त्रिस्तरीय पंचायतों के आम एवं उप चुनाव के लिए मतदान शुरू हो चुका है. त्रि-स्तरीय पंचायत निर्वाचन के अंतर्गत पंच पद के लिए कुल 1136 पद निर्धारित थे, जिनमें 385 पदों पर कोई नामांकन प्राप्त नहीं हुआ तथा 4 पदों पर नामांकन निरस्त किए गए. 640 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन संपन्न हुआ है, जबकि शेष 107 पदों पर मतदान कराया जा रहा है, जिनके लिए कुल 246 उम्मीदवार मैदान में हैं.
सरपंच पद के लिए कुल 82 पदों में से 30 पदों पर नामांकन प्राप्त नहीं हुए तथा 3 नामांकन निरस्त हुए. 15 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन संपन्न हुआ है और शेष 34 पदों पर मतदान हो रहा है. कुल 105 अभ्यर्थी चुनाव लड़ रहे हैं. इसी प्रकार जनपद सदस्य के 10 पदों पर सभी स्थानों पर सविरोध निर्वाचन होगा तथा इन पदों के लिए कुल 41 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं. नगरीय निकाय निर्वाचन के अंतर्गत पार्षद पद के कुल 71 स्थानों पर मतदान कराया जा रहा है. इन पदों के लिए कुल 221 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं.
छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग की सचिव शिखा राजपूत तिवारी ने कहा कि नगरीय निकायों के चुनाव इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के माध्यम से तथा त्रि-स्तरीय पंचायतों के चुनाव मतपेटी (बैलेट बॉक्स) के माध्यम से कराया जा रहा है.
सूरजपुर के शिवनंदनपुर में तेजी से बढ़ रहा मतदान प्रतिशत
दोपहर 1 बजे तक 63 फीसदी तक मतदान हो चुका है.पुरुष मतदाताओं का मतदान प्रतिशत 62.8 है जबकि महिला मतदाताओं ने अबतक 64.80 फीसदी मतदान कर दिया है.
कवर्धा में तेजी से बढ़ रहा है मतदान प्रतिशत, वोटरों की अभी लगी है लंबी–लंबी कतारें
कबीरधाम के मतदान केंद्रों पर वोटरों में वोट डालने को लेकर जबरदस्त उत्साह बना हुआ है. कड़ी धूप के बावजूद लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए वोटिंग सेंटर पर आ रहे हैं. महिलाएं भी बड़ी संख्या में वोट डालने आ रही हैं.
धमतरी में मतदान केंद्रों पर कड़ी धूप के बावजूद लगी वोटरों की कतारें
त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन के तहत वोटर अपने पसंद के सरपंच और पंच के लिए मतदान कर रहे हैं. मतदान प्रक्रिया दोपहर 3 बजे तक चलेगी. चुनाव बैलेट पेपर के माध्यम से कराया जा रहा है.
कबीरधाम के सहसपुर लोहारा में वोटिंग में आई तेजी
सुबह 11 बजे तक मतदान 27. 34 फीसदी तक पहुंचा. अभी भी वोटरों की भारी भीड़ मतदान केंद्रों के बाहर लाइन में खड़ी है.
जीपीएम में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी, वोटिंग को लेकर मतदाताओं में उत्साह
ग्राम पंचायत मुरमुर में सरपंच पद और भर्रीडांड में पंच पद के लिए मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं. दोनों स्थानों पर बैलेट पेपर के माध्यम से मतदान कराया जा रहा है।
कबीरधाम के सहसपुर लोहारा में मतदान में आई तेजी, मतदान केंद्र पर वोटरों की कतार हुई लंबी
सहसपुर लोहारा में मतदान करने वालों की संख्या तेजी से बढ़ती जा रही है. सुबह 9 बजे तक यहां मतदान 10. 73 फीसदी दर्ज किया गया.
सूरजपुर में मतदान केंद्र पर नजर आई लापरवाही, दिव्यांग वोटर को होना पड़ा परेशान
मतदान केंद्र पर दिव्यांग वोटर को वोट डालने के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ा. यहां तैनात पुलिसकर्मियों और परिजनों ने बुजुर्ग को पकड़कर मतदान कक्ष तक पहुंचाया. व्हीलचेयर या रैंप की व्यवस्था नहीं की गई थी.
सूरजपुर के नगर पंचायत शिवनंदनपुर में 9 बजे तक 12 फीसदी से ज्यादा मतदान दर्ज
नगर पंचायत शिवनंदनपुर में मतदान करने वालों की भीड़ बढ़ती जा रही है. राज्य निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक सुबह 9 बजे तक 12 फीसदी से ज्यादा मतदान दर्ज किया चुका है.
बालोद में मतदान के लिए वोटरों की लगी लाइन, मतदान केंद्र पर पीने के पानी का किया गया इंतजाम
पलारी नगर पंचायत में पहली बार त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव हो रहा है. 3766 मतदाता आज अपना वोट डालेंगे. सुबह से ही वोट डालने वालों की कतार मतदान केंद्र के बाहर लगी है. मतदान स्थल से 300 मीटर की दूरी के बाद चाय और नाश्ते का स्टॉल लगा है.
