Home Blog Page 1093

INDIA Alliance: पंजाब में नहीं होगा गठबंधन, AAP-कांग्रेस के बीच दिल्ली में बनी सहमति

0

लोकसभा चुनाव के लिए पांच राज्यों में सीट शेयरिंग को लेकर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच बैठक हुई। यह बैठक बेनतीजा रही। लेकिन दोनों दलों के नेताओं ने कहा कि चर्चा बहुत अच्छी रही।

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा ने कांग्रेस पदाधिकारी मुकुल वासनिक के आवास पर बैठक में भाग लेने के बाद कहा, “गठबंधन पर चर्चा बहुत अच्छी चल रही है, लेकिन गठबंधन की बातचीत की हर बिंदू पर टिप्पणी नहीं की जा सकती है।”

कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दोनों ही विपक्ष के इंडिया गठबंधन के घटक हैं। आप के दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने पहले कहा था कि दोनों पार्टियां दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, गुजरात और गोवा में सीट बंटवारे पर चर्चा कर रही हैं। हालांकि, सूत्रों ने कहा कि पंजाब में कांग्रेस और आप के बीच सीटों का बंटवारा नहीं होगा और दोनों पार्टियां इस बात पर सहमत हो गई हैं। कांग्रेस के नेताओं ने कहा है कि दोनों दलों के बीच बातचीत पटरी पर है।

कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने कहा, “हमने हर चीज पर चर्चा की है। हमारे बीच बहुत अच्छी केमिस्ट्री है और हमने खुले दिल से एक-दूसरे को साझा किया है। हमने वह सब कुछ साझा किया जिसके बारे में हमें विश्वास था कि इससे हमारा बंधन मजबूत होगा।”उन्होंने कहा कि यह एक अद्भुत बैठक थी और हम अपनी उम्मीदों से कहीं आगे बढ़े।

सीट शेयरिंग पर दोनों दलों के नेताओं के बीच यह दूसरे दौर की चर्चा थी। आम आदमी पार्टी की ओर से राघव चड्ढा के साथ मंत्री आतिशी और सौरभ भारद्वाज, आप के संगठनात्मक सचिव और राज्यसभा सदस्य संदीप पाठक भी शामिल हुए। पहले पहली बैठक में भी यही नेता शामिल हुए थे। बैठक में सलमान खुर्शीद और मुकुल वासनिक के अलावा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली और कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

भरी ठंड में घने कोहरे को लेकर रेड अलर्ट, कई इलाकों में बारिश के आसार; जानें आज का मौसम

0

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा कि आने वाले दिनों में पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और राजस्थान के कई हिस्सों में ठंड से अत्यधिक ठंड की स्थिति बरकरार रह सकती है।

अगले तीन से चार दिनों तक उत्तर पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में सुबह बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। मालूम हो कि दृश्यता जब शून्य से 50 मीटर के बीच हो तो बहुत घना कोहरा, 51 से 200 मीटर के बीच घना कोहरा, 201 से 500 मीटर के बीच मध्यम और 501 से 1,000 मीटर के बीच हल्का कोहरा होता है।

30-31 दिसंबर से ही उत्तर भारत के कई हिस्सों में कड़ाके की सर्दी का दौर जारी है। उत्तरी मैदानी इलाकों में शनिवार सुबह से कोहरे की परत छाई है। इससे दृश्यता कम हो गई और यातायात प्रभावित हुआ है।

भारतीय रेल के एक प्रवक्ता ने बताया कि कोहरे के कारण शुक्रवार को दिल्ली आने वाली 23 रेलगाड़ियां प्रभावित हुईं। दिल्ली में शीतलहर का प्रकोप जारी है। प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला ने राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो इस मौसम का सबसे कम तापमान रहा। राजधानी में अधिकतम तापमान 19.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी के लोगों को आज भी ठंड से राहत नहीं मिलने वाली है।

दिल्ली-NCR, यूपी में बर्फीली हवाओं से बढ़ी कंपकपी
बर्फीली हवाओं ने लोगों की कंपकपी और ज्यादा बढ़ा दी है। सर्द हवाएं दिल्ली-एनसीआर के लेकर यूपी के पूर्वांचल तक महसूस की जा रही हैं। यह जरूर है कि दिन में बादल छाए रहने से रात का तापमान कुछ बढ़ जाता है। राजस्थान, पंजाब, हरियाणा समेत कई इलाकों में लोग गलन महसूस कर रहे हैं जहां न्यूनतम तापमान शून्य के करीब पहुंचता दिखा। अमृतसर में पारा 1.4 और बठिंडा में 2 डिग्री सेल्सियस रहा। हरियाणा के नारनौल में 2.2, हिसार में 2.6 और झज्जर में 3.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। राजस्थान के माउंड आबू में तो शुक्रवार को न्यूनतम तापमान माइनस 1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। पंजाब के अलग-अलग इलाकों को लेकर आज कोहरे का रेड अलर्ड जारी है। यहां अगले तीन दिन के लिए कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है।

