Home Blog Page 266

राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत सामूहिक दवा सेवन अभियान की जिला समन्वय समिति की बैठक

0

खैरागढ़। राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत सामूहिक दवा सेवन (एमडीए) अभियान को सफलतापूर्वक संपादित करने हेतु जिला समन्वय समिति की बैठक कलेक्टर सभा गृह में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष एवं जिला कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रावल ने की।
बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा ने सामूहिक दवा सेवन अभियान की रूपरेखा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह अभियान जिले में 10 फरवरी से 25 फरवरी 2026 तक संचालित किया जाएगा। 10 फरवरी से 12 फरवरी 2026 तक बूथ स्तरीय दवा सेवन कराया जाएगा। 13 फरवरी से 22 फरवरी 2026 तक घर-घर भ्रमण कर दवा सेवन कराया जाएगा। 23 फरवरी से 25 फरवरी 2026 तक छूटे हुए व्यक्तियों को दवा सेवन कराया जाएगा।
जिले में कुल 781 बूथ एवं दवा प्रशासक दल गठित किए गए हैं। प्रत्येक दल में एक मितानिन एवं एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शामिल रहेंगी। बूथों का संचालन स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, बस स्टैंड एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर किया जाएगा।
कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय एवं सहयोग के साथ कार्य करें, ताकि जिले को फाइलेरिया मुक्त बनाया जा सके।
उक्त बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रेम कुमार पटेल, अतिरिक्त कलेक्टर सुरेंद्र ठाकुर, स्वास्थ्य विभाग से जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. विवेक बिसेन, डीपीएम श्रीमती सोनल धु्रव, वीवीबीडी सुपरवाइजर विवेक मेश्राम सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

राजनांदगांव में 53 हजार से अधिक किसानों से 651 करोड़ रुपए का धान खरीदा

0

राजनांदगांव। जिले में धान खरीदी अभियान से किसानों में हर्ष व्याप्त है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 अंतर्गत धान खरीदी महाभियान के तहत शासन द्वारा समर्थन मूल्य एवं कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों से 3100 रूपए प्रति क्विंटल की दर और प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक के मान से धान खरीदी की जा रही है। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देशन में धान खरीदी सुचारू संचालन के लिए अच्छी व्यवस्था की गई है। धान खरीदी कार्य के लिए इलेक्ट्रानिक तौल मशीन, पेयजल, छांव, बायोमैट्रिक डिवाईस मशीन, श्रमिक एवं अन्य व्यवस्था की गई है। आर्द्रता मापी यंत्र से किसानों के धान का परीक्षण किया जा रहा है। जिले के सभी 96 धान खरीदी केन्द्रों में धान खरीदी की दर एवं सूची व फ्लैक्स लगाए गए है। कलेक्टर ने धान खरीदी केन्द्रों की सतत निगरानी रखने तथा कोचियों एवं बिचौलियों से अवैध धान की खरीदी पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए है। धान बिक्री के लिए किसान टोकन तुंहर हाथ मोबाईल एप के माध्यम से टोकन प्राप्त कर रहे है। जिससे उनके समय की बचत हो रही है और उन्हें सुविधा मिल रही है। उल्लेखनीय है कि अब तक जिले में 53149 पंजीकृत किसानों से 651 करोड़ 06 लाख 62 हजार रूपए मूल्य का 2741899.20 क्विंटल धान की खरीदी की गई है। धान का उठाव भी लगातार जारी है। अब तक धान उपार्जन केन्द्रों से 408342.98 क्विंटल धान का उठाव किया गया है।

