Home Blog Page 262

फर्जी ई-चालान लिंक से रहें सावधान, भुगतान केवल आधिकारिक वेबसाइट से करें

0

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ राज्य में आरटीओ ई-चालान के नाम पर साइबर ठगी के मामले सामने आ रहे हैं। ठगों द्वारा परिवहन विभाग की वेबसाइट का क्लोन पेज तैयार कर ई-चालान के जरिए ट्रैफिक नियम तोड़ने की बात कहकर लोगों को डराया जा रहा है। इसके बाद मैसेज के माध्यम से लिंक भेजकर आम नागरिकों की निजी जानकारी और बैंक खाते से राशि चुरा ली जा रही है।

परिवहन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे ऐसे किसी भी मैसेज लिंक, विशेषकर .APK फाइल या किसी व्यक्तिगत नंबर से भेजे गए संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें। इन फर्जी लिंक के माध्यम से धोखाधड़ी की जा रही है।

विभाग के अनुसार, अपने वास्तविक ई-चालान की जांच और भुगतान के लिए केवल अधिकारिक विभागीय वेबसाइट
https://echallan.parivahan.gov.in
का ही उपयोग करें। वेबसाइट पर जाकर Pay Online विकल्प में चालान नंबर और कैप्चा कोड भरने के बाद मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी डालकर चालान से संबंधित पूरी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

परिवहन और पुलिस के प्रवर्तन अमले द्वारा जब भी ई-चालान किया जाता है, उसकी सूचना संबंधित वाहन स्वामी के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर केवल इसी आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से भेजी जाती है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी अजनबी को ऑनलाइन भुगतान न करें और अपने बैंक खाते से जुड़े लेन-देन में पूरी सावधानी बरतें।

परिवहन विभाग ने नागरिकों से आग्रह किया है कि यदि किसी प्रकार का संदिग्ध कॉल, मैसेज या ऐप प्राप्त हो, तो इसकी तत्काल शिकायत नजदीकी पुलिस थाने में दर्ज कराएं, ताकि साइबर ठगी से बचा जा सके।

5वीं रुद्राक्षम् वेलफेयर सोसाइटी छत्तीसगढ़ हॉकी लीग: सेमीफाइनल मुकाबले आज

0

राजनांदगांव। 5वीं रुद्राक्षम् वेलफेयर सोसाइटी छत्तीसगढ़ हॉकी लीग अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता के छठवें दिन का रोमांचक खेल देखने को मिला। प्रतियोगिता में पूर्व कैबिनेट मंत्री खूबचंद पारख, समाजसेवी राजेंद्र गोलछा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष जीतेन्द्र मुदलियार, भाजयुमो प्रदेश मंत्री मोनू बहादुर सिंह, छत्तीसगढ़ हॉकी अध्यक्ष फिरोज अंसारी सहित कई गणमान्य व्यक्तिगण उपस्थित रहे।

छठवें दिन दो मुकाबले खेले गए। पहले मैच में खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस बिलासपुर ने रुद्राक्षम् स्ट्राइकर्स को 5-1 से हराया। बिलासपुर की ओर से आनंद सूर्यवंशी और ओम यादव ने 1-1 गोल किया, जबकि सुमित मिंज ने 3 गोल कर टीम की जीत सुनिश्चित की। रुद्राक्षम् स्ट्राइकर्स की ओर से घुमान साहू ने एकमात्र गोल किया।

दूसरे मैच में स्पोर्ट्स अकादमी रायपुर ने करमपुर को 4-1 से पराजित किया।

पुरस्कार वितरण:

एसईसीएल बेस्ट दर्शक अवार्ड मनकी निवासी शिवलाल यादव को प्रदान किया गया।

सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी अवार्ड: बिलासपुर की टीम के ओम यादव और रायपुर की टीम के खिलाड़ी को दिया गया।

उत्कृष्ट खिलाड़ियों को फ्लैश हॉकी स्टिक भी प्रदान किया गया।

सेमीफाइनल मुकाबले आज:

