Home Blog Page 2532

150 साल पुराना हुआ रानीखेत शहर, जानें इसका इतिहास

0

पर्यटन नगरी की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में लंबे अर्से बाद रानीखेत महोत्सव (शरदोत्सव) का गुरुवार का भव्य और शानदार आगाज हुआ। महोत्सव का शुभारंभ केआरसी के कमांडेंट ब्रिगेडियर जीएस राठौर ने किया। इस दौरान रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।

महोत्सव के तहत नगर में सांस्कृतिक शोभायात्रा निकाले जाने के बाद अपराह्न सेना के नरसिंह मैदान में सात दिवसीय शरदोत्सव का समारोह पूर्वक शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि केआरसी के कमांडेंट ब्रिगेडियर जीएस राठौर डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने संयुक्त रूप रिबन काटकर व दीप जलाकर महोत्सव का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि रानीखेत में सांस्कृतिक उत्सवों की समृद्ध परंपरा रही है।

लंबे अर्से बाद शरदोत्सव की परंपरा फिर शुरू होने से लोक संस्कृति के संरक्षण व संवर्धन को बल मिलेगा। पर्यटक नगरी में पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में भी आयोजन महत्वपूर्ण साबित होगा। स्कूली बच्चों ने स्वागत गीत के बाद रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मोहक प्रस्तुति दी। इस मौके पर डीईओ डीएन यादव, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पीएन मीणा, कैंट बोर्ड उपाध्यक्ष मोहन नेगी, व्यापार मंडल अध्यक्ष भगवंत नेगी, संयुक्त मजिस्ट्रेट नरेंद्र भंडारी, विमल सती, डॉ. विपन शाह, कैलाश पांडे आदि मौजूद रहे। उद्घाटन समारोह के पश्चात संस्कार ग्रुप अल्मोड़ा व पवन पहाड़ी की आरे से प्रस्तुति दी गई। रात उत्तराखंडी नाइट में उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोक गायक किशन महिपाल व माया उपाध्याय ने मनमोहक प्रस्तुति दी।

सांस्कृतिक रंगारंगों से सराबोर हो उठी पर्यटन नगरी

पर्यटन नगरी गुरुवार को लोक संस्कृति के रंगों से सराबोर हो उठी। रानीखेत महोत्सव के शुभारंभ पर निकली भव्य सांस्कृतिक शोभायात्रा में देव भूमि की समृद्ध लोक संस्कृति व परंपरा जीवंत हो गई। दिलकश लोक प्रस्तुतियों पर दर्शक भी झूमते नजर आए। छोलिया नृत्य की प्रस्तुति ने यात्रा की शोभा बढ़ाई। अपराह्न कुमाऊंनी सहित विभिन्न पारंपरिक परिधानों में सजे-धजे स्कूली बच्चे जीबी पंत पार्क में जुटे, जिसके बाद भव्य सांस्कृतिक शोभायात्रा शुरू हुई। विद्यार्थियों ने लोक गीतों व नृत्य की शानदार प्रस्तुति से कुमाऊं, गढ़वाल की समृद्ध लोक संस्कृति को जीवंत कर दिया। झोड़े-चांचरी की दिलशक प्रस्तुति के साथ प्रचलित लोकगीतों से पर्यटन नगरी कुमाऊंनी रंग में रंग गई। शोभायात्रा में कुमाऊं की प्रसिद्ध हिलजात्रा में लखिया भूत ने भी लोगों को आकर्षित किया। छोलिया टीम ने सरंकार नृत्य की मोहक प्रस्तुति से यात्रा में चारचांद लगाए। सदर बाजार, गांधी चौक होते हुए यात्रा आयोजन स्थल नरसिंह मैदान पहुंची, जहां महोत्सव का विधिवत उद्घाटन हुआ। सांस्कृतिक शोभायात्रा में नगर के तमाम विद्यालयों ने प्रतिभाग किया।

