राजनांदगांव। कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने मंगलवार सुबह राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम सुंदरा पहुंचकर विभिन्न विकास कार्यों और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का जमीनी जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने खसरों के भौतिक सत्यापन, पॉलिगन निर्माण, सिंथेटिक ट्रैक के कार्यों का निरीक्षण किया तथा मौके पर मौजूद श्रमिकों व ग्रामीणों से रूबरू होकर योजनाओं के फीडबैक लिए। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्यों और सर्वे में गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए।
ग्राम सुंदरा प्रवास के दौरान कलेक्टर श्री यादव ने खसरों के भौतिक सत्यापन एवं पॉलिगन निर्माण के वास्ते चल रहे सर्वे कार्य की प्रगति का बारीकी से मुआयना किया। उन्होंने मौके पर मौजूद किसानों से चर्चा कर सर्वे की प्रक्रिया की जानकारी ली। कलेक्टर ने संबंधित राजस्व अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि वे सर्वे कार्य में तेजी लाएं और इसे पूरी पारदर्शिता व गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करें।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ग्राम सुंदरा में ‘वीबी-जी राम जी योजना’ के तहत संचालित कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कार्यस्थल पर काम कर रही श्रमिक महिलाओं श्रीमती चंद्रकला और श्रीमती मनीषा से आत्मीय चर्चा की।
मजदूरी भुगतान: श्रमिकों ने कलेक्टर को बताया कि उन्हें कार्य के बदले प्रतिदिन 300 रुपये मजदूरी मिल रही है।
महतारी वंदन योजना: कलेक्टर ने महिलाओं से महतारी वंदन योजना के तहत मिलने वाली राशि और उसके उपयोग के संबंध में भी पूछताछ की। इसके साथ ही उन्होंने शासन की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से मिल रहे फायदों की भी जानकारी ली।
ग्राम सुंदरा में निर्माणाधीन सिंथेटिक ट्रैक का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने निर्माण एजेंसी और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को कड़ी हिदायत दी। उन्होंने कहा कि ट्रैक के निर्माण कार्य में तय मापदंडों के अनुरूप पूरी गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से कार्यों की मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। साथ ही, ग्रामीणों से भी अपील की कि वे विकास कार्यों की निगरानी में अपना सहयोग दें और गुणवत्ता बनाए रखने के प्रति सजग रहें।
इस निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) दुर्गा प्रसाद अधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।