उत्तराखंड भीषण ठंड की चपेट में, कोहरे को लेकर अलर्ट
देहरादून सहित उत्तराखंड के अन्य पहाड़ी इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई जिससे पूरा प्रदेश भीषण ठंड की चपेट में आ गया। जबरदस्त ठंड से बढ़ी ठिठुरन के बीच मौसम विभाग ने कहा कि प्रदेश में शीतलहर की स्थिति अगले कुछ दिन अभी बनी रहेगी। देहरादून में दिन का अधिकतम तापमान में शुक्रवार को 6.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई और यह 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। देहरादून में आज सुबह धुंध छायी हुई है। कल दिन भर धूप का लुका-छिपी का खेल चलता रहा। प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में ठंडी हवाएं चलती रहीं और शीतलहर के चलते लोग घरों में दुबकने पर मजबूर हो गए। मौसम विभाग ने 16 जनवरी तक राज्य के हरिद्ववार, उधमसिंह नगर, देहरादून, पौड़ी और नैनीताल जिलों के मैदानी क्षेत्रों में शीत लहर व घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है। उधमसिंह नगर व हरिद्वार जिलों में शनिवार के लिए प्रचंड शीतलहर और घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी है।

हिमाचल में बारिश-बर्फबारी के आसार
हिमाचल प्रदेश के मध्य व उच्च पर्वतीय कई भागों में अगले 2 दिन बारिश-बर्फबारी की संभावना है। मैदानी क्षेत्रों में 14 जनवरी तक कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 16-17 जनवरी को प्रदेश के मध्य व उच्च पर्वतीय कुछ स्थानों पर बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है। आज भी उच्च पर्वतीय एक-दो स्थानों पर बारिश-बर्फबारी हो सकती है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम में यह बदलाव आने की संभावना है। आज सुबह से कई क्षेत्रों में कोहरे की वजह से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। घना कोहरा पड़ने से मौसम में ठंडक बढ़ गई है। विजिबिलिटी कम होने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। सुबह और शाम के समय जिला में लोग भी घरों से बाहर कम ही निकल रहे हैं।

शराब घोटाले में ED ने अरविंद केजरीवाल, 18 को पूछताछ के लिए बुलाया

0

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली के कथित शराब घोटाला मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल को 18 जनवरी को पूछताछ के लिए बुलाया है।

एजेंसी ने कहा है कि वह नीति के निर्माण, इसे अंतिम रूप देने से पहले हुई बैठकों और रिश्वतखोरी के आरोपों पर केजरीवाल से पूछताछ करना चाहती है।

केजरीवाल एजेंसी के साथ सहयोग करने के लिए तैयार हैं, लेकिन दावा किया कि समन उन्हें गिरफ्तार करने के इरादे से भेजे गए हैं। ‘आप’ ने कहा कि चुनाव से ठीक पहले नोटिस क्यों भेजा गया है? नोटिस केजरीवाल को चुनाव प्रचार करने से रोकने का एक प्रयास है।

आम आदमी पार्टी ने कहा कि ऐसे समय में जब लोकसभा चुनाव नजदीक हैं, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अरविंद केजरीवाल को चुनाव प्रचार करने से रोकने और उन्हें जेल में डालने के लिए ईडी का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा ईडी से स्पष्टीकरण मांगने के बावजूद कि केजरीवाल को किस हैसियत से बुलाया जा रहा है। ‘आप’ ने कहा था कि दिल्ली के मुख्यमंत्री न तो आरोपी हैं और न ही गवाह हैं।

‘आप’ ने कहा था लगभग एक साल से मनीष सिसोदिया जेल में हैं और ईडी ने अभी तक उनके खिलाफ कोई सबूत नहीं जुटाया है और अब वह अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करना चाहते हैं। उन्होंने भाजपा पर एजेंसियों का उपयोग करके विपक्ष को निशाना बनाने और भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना कर रहे अपने नेताओं के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया था।

आरबीआई महंगाई को लेकर क्या कदम उठाता है?