समर्थन मूल्य एवं कृषक उन्नति योजना से किसान आर्थिक रूप से हो रहे मजबूत

0

राजनांदगांव। राज्य शासन की पारदर्शी और सुव्यवस्थित नीति से किसानों का जीवन बदल रहा है। शासन द्वारा समर्थन मूल्य एवं कृषक उन्नति योजना से किसान आर्थिक रूप से मजबूत हो रहे है। जिससे वे अपने सपनों को पूरा करने में समक्ष हो रहे हैं। किसानों से 3100 रूपए प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी की जा रही है। राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम खपरीकला के किसान देवदास वर्मा ने धान उपार्जन केन्द्र भानपुरी में 146 कि्ंवटल धान का विक्रय किया है। किसान देवदास बहुत खुश दिखाई दे रहे थे। उन्होंने कहा कि वे शासन द्वारा धान खरीदी कार्य का इंतजार कर रहे थे। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी से उनका सपना पूरा होगा। उन्होंने कहा कि बहुत दिनों से इच्छा थी कि वे एक नया घर बनाएंगे। इस वर्ष की धान बिक्री से उनका नया घर का कार्य पूर्ण हो जाएगा। उन्होंने बताया कि उनके पास 18 एकड़ खेती जमीन है। उन्होंने ऑनलाईन के माध्यम से घर बैठे टोकन तुंहर हाथ एप्प से दूसरी बार टोकन कटवाया था। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा 24 घंटे ऑनलाईन टोकन की सुविधा प्रदान की गई है, जिससे किसानों को बहुत अच्छा फायदा मिल रहा है। पिछले वर्ष की धान खरीदी से उन्हें अच्छा लाभ मिला था। किसान देवदास ने कहा कि शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी से किसान आधुनिक और तकनीकी कृषि को अपना रहे हैं। इसके साथ ही अपने खेती-किसानी कार्य में राशि को निवेश कर रहे है। उन्होंने बताया कि फसलचक्र का उपयोग करते हुए धान की फसल के बाद रबी मौसम में चना, तिवड़ा, गेंहू एवं बटरी मटर की फसल लेते है। किसानों को सोसायटी के माध्यम से समय पर कृषि कार्य के लिए पर्याप्त मात्रा में खाद-बीज और अन्य कार्यों के लिए ऋण मिल जाता है। इससे किसानों के फसल उत्पादन क्षमता में लगातार वृद्धि हो रही है।
किसान देवदास ने कहा कि किसानों की आर्थिक मजबूती से अपने इच्छाओं और अपने परिवार को अच्छी सुख-समृद्धि देने के लिए सक्षम हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि धान खरीदी केन्द्र भानपुरी में पारदर्शी और सुगमता से खरीदी होने से किसान बहुत संतुष्ट है। उन्होंने कहा कि टोकन तुंहर हाथ मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे 24 घंटे ऑनलाइन टोकन मिलने से धान बिक्री करना आसान हो गया है। पहले टोकन जारी होने के लिए सोसायटी में घंटों इंतजार करना पड़ता था, अब डिजिटल व्यवस्था से किसानों को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने बताया कि खरीदी केंद्र में नमी परीक्षण, बारदाना उपलब्धता, धान भराई, इलेक्ट्रानिक मशीन से तौल और पर्ची सभी प्रक्रियाएँ समयबद्ध और बिना किसी परेशानी के संपन्न हुई है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को धन्यवाद दिया।

तेल पाम की खेती से बढ़ेगी किसानों की आय : डोंगरगढ़ में प्रशिक्षण, 17,269 रुपए प्रति हेक्टेयर अनुदान

