Home छत्तीसगढ़ ग्राम पटोरा में सांसद कबड्डी प्रतियोगिता का आगाज : डॉ. हेमशंकर जेठमल...

ग्राम पटोरा में सांसद कबड्डी प्रतियोगिता का आगाज : डॉ. हेमशंकर जेठमल साहू बोले– ‘ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का बेहतरीन जरिया हैं खेल’

2
0

राजनांदगांव। छुरिया ब्लॉक के ग्राम पटोरा में सांसद प्रतिनिधि कैलाश शर्मा के मार्गदर्शन में तीन दिवसीय सांसद कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता को लेकर क्षेत्र के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में जबर्दस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंची टीमों ने मैदान पर उतरकर अपनी खेल प्रतिभा और दमखम का शानदार प्रदर्शन किया।

आयोजन समिति के प्रमुख राजेश साहू के विशेष आमंत्रण पर ALVA फाउंडेशन के चेयरमैन डॉ. हेमशंकर जेठमल साहू इस गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। आयोजन समिति की ओर से उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. हेमशंकर जेठमल साहू ने कहा कि कबड्डी हमारी समृद्ध पारंपरिक खेल संस्कृति का एक अहम हिस्सा है। इस तरह के आयोजन ग्रामीण अंचल की छिपी हुई प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें आगे बढ़ने का सुनहरा अवसर प्रदान करते हैं। खेलों से युवाओं के जीवन में अनुशासन, टीम भावना, आपसी भाईचारा और नेतृत्व जैसे गुणों का विकास होता है।

डॉ. साहू ने आगे कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन होना बेहद सराहनीय पहल है। आज के समय में युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी निभानी चाहिए। यदि गांवों की इन छिपी प्रतिभाओं को उचित मंच और प्रोत्साहन मिले, तो वे अपनी काबिलियत के दम पर जिला, प्रदेश ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी अनूठी पहचान बना सकती हैं।

इस दौरान डॉ. साहू ने सांसद प्रतिनिधि कैलाश शर्मा के मार्गदर्शन और आयोजन समिति प्रमुख राजेश साहू सहित समस्त समिति सदस्यों के प्रयासों की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने सफल आयोजन के लिए सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा मैदान पर पसीना बहा रहे खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य जनप्रतिनिधिगण, आयोजन समिति के तमाम सदस्य, बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, ग्रामीणजन और युवा वर्ग उपस्थित रहा।