Home समाचार ” कृषि क्षेत्र पर मौसम का असर” फसलों की बुवाई में गिरावट”...

” कृषि क्षेत्र पर मौसम का असर” फसलों की बुवाई में गिरावट” जलस्तर और मानसून की स्थिति…”

3
0

इस वर्ष, भारत के कृषि क्षेत्र में मौसम की दोहरी चुनौती सामने आई है। दक्षिण-पश्चिम मानसून के देर से आने और उसकी धीमी प्रगति के कारण धान समेत अन्य प्रमुख खरीफ फसलों की बुवाई में भारी कमी आई है।

कृषि मंत्रालय द्वारा जारी नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, जून के अंत तक खरीफ फसलों की कुल बुवाई 182.72 लाख हेक्टेयर तक सीमित रह गई, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि में 236.46 लाख हेक्टेयर की तुलना में 23 प्रतिशत कम है.

केवल धान ही नहीं, बल्कि दलहन, तिलहन, मोटे अनाज और कपास की बुवाई भी पिछले वर्ष की तुलना में कम हुई है। आमतौर पर, खरीफ फसलों की बुवाई जून में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगमन के साथ शुरू होती है। आंकड़ों के अनुसार, धान की बुवाई 25 जून तक 25.17 प्रतिशत घटकर 25.75 लाख हेक्टेयर रह गई, जबकि पिछले वर्ष इसी समय यह 34.41 लाख हेक्टेयर थी.

दलहनों की बुवाई 30.47 प्रतिशत घटकर 14.92 लाख हेक्टेयर रह गई, जो एक वर्ष पहले 21.46 लाख हेक्टेयर थी। तिलहनों का रकबा 53.33 प्रतिशत घटकर 16.99 लाख हेक्टेयर रह गया, जबकि पिछले वर्ष यह 36.41 लाख हेक्टेयर था. मूंगफली का रकबा 15.29 लाख हेक्टेयर से घटकर 8.87 लाख हेक्टेयर और सोयाबीन का रकबा 19.97 लाख हेक्टेयर से घटकर 6.92 लाख हेक्टेयर रह गया.

कपास की बुवाई 34.61 प्रतिशत घटकर 29.66 लाख हेक्टेयर रह गई, जबकि पिछले वर्ष यह 45.36 लाख हेक्टेयर थी। हालांकि, गन्ने का रकबा मामूली बढ़कर 57.31 लाख हेक्टेयर हो गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, खरीफ बुवाई के लिए महत्वपूर्ण दक्षिण-पश्चिम मानसून 24 जून तक सामान्य से 42 प्रतिशत कम रहा.

केंद्रीय जल आयोग की निगरानी में 166 प्रमुख जलाशयों में 25 जून तक कुल 48.405 अरब घन मीटर जल उपलब्ध था, जो उनकी पूर्ण भंडारण क्षमता का 26.37 प्रतिशत है। यह जल भंडारण पिछले वर्ष के स्तर का 73.21 प्रतिशत और सामान्य स्तर का 105.67 प्रतिशत है.