0

राजनांदगांव। उद्यानिकी विभाग एवं अम्मा पॉम प्लान्टेशन लिमिटेड द्वारा डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम लभानिनभाठा में कृषकों को आयल पॉम की खेती के विषय पर प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में आयल पॉम की खेती के साथ-साथ तेल का उपयोग, महत्व एवं खाद्य मूल्य के साथ-साथ इसकी खेती की तकनीकी जानकारी कृषकों को प्रदान की गई। कम्पनी के प्रतिनिधि सिद्धार्थ चन्द्राकर द्वारा पौधरोपण से लेकर पौधों की देखरेख, सिंचाई, उत्पादन एवं कुल शुद्ध आय के बारे में विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। वरिष्ठ उद्यान विकास अधिकारी आरके मेहरा द्वारा ऑयल पॉम की खेती हेतु अनुदान के विषय में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि ऑयल पॉम की खेती हेतु उद्यानिकी विभाग से शत-प्रतिशत अनुदान पर पौधे कृषकों के प्रक्षेत्र तक उपलब्ध कराये जा रहे हंै। साथ ही पौधों के रखरखाव हेतु 21 हजार रूपए तथा अंतवर्तीय फसल रोपण हेतु 21 हजार रूपए एवं ड्रिप स्थापना हेतु 17 हजार 269 रूपए प्रति हेक्टेयर का अनुदान दिया जा रहा है। यदि कृषक 2 हेक्टेयर तक पौधरोपण करता है, तो उसे अतिरिक्त अनुदान नलकूप खनन हेतु 50 हजार रूपए साथ ही पम्प प्रतिस्थापन हेतु 27 हजार 500 रूपए का अनुदान दिया जा रहा है, यदि कृषक रोपण के पश्चात फलन उपरांत 3 वर्ष तक आयल पॉम की खेती करता है, तो उसे अतिरिक्त ट्रेक्टर के लिए अनुदान राशि 2 लाख रूपए देय होगा। आयल पॉम का उत्पादन एवं आय अर्जन के विषय में बताया गया कि प्रति हेक्टेयर 143 पौधे के रोपण करने पर प्रति हेक्टेयर 20 टन की उपज होगी, जिसका बाजार मूल्य वर्तमान में 16-22 रूपए प्रति किलो है, इस हिसाब से 3 लाख 20 रूपए हेक्टेयर की आमदनी होगी।
प्रशिक्षण के दौरान प्रगतिशील कृषक एनेश्वर वर्मा, मनीराम लिल्हारे, गैंदलाल देवांगन, ओम प्रकाश देवांगन, नवीन परमार अन्य कृषकों के साथ-साथ उद्यानिकी विभाग से जीएस सोनकुसले, गिरजाशंकर राणा, श्रीमती श्वेता सिंह, श्रीमती दीपिका खाण्डेकर एवं अम्मा आयल पॉम प्लांटेशन कम्पनी से हेमंत साहू एवं लेखराज साहू उपस्थित रहे।

खनन व सीमेंट फैक्ट्री विरोधी आंदोलन की कमान महिलाओं के हाथ, बना किसान अधिकार संघर्ष समिति

0

छुईखदान। दनिया-अतरिया-उदयपुर-हनईबन क्षेत्र में प्रस्तावित चुना पत्थर खदान और श्री सीमेंट फैक्ट्री के विरोध में चल रहा किसान आंदोलन अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। आंदोलन की कमान महिलाओं के हाथों में सौंपे जाने के साथ ही यह संघर्ष जन आंदोलन का रूप लेने लगा है। इसी क्रम में किसानों और ग्रामीणों के अधिकारों की रक्षा के लिए किसान अधिकार संघर्ष समिति का गठन किया गया है।
किसान अधिकार संघर्ष समिति की अध्यक्ष लुकेश्वरी जंघेल को बनाया गया है, जबकि प्रियंका जंघेल को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। आंदोलन को मार्गदर्शन देने के लिए गिरवर जंघेल और मोतीलाल जंघेल को संरक्षक नियुक्त किया गया है। समिति के संयोजक सुधीर गोलछा बनाए गए हैं। वहीं डोमर सिंह भेड़िया और कुसुम जंघेल को सह संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।
आंदोलन में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी से क्षेत्र में खासा उत्साह देखा जा रहा है। प्रारंभिक कार्यकारिणी में विभिन्न गांवों से 180 महिला और 170 पुरुष सदस्यों को शामिल किया गया है। समिति ने गांव-गांव जाकर बैठकें कर कार्यकारिणी का विस्तार करने का निर्णय लिया है।
समिति की कार्यकारिणी में कामदेव जंघेल, बीरेंद्र जंघेल, राजकुमार जंघेल, प्रमोद सिंह और छोटू यादव को उपाध्यक्ष बनाया गया है। मुकेश पटेल और विक्रम यादव सह सचिव होंगे। मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौरभ जंघेल, एमन जंघेल, ज्ञानेंद्र जंघेल, प्रियंका चंदेलए, होमेश्वर जंघेल और लक्की जंघेल को सौंपी गई है।
आंदोलनकारियों की आस्था और एकजुटता को मजबूत करने के लिए आंदोलन स्थल पर दक्षिण मुखी मंदिर के निर्माण का भी निर्णय लिया गया है। समिति का कहना है कि इससे आंदोलन को आध्यात्मिक संबल मिलेगा।
समिति की अध्यक्ष लुकेश्वरी जंघेल ने कहा कि जब तक खनन परियोजना और सीमेंट फैक्ट्री की स्थापना पूरी तरह रद्द नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि यह क्षेत्र कृषि प्रधान है, जहां त्रिफसली खेती होती है। खनन से भूमि, जलस्तर और पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंचेगा।
सचिव प्रियंका जंघेल ने बताया कि गांव-गांव जाकर ग्रामीणों को खनन और फैक्ट्री से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान, जल संकट और खेती पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी जाएगी।
हाल ही में आयोजित किसान महापंचायत में बड़ी संख्या में किसानों और ग्रामीणों की मौजूदगी ने आंदोलन को मिल रहे जनसमर्थन को स्पष्ट किया।
संयोजक एवं जनपद सभापति सुधीर गोलछा ने कहा कि महिलाओं के नेतृत्व और किसानों की एकता से यह आंदोलन अब पूरी तरह जन आंदोलन बन चुका है। आने वाले दिनों में इसे और व्यापक रूप देकर परियोजना को बंद कराने के लिए निर्णायक संघर्ष किया जाएगा।