आज बॉलीवुड नाइट में फेमस सिंगर महालक्ष्मी अय्यर देंगी प्रस्तुति

शरदोत्सव में आज शुक्रवार को 12 बजे बेबी शो, दो बजे फैंसी ड्रेस, 3.30 बजे से लोक परिधान प्रतियोगिता के बाद शाम पांच बजे पटियाला ग्रुप द्वारा भांगड़ा की प्रस्तुति दी जाएगी। 6.30 बजे नेहरू सांस्कृतिक कला केंद्र की ओर से कार्यक्रम पेश किए जाने के बाद 7.30 बजे से अखिल भारतीय कवि सम्मेलन होगा। रात बॉलीवुड नाइट में 8.30 बजे से बॉलीवुड की फेमस सिंगर महालक्ष्मी अय्यर दिलकश प्रस्तुति देंगी।

शोभायात्रा में पड़ा खलल

प्रशासन की ओर से आयोजित रानीखेत महोत्सव के शुभारंभ पर गुरुवार को प्रशासन की ही लापरवाही से सांस्कृतिक शोभायात्रा में शामिल स्कूली बच्चों व दर्शकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शोभायात्रा के दौरान सदर बाजार में ट्रैफिक पर पूर्ण प्रतिबंध नहीं लगने से सदर बाजार में दोनों ओर दोपहिया वाहन दौड़ते रहे। कार्यक्रमों की प्रस्तुति के बीच दुपहिया चालक बार-बार खलल डालते रहे। इस पर शरदोत्सव समिति के सदस्यों सहित दर्शकों ने कड़ी नाराजगी जताई। व्यापार मंडल अध्यक्ष भगवंत नेगी सहित समिति के हरीश साह, कुलदीप कुमार, सोनू सिद्दीकी आदि ने व्यवस्था पर सवाल उठाए।

रोक के बाद पान मसाले की कालाबाजारी शुरू

0

मैगफ्रीशियम कारर्बोनेट, निकोटिन व मिनरल ऑयल युक्त पान मसाला व फ्लेवर्ड सुपारी की बिक्री पर लगी रोक का असर दिखने लगा है। सबसे ज्यादा असर ग्रामीण इलाकों में पड़ रहा है। पान मसाले व फ्लेवर्ड सुपारी की कालाबाजारी के चलते खुदरा विक्रेताओं ने दरें बढ़ा दी। बड़े विक्रेताओं के स्टॉक करने से यह दरें बढ़ी है। सरकारी आदेश का फायदा बड़े विक्रेता उठाने लगे हैं और कल से ही कई बड़े थोक विक्रेताओं ने यह कहकर सप्लाई रोक दी कि आगे से ही माल नहीं आ रहा। दूसरी तरफ विभाग की ओर से मैगफ्रीशियम कार्बोनट व निकोटिन, तंबाकू की जांच के लिए सेंपल लेने तो शुरू कर दिए लेकिन असलियत यह है कि प्रदेश की कई प्रयोगशालाएं बंद पड़ी है। आखिर जांच के लिए चुनींदा प्रयोगशाला ही बची है ऐसे में सेंपलों की जांच के सेंपल पड़े रहने के आसार हो रहे हैं। विभाग के दोहरे मापदंड के चलते कारोबारियों को ही इसका फायदा होता नजर आ रहा है।

मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप विभाग ने मैगफ्रीशियम कार्बोनेट व तंबाकू युक्त पान मसाले पर रोक तो लगा दी लेकिन विभाग की आधी-अधूरी तैयारी के चलते अभियान पर पानी फिरने के आसार हो गए और पान मसाला कारोबारियों को इसका पूरा फायदा मिलेगा। कल की घोषणा के बाद ही बड़े विक्रेताओं ने सप्लाई रोक दी और इसका फायदा उठाते ही छोटे विक्रेताओं ने खासकर ग्रामीण इलाकों में पान मसाले की दरें बढ़ा दी। पांच रूपए वाला पान मसाला सात से दस रूपए, पांच रूपए की मिराज दस रूपए में, रजनीगंधा, तानसेन, पान बहार, विमल, गोल्ड मोहर समेत कई ब्रांड के पान मसाले व तंबाकू ब्रांड की कीमतों में दोगुनी तक बढोतरी हो गई। विभाग के अफसर अब यह कहकर पल्ला झाड़ रहे हैं कि बिना मैगफ्रीशियम कार्बोनेट, निकोटिन युक्त पान मसाले की दरों पर अंकुश लगाना हमारे हाथ में नहीं है। संबंधित ब्रांड की कंपनियां ही अंकुश लगा सकती है। ग्रामीण इलाकों के खुदरा विक्रेताओं का कहना है कि सरकार के इस आदेश से यह मैसेज गया कि पान मसाला पूरी तरह प्रतिबंधित हो गया। ऐसे में ज्यादातर विक्रेताओं ने स्टॉक करना शुरू कर दिया और प्रोडक्ट नहीं मिलने पर छोटे विक्रेताओं को बचे हुए पान मसाले की दरें बढ़ा दी। दूसरी तरफ कई प्रयोगशालाएं बंद होने से विभाग के खाद्य निरीक्षकों के सामने यह संकट खड़ा हो गया कि सेंपलों की जांच कैसे होगी।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त निदेशक फूड रवि प्रकाश शर्मा से सवाल-जवाब
सवाल- विभाग ने मैगनीशियम कारर्बोनेट, निकोटिन, तंबाकू व मिनरल ऑयल युक्त पान मसाले की जांच के लिए भरतपुर, चूरू, जालौर, बीकानेर, नाथद्बारा समेत कई प्रयोगशालाएं बंद है, सेंपलों की जांच कैसे होगी?
जवाब- इन शहरों की प्रयोगशालाएं एक-दो माह बाद चालू जाएंगी। फिलहाल इन प्रयोगशालाओं में संसाधन नहीं है और एनएबीएल से सर्टिफिकेशन की प्रक्रिया चल रही है।
सवाल- इन शहरों के सेंपलों की जांच कहां होगी, छह लैब चालू है, उनमें पहले से ही वर्कलोड ज्यादा है, ऐसे में सेंपलों के रिजल्ट आने में महीनों लगेंगे और विभाग कैसे सख्ती दिखा पाएगा?
जवाब- देखिए विभाग रणनीति बना रहा है, जांच रिपोर्ट जल्दी आए।
सवाल- विभाग के आदेश से तो पान मसाले की दरें बढ़ गई और विक्रेता माला-माल हो गए, आदेश का असर ही उल्टा हो गया, ऐसे में विभाग क्या कदम उठाएगा?
जवाब- इसके बारे में भी जांच करवाएंगे, अभी कुछ नहीं कहा जा सकता, जांच के लिए सेंपल लेने की प्रक्रिया शुरू हो गई।

थोक विक्रेताओं ने कहा, कंपनी से नहीं आ रही सप्लाई, इसलिए पान मसाले की बढ़ी दरें
रजनीगंधा के मार्केटिंग हैड आर के भाला ने कहा कि दरें बढ़ने के मामले में वे कुछ नहीं कह सकते। राजस्थान से उनका तबादला गुजरात में हो गया है। सीएंडएफ ही रजनीगंधा की दरें बढ़ने के बारे में बता सकते हैं कि क्यों कालाबाजारी हो रही है।राजस्थान के थोक विक्रेता अमित चिरानियां नेकहा कि इलेक्ट्रॉनिक व कुछ पिं्रट मीडिया की खबरों से असमंजस फैल गया कि पान मसाला व तंबाकू पर प्रतिबंध हो गया, इसके कारण कालाबाजारी शुरू हो गई। कंपनी माल की सप्लाई नहीं कर रही। ऐसे में छोटे विक्रेताओं ने दरें बढ़ा दी। गोल्ड माहर के थोक विक्रेता अनूप खांडिया ने कहा कि कंपनी ने सप्लाई रोक दी, इसके कारण कालाबाजारी शुरू हो गई। कुछ लोग इसका फायदा उठा रहे हैं। सरकार के आदेश का असर उल्टा हो गया। इसी तरफ विमल, पान बहार के थोक विक्रेताओं ने भी कहा कि असमंजस की वजह से कालाबाजारी को बढ़ावा मिला है।

ऑटो कंपनियों ने किया कर्मचारियों को VRS देने का एलान, मंदी से जूझ रहे सेक्टर को नहीं मिल रही राहत

0

बीता सितंबर महीना भी ऑटो सेक्टर के लिए राहत भरा नहीं रहा है। वहीं अब टोयोटा किर्लोस्कर मोटर ने अपने स्थाई कर्मियों को स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने के लिए बोल दिया है। इससे पहले उम्मीद जताई जा रही थी कि त्योहारी सीजन में ऑटो सेक्टर में गाड़ियों की बिक्री में उछाल आएगा, लेकिन प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा।