पहला सेमीफाइनल: 4:30 बजे – उत्तर प्रदेश बनाम स्पोर्ट्स अकादमी रायपुर

दूसरा सेमीफाइनल: 5:30 बजे – खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस बिलासपुर बनाम आर. के. रॉय अकादमी बिहार

प्रतियोगिता में दर्शकों और खिलाड़ियों का उत्साह उच्चतम स्तर पर है और दोनों सेमीफाइनल मुकाबलों में जीत की दावेदारी दोनों टीमों के लिए कड़ी चुनौती साबित होगी।

कैरियर निर्माण के लिये छात्रों का सोशल मीडिया से दूरी एवं नियंत्रण आवश्यक : मधुसूदन

0

राजनांदगांव। जीवन में आगे बढ़ने के लिये सकारात्मक सोच आवश्यक है। छात्र जीवन में कैरियर निर्माण एवं शिक्षा पर ध्यान केेन्द्रित करने के लिये विद्यार्थियों को समझदारी से अपने समय का सदुपयोग करना चाहिये। सोशल मीडिया पर रील्स देखने में छात्रगण प्रतिदिन अपने जीवन का बहुमूल्य समय व्यर्थ कर रहे हैं, किन्तु कैरियर निर्माण के लिये सोशल मीडिया से दूरी एवं इसपर नियंत्रण आवश्यक है।

उक्ताशय के विचार राजनांदगॉव महापौर मधुसूदन यादव ने भारतरत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी के जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कैरियर मार्गदर्शन व युवा सम्मान समारोह में व्यक्त किये। कैरियर मार्गदर्शन जैसे छात्रोपयोगी आयोजन के लिये महापौर ने आयोजन समिति छात्र युवा मंच के रक्तवीर नागेश यदु, माधव साहू, सुरेश साहू, साहिल जंघेल, दुष्यंत सेन, बालकृष्ण कोमरे, विवेक, गीतेश, चंद्रभान एवं पूरी टीम को बधाई दी एवं सराहना की। छात्र युवा मंच द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी जिले के 47 स्कूलों के 1000 से अधिक विधार्थियो के लिये कैरियर मार्गदर्शन, ऑनलाइन परीक्षा का आयोजन स्थानीय दिग्विजय महाविद्यालय में सुबह 10 से 12 बजे तक आयोजित किया। परीक्षा उपरांत मेधावी परीक्षार्थियों का सम्मान समारोह पद्मश्री गोविन्द राम निर्मलकर ऑडिटोरियम मे दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक आयोजित किया गया।

इस युवा सम्मान समारोह के आयोजन में बतौर मुख्य अतिथि महापौर मधुसूदन यादव उपस्थित रहे, अध्यक्षता शैडो पार्षद मुकेश चौबे के द्वारा की गयी एवं विशिष्ट अतिथिगण के रूप में प्राचार्य दीपक ठाकुर, जिला आयुक्त स्काउट गाइड महेश खंडेलवाल सहित भाजपा नेतागण प्रशांत गुप्ता, प्रियंक सोनी, नोमेश वर्मा, देवशरण सेन, नारद साहू, दुर्जन देवांगन, जितेंद्र तिवारी, पर्यावरण प्रेमी भोज साहू मंच पर उपस्थित रहे।

प्रत्येक 47 स्कूलों के प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विधार्थी को स्व0 डॉ0 भाविका ठाकुर की स्मृति मे सलोनी स्कूल प्राचार्य दीपक ठाकुर के द्वारा स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्तिपत्र दिया गया व पूरी परीक्षा मंे सर्वाधिक अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त विधार्थी को स्व0 कृति चौबे की स्मृति मे प्रथम पुरस्कार मुकेश चौबे जी द्वारा तथा द्वितीय पुरस्कार तथागत पी.एस.सी. ट्यूटोरियल्स के संस्थापक समीर गजभिये द्वारा प्रदान किया गया।