एबीवीपी को मिला नया जिला संयोजक, धनंजय पांडेय संभालेंगे जिम्मेदारी

0

राजनांदगांव। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने संगठनात्मक व्यवस्था के तहत राजनांदगांव जिले के लिए धनंजय पांडेय को जिला संयोजक नियुक्त किया है। संगठन की ओर से बताया गया कि यह नियुक्ति उनकी निष्ठा, अनुभव और संगठन के प्रति निरंतर समर्पण को देखते हुए की गई है।
नवनियुक्त जिला संयोजक धनंजय पांडेय के नेतृत्व में जिलेभर में विद्यार्थी परिषद की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किया जाएगा। उनका फोकस छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता से उठाने, शैक्षणिक संस्थानों में सकारात्मक और अनुशासित माहौल बनाने तथा विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने पर रहेगा।
धनंजय पांडेय ने कहा कि संगठन छात्रवृत्ति, परीक्षा प्रणाली, शिक्षा की गुणवत्ता, कैंपस सुरक्षा, नशामुक्ति, रोजगारोन्मुखी शिक्षा और विभिन्न सामाजिक विषयों पर सक्रिय रूप से कार्य करेगा। साथ ही विद्यार्थियों की समस्याओं को प्रशासन और शासन के समक्ष लोकतांत्रिक व संवैधानिक तरीकों से मजबूती से रखा जाएगा।
एबीवीपी पदाधिकारियों ने भरोसा जताया कि धनंजय पांडेय के नेतृत्व में संगठन राजनांदगांव जिले में छात्र हितों की आवाज को नई दिशा और ऊर्जा देगा तथा विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक जिम्मेदारी और नैतिक मूल्यों को और मजबूत करेगा।

उत्तरप्रदेश और स्पोर्ट्स अकादमी रायपुर ने जीता मैच, महिला वर्ग मे शिवनगर बुल्स ने शांतिनगर स्ट्राइकर को हराया