चार कंपनियों ने किया एलान

खबरों के मुताबिक जापान की टोयोटा मोटर कापोर्रेशन की भारतीय सब्सिडियरी कंपनी टोयोटा किर्लोस्कर मोटर चौथी ऐसा कंपनी बन गई है जिसने अपने कर्मचारियो के लिए वीआरएस यानी स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति योजना शुरू की है। इससे पहले जनरल मोटर्स, हीरो मोटोकॉर्प, अशोक लेलैंड ने दो महीने पहले वीआरएस शुरू करने के एलान किया था।

स्थाई कर्मचारियों को दिया ऑफर

मिरर नाऊ की रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी ने पिछले 23 अक्टूबर को यह स्कीम लॉन्च की थी, जो 22 अक्टूबर, 2019 को शुरू हुई थी। इस स्कीम में उन लोगों को शामिल किया गया है, जो स्थाई कर्मचारी हैं और कंपनी में पांच साल से ज्यादा काम करने के अनुभव है। हालांकि कंपनी ने अस्थाई कर्मचारियों के लिए अभी तक कोई स्कीम नहीं लॉन्च की है, कंपनी का कहना है कि उनके कॉन्ट्रैक्ट का नवीनीकरण नहीं किया जाएगा।

ऑपरेशन कॉस्ट में आएगी कमी

इससे पहले अशोक लेलैंड ने भी अगस्त में अपने कर्मचारियों के लिए ऐसी ही स्कीम लॉन्च की थी और गाड़ियों के उत्पादन में कटौती भी की थी। जिसके बाद दो पहिया वाहन बनाने वाली कंपनी हीरो मोटोकॉर्प ने घाटे को पूरा करने के लिए सितंबर में अपने कर्मचारियों के लिए वीआरएस स्कीम लॉन्च की थी। वहीं विशेषज्ञों का कहना है कि कंपनियां मुख्य रूप से कर्मचारियों के लिए इस तरह की योजनाएं इसलिए लाती हैं, ताकि ऑपरेशन कॉस्ट में कमी आए और उनका लाभ बढ़े।

कंपनी-कर्मचारी दोनों के लिए फायदेमंदवहीं वीआरएस स्कीम नियोक्ताओं के साथ-साथ कर्मचारियों के लिए काफी लाभदायक होती है। विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी कर्मचारी को बाहर करने की बजाय यह स्कीम ज्यादा हितकर है। ऐसे कदम उठाने से कंपनियां न केवल कर्मचारी की अहमियत प्रदर्शित करती हैं, बल्कि कर्मचारियों की लागत कम करने की भी कोशिश करती हैं। ताकि कम वाहन बिक्री के कारण अपनी ऑपरेशनल कॉस्ट और मार्जिन को संतुलित कर सकें। इस साल के शुरुआती छह महीनों में टोयोटा किर्लोस्कर के उत्पादन में 37 फीसदी, हीरो मोटोकॉर्प के उत्पादन में 36 फीसदी की कमी आई है। इसके अलावा अप्रैल से सितंबर 2019 के बीच अशोक लेलैंड ने उत्पादन में 18 फीसदी की कटौती की है।

महाराष्ट्र चुनाव: देवेंद्र फडणवीस ने दाखिल किया नामांकन, साउथ वेस्ट नागपुर सीट से हैं उम्मीदवार

0

महाराष्ट्र में चुनावी बिगुल बज चुका है और अलग-अलग पार्टियों के उम्मीदवार नामांकन दाखिल कर रहे हैं। नामांकन दाखिल करने के दौरान में भारतीय जनता पार्टी के नेता और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी आज पर्चा दाखिल कर दिया। बता दें कि महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने का आज आखिरी दिन है। फडणवीस नागपुर की साउथ वेस्ट सीट से विधानसभा का चुनाव लड़ रहे हैं और एक बार फिर सत्ता में वापसी की कोशिश में हैं। बताया जा रहा है कि बीजेपी की ओर से इस बार भी देवेंद्र फडणवीस ही मुख्यमंत्री के चेहरा हैं।