शीर्ष आठ स्थान प्राप्त करने वाले परीक्षार्थियों को महापौर मधुसूदन यादव ने अपने करकमलो से प्रशस्ति पत्र नगद पुरुस्कार व स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया जिसमें नगद पुरस्कार राशि प्रथम स्थान 5000 रू. प्रिंस कुमार चंदेल भेड़िकला स्कूल, द्वितीय समीर देवांगन राजेश्वरी स्कूल 3000 रू., तृतीय पी तरिणी डॉ बलदेव प्रसाद स्कूल 2000 रू., चतुर्थ भास्कर साहू पीएम श्री सर्वेश्वर दास स्कूल 1000 रू. पंचम नामित सेन बखत रंगकठेरा स्कूल 700 रू. षष्टम लोमेश भंडारी सरस्वती स्कूल 500 रू. सप्तम समीक्षा रात्रे सोमनी स्कूल 300 रू. एवं अष्टम वाशु साहू भानपुरी स्कूल 200 रूपये से सम्मानित किया गया।

देश एवं प्रदेश में जनजातीय समाज का समृद्धशाली इतिहास : विष्णु देव साय

0

राजनांदगांव। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज छुरिया विकासखंड के ग्राम गोड़लवाही में अखिल भारतीय हल्बा-हल्बी आदिवासी समाज के शक्ति दिवस, शहीद शिरोमणि गैंदसिंह नायक मूर्ति अनावरण, बिरसा मुण्डा 150वीं जन्म शताब्दी एवं लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम में शहीद शिरोमणि गैंदसिंह नायक की मूर्ति का अनावरण तथा 1 करोड़ 21 लाख 16 हजार रूपए की लागत से निर्मित हायर सेकेण्डरी स्कूल भवन एवं 1 करोड़ 52 लाख 97 हजार रूपए की लागत से निर्मित 50 सीटर प्री मैट्रिक छात्रावास भवन का लोकार्पण किया। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह विशेष रूप से उपस्थित थे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम में ग्राम गोड़लवाही से ग्राम उमरवाही तथा उमरवाही से करमरी तक सड़क चौड़ीकरण की घोषणा की। उन्होंने गोड़लवाही में नवीन महाविद्यालय स्थापना की घोषणा की। स्कूल परिसर में बाऊण्ड्रीवाल तथा अटल समरसता भवन निर्माण की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर स्वामित्व योजना के तहत हितग्राहियों को अधिकार पत्र, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत महिलाओं को गैंस कनेक्शन का वितरण किया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि हल्बा-हल्बी आदिवासी समाज द्वारा आयोजित शक्ति दिवस, शहीद गैंदसिंह नायक की मूर्ति अनावरण, भगवान बिरसा मुंडा के 150वीं जयंती के अवसर पर सौभाग्य से शामिल होने का अवसर मिला है। उन्होंने शहीद शिरोमणि गैंदसिंह नायक को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की और सभी को शक्ति दिवस की बधाई दी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि देश एवं प्रदेश में जनजातीय समाज का समृद्धशाली इतिहास रहा है और शासन जनजातीय समाज के महापुरूषों एवं क्रांतिकारियों का सम्मान बढ़ाने के लिए कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जनजातीय समाज के महानायकों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को समर्पित भव्य डिजिटल संग्रहालय एवं नये विधानसभा भवन का लोकार्पण किया गया है। डिजिटल संग्रहालय में वीरांगना रानी दुर्गावती, शहीद वीरनारायण सिंह, शहीद गुंडाधूर, शहीद गैंदसिंह नायक सहित अन्य स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों, जनजातीय समाज द्वारा अंग्रेजों के विरूद्ध किए गए 14 बड़े विद्रोह का सचित्र चित्रण किया गया है। उन्होंने बताया कि एक बटन दबाते