0

राजनांदगांव। 5वीं रुद्राक्षम् वेलफेयर सोसाइटी छत्तीसगढ़ हॉकी लीग अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता प्रतियोगिता के दूसरे दिन तीन मैच खेले गए। महिला वर्ग का पहला मैच शिवनगर बुल्स विरुद्ध शांति नगर नगर स्ट्राइकर्स के मध्य खेला गया, जिसमें शांति नगर स्ट्राइकर ने मैच मे 3-2 से जीत हासिल की। शांति नगर स्ट्राइकर्स की ओर से उर्वशी यादव, मोनिष्का विश्वकर्मा एवं तूलिका वर्मा ने 1-1 गोल किये, तो वहीं शिवनगर बुल्स की ओर से एकता एवं उन्नति निषाद ने अमल चौबे एवं उदित मनी साहू ने 1-1 गोल किए।
बालक वर्ग का पहला मैच उत्तरप्रदेश विरुद्ध कबीर धाम के मध्य खेला गया, जिसमें उत्तरप्रदेश प्रदेश की टीम ने कबीरधाम की टीम को 5-4 से पराजित किया। उत्तरप्रदेश कि ओर से देवेंद्र सिंह एवं हिमांशु ने 2-2 गोल किया तथा पुनीत पाल ने 1 गोल किया, वहीं कबीरधाम की ओर से मनीष राजपूत ने 2, सोम साहू एवं कोमल पाल ने 1-1 गोल किया।
बालक वर्ग का दूसरा मैच स्पोर्ट्स अकादमी रायपुर एवं जिला हॉकी संघ दुर्ग के मध्य खेल गया। मैच में स्पोर्ट्स अकादमी की टीम ने 7-3 से जीत दर्ज की। स्पोर्ट्स अकादमी की ओर से लियांश सारिणी ने चार गोल तथा मनीष मौर्या ने 3 गोल किया। वहीं जिला हॉकी संघ दुर्ग की ओर से भेद चौरे ने तीन गोल अपने टीम के लिये किया।
एसईसीएल बेस्ट दर्शक का अवार्ड शांति नगर वार्ड क्रमांक 10 निवासी बाबुदास मानिकपुरी को प्रदान किया गया।
उत्कृष्ट खेल कौशल प्रदर्शन के लिए बालिका वर्ग में उर्वशी यादव को प्लेयर ऑफ द मैच, तूलिका वर्मा वर्मा को बेस्ट डिफेंडर एवं मोनिष्का विश्वकर्मा को बेस्ट स्ट्राइकर के अवार्ड से सम्मानित किया गया।
बालक वर्ग के मैच मे उत्तरप्रदेश टीम से खिलाड़ी देवेंद्र सिंह को और जिला हॉकी संघ दुर्ग टीम के खिलाड़ी भेद चौरे को मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का अवार्ड प्रदान किया गया।
रुद्राक्षम् वेलफेयर सोसाइटी राजनांदगांव हॉकी लीग के तहत खेले गए दूसरे दिन के मैच के दौरान अतिथि के रूप मे पार्षद शिव वर्मा एवं सुनील साहू, योगेश्वर सिन्हा, गुणवंत पटेल, शरद तिवारी, ज्ञानचंद जैन, जहांगीर खान, अयूब इरफान, अनुराज श्रीवास्तव, दिग्विजय श्रीवास्तव, तृप्ति निषाद, कमलेश्वरी वर्मा, सुनीता साहू, हंस कुमारी साहू, दीपमाला नायडू उपस्थित रहे।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने पीड़ितों को प्रदान की सहायता राशि

0

राजनांदगांव। पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने राजनांदगांव प्रवास के दौरान अपनी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न पीड़ित परिवारों को स्वेच्छानुदान मद से सहायता राशि प्रदान की।
मीडिया सेल से प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्पीकर हाउस में पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनकर डॉ. सिंह ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जरूरतमंदों को सहायता राशि के चेक वितरित किए।
डॉ. रमन सिंह ने ग्राम पंचायत ककरेल के सरपंच स्वर्गीय अभिषेक पाटिल के निधन पर उनकी माता को एक लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की। वहीं, कौरिनभाठा निवासी पुष्पा बाई की बेटी के पेट में कैंसर के इलाज के लिए 50 हजार रुपये का चेक दिया गया।
इसके अलावा ग्राम नवागांव निवासी पुष्पा भाई निर्मलकर के पति की आकस्मिक मृत्यु पर 50 हजार रुपये, साकेत साहित्य परिसर सुरगी को 50 हजार रुपये, पर्वत रोही निवासी कुमारी जय वर्मा की पढ़ाई के लिए 50 हजार रुपये की सहायता दी गई। कन्हारपुरी वार्ड के एक जरूरतमंद व्यक्ति को इलाज हेतु 20 हजार रुपये तथा ग्राम मोखला में बर्तन सामग्री के लिए गुहा निषाद समाज को 25 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई।
सहायता राशि मिलने पर सभी लाभार्थियों के चेहरे पर संतुष्टि और कृतज्ञता के भाव दिखाई दिए।
इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत, मंडल अध्यक्ष सुमित भटिया, गोलू गुप्ता, तरुण लहरवानी, गिन्नी चावला एवं राजेंद्र जैन बंटू उपस्थित रहे।

हॉकी राजनांदगांव की खेल चेतना, सामाजिक सहभागिता एवं युवा ऊर्जा के सजीव उत्सव : डॉ. रमन सिंह