देवेंद्र फडणवीस ने दाखिल किया नामांकन, साउथ वेस्ट नागपुर सीट से हैं उम्मीदवार

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस नामांकन दाखिल करने कार्यालय पहुंचे।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस नागपुर में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिलने उऩके आवास पर पहुंचे। इसके बाद वह नागपुर साउथ वेस्ट से नामांकन दाखिल करेंगे।

गौरतलब है कि गुरुवार को शिवसेना की ओर से आदित्य ठाकरे ने वर्ली विधानसभा सीट से पर्चा दाखिल किया था। शिवसेना नेता आदित्य़ ठाकरे नामांकन दाखिल करने से पहले रोड शो किया था और अपनी ताकत दिखाई थी। इस दौरान उन्होंने कहा था कि वह चुनाव लड़ने को लेकर काफी उत्साहित और खुश हैं। बता दें कि ठाकरे परिवार से चुनाव लड़ने वाले आदित्य पहले शख्स हैं।

महाराष्ट्र मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस नागपुर दक्षिण-पश्चिमी से चुनाव लड़ रहे हैं। बता दें कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस की सीट में कोई तब्दिली नहीं की गई है। पिछली बार भी वह इसी विधानसभा सीट से चुनाव लड़े थे। चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र में 21 अक्टूबर को एक ही चरण में चुनाव कराने की घोषणा की है। मतों की गिनती 24 अक्ट्रबर को होगी। लोकसभा चुनाव 2019 में भारी बहुमत के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सत्ता में वापसी के बाद यह पहला विधानसभा चुनाव है। महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल नौ नवंबर को खत्म हो रहा है।

गौरतलब है कि नागपुर दक्षिण-पश्चिम गांव महाराष्ट्र के नागपुर जिले में पड़ता है। यह विधानसभा नागपुर संसदीय क्षेत्र में आता है। 2014 में यहां से भाजपा के देवेन्द्र गंगाधर फड़णवीस ने जीत हासिल की थी। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार प्रफुल्ल विनोद गुडधे पाटिल को 58942 मतों के अंतर से हराया था। देवेन्द्र फड़णवीस और प्रफुल्ल विनोद को क्रमशः 113918 व 54976 वोट हासिल हुए थे।

महाराष्ट्र विधानसभा में सीटों की संख्या 288 है। इसमें 234 सामान्य सीटें हैं, जबकि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए क्रमशः 29 और 25 सीटें आरक्षित हैं।

2014 में भाजपा ने मारी थी बाजी
साल 2014 में महाराष्ट्र विधानसभा की 288 विधानसभा सीटों के लिए हुए चुनावों में भारतीय जनता पार्टी 122 सीटें हासिल कर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी। भाजपा ने पहली बार महाराष्ट्र में इतनी सीटें हासिल की थीं। वहीं, कांग्रेस 42 सीटों के साथ तीसरे स्थान पर खिसक गई। इसके अलावा, शिवसेना 63 सीटों के साथ दूसरे नंबर पर रहने वाली पार्टी थी। शरद पवार की राकांपा को 41 सीटें मिली थीं।

छत्तीसगढ़ : चित्रकोट उपचुनाव: BJP-कांग्रेस समेत 6 प्रत्याशियों में होगी चुनावी जंग

0

छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के चित्रकोट उपचुनाव के लिए गुरुवार को नाम वापसी का अंतिम दिन था. स्क्रूटनी के बाद बचे 7 प्रत्याशियों में से एक प्रत्याशी ने आज अपना नामांकन फॉर्म वापस ले लिया. अब चित्रकोट उपचुनाव की रणभूमि में बीजेपी (BJP), कांग्रेस समेत 6 प्रत्याशियों के बीच चुनावी जंग होगी. चित्रकोट विधानसभा उपचुनाव के लिए आज एक निर्दलीय प्रत्याशी धरमूराम कश्यप ने अपनी अभ्यर्थिता वापस ले ली. इससे पहले 2 प्रत्याशियों का नामांकन पत्र स्क्रूटनी के दौरान निरस्त कर दिया गया था.

