राजनांदगांव। सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत सोमवार को कलेक्टोरेट में अधिकारी-कर्मचारियों को ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने की शपथ दिलाई गई। अपर कलेक्टर प्रेम प्रकाश शर्मा ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा बनाए रखने और भ्रष्टाचार के विरुद्ध सजग रहने का संकल्प दिलाया।
26 अक्टूबर से एक नवंबर 2026 तक मनाए जा रहे सतर्कता जागरूकता सप्ताह की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ रखी गई है। इस दौरान अधिकारियों-कर्मचारियों ने जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में ईमानदारी और कानून के शासन का पालन करने की शपथ ली।
शपथ के दौरान सभी ने रिश्वत न लेने और न देने, जनहित को प्राथमिकता देते हुए कार्य करने तथा अपने दायित्वों का निर्वहन पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ करने का संकल्प लिया। साथ ही व्यक्तिगत व्यवहार में सत्यनिष्ठा का उदाहरण प्रस्तुत करने और भ्रष्टाचार के प्रति सजग रहने की प्रतिबद्धता जताई।
सतर्कता जागरूकता सप्ताह का उद्देश्य शासकीय कार्यप्रणाली में ईमानदारी को बढ़ावा देना और अधिकारियों-कर्मचारियों को उनके दायित्वों के प्रति जागरूक करना है।