0

राजनांदगांव। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने रूद्राक्षम् वेलफेयर सोसायटी द्वारा पटरी पार चिखली स्कूल मैदान राजनांदगांव में आयोजित 5वीं छत्तीसगढ़ हॉकी लीग अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। 5वीं छत्तीसगढ़ हॉकी लीग अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता 21 दिसम्बर से 28 दिसम्बर 2025 तक आयोजित की जाएगी। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने हॉकी खिलाड़ियों के लिए हॉकी किट रखने के लिए 5 लाख रूपए तथा जिम सामग्री क्रय करने के लिए 5 लाख रूपए की घोषणा की। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सिंह ने कहा कि हॉकी का खेल राजनांदगांव की खेल चेतना, सामाजिक सहभागिता और युवा ऊर्जा के सजीव उत्सव है। उन्होंने रूद्राक्षम वेलफेयर सोसायटी द्वारा निरंतर 5 वर्षों तक सफलतापूर्वक प्रतियोगिता आयोजन करने के लिए हार्दिक बधाई दी। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता को अधिक भव्य, अनुशासित, उद्देश्यपूर्ण बनाने की दिशा में अपनी एक विशेष पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव की एक विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान, हमारी खेल परंपरा और हॉकी का गौरवशाली स्थान रहा है।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि राजनांदगांव की मिट्टी में हॉकी का बीज छुपा हुआ है। उन्होंने कहा कि आज यहां बीज का रोपण हुआ है। आने वाले समय में यहां के खिलाड़ी देश के हॉकी जगत में कहीं ना कहीं, किसी न किसी स्थान में देश का प्रतिनिधित्व करते हुए भी दिखेंगे। राजनांदगांव से अधिक से अधिक बच्चे अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे जैसे खिलाड़ी निकलेंगे और आगे बढ़ेंगे। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश-प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि राज्यों से श्रेष्ठ टीम यहां आई है, राजनांदगांव को अच्छा हॉकी देखने और बच्चों को सीखने के लिए मिलेगा। उन्होंने कहा कि मार्चपास्ट के दौरान बच्चों में उत्साह, ऊर्जा और ताकत दिखाई दी है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने खिलाड़ियों को खेल भावना से खेलने के लिए शपथ दिलाई। कार्यक्रम में पार्षद शिव वर्मा और अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर कोमल सिंह राजपूत, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ हॉकी संघ फिरोज अंसारी, ऋषि चौधरी, सुमित भाटिया, विष्णु नंद, प्रिंस भाटिया, सुनील साहू, ऋतु जैन, विजय शर्मा, प्रेम रजक सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधिगण, नगरवासी और खिलाड़ी उपस्थित थे।

लालबाग पुलिस की त्वरित कार्यवाही : ग्रामीण विवाद में युवक गिरफ्तार

0

राजनांदगांव। थाना लालबाग पुलिस ने ग्रामीण क्षेत्र में असामाजिक तत्वों और अशांति फैलाने वाले व्यक्ति के खिलाफ त्वरित कार्यवाही करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई माननीय अनुविभागीय दंडाधिकारी के समक्ष पेश करने के लिए की गई।
गिरफ्तार किए गए युवक की पहचान ढालेश्वर यादव पिता श्याम लाल यादव, (उम्र 24 वर्ष), निवासी-करमतरा रजवाड़ापारा, थाना लालबाग, जिला राजनांदगांव के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 21 दिसंबर 2025 को ग्राम करमतरा से सूचना प्राप्त हुई कि दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि ढालेश्वर यादव, सुचक लक्ष्मी सोनी के साथ वाद-विवाद कर मारपीट के लिए उकसाया। आसपास के लोग और पुलिस समझाने का प्रयास करने के बावजूद युवक ने उत्तेजित होकर मारपीट करने की कोशिश की।
पुलिस ने अन्य विकल्प न होने पर धारा 170 बीएनएसएस के तहत युवक को गिरफ्तार किया और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए धारा 126 व 135 (3) बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए उसे माननीय अनुविभागीय दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया।
थाना प्रभारी लालबाग निरीक्षक राजेश कुमार साहू के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा, नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन और पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्यवाही सराहनीय कदम के रूप में देखी जा रही है।
पुलिस टीम में निरीक्षक राजेश कुमार साहू, सउनि एपी शीला, आरक्षक कमल किशोर यादव और वर्मा प्रसाद की भूमिका विशेष रूप से उल्लेखनीय रही।