Home छत्तीसगढ़ कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने कलेक्ट्रेट परिसर का किया औचक निरीक्षण, सुधार...

कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने कलेक्ट्रेट परिसर का किया औचक निरीक्षण, सुधार के दिए निर्देश

3
0

मोहला। जिले के कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने आज कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित विभिन्न विभागीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिफ्टिंग, स्वच्छता और कार्यालयीय व्यवस्थाओं को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की और तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने विभिन्न विभागों जैसे खनिज विभाग, जनगणना कक्ष, समाज कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, निर्वाचन शाखा, स्थापना कक्ष, वृत्त शाखा, जनसंपर्क शाखा और भू-अभिलेख शाखा सहित अन्य कार्यालयों का अवलोकन किया। उन्होंने कार्यालयों के अभिलेखों के संधारण, नागरिक सुविधाओं और साफ-सफाई व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्यालय में समय पर उपस्थित होने और अपने कार्यों को जिम्मेदारी से करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि जिला कार्यालय आम नागरिकों से जुड़ा हुआ है, इसलिए यहां की व्यवस्था और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। इसके साथ ही कलेक्टर ने नए भवन में स्थित खनिज विभाग और जनगणना कक्ष का भी निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को पानी की व्यवस्था और सफाई में सुधार करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित लोक सेवा आधार केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने आधार ऑपरेटर से आधार पंजीकरण और संशोधन की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली और स्वच्छता को लेकर अपनी गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने इसके सुधार के लिए निर्देश दिए।

भू-अभिलेख शाखा का विशेष निरीक्षण, अभिलेखों के संधारण के निर्देश

इसी क्रम में कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने भू-अभिलेख शाखा के रिकॉर्ड रूम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अभिलेखों के सुरक्षित संधारण और दस्तावेजों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की बात की। कलेक्टर ने निर्देश दिया कि सभी राजस्व अभिलेखों को व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से रखा जाए ताकि आवश्यकता पड़ने पर वे तुरंत उपलब्ध हो सकें।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने रिकॉर्ड रूम की सफाई, प्रकाश व्यवस्था और वेंटिलेशन की स्थिति को भी देखा और सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे नियमित रूप से इन व्यवस्थाओं का निरीक्षण करें ताकि कोई भी समस्या उत्पन्न न हो।

इस दौरान अपर कलेक्टर श्री जीआर मरकाम और अन्य विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।