ही पूरे स्वतंत्रता संग्राम एवं महापुरूषों की जानकारी मिल जाती है। उन्होंने सभी से रायपुर पहुंचकर संग्रहालय का अवलोकन करने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि देश के सर्वोच्च पद राष्ट्रपति पद पर श्रीमती द्रौपती मुर्मु जनजातीय समाज से है। उन्होंने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने जनजातीय समाज के विकास एवं क्षेत्र के विकास के लिए छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण किया और आज छत्तीसगढ़ का तेजी से विकास हो रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से गांव-गांव तक पक्की सड़कों का निर्माण करवाया और जनजातीय समाज के विकास के लिए आदिम जाति कल्याण मंत्रालय का गठन किया। तत्कालीन मुख्यमंत्री एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह द्वारा जनजातीय समाज के विकास के लिए बस्तर विकास प्राधिकरण, सरगुजा विकास प्राधिकरण लाया गया। शासन द्वारा जनजातीय समाज की शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य सभी आवश्यक संसाधन की व्यवस्था की जा रही है। शासन द्वारा प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र हितग्राहियों के लिए 18 लाख पक्के आवास बनाने की स्वीकृति दी गई। महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओें को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रदेश की 70 लाख महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रूपए की सहायता राशि दी जा रही है। किसानों को दो वर्ष का बकाया बोनस 3716 करोड़ रूपए का भुगतान किया गया है। तेंदूपत्ता संग्रहण से 13 लाख परिवारों को लाभ मिल रहा है। तेंदूपत्ता संग्रहण राशि 4000 रूपए से बढ़ाकर 5500 रूपए बोरा की गई है। श्री रामलला दर्शन योजना के तहत 38 हजार बुजुर्ग हितग्राही लाभान्वित हुए है। भूमिहीन कृषक मजदूर योजना के तहत हितग्राहियों को लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास में नक्सलवाद बाधा रही है। विगत दो वर्षों में डबल इंजन सरकार के होने से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों में गति आयी है। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संकल्प लिया है कि दो वर्षों में देश से नक्सलवाद को समाप्त करेंगे। अब तक 2 हजार से नक्सलवादियों ने आत्मसमर्पण किया है। शासन की ओर से उनके पुनर्वास के लिए कार्य किए जा रहे है और उन्हें सहयोग प्रदान किया जा रहा है। जगदलपुर के पंडुम कैफे में नक्सल आत्मसमर्पित तथा पीड़ित परिवारों ने मिलकर पंडुम कैफे खोला है, जो सफलतापूर्वक कार्य कर रहा है। उन्होंने बस्तर ओलंपिंक की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि नियद नेल्लानार अभियान के माध्यम से 400 से अधिक ग्राम शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी, अधोसंरचना एवं विकास कार्यों से जुड़ रहे है।