Home छत्तीसगढ़ किसानों के हक में विधायक हर्षिता का हल्ला बोल, घुमका में विशाल...

किसानों के हक में विधायक हर्षिता का हल्ला बोल, घुमका में विशाल धरना प्रदर्शन

8
0

डोंगरगढ़। भाजपा की किसान विरोधी नीतियों और धान खरीदी में आ रही अव्यवस्थाओं के खिलाफ आज घुमका में एक विशाल धरना प्रदर्शन हुआ। यह प्रदर्शन नगर पंचायत घुमका के बस स्टैंड में आयोजित किया गया, जिसमें डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने नेतृत्व किया। सैकड़ों किसान अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतरे और सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
धरना प्रदर्शन के दौरान विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने किसानों के मुद्दों को उठाया और सरकार की नाकामियों को बिंदुवार गिनाया। विधायक ने कहा कि शासन द्वारा किसानों पर जबरन रकबा समर्पण (रकबा कटौती) का दबाव डाला जा रहा हैए जिससे किसान अपने ही उत्पाद को बेचने से वंचित हो रहे हैं। इस कदम को विधायक ने किसानों की मेहनत पर प्रहार बताया और कहा कि इससे उनकी जीविका पर संकट उत्पन्न हो रहा है।
विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि धान बेचने के लिए किसानों को टोकन प्राप्त करने में भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कई सोसायटियों में पोर्टल की समस्या या अन्य कारणों से टोकन नहीं काटे जा रहे हैं। वर्तमान में धान खरीदी की समय सीमा समाप्त होने को है, जबकि किसानों का धान अब भी खलिहानों में पड़ा हुआ है। विधायक ने तत्काल धान खरीदी की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग की।
प्रदर्शन में मौजूद वक्ताओं ने भाजपा सरकार की नीतियों की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले किए गए वादे अब खोखले साबित हो रहे हैं और सरकार किसानों की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है। किसानों को राहत देने के बजाय सरकार की नीतियां उन्हें मजबूर और परेशान करने वाली साबित हो रही हैं।
विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने मंच से अपने संबोधन में कहा, आज हमारे अन्नदाता अपने हक की फसल बेचने के लिए लंबी-लंबी कतारों में खड़े हैं और सरकार कूट नीतियों के जरिए उनका रकबा काट रही है। जब तक हर किसान का एक-एक दाना धान नहीं बिक जाता और खरीदी की समय सीमा नहीं बढ़ाई जाती, हमारा संघर्ष जारी रहेगा। हम किसानों के स्वाभिमान से समझौता नहीं करेंगे।
इस प्रदर्शन ने यह स्पष्ट कर दिया कि डोंगरगढ़ के किसान अपनी हक की लड़ाई को लेकर दृढ़ संकल्पित हैं और जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होता, उनका संघर्ष जारी रहेगा।