असम में हिमंता बिस्वा सरमा की बीजेपी सरकार ने LPG और पेट्रोलियम उत्पादों की कमी की अफवाहों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी जारी की है. मामले से संबंधित अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसे किसी भी भ्रामक संदेश या दावे पर भरोसा न करें.
सरकार के अनुसार कुछ लोग या असामाजिक तत्व गलत जानकारी फैलाकर लोगों में भ्रम और घबराहट पैदा करने की कोशिश कर सकते हैं, इसलिए नागरिकों से कहा गया है कि वे ऐसी अफवाहों को न तो मानें और न ही उन्हें आगे भेजें.
अधिकारियों का कहना है कि देश में LPG, पेट्रोल, डीजल और अन्य पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति सामान्य है. किसी भी तरह की कमी की बात पूरी तरह गलत और भ्रामक है. लोगों को सलाह दी गई है कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों से मिली जानकारी पर ही भरोसा करें और सोशल मीडिया या मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर फैलने वाली अपुष्ट खबरों से सावधान रहें. अगर कोई व्यक्ति जानबूझकर ऐसी अफवाह फैलाता हुआ पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी.
भारत पहुंचा तेल से भरा जहाज
मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बीच सऊदी अरब का कच्चा तेल लेकर एक बड़ा शिप सुरक्षित रूप से मुंबई पहुंच गया है. यह जहाज खाड़ी के संवेदनशील समुद्री रास्ते होर्मुज जलडमरूमध्य को पार करके भारत तक पहुंचा है, जिससे ईंधन आपूर्ति को लेकर बनी चिंताओं में कुछ राहत मिली है. जानकारी के अनुसार लाइबेरिया के झंडे वाला तेल टैंकर शेनलोंग (Suezmax) लगभग 1,35,335 मीट्रिक टन कच्चा तेल लेकर सऊदी अरब से रवाना हुआ था. यह जहाज एथेंस स्थित कंपनी डायनाकॉम टैंकर मैनेजमेंट ऑपरेट करता है. यह जहाज ऐसे समय भारत पहुंचा है, जब मिडिल ईस्ट में युद्ध और तनाव के कारण वैश्विक तेल आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ी हुई है. खास तौर पर होर्मुज जलडमरूमध्य को दुनिया का सबसे महत्वपूर्ण तेल मार्ग माना जाता है, क्योंकि दुनिया के लगभग 20 फीसदी कच्चे तेल की सप्लाई इसी रास्ते से गुजरती है.