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि आज का यह अवसर ऐतिहासिक है। परलकोट से अंग्रेजों के खिलाफ शोषण के विरूद्ध आजादी की मशाल जलाई एवं युद्ध का बिगुल फूंका। शहीद गैंदसिंह की सोच के अनुरूप शोषण मुक्त, स्वाभिमानी एवं आत्मनिर्भर जनजातीय समाज की स्थापना हो रही है। जनजातीय समाज से विभिन्न पदों पर सेवाएं दी जा रही है, यह एक अनुशासित समाज है और भगवान राम तथा माता दंतेश्वरी का आशीर्वाद है। उन्होंने कहा कि गरीब एवं जरूरतमंदों के जीवन में व्यापक परिवर्तन आ रहे हैं। ग्रामीण एवं वनवासी क्षेत्रों से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय प्रदेश के विकास के लिए प्रतिबद्धतापूर्वक कार्य कर रहे है। विगत दो वर्षों में तेजी से प्रदेश का विकास हुआ है। उन्होंने सरलता, सहजता एवं ईमानदारी से कार्य किया है। उन्होंने किसानों को दो वर्ष का बकाया बोनस 3716 करोड़ रूपए का भुगतान किया गया है। महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख महिलाओं के खाते में 7 करोड़ रूपए की राशि उनके खाते में डीबीटी के माध्यम से प्रदान की गई है। सड़कों का जाल बिछा हुआ है एवं विभिन्न क्षेत्रों में विकास के लिए कार्य किए जा रहे हैं।
सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि आदिवासी समाज स्वतंत्रता के आंदोलन में अग्रिम पंक्ति में लड़ने वाला समाज है। अग्रिम पंक्ति में लड़ने वाला समाज जिसे हम धरती आबा कहते हैं। उन्होंने कहा कि भगवान धरती आबा बिरसा मुण्डा और शहीद वीर नारायण सिंह ने अपनी पूरी संपत्ति समाज के लिए अर्पित कर दिया। इसी तरह वीर गुंडाधुर, वीर सुरेंद्र साय, रामाधीन गौड़, तिलक मांझी एक नहीं अनेक नाम है। जो देश की धरती को माता समझे और अपने प्राणों की आहुति दी है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज से विभिन्न पदों प सेवाएं दे रहे हैं। इस समाज के ऊपर पूरा देश गौरवान्वित महसूस करता है। उन्होंने कहा कि धान खरीदी की दर बढ़ाकर 3100 रूपए में धान खरीदी, दो वर्ष की बोनस राशि, महतारी वंदन योजना से प्रतिमाह 70 लाख महिलाओं को 1 हजार रूपए की सहायता, प्रधानमंत्री आवास योजना से 18 लाख हितग्राहियों का आवास स्वीकृत किया गया।
पूर्व वन मंत्री महेश गागड़ा ने कहा कि आज बिरसा मुण्डा 150वीं जन्म शताब्दी को शक्ति दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज का गौरवशाली इतिहास रहा है। समाज की संस्कृति के संरक्षण के लिए शहीद गैंद सिंह ने अपना बलिदान दिया। कार्यक्रम को अखिल भारतीय हल्बा-हल्बी आदिवासी समाज छत्तीसगढ़ महासभा के डॉ. देवेन्द्र माहला, जिला अध्यक्ष हल्बा-हल्बी आदिवासी समाज बीरेन्द्र कुमार मसिया ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ कृषक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सुरेश चन्द्रवंशी, अध्यक्ष जनपद पंचायत छुरिया संजय सिन्हा, सदस्य जिला पंचायत प्रशांत कोड़ापे, सदस्य जिला पंचायत गोपाल भुआर्य, जनपद सदस्य श्रीमती जैमून बाई कंवर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गीता साहू, समाज सेवी कोमल सिंह राजपूत, सरपंच ग्राम पंचायत गोड़लवाही जगदीश राम बघेल, गोड़वाना महासभा धमधागढ़ से एमडी ठाकुर, ब्लॉक अध्यक्ष हल्बा-हल्बी आदिवासी समाज डोंगरगांव भीषम लाल उर्वशा, समाज के चैतराम परेन्द्र, हिरदेराम देवांगन, आईजी अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर जितेन्द्र यादव, पुलिस अधीक्षक श्रीमती अंकिता शर्मा, वन मंडलाधिकारी आयुष जैन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर प्रेम प्रकाश शर्मा, एसडीएम डोंगरगांव श्रीकांत कोराम सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाज के लोग एवं ग्रामीण उपस्थित थे।