0

दिसंबर महीने में खुदरा मंहगाई दर चार महीनों के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, दिसंबर में खुदरा महंगाई दर 5.69 प्रतिशत रही। नवंबर में खुदरा महंगाई दर 5.5 प्रतिशत थी।

अक्टूबर में महंगाई 4.87 प्रतिशत थी। लगातार चौथे महीने महंगाई बढ़ने से आरबीआई की टेंशन बढ़ सकती है। आने वाले समय में आरबीआई महंगाई पर अंकुश लगाने के लिए रेपो रेट में बढ़ोतरी कर सकती है। हालांकि, महंगाई दर आरबीआई के आंकड़ों के नीचे ही है।

लेकिन आने वाले समय में देखना होगा कि आरबीआई महंगाई को लेकर क्या कदम उठाता है? खाद्य वस्तुओं की महंगाई दर नवंबर महीने में बढ़कर 8.7 प्रतिशत रही जो अक्टूबर में 6.61 प्रतिशत और पिछले साल नवंबर में 4.67 प्रतिशत थी। उपभोक्ता मूल्य सूचकांक में खाद्य वस्तुओं की हिस्सेदारी करीब 50 प्रतिशत है। मसालों की महंगाई में सालाना आधार पर 21.55 प्रतिशत की वृद्धि हुई। इसके अलावा दाल और उसके उत्पादों में 20.23 प्रतिशत, सब्जियों में 17.7 प्रतिशत और फलों की महंगाई में 10.95 प्रतिशत की वृद्धि हुई। अनाज और उसके उत्पादों की महंगाई सालाना आधार पर 10.27 प्रतिशत रही। हालांकि, तेल और वसा के खुदरा दाम में 15 प्रतिशत की गिरावट आई।

छत्तीसगढ़ : केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह तीन दिवसीय दौरा राज्य के ग्रामीण विकास, भूमि संसाधन एवं पंचायती राज अधिकारियों के साथ बैठक

0

केन्द्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर कल, 13 जनवरी, 2024 को नियमित विमान सेवा से दोपहर 12.00 बजे रायपुर आ रहे हैं।

अपने तीन दिवसीय यात्रा के पहले दिन 13 जनवरी को दोपहर 12.30 बजे, न्यू सर्किट हाऊस, सिविल लाइन्स, रायपुर में राज्य के ग्रामीण विकास, भूमि संसाधन एवं पंचायती राज अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।

इस बैठक के बाद केन्द्रीय मंत्री, सड़क मार्ग द्वारा रायपुर से एनटीपीसी गेस्ट हाऊस, कोरबा के लिए रवाना होंगे । कोरबा पहुंचने के बाद शाम 06.00 बजे श्री सिंह, जिला प्रशासन के ग्रामीण विकास, भूमि संसाधन एवं पंचायती राज अधिकारियों के साथ बैठक में शामिल होंगे । केन्द्रीय मंत्री रात्रि विश्राम एनटीपीसी गेस्ट हाऊस, कोरबा में करेंगे ।

केन्द्रीय मंत्री, छत्तीसगढ़ प्रवास के दूसरे दिन, 14 जनवरी को सुबह 10.00 बजे स्थानीय मंदिर में आयोजित स्वच्छता अभियान में शामिल होंगे और इसके बाद सुबह 11.00 बजे ग्राम ढोंगदरहा, विकासखण्ड कोरबा में और दोपहर 02.15 बजे ग्राम रंजना, विकासखण्ड, कटघोरा के विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम में शामिल होंगे । केन्द्रीय मंत्री रात्रि विश्राम एनटीपीसी गेस्ट हाऊस, कोरबा में करेंगे।

केन्द्रीय मंत्री, अपनी यात्रा के तीसरे दिन, 15 जनवरी को एकलव्य आदर्श विद्यालय, छुरीकला, विकासखण्ड, कोरबा में आयोजित पीएम जनमन योजना कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे, इस योजना का शुभारम्भ विडियो कांफ्रेस के माध्यम से प्रधानमंत्री, नरेन्द्र मोदी करेंगे। इस कार्यक्रम के पश्चात् केन्द्रीय मंत्री सड़क मार्ग द्वारा दोपहर 01.30 बजे कोरबा से रायपुर विमातल के लिए रवाना होंगे और रात्रि 08.25 बजे रायपुर से नियमित विमान सेवा द्वारा नई दिल्ली प्रस्थान करेंगे।

