राजनांदगांव। लोक आस्था के महापर्व छठ के तीसरे दिन रविवार को शहर के मोती तालाब और चिखली तालाब घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। व्रती महिलाओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। घाटों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। शाम 4 बजे से ही सिर पर पूजा सामग्री लेकर व्रती महिलाओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था।
महिलाओं ने सूप और दउरा में पारंपरिक प्रसाद सजाकर कमर तक पानी में खड़े होकर सूर्यदेव को सांध्य अर्घ्य दिया। घाटों पर छठी मईया के गीत गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने आतिशबाजी भी की। कई परिवारों ने घरों की छत और तालाबों में पहुंचकर सूर्यदेव को अर्घ्य दिया। व्रतियों ने छठी मईया और सूर्यदेव से परिवार की सुख-समृद्धि, संतान के सौभाग्य और मंगल की कामना की।
**गीत गाते हुए घाट पहुंचे श्रद्धालु**
घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों पर भी भक्ति का माहौल नजर आया। महिलाएं छठ के पारंपरिक गीत गाते हुए पूजा सामग्री लेकर पहुंचीं। वहीं युवक-युवतियां घाटों की सजावट और व्यवस्थाओं में जुटे रहे। पूरे आयोजन में उत्तर भारतीय समाज की परंपरा और सामूहिक आस्था की झलक देखने को मिली।
**ठेकुआ और फलों से सजाए सूप-दउरा**
छठ पर्व में शुद्धता और आत्मअनुशासन का विशेष महत्व है। व्रती महिलाएं निर्जला व्रत रखकर पूजा-अर्चना करती हैं। प्रसाद के रूप में ठेकुआ, चावल और घी के लड्डू, गन्ना, केला, अमरूद, नींबू, नारियल और सेब को बांस की टोकरी, सूप और दउरा में सजाया गया। गेहूं, शुद्ध घी और शक्कर से तैयार ठेकुआ पर्व का प्रमुख प्रसाद है। घरों में छठ गीतों के बीच प्रसाद बनाने की तैयारी भी चलती रही।
सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इसके साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा।