नेत्रहीन इंद्राणी को ब्लाइंड स्टिक से मिली नई राह, सुशासन ने बढ़ाया आत्मविश्वास

0

मोहला। जब जिंदगी अंधेरे से शुरू होती है, तब हर छोटा सहारा उजाले की किरण बन जाता है। विकास खंड मोहला अंतर्गत ग्राम गुहाटोला की 40 वर्षीय नेत्रहीन इंद्राणी निषाद की यही प्रेरक कहानी है। बचपन से अंधी होने के बावजूद इंद्राणी ने साहस, धैर्य और आत्मविश्वास के बल पर जीवन की कठिन राहों को पार किया है।

सीमित संसाधनों वाले साधारण कृषक परिवार से आने वाली इंद्राणी ने कभी अपनी कमजोरी को अपनी पहचान नहीं बनने दिया। खेती-किसानी करने वाले परिवार में जन्मी इंद्राणी ने अपने संघर्ष और आत्मनिर्भरता के बल पर समाज में सम्मानजनक स्थान बनाया।

सुशासन सप्ताह 2025 के अंतर्गत आयोजित “प्रशासन गांव की ओर” जिला स्तरीय शिविर, ग्राम माडिंग पिंडीग में समाज कल्याण विभाग ने इंद्राणी को ब्लाइंड स्टिक सहायक उपकरण प्रदान किया। यह उपकरण उनके जीवन में आत्मनिर्भरता और सुरक्षा की नई राह खोलने वाला साबित होगा।

ब्लाइंड स्टिक प्राप्त करते समय इंद्राणी की आंखों में संतोष और चेहरे पर आत्मविश्वास की झलक साफ देखी गई। उन्होंने शासन-प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शिविर जरूरतमंदों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाते हैं।

इंद्राणी की मां ने भी भावुक होकर बताया कि इस सहायता से उनकी बेटी का जीवन अब पहले से अधिक सुरक्षित और सहज हो जाएगा।

यह पहल शासन-प्रशासन की उन योजनाओं में शामिल है, जो समाज के कमजोर वर्गों को सशक्त बनाने और उन्हें जीवन में आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से संचालित की जा रही हैं।

मोहला में शिशु एवं बाल आहार व प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल कार्यशाला सम्पन्न

0

मोहला। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण भी, पढ़ाई भी कार्यक्रम के अंतर्गत जिला स्तरीय तीन दिवसीय शिशु एवं बाल आहार तथा प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा कार्यशाला का आयोजन जिला अस्पताल स्थित प्रशिक्षण हॉल में किया गया। यह कार्यशाला कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के निर्देशानुसार संपन्न हुई।

कार्यशाला में मुख्य प्रशिक्षक के रूप में श्री रूपेश चक्रधारी, जिला पोषण समन्वयक, AIIMS रायपुर एवं सुश्री अमृता भोयर ने प्रशिक्षण प्रदान किया। प्रशिक्षण सत्रों के दौरान शिशु एवं बाल आहार, व्यवहार परिवर्तन संचार, माताओं को सही पोषण परामर्श देने की प्रक्रिया तथा बच्चों के समग्र विकास पर विस्तृत चर्चा की गई।

कार्यशाला में बताया गया कि शिशु एवं बाल आहार का उद्देश्य जन्म से 2 वर्ष तक के बच्चों को उचित पोषण प्रदान करना है, जिसमें पहले 6 माह केवल स्तनपान और इसके बाद स्तनपान के साथ उपयुक्त पूरक आहार देना शामिल है। प्रशिक्षण में यह भी रेखांकित किया गया कि सही पोषण पद्धतियों को अपनाकर बच्चों को कुपोषण से बचाया जा सकता है तथा उनके शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास को सुनिश्चित किया जा सकता है।

जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री सी.एस. मिश्रा ने कहा कि बच्चों में कुपोषण को दूर करने में मां का स्तनपान और समय पर दिया गया पूरक आहार अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रशिक्षण से प्राप्त जानकारी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं समुदाय तक प्रभावी रूप से पहुंचाई जाए।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य शिशु एवं छोटे बच्चों के पोषण स्तर में सुधार, कुपोषण की रोकथाम और पोषण एवं प्रारंभिक शिक्षा के समन्वय को सुदृढ़ करना रहा। जिले के समस्त परियोजना अधिकारी एवं पर्यवेक्षक कार्यशाला में उपस्थित रहे।

तीन दिवसीय इस जिला स्तरीय कार्यशाला से प्रतिभागियों की क्षमता में वृद्धि होगी, जिसका सकारात्मक प्रभाव जिले में पोषण एवं बाल विकास कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिखाई देगा।