छत्तीसगढ़ : राजधानी रायपुर के कोटा स्थित विवेकानंद स्टेडियम में खेल विभाग के अधिकारी कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित…

0

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री टंक राम वर्मा ने युवाओं के साथ राजधानी रायपुर के कोटा स्थित विवेकानंद स्टेडियम में शुक्रवार को युवा दिवस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रेरणास्पद संबोधन को वर्चअली सुना।

प्रधानमंत्री मोदी महाराष्ट्र के नासिक में आयोजित राष्ट्रीय युवा दिवस कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर संचालक खेल श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा खेल विभाग के अधिकारी कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि स्वामी विवेकानंद की जयंती 12 जनवरी को देशभर में युवा दिवस के रूप में मनाई जाती है।

Weather Update: भारत में पड़ रही कड़ाके की सर्दी के साथ साथ कई हिस्सों में बारिश

0

Weather Update: बीते कई दिनों से उत्तर भारत में पड़ रही कड़ाके की सर्दी के साथ साथ कई हिस्सों में बारिश जारी है. बीते 24 घंटे की अगर हम बात करें तो इस दौरान तमिलनाडु, केरल, लक्षद्वीप, मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ और मध्य प्रदेश और सिक्किम के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई है.

बारिश के साथ साथ देश के कई हिस्सों में चारों तरफ घना से लेकर बुत घना कोहरा देखने को मिला है. गुरुवार को पंजाब, पश्चिम उत्तर प्रदेश और त्रिपुरा के कई हिस्सों में बहुत घना कोहरा देखने को मिला तो वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश, जम्मू संभाग, हरियाणा, दिल्ली, पूर्वी मध्य प्रदेश, बिहार और असम के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा है.

कड़ाके की सर्दी के बीच पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में गुरुवार को कोल्ड डे से लेकर सीवियर कोल्ड डे की स्थिति रही तो वहीं, दिल्ली और उत्तरी राजस्थान में एक-दो स्थानों पर कोल्ड डे की स्थिति रही.

निजी वेदर फोरकास्ट एजेंसी स्काईमेट के हवाले से खबर है कि आज दक्षिणी तमिलनाडु और लक्षद्वीप में एक या दो स्थान पर हल्की बारिश देखने को मिल सकती है. इसके अलावा उत्तरी राजस्थान में कुछ स्थानों पर आज सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, असम, मेघालय, मिजोरम, त्रिपुरा, जम्मू संभाग, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तरी मध्य प्रदेश, ओडिशा, बिहार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है.

लोकसभा चुनाव 2024 : सीट शेयरिंग को लेकर AAP और कांग्रेस के बीच अहम बैठक

0

आगामी 2024 लोकसभा चुनाव के मद्देनजर AAP और कांग्रेस पार्टी के बीच सीट शेयरिंग फार्मूला को लेकर बातचीत का दौर जारी है. एक दौर की बातचीत के बाद आज दूसरे दौर की बातचीत होनी है.

दोनों दल के बीच चर्चा के दौरान पंजाब, गोवा, हरियाणा में सीट शेयरिंग के फॉर्मूले को लेकर चर्चा की जाएगी.

मिल रही जानकारी के मुताबिक AAP की नजर हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों में से कम से कम आधी यानी पांच सीटों पर चुनाव लड़ने पर है, जिनमें ज्यादातर पंजाब की सीमा से लगती हैं. हरियाणा में AAP का यह प्रस्ताव कांग्रेस पार्टी के लिए गले की फांस बना हुआ है. पिछले 2019 लोकसभा चुनाव में AAP के खराब प्रदर्शन को देखते हुए कांग्रेस हरियाणा में पांच सीट AAP को देने की उत्सुक नहीं है.

सूत्रों से मिल रही जानकारी के मुताबिक AAP ने गुजरात में 1, हरियाणा में 5 और गोवा में 1, दिल्ली में 4, पंजाब में 6 लोकसभा सीट की मांग की है. कांग्रेस पार्टी उत्तर पूर्वी दिल्ली, चांदनी चौक और नयी दिल्ली संसदीय सीट पर चुनाव लड़ने को इच्छुक है. ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि दिल्ली समेत तमाम राज्यों में कांग्रेस और AAP के बीच गठबंधन की कैसी तस्वीर उभर के सामने आती है.

