Home छत्तीसगढ़ राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज ले जाते वक्त रास्ते में गूंजी किलकारी, एंबुलेंस में...

राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज ले जाते वक्त रास्ते में गूंजी किलकारी, एंबुलेंस में महिला ने दिया बेटे को जन्म

2
0

छुईखदान। आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की तत्परता और कर्मचारियों की सूझबूझ का एक सराहनीय मामला सामने आया है। पिपरिया निवासी 28 वर्षीय गर्भवती महिला नेहा कोठले (पति मायाराम) को मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव ले जाते समय रास्ते में ही एंबुलेंस के भीतर एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया। प्रसव के बाद मां और नवजात शिशु दोनों पूरी तरह स्वस्थ बताए जा रहे हैं।

खैरागढ़ से आगे बढ़ी प्रसव पीड़ा
जानकारी के अनुसार, गर्भवती नेहा कोठले को पिपरिया उपस्वास्थ्य केंद्र से बेहतर उपचार और प्रसव के लिए मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव रेफर किया गया था। एंबुलेंस से उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था, तभी खैरागढ़ से आगे निकलने पर महिला की प्रसव पीड़ा अचानक तेज हो गई।

डॉक्टरों के मार्गदर्शन में सुरक्षित प्रसव
स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए एंबुलेंस टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला। शाम 7 बजकर 10 मिनट पर महिला का सुरक्षित प्रसव कराया गया और उसने बेटे को जन्म दिया। इसमें ईएमटी चंद्रकला, पायलट धर्मेंद्र सिंह राजपूत और जीएनएम किरण कौशिक की अहम भूमिका रही। वहीं आरएमओ डॉ. मनीषा साहू और ईआरसीपी डॉ. नितेंद्र के मार्गदर्शन में जरूरी चिकित्सकीय परामर्श व प्रसवोत्तर देखभाल सुनिश्चित की गई।

परिजनों ने ली राहत की सांस
जच्चा और बच्चा दोनों के स्वस्थ होने की खबर मिलते ही परिजनों ने राहत की सांस ली। विषम परिस्थिति में कर्मचारियों की तत्परता और मानवीय संवेदना की लोगों ने सराहना की है। यह घटना दिखाती है कि संकट की घड़ी में एंबुलेंस सेवा मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के साथ-साथ जीवनरक्षक की भूमिका भी निभा रही है।