बैकुंठपुर जनपद पंचायत के 23 मतदान केंद्रों पर वोटिंग जारी
कोरिया जिले के बैकुंठपुर विकासखंड में त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन की प्रक्रिया जारी है. 23 मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से वोटिंग जारी है. मतदान दोपहर 3 बजे तक होगा. 8 पंच पदों और 1 जनपद पंचायत सदस्य पद के लिए कुल 24 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं. निर्वाचन में 6,639 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं.
सूरजपुर में मॉक पोल के बाद मतदान प्रक्रिया शुरू
मॉक पोल की प्रक्रिया के बाद मतदान शुरू हो चुका है. मतदान केंद्र पर महिला ओर पुरूष वोटर बड़ी संख्या में वोट डालने के लिए लाइन में खड़े हैं. यहां शाम 5 बजे तक मतदान होगा. राज्य निर्वाचन आयोग ने लोगों से बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की है. ओबीसी मुक्त अध्यक्ष पद के लिए बीजेपी कांग्रेस समेत तीन प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं. 15 वार्डो में पार्षद पद के 52 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे हैं. कुल 4 हजार 642 मतदाताओं में 2 हजार 335 पुरुष और 2 हजार 307 महिला मतदाता करेंगे मतदान.
धमतरी में सुबह 7 बजे से मतदान शुरू, वोटिंग सेंटर पर लोगों की भारी भीड़
त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन के लिए मतदान शुरू हो चुका है. सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लोगों की भारी भीड़ लाइन में खड़ी है. लोग बारी बारी से अपने वोट डाल रहे हैं. मतदान शाम 3 बजे तक चलेगा. जिले के 2 सरपंच और 20 पंच पदों के लिए मतदान जारी है.
बलौदाबाजार में त्रिस्तरीय पंचायत उप–निर्वाचन के लिए मतदान शुरू, कुकुरदी में सुबह से ही मतदाताओं की भारी भीड़
त्रिस्तरीय पंचायत उप-निर्वाचन 2026 के तहत सरपंच और पंच के रिक्त पदों को भरने के लिए सुबह 7 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. लोकतंत्र के इस उत्सव में ग्रामीण बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं. विशेषकर ग्राम पंचायत कुकुरदी से भारी उत्साह की खबरें आ रही हैं, जहां सुबह से ही लोग मतदान केंद्रों पर लंबी कतारों में लगकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं.
कवर्धा के नगर पंचायत सहसपुर लोहारा अध्यक्ष पद के उपचुनाव के लिए मतदान शुरू
कबीरधाम जिले की नगर पंचायत सहसपुर लोहारा में अध्यक्ष पद के लिए उपचुनाव का मतदान शुरू हो चुका है. अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस – भाजपा समेत 6 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं, जिनकी किस्मत का फैसला मतदाता करेंगे. नगर पंचायत अध्यक्ष स्वर्गीय संतोष मिश्रा के आकस्मिक निधन के बाद यह पद रिक्त हो गया था. इससे पहले नगर पंचायत में भाजपा का कब्जा था. उपचुनाव में भाजपा ने सरिता संतोष मिश्रा को प्रत्याशी बनाया है, जबकि कांग्रेस ने रोशन वैष्णव को मैदान में उतारा है.
पलारी नगर पंचायत के सभी 15 मतदान केंद्रों की कमान महिला अधिकारी संभाल रही हैं
बालोद के नवनिर्मित नगर पंचायत पलारी में ‘नगर पालिका आम निर्वाचन 2026’ के तहत सुबह 8 बजे से वोट डाले जाएंगे. शाम 5 बजे तक मतदान होगा. पलारी के इतिहास में यह पहला मौका है जब नगर पंचायत के सभी 15 मतदान केंद्रों पर पीठासीन अधिकारी से लेकर मतदान अधिकारी क्रमांक 1, 2 और 3 के पदों पर केवल महिला कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है. चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं. पूरे 15 मतदान केंद्रों को 2 सेक्टरों में विभाजित किया गया है. दोनों ही सेक्टरों में कानून व्यवस्था पर नजर रखने और सुचारू मतदान सुनिश्चित करने के लिए दो सेक्टर ऑफिसर तैनात किए गए हैं.
सूरजपुर के नवगठित नगर पंचायत शिवनंदनपुर में पहली बार वोट डाले जाएंगे
नवगठित नगर पंचायत शिवनंदनपुर में चुनाव को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है. नगर पंचायत के अध्यक्ष और पार्षद पदों के लिए मतदान अब से थोड़ी देर बाद शुरू होगा. मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं. नगर पंचायत शिवनंदनपुर में अध्यक्ष पद इस बार अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) मुक्त श्रेणी के लिए निर्धारित है. अध्यक्ष पद के लिए भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस सहित कुल तीन प्रत्याशी चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. वहीं नगर पंचायत के 15 वार्डों में पार्षद पद के लिए कुल 52 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं.



