राजनांदगांव। राजनांदगांव जिले में दीपावली पर्व के मद्देनजर पुलिस ने अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में थाना छुरिया पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए जुआ खेल रहे 6 आरोपियों को रंगे हाथों धर दबोचा। पुलिस ने आरोपियों के पास से नगदी, मोबाइल फोन और ताश की गड्डी समेत कुल 45,520 रुपये की सामग्री जब्त की है।
कच्चे रास्ते में चल रहा था जुए का फड़
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के दिशा-निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और एसडीओपी डोंगरगढ़ केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई है। थाना छुरिया पुलिस क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग कर अवैध गतिविधियों पर नजर रख रही है।
इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम भोलापुर से दीवानटोला जाने वाले कच्चे रास्ते पर कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की।
लाखों-हजारों का माल जब्त, मामला दर्ज
पुलिस ने मौके से 6 जुआरियों को ताश के 52 पत्तों के साथ ‘काटपत्ती’ खेल रहे पकड़ा। आरोपियों के पास से फड़ और तलाशी के दौरान कुल 2,520 रुपये नगद, 5 नग मोबाइल फोन (कीमत करीब 43,000 रुपये), ताश के 52 पत्ते और बैठने के लिए उपयोग की गई 2 प्लास्टिक बोरियां बरामद की गईं। कुल जप्त मशरूका की कीमत 45,520 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 204/2026, धारा 3(2) छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
लक्की पांडे (26 वर्ष) निवासी ग्राम भोलापुर
खुमन लाल देवांगन (30 वर्ष) निवासी ग्राम भोलापुर
शिवा कुमार साहू (36 वर्ष) निवासी ग्राम भोलापुर
जनक लाल साहू (32 वर्ष) निवासी ग्राम झालाटोला
शैलेन्द्र साहू (26 वर्ष) निवासी ग्राम बेलरगोंदी
मनोज यादव (29 वर्ष) निवासी ग्राम भोलापुर
सराहनीय भूमिका:
इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने में थाना प्रभारी निरीक्षक हरिनाथ रावत, प्रधान आरक्षक मनोज साहू, आरक्षक फुलेंद्र राजपूत, टिकेश्वर सिंह, असवन वर्मा और अर्जुन सिंह की सराहनीय भूमिका रही।



