डोंगरगढ़। भोंथली रोड स्थित धान मंडी गेट के पास अवैध रूप से शराब बेच रहे एक व्यक्ति को डोंगरगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से देशी शराब के 28 और व्हिस्की के 4 पौवा, कुल 32 पौवा जब्त किए गए। जब्त शराब की मात्रा 5.760 बल्क लीटर और कीमत 2,720 रुपए बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, 26 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि धान मंडी गेट के पास एक व्यक्ति शराब रखकर बिक्री कर रहा है। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर भवानी प्रसाद सिन्हा (37), निवासी सेंदरी वार्ड नंबर 12, डोंगरगढ़ को पकड़ा। तलाशी में उसके पास से शोले प्लेन देशी मदिरा के 28 पौवा (5.040 बल्क लीटर), कीमत 2,240 रुपए और जम्मू स्पेशल व्हिस्की के 4 पौवा (0.720 बल्क लीटर), कीमत 480 रुपए बरामद हुए।
आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 698/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
यह कार्रवाई एसपी अंकिता शर्मा के निर्देश, एएसपी कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और एसडीओपी केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक रामेश्वर प्रसाद देशमुख के नेतृत्व वाली टीम में प्रशिक्षु उप निरीक्षक मोतीलाल बुडेक और आरक्षक अविलेश शामिल थे। पुलिस ने अवैध शराब बिक्री सहित अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।