अजमेर उर्स पर कांग्रेस की चादर पेश, देश में अमन-चैन की दुआ

0

राजनांदगांव। अजमेर शरीफ दरगाह के 814वें उर्स के पावन अवसर पर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की ओर से भेजी गई चादर दरगाह में पेश की गई। चादर राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद इमरान प्रतापगढ़ी के साथ राजस्थान प्रभारी अब्दुल कलाम खान ने अकीदत के साथ चढ़ाई।
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) नेता टीकाराम जूली, विधायक रफीक खान, विकास चौधरी, अमीन कागजी, जाकिर गैसावत, धर्मेंद्र राठौर, पूर्व मंत्री नसीम अख़्तर, राजकुमार जयपाल, पूर्व चेयरमैन आबिद कागजी, अमीन पठान सहित कांग्रेस के हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
चादर चढ़ाने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा भेजा गया संदेश पढ़कर सुनाया गया। इस दौरान देश में शांति, भाईचारे, एकता और सद्भाव के लिए विशेष प्रार्थना की गई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अजमेर शरीफ दरगाह आपसी सौहार्द और गंगा-जमुनी तहजीब का प्रतीक है। कार्यक्रम में सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं की ससम्मान उपस्थिति रही।

शिवसेना ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री का पुतला फूंका

0

राजनांदगांव। बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के विरोध में शिवसेना ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री मोहम्मद यूनुस का पुतला दहन किया। शहर के फौव्वारा चौक से गुरुनानक चौक तक जुलूस निकालकर पुतला फूंका गया। इसी कड़ी में डोंगरगांव के बस स्टैंड में भी शिवसैनिकों ने प्रधानमंत्री यूनुस का पुतला दहन किया।
शिवसेना जिलाध्यक्ष आकाश सोनी ने बताया कि बांग्लादेश में हिंदुओं की निर्मम हत्या, मंदिरों में तोड़फोड़ और महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार की घटनाओं को लेकर शिवसेना ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं पर बांग्लादेश के कार्यवाहक प्रधानमंत्री की चुप्पी से शिवसेना में भारी आक्रोश है। इसी के विरोध में छत्तीसगढ़ के हर जिला मुख्यालय और ब्लॉक मुख्यालय में पुतला दहन किया गया।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि शिवसेना पीड़ित हिंदुओं के साथ खड़ी है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस मुद्दे पर ठोस कार्रवाई की मांग करती है।
इस प्रदर्शन में शिवसेना दुर्ग संभाग अध्यक्ष राकेश श्रीवास्तव, प्रदेश सचिव कमल सोनी, जिलाध्यक्ष आकाश सोनी, राजनांदगांव विधानसभा अध्यक्ष मुकेश साहू, छुरिया ब्लॉक अध्यक्ष संजय सरपे, महिला सेना प्रदेश सचिव शिरोमणि पगारे सहित संजय यादव, नीलकंठ यादव, थरवेतन साहू, धनेश साहू, गोविंद साहू, ज्ञानचंद लोढ़ा, मुन्ना यादव, प्रेमदास मानिकपुरी, हरेंद्र मालेकर, प्रकाश सोनी समेत बड़ी संख्या में शिवसैनिक मौजूद रहे।

