मोहला। जिला मुख्यालय के मिनी स्टेडियम में जनजातीय गौरव दिवस पर जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। इसमें स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी और भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान और राजकीय गीत का सामूहिक गायन किया गया।
मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, साहस और मातृभूमि के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनजातीय समाज की शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आवास और आजीविका संवर्धन के लिए काम कर रही है। युवाओं को शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़कर प्रदेश के विकास में योगदान देना चाहिए।
जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस सांस्कृतिक पहचान और महापुरुषों के योगदान को याद करने का अवसर है। समारोह में पारंपरिक नृत्य और लोकगीतों की प्रस्तुतियां दी गईं। समाज के उत्थान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और जनजातीय समाज के प्रमुखों को सम्मानित किया गया। शहीद परिवारों को शाल-श्रीफल भेंटकर अभिनंदन किया गया। वहीं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्कूली विद्यार्थियों का भी सम्मान हुआ।
*स्टॉलों का किया निरीक्षण*
मंत्री यादव ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का प्रचार-प्रसार बढ़ाने और पात्र हितग्राहियों को समय पर शत-प्रतिशत लाभ दिलाने के निर्देश दिए। इस दौरान कई हितग्राहियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ दिया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष भोजेश शाह मंडावी, जिला पंचायत सदस्य, जिला भाजपा अध्यक्ष दिलीप वर्मा, कलेक्टर तनुजा सलाम, एसएसपी यशपाल सिंह, डीएफओ अभिनव कुमार, जिला पंचायत सीईओ उज्ज्वल पोरवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।



