राजनांदगांव। वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के तहत प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर शहर जिला कांग्रेस कमेटी एवं दक्षिण ब्लाक कांग्रेस कमेटी के मार्गदर्शन में कैलाश नगर मंडल कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में बुधवार को रामनगर में जन चौपाल का आयोजन किया गया। इसमें कांग्रेस पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने मताधिकार की रक्षा तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए एकजुट होकर आवाज बुलंद की।
जन चौपाल को संबोधित करते हुए शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत जनता का वोट है। इसी वोट के आधार पर सरकारें बनती हैं और सत्ता का भविष्य तय होता है। यदि मतदाता के इसी अधिकार के साथ छेड़छाड़ होती है तो यह केवल किसी राजनीतिक दल का नुकसान नहीं, बल्कि लोकतंत्र की बुनियाद पर हमला है। कांग्रेस इस अधिकार की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे केवल राजनीतिक बयानबाजी तक सीमित न रहें, बल्कि घर-घर पहुंचकर लोगों को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करें। मतदाता सूची की जांच कराएं और किसी भी तरह की गड़बड़ी सामने आने पर संगठित होकर आवाज उठाएं। मुदलियार ने कहा कि वोट बचाना केवल कांग्रेस का राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का अभियान है। जब मतदाता का अधिकार सुरक्षित रहेगा, तभी लोकतंत्र मजबूत रहेगा। कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता इस अभियान को जन आंदोलन बनाने के संकल्प के साथ मैदान में उतरे। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में अन्य मंडलों में भी चौपाल के आयोजन किए जाएंगे।
जन चौपाल में लक्ष्मण साहू ने अभियान के उद्देश्यों और संगठन की भूमिका पर विचार रखे। राजेश चौहान ने कैलाश नगर मंडल में अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं से सक्रिय भागीदारी की अपील की। उपस्थित पदाधिकारियों ने मतदाताओं को जागरूक करने और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर जनसंपर्क करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष रमेश राठौर , कुलबीर सिंह छाबड़ा , राकेश जोशी ,अम्मी हुड्डा , अशोक पंजवानी , सूर्यकांत जैन , मामराज अग्रवाल , झमन देवांगन , लक्ष्मण साहू , चेतन भानुशाली , चंद्र शेखर वैष्णव , राजेश चौहान , अंकेश बाफना , शकील रिजवी, भारत सोनी , डॉ राकेश कुमार , बंटी यादव , विशु अजमानी , जय जयसवाल , गोलू नायक , निहाल ख़ान , शाहीन कुरैशी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसीजन उपस्थित थे।