मानपुर ब्लॉक में ग्राम पंचायत कोराचा, हलोरा और कदाड़ी में पेसा दिवस का आयोजन

0

राजनांदगांव। आदिवासी एवं वन पर निर्भर समुदायों के सशक्तिकरण के लिए जन कल्याण सामाजिक संस्थान ने 24 दिसंबर को मानपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत कोराचा, हलोरा और कदाड़ी में पेसा दिवस का आयोजन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आदिवासी पुरुष-महिलाएं, ग्राम सभा सदस्य और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पेसा अधिनियम (पंचायत उपबंध अनुसूचित क्षेत्रों तक विस्तार अधिनियम, 1996) के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करना और ग्राम सभा को सशक्त बनाना था। आयोजन में ग्राम सभा के अधिकार, दायित्व, निर्णय प्रक्रिया के साथ-साथ जल-जंगल-जमीन और पारंपरिक संसाधनों पर समुदाय के अधिकारों पर विस्तार से चर्चा की गई।
संस्थान के प्रतिनिधि किशन सिंह साहू ने बताया कि पेसा कानून आदिवासी और वन पर निर्भर समुदायों को स्वशासन का अधिकार देता है। यह कानून ग्राम विकास से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय ग्राम सभा के माध्यम से लेने का प्रावधान करता है। उन्होंने ग्रामवासियों को नियमित ग्राम सभा आयोजित करने, सामूहिक भागीदारी बढ़ाने और अपने संवैधानिक अधिकारों के संरक्षण के लिए जागरूक रहने की सलाह दी।
कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामवासियों ने पेसा कानून के प्रभावी क्रियान्वयन, ग्राम सभा को मजबूत करने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए सामूहिक संकल्प लिया। यह पहल आदिवासी और वन पर निर्भर समुदायों के सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी गई।
इस अवसर पर वीरेंद्र शाह मंडावी सरपंच कोराचा, पिलेश्वरी भुआर्य सरपंच कदाड़ी, यशवंत कोमरे पंचायत सचिव हलोरा के अलावा गटेगहन, सम्बलपुर और खेड़ेगांव के प्रतिनिधि, मितनिना दीदी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रही।

जिला खाद्य अधिकारी पर गंभीर आरोप, राशन दुकानों का बलपूर्वक समर्पण कराने का मामला

0

राजनांदगांव। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आसिफ अली ने जिला खाद्य अधिकारी रविन्द्र सोनी की जिलाधीश के माध्यम से छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव को कार्यवाही करने को लेकर ज्ञापन सौंपा।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आसिफ अली ने अपने शिकायत में कहा कि शहर राजनांदगांव में स्थित शासकीय उचित मूल्य की दुकान सोसायटी, समूह एवं अन्य के द्वारा वर्तमान में संचालित किया जा रहा है, जिसे जिले में पदस्थ जिला खाद्य अधिकारी रविन्द्र सोनी द्वारा समिति के सदस्यों को बुला-बुलाकर धमकी दिया जा रहा है और कोरे कागज पर राशन दुकान नहीं चला सकते है, करके सील लगवाकर साईन कराया जा रहा है। साईन नहीं किये जाने पर जेल भेजने की धमकी देते हुए संचालित राशन दुकान को बलपूर्वक समर्पण कराया जा रहा है, जिसके कारण वार्डवासियों में काफी आक्रोश की स्थिति बनी हुई है। इसके पहले भी स्टेशन पारा के राशन दुकान को वार्ड के सोसायटी-समूह को दरकिनार रखकर दूसरे वार्ड के समूह को नियम विरूद्ध आबंटित किये जाने के कारण अधिकारी रविन्द्र के विरूद्ध कठोर से कठोर कार्यवाही किये जाने की मांग की गई थी।
श्री अली ने यह भी आरोप लगाया है कि स्टेशन पारा में शासकीय राशन दुकान को वार्ड के महिला समूह द्वारा संचालित किया जा रहा था, उसको भी जिला खाद्य अधिकारी द्वारा दूसरे वार्ड के समूह को आबंटित कर दिया गया है। उक्त शासकीय राशन दुकान को समूह के सदस्य द्वारा संचालित कराना छोड़ वार्ड क्रमांक 4 के भाजपा प्रत्याशी एवं पूर्व पार्षद श्यामा सुखदेवे द्वारा संचालित किया जा रहा है। इस मामले की शिकायत करने के बाद भी किसी प्रकार की कार्यवाही नहीं किया जा रहा है, इससे ऐसा प्रतीत होता है कि उक्त भाजपा नेता को जिला खाद्य अधिकारी का संरक्षण प्राप्त है।
इसके पहले भी श्री अली द्वारा जिला खाद्य अधिकारी रविन्द्र सोनी के ऊपर कार्यवाही की मांग को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा था, मगर आज पर्यंत तक किसी भी प्रकार की कार्यवाही नहीं की गयी है।
श्री अली ने कहा कि यदि समय-सीमा पर उक्त शिकायत पर किसी भी प्रकार की कार्यवाही नहीं होने पर ब्लॉक कांग्रेस पार्टी के द्वारा उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।