राजनांदगांव। दीपावली के पावन अवसर पर राजनांदगांव नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। निगम प्रशासन ने कर्मचारियों को त्यौहार से पहले ही अक्टूबर माह (अक्टूबर पेड नवंबर) के वेतन का पूर्ण भुगतान कर दिया है। इसके साथ ही प्लेसमेंट कर्मचारियों को दो माह का वेतन और पार्षदों को मानदेय का भुगतान भी कर दिया गया है, जिससे सभी निगम कर्मियों के घरों में खुशियों के दीपक जलेंगे।
राजस्व वसूली में वृद्धि से आसान हुआ वेतन भुगतान
नगर निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम ने बताया कि सामान्यतः राजस्व वसूली कम होने के कारण निगम कर्मचारियों को समय पर वेतन भुगतान करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। हालांकि, बीते कुछ महीनों में महापौर और निगम प्रशासन द्वारा राजस्व वसूली की लगातार समीक्षा करने और कर्मचारियों को सही मार्गदर्शन देने के परिणामस्वरूप राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
शासन अनुदान और राजस्व से हुआ भुगतान
आयुक्त ने बताया कि दीपावली त्योहार को देखते हुए शासन से प्राप्त अनुदान तथा निगम की अपनी राजस्व वसूली के आधार पर सभी नियमित अधिकारियों और कर्मचारियों का अक्टूबर माह तक का वेतन जारी कर दिया गया है।
प्लेसमेंट कर्मियों और पार्षदों को भी मिला मानदेय
महापौर के निर्देश पर निगम प्रशासन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए प्लेसमेंट कर्मचारियों को भी 2 माह का बकाया वेतन जारी कर दिया है। इसके अतिरिक्त वर्तमान पार्षदों को 2 माह का मानदेय तथा पूर्व पार्षदों को 1 माह का मानदेय भुगतान कर दिया गया है। त्योहार से ठीक पहले वेतन और मानदेय का भुगतान हो जाने से निगम कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों में हर्ष का माहौल है।