इंडिया गठबंधन को जिन चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है, उनमें सीट शेयरिंग फॉर्मूले के साथ-साथ पीएम के चेहरे पर विपक्षी दलों को भरोसे में लेते हुए सर्वानुमती बनाना है. बीते दिनों इंडिया गठबंधन की चौथी बैठक में मल्लिकार्जुन खरगे का नाम प्रस्तावित किया गया. सीएम ममता बनर्जी और केजरीवाल की तरफ से पीएम चेहरे के तौर पर नाम प्रस्तावित किये जाने के बाद खड़गे ने साफ तौर पर इंकार करते हुए बड़ा सियासी दांव चला है. अब देखना यह दिलचस्प होता जा रहा है कि इंडिया गठबंधन किसी रणनीति के साथ आगे बढ़ती है.

Ram Mandir: कांग्रेस ने ठुकराया राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा का न्योता भड़के पार्टी नेता

0

Ram Mandir। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे और अधीर रंजन चौधरी शामिल नहीं होंगे। कांग्रेस ने इस समारोह को भाजपा और आरएसएस का इवेंट करार दिया है।

कांग्रेस के दिग्गज नेताओं का इस फैसले से पार्टी के कुछ नेताओं ने नाराजगी जाहिर की है। गुजरात के कांग्रेस विधायक अर्जुन मोढवाडिया ने आलाकमान के फैसले पर आपत्ति जाहिर की है।

कांग्रेस ने बनाई समारोह से दूरी

उन्होंने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा,”भगवान श्री राम आराध्य देव हैं। यह देशवासियों की आस्था और विश्वास का विषय है। कांग्रेस को ऐसे राजनीतिक निर्णय लेने से दूर रहना चाहिए था।”

भाजपा ने दिया कड़ा जवाब

कांग्रेस ने निमंत्रण ठुकराते हुए कहा कि यह आयोजना भाजपा चुनावी लाभ के लिए कर रही है। वहीं, कांग्रेस के इस फैसले पर भाजपा ने कहा कि विपक्षी दल का दिमाग ठीक उसी तरह खराब हो गया है जैसा कि त्रेता युग में रावण का हो गया था। भाजपा ने आगे कहा कि प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का बहिष्कार करने वालों का जनता चुनाव में बहिष्कार करेगी।

निमंत्रण को ठुकराना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण : आचार्य प्रमोद

वहीं, कांग्रेस के इस फैसले पर पार्टी नेता आचार्य प्रमोद ने भी प्रतिक्रिया साझा की है। उन्होंने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा,” राम मंदिर के निमंत्रण को ठुकराना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और आत्मघाती फैसला है,आज दिल टूट गया।

चुनावी लाभ उठाने के लिए मंदिर का उद्घाटन: कांग्रेस

बुधवार को कांग्रेस महासचिव ने एक पत्र जाहिर करते हुए कहा कि भगवान राम की पूजा-अर्चना करोड़ों भारतीय करते हैं। धर्म मनुष्य का व्यक्तिगत विषय है, लेकिन वर्षों से अयोध्या में राम मंदिर को एक राजनीतिक परियोजन बना दिया है। जयराम रमेश ने आगे कहा कि एक ‘अर्द्धनिर्मित मंदिर’ का उद्घाटन केवल चुनावी लाभ उठाने के लिए किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी महराष्ट्र मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक (एमटीएचएल) समुद्री पुल का करेंगे उद्घाटन

0

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज महराष्ट्र के दौरे पर पहुंच रहे हैं। वो मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक (एमटीएचएल) समुद्री पुल का उद्घाटन और ईस्टर्न फ्रीवे के ऑरेंज गेट को मरीन ड्राइव से जोड़ने वाली भूमिगत सड़क की आधारशिला रखेंगे।

साथ ही सूर्या पेयजल परियोजना का लोकार्पण और मेगा कॉमन फैसिलिटेशन सेंटर ‘भारत रत्नम’ का उद्घाटन भी करेंगे। प्रधानमंत्री के महाराष्ट्र दौरे का सचित्र संक्षिप्त विवरण भाजपा ने एक्स पर साझा किया है। साथ ही पीआईबी ने भी इस संबंध में विज्ञप्ति जारी की है।

भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर बने इसे समु्द्री पुल (मुंबई में शिवड़ी-न्हावा सेवा को जोड़ने वाला) के निर्माण पर 17,840 करोड़ रुपये लागत आई है। इसकी आधारशिला प्रधानमंत्री मोदी ने दिसंबर, 2016 में रखी थी। यह लगभग 21.8 किलोमीटर लंबा छह लेन वाला पुल है। इसकी लंबाई समुद्र के ऊपर लगभग 16.5 किलोमीटर और जमीन पर लगभग 5.5 किलोमीटर है। यह मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को तेज कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। यह मुंबई से पुणे, गोवा और दक्षिण भारत की यात्रा के समय को भी कम करेगा। इससे मुंबई बंदरगाह और जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह के बीच कनेक्टिविटी में भी सुधार होगा। यह पुल 100 किलोमीटर प्रति घंटे की गति के लिए डिजाइन किया गया है। यह पुल भारत का सबसे लंबा समुद्री पुल है। एमटीएचएल भूकंप, हवा के दबाव और ज्वार को झेलने की क्षमता जैसी विशेष विशेषताओं के साथ बनाया गया है और विशेष संक्षारण प्रतिरोधी मिश्रण और सामग्रियों के साथ 100 साल की सेवा जीवन भी सुनिश्चित करता है।

प्रधानमंत्री मोदी ईस्टर्न फ्रीवे के ऑरेंज गेट को मरीन ड्राइव से जोड़ने वाली भूमिगत सड़क सुरंग की आधारशिला भी रखेंगे। यह 9.2 किलोमीटर लंबी सुरंग 8,700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनाई जाएगी। प्रधानमंत्री मोदी सूर्या पेयजल परियोजना का प्रथम चरण राष्ट्र को समर्पित करेंगे। यह महाराष्ट्र के पालघर और ठाणे जिले को पेयजल की आपूर्ति करेगी। प्रधानमंत्री सांताक्रूज इलेक्ट्रॉनिक एक्सपोर्ट प्रोसेसिंग जोन- स्पेशल इकोनॉमिक जोन में रत्न और आभूषण क्षेत्र के लिए मेगा कॉमन फैसिलिटेशन सेंटर ‘भारत रत्नम’ का भी उद्घाटन करेंगे।

पीआईबी की विज्ञप्ति के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दोपहर करीब 12:15 बजे नासिक पहुंचेंगे। यहां वो 27वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव का उद्घाटन करेंगे। अपराहान करीब 3:30 बजे मुंबई में अटल बिहारी वाजपेयी सेवारी-न्हावा शेवा अटल सेतु का उद्घाटन करेंगे। लगभग 4:15 बजे प्रधानमंत्री नवी मुंबई में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां वो कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन कर उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे। साथ ही कई परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री करीब 2000 करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित करेंगे। प्रधानमंत्री उरण रेलवे स्टेशन से खारकोपर तक चलने वाली ईएमयू ट्रेन के उद्घाटन कार्यक्रम को भी हरी झंडी दिखाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नमो महिला सशक्तीकरण अभियान का शुभारंभ करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी का यह निरंतर प्रयास रहा है कि युवाओं को देश की विकास यात्रा का अहम हिस्सा बनाया जाए। इस लक्ष्य के एक बड़े प्रयास के तहत वो नासिक में 27वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव (एनवाईएफ) का उद्घाटन करेंगे। राष्ट्रीय युवा महोत्सव प्रत्येक वर्ष 12 से 16 जनवरी तक आयोजित किया जाता है। 12 जनवरी को स्वामी विवेकानन्द की जयंती है। इस वर्ष इस महोत्सव की मेजबानी महाराष्ट्र कर रहा है। इस वर्ष के महोत्सव का विषय विकसित भारत@2047: युवाओं के लिए, युवाओं के द्वारा है। प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय युवा महोत्सव को लेकर एक्स हैंडल में लिखा है-”

भारतीय अध्यात्म और संस्कृति को वैश्विक पटल पर स्थापित करने वाले स्वामी विवेकानंद को उनकी जयंती और राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर शत-शत नमन। ऊर्जा और स्फूर्ति से परिपूर्ण उनके विचार और संदेश युग-युगांतर तक युवाओं को कुछ कर गुजरने के लिए प्रेरित करते रहेंगे।” उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय युवा महोत्सव एक ऐसा मंच बनाना चाहता है जहां भारत के विभिन्न क्षेत्रों के युवा एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना में अपने अनुभव साझा कर सकें और एकजुट होकर राष्ट्र की नींव मजबूत कर सकें। पूरे देश से लगभग 7500 युवा प्रतिनिधि नासिक में आयोजित इस महोत्सव में हिस्सा लेंगे।