चित्रकोट उपचुनाव (Chitrakote By-Election) के लिए रिटर्निंग अधिकारी इन्द्रजीत चन्द्रवाल ने बताया कि आज शेष प्रत्याशियों को चुनाव प्रतीक चिह्न आवंटित कर दिया गया. इसके तहत जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रत्याशी बोमड़ा मंडावी को वर्ग में हल जोतता किसान, इसी तरह इंडियन नेशनल कांग्रेस के राजमन बेंजाम को हाथ का पंजा, भारतीय जनता पार्टी के लच्छूराम कश्यप को कमल, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया के हिड़मो राम मण्डावी को बाल और हांसिया, आंबेडकर राइट पार्टी ऑफ इंडिया के लखेश्वर कवासी को कोट और निर्दलीय प्रत्याशी रितिका कर्मा को सेब चुनाव प्रतीक चिह्न आवंटित किया गया है.

21 को होगी वोटिंग
बता दें कि चित्रकोट उपचुनाव में वोटिंग 21 अक्टूबर को होनी है. इसके लिए अब प्रत्याशी जोर शोर से प्रचार प्रसार में जुट जाएंगे. 21 को वोटिंग के बाद 24 अक्टूबर को मतगणना होगी. बता दें कि छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2018 में चित्रकोट सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी दीपक बैज को जीत मिली थी. इसके बाद लोकसभा चुनाव 2019 में दीपक बैज को कांग्रेस ने बस्तर सीट से प्रत्याशी बनाया और वे जीत गए. सांसद बनने के बाद दीपक ने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था. इसके बाद से सीट खाली है

छत्तीसगढ़ : मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने माँ महामाया मंदिर में की पूजा-अर्चना..

0

मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने कल रात शारदीय नवरात्र पर्व की पंचमी को राजधानी रायपुर की पुरानी बस्ती स्थित माँ महामाया मंदिर में पूजा अर्चना कर प्रदेशवासियों की खुशहाली और समृद्धि का आशीर्वाद माँगा। इस अवसर पर नगर निगम रायपुर के महापौर श्री प्रमोद दुबे भी उपस्थित थे।

विधानसभा चुनाव 2019ः सड़कों पर उतरेंगे राहुल गांधी, 10 दिन में झोंक देंगे पूरी ताकत

0

 महाराष्ट्र और हरियाणा में होने जा रहे विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस ने भी अब कमर कस ली है. इसी क्रम में अब खबर है कि राहुल गांधी भी दोनों राज्यों में पार्टी के प्रचार के लिए पहुंचेंगे और रोड शो व रैलियों में हिस्सा लेंगे. जानकारी के अनुसार राहुल गांधी महाराष्ट्र और हरियाणा में 10 से लेकर 19 अक्टूबर के बीच प्रचार अभियान में जुड़ेंगे. इस दौरान राहुल का पूरा जोर उन इलाकों में रहेगा जहां पर पिछले चुनावों में पार्टी का खराब प्रदर्शन रहा था. साथ ही कांग्रेस के कई अन्य स्टार प्रचारक भी इस दौरान राहुल गांधी के साथ रैलियों में हिस्सा लेंगे.

हरियाणा की दूसरी सूची भी जारी
कांग्रेस ने गुरुवार को अपनी दूसरी सूची जारी की थी. इस सूची में बाकी 6 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की. इससे पहले बुधावार की देर रात कांग्रेस ने 84 उम्मीदवारों के नामों की पहली लिस्ट जारी कर दी थी. कांग्रेस ने इस लिस्ट में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को गढ़ी सांपला-किलोई, रणदीप सुरजेवाला को कैथल, कुलदीप बिश्नोई को आदमपुर और किरण चौधरी को तोशाम से टिकट दिया है. कांग्रेस द्वारा जारी दूसरी लिस्ट में रादौर से बिशन लाल सैनी, फतेहाबाद से प्रलहाद सिंह, अंबाला कैंट से वेनू सिंगला अग्रवाल, बरवाला से भूपेंद्र गंगौर, असंध से शमशेर सिंह विर्क और लाडवा से मेवा सिंह को उम्मीदवार बनाया है.

