाफ और एक पुरुष स्टाफ शामिल हैं, जिन्हें अब न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

यह मामला पूर्व में सामने आया था जब एक दंपति ने नाबालिक से जन्मे बच्चे को अवैध रूप से दत्तक ग्रहण किया और अस्पताल स्टाफ की मदद से गलत जानकारी देकर नगर निगम से जन्म प्रमाण पत्र प्राप्त किया। इस मामले में आरोपी दंपति और विधि से संघर्षरत बालक को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था। अब, इस मामले में जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर अस्पताल के तीन अन्य स्टाफ को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने बताया कि अस्पताल के स्टाफ ने जानबूझकर गलत जानकारी नगर निगम को प्रेषित की, जबकि उन्हें पता था कि यह बच्चा आरोपी दंपति का नहीं है और न ही उसकी डिलीवरी अस्पताल में हुई थी। आरोपी डॉ. विजय राज नागवंशी, जो कृष्ण हॉस्पिटल और कुमुद मेमोरियल हॉस्पिटल में RMO के रूप में कार्यरत था, के कहने पर दीपिका यादव, सैमुअल धोके और गेशु देवांगन ने जन्म प्रमाण पत्र बनाने में सहयोग किया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने जुर्म को स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस ने इस मामले की जांच तेज कर दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।