राजनांदगांव। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्थित रूप से जारी है। जिले के सभी 122 धान उपार्जन केन्द्रों में खरीदी के सात दिनों में कुल 7,836 किसानों से 29,820.48 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। वहीं अवैध धान के भंडारण और परिवहन पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई भी लगातार जारी है।
खाद्य विभाग के अनुसार, सोमवार 23 नवंबर 2026 को 122 उपार्जन केन्द्रों के लिए 1,549 टोकन जारी किए गए थे, जिनके माध्यम से 6,761.11 मीट्रिक टन धान विक्रय के लिए पंजीकृत था। इनमें से 1,430 किसानों ने केन्द्रों में पहुंचकर 5,782.36 मीट्रिक टन धान बेचा, जो टोकन प्राप्त किसानों का 92.32 प्रतिशत है। आगामी खरीदी दिवस 25 नवंबर के लिए 122 केन्द्रों में 1,726 टोकन जारी किए गए हैं, जिनसे 7,350.80 मीट्रिक टन धान विक्रय के लिए पंजीकृत है। ऑनलाइन टोकन व्यवस्था से किसानों को सहूलियत मिल रही है और प्रशासन द्वारा केन्द्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं व नियमित निगरानी की जा रही है।
अवैध धान पर सख्त कार्रवाई
धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग का संयुक्त अमला अवैध धान के भंडारण व परिवहन पर नजर रखे हुए है। 23 नवंबर को मंडी डोंगरगढ़ ने दो प्रकरणों में 120 कट्टा (48 क्विंटल) धान जब्त किया—जिसमें ग्राम बेलगांव से 60 कट्टा (24 क्विंटल) और डोंगरगढ़ से 60 कट्टा (24 क्विंटल) धान शामिल है। यह कार्रवाई लाइसेंस की निर्धारित सीमा से अधिक संग्रहण और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर की गई।
21 नवंबर तक जिले में 29 प्रकरणों में 2,807.50 क्विंटल धान (6,615 कट्टा) व 3 वाहन जब्त किए गए थे। आज की कार्रवाई को मिलाकर अब तक 31 प्रकरणों में 2,855.50 क्विंटल धान (6,735 कट्टा) और 3 वाहन जब्त किए जा चुके हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अवैध धान के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