View image on Twitter

महाराष्ट्र की चौथी सूची
वहीं गुरुवार को ही कांग्रेस ने महाराष्ट्र में 19 उम्मीदवारों के नामों की चौथी लिस्ट जारी कर दी है. इससे पहले कांग्रेस ने 51, 52 और 20 उम्मीदवारों की तीन लिस्ट जारी की थी. कांग्रेस अब तक कुल 142 उम्मीदवारों की सूची जारी कर चुकी है. वह राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के साथ गठबंधन के तहत 125 सीटों पर चुनाव लड़ रही है. मंगलवार की देर रात 52 उम्मीदवारों के नामों की दूसरी लिस्ट जारी की थी. कांग्रेस ने इस लिस्ट में विलासराव देशमुख के तीसरे बेटे धीरज विलासराव देशमुख को लातूर ग्रामीण से टिकट दिया है. कांग्रेस की दूसरी लिस्ट में पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण का नाम भी है. उन्हें कराड दक्षिण से उम्मीदवार बनाया गया है. सांगली से वरिष्ठ नेता पृथ्वीराज पाटिल को टिकट दिया गया है.

छत्तीसगढ़ – राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती : मुख्यमंत्री ने कंडेल से ’गांधी विचार पदयात्रा’ का किया शुभारंभ…

0

मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के अवसर पर गांधी ग्राम-कंडेल से ’गांधी विचार पदयात्रा’ का शुभारंभ किया। धमतरी के कंडेल से आज प्रारंभ हुई यह पदयात्रा 10 अक्टूबर को रायपुर के गांधी मैदान में सम्पन्न होगी। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में इस पदयात्रा में प्रदेश मंत्रिमंडल के सदस्य, सांसद, विधायकगणों के साथ हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। ग्रामीणों ने जगह-जगह पर फूल बरसाकर मुख्यमंत्री और पदयात्रिओं का अभूतपूर्व स्वागत किया।

 मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और कंडेल नहर सत्याग्रह के नायक बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव की मूर्ति का अनावरण करते हुए गांधी विचार पदयात्रा का शुभारंभ किया। सप्ताहव्यापी यह पदयात्रा 10 अक्टूबर को रायपुर के गांधी मैदान में सम्पन्न होगी। इसके बाद 11 अक्टूबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेश के प्रत्येक विकासखंड में गांधी विचार यात्रा का आयोजन किया जाएगा।

यात्रा के शुभारंभ के अवसर पर कृषि मंत्री श्री रवीन्द्र चौबे, गृह मंत्री श्री ताम्रध्वज साहू, वन मंत्री श्री मोहम्मद अकबर, स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, उद्योग मंत्री श्री कवासी लखमा, राजस्व मंत्री श्री जय सिंह अग्रवाल, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अनिला भेंड़िया, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री उमेश पटेल, विधायक श्री मोहन मरकाम, राज्यसभा सांसद श्रीमती छाया वर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने इसके पहले कंडेल में जनसहयोग से निर्मित गौठान का लोकार्पण किया और इसके बाद गौठान से नहर सत्याग्रह उद्यान तक पैदल पहंुचे। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि महात्मा गांधी के सत्याग्रह में पदयात्राओं की बड़ी भूमिका थी। बापू अपनी पदयात्राओं के माध्यम से लोगों के बीच जागरूकता के साथ सौहार्द्र का संचार करते थे। राज्य सरकार बापू के रास्ते में चलने के लिए संकल्पित है।

मुख्यमंत्री ने कंडेल नहर सत्याग्रह के प्रणेता बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव के घर पहुंचकर की परिजनों से भेंट…

0

प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल आज धमतरी जिले के गौरव ग्राम कण्डेल में कंडेल नहर सत्याग्रह के प्रणेता बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव के घर जाकर उनके परिजनों से भेंट की। मुख्यमंत्री ने बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव के पैतृक घर पर उनके तथा महात्मा गांधी के तैल चित्र पर माल्यार्पण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री श्री बघेल ने बाबू छोटे लाल के प्रपौत्र श्री यतीश श्रीवास्तव से भेंटकर उनकी पारिवारिक पृष्ठभूमि के संबंध में चर्चा की। इस दौरान मुख्यमंत्री एवं अन्य कैबिनेट मंत्रियों ने चना मुर्रा का स्वाद भी चखा। इस अवसर पर प्रदेश के उद्योग मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री कवासी लखमा, कैबिनेट मंत्री श्री जयसिंह अग्रवाल, श्री प्रेमसाय सिंह, विधायक श्री मोहन मंडावी उपस्थित रहे।

