Home छत्तीसगढ़ 31 अक्टूबर तक चलेगा विशेष अभियान : मतदाता सूची में नाम जुड़वाने...

31 अक्टूबर तक चलेगा विशेष अभियान : मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और सुधार का अंतिम मौका, महापौर ने की अपील

1
0

राजनांदगांव। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। आगामी 31 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले इस अभियान के तहत मतदान केंद्रों में नाम जोड़ने, विलोपित करने और उनमें संशोधन करने का कार्य किया जा रहा है। नागरिकों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील करते हुए महापौर श्री मधुसूदन यादव ने आग्रह किया है कि सभी लोग मतदाता सूची में अपने और अपने परिवार के नामों की जांच अवश्य कर लें।

प्रत्येक बुधवार और गुरुवार को मतदान केंद्रों पर बैठेंगे बीएलओ
महापौर श्री यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि इस विशेष अभियान के तहत प्रत्येक बुधवार और गुरुवार को संबंधित मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) उपस्थित रहेंगे। नागरिक इन तिथियों पर मतदान केंद्रों में पहुंचकर मतदाता सूची में नया नाम जुड़वाने, नाम हटवाने (विलोपन) या नाम, पता व उम्र जैसी जानकारियों में संशोधन के लिए निर्धारित आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।

उन्होंने विशेष रूप से युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि जिन युवक-युवतियों की आयु 18 वर्ष पूरी हो चुकी है, वे अपना नाम अनिवार्य रूप से मतदाता सूची में दर्ज कराएं, ताकि वे आगामी सभी चुनावों में अपने मताधिकार का स्वतंत्र रूप से उपयोग कर सकें।

पार्षदों को भी दिए गए निर्देश
महापौर ने शहर के सभी पार्षदों से भी अपील की है कि वे अपने-अपने वार्डों में सक्रियता दिखाते हुए यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित न रहे। वार्ड स्तर पर पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, विलोपित करने और संशोधन का यह संपूर्ण कार्य निर्धारित तिथि 31 अक्टूबर 2026 तक हर हाल में पूरा कर लिया जाए।

प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की इस पहल का उद्देश्य यह है कि आगामी चुनावों से पहले राजनांदगांव जिले की मतदाता सूची पूरी तरह त्रुटिरहित और पारदर्शी बन सके।