PMC बैंक के ग्राहकों के लिए बड़ी खबर! अब निकाल सकेंगे 25000 रुपए, पहले थी 10000 की लिमिट

0

भारतीय रिजर्व बैंक ने गुरुवार शाम पंजाब एंड महाराष्ट्र को-ऑपरेटिव बैंक के डिपॉजिटर्स के लिए विड्रॉल लिमिट बढ़ाकर अधिकतम 25,000 रुपये कर दी. इसके पहले अगले 6 महीने के लिए यह लि​मिट 10,000 रुपये थी. यह दूसरा ऐसा मौका है जब पीएमसी बैंक पर प्रतिबंध लगाने के बाद केंद्रीय बैंक ने ​डिपॉजिटर्स के लिए निकासी सीमा बढ़ाया है. इसके पहले 23 सितंबर को RBI ने पीएमसी बैंक ने निकासी सीमा को 1,000 रुपये ही किया था, जिसके बाद काफी आलोचना भी हुई थी.

देश के टॉप 10 को-ऑपरेटिव बैंकों में से एक पीएमसी बैंक के पास कुल 11,600 करोड़ रुपये डिपॉजिट है. RBI ने इस बैंक में गड़बड़ी का पता चलने के बाद अपने तरफ से एक एडमिनिस्ट्रेटर नियुक्त किया है. बैंक के पुराने मैनेजमेंट पर मुंबई की आर्थिक अपराध विंग जांच कर रही है. गुरुवार को पीएमसी बैंक के दो निदेशकों को गिरफ्तार भी कर लिया गया है.

RBI ने अपने बयान में कहा, ‘हमने एक बार फिर पीएमसी बैंक के लिक्विडेशन पोजिशन को रिव्यू किया है. इसके बाद फैसला किया है कि पीएमसी बैंक के डिपॉजिटर्स 6 महीने के प्रतिबंध के दौरान 25,000 रुपये तक निकाल सकते हैं.’
70 फीसदी डिपॉजिटर्स निकास सकेंगे पूरा पैसा
आरबीआई के इस फैसले के बाद करीब 70 फीसदी डिपॉजिटर्स अपने खाते ​से पूरा पैसा निकाल सकेंगे. केंद्रीय बैंक ने बताया है कि इस बैंक के अधिकतर खाताधरकों ने औसतन 10,000 रुपये तक जमा किया है. बैंक में कुल रिटेल​ डिपॉजिट 915 करोड़ रुपये है. ​बैंक नियामक ने आगे बताया कि उसने तीन सदस्यीय कमिटी नियुक्त की है ताकि वे जेबी भोरिया को असिस्ट कर सकें. रिजर्व बैंक पीएमसी बैंक की मॉनिटरिंग कर रहा है कि भविष्य में डिपॉजिटर्स के हित को ध्यान में रखते ​जरूरी कदम उठा सकता है.

दो निदेशकों को गिरफ्तार किया गया
गुरुवार को ही हाउसिंग डेवलपमेंट एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के दो निदेशकों को गिरफ्तार कर लिया गया है. इन दोनों निदेशकों का नाम राकेश कुमार वाधवान और सांरग वाधवान है, जिन्हें कथित तौर पर कंपनी में ​वित्तीय अनियमितता के आरोप में गिरफ्तार किया गया है.
35,000 करोड़ रुपये की संपत्ति भी जब्त
राकेश कुमार वाधवान HDIL के एग्जीक्युटिव चेयरमैन हैं. जबकि सांरग वाधवान कंपनी के प्रबंध निदेशक हैं. गिरफ्तारी के साथ-साथ दोनों की करीब 35,000 करोड़ रुपये की संपत्ति भी जब्त की गई है. बता दें कि इसके पहले सरकार ने दोनों निदेशकों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया था. सरकार ने इमिग्रेशन अथॉरिटी को निर्देश दिया था कि वो इस बात पर नजर बनाएं रखें कि कहीं दोनों निदेशक देश छोड़कर न भाग जाएं.