छत्तीसगढ़ में तापमान धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। कई इलाकों में पारा सामान्य से 2 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। राजनांदगांव में 38°C तापमान रिकॉर्ड हुआ।
छत्तीसगढ़ में अब गर्मी का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। शनिवार को प्रदेश के कई इलाकों में तापमान सामान्य से करीब 2 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। बढ़ती गर्मी के चलते लोगों ने अभी से घरों में एसी और कूलर चलाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण सक्रिय
शनिवार को प्रदेश का मौसम ज्यादातर शुष्क बना रहा। इस दौरान सबसे अधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में करीब 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में लगभग 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क ही बने रहने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि उड़ीसा और उससे सटे क्षेत्रों के ऊपर लगभग 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक एक ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण सक्रिय है। इसके साथ ही एक द्रोणिका उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश तक, उत्तर छत्तीसगढ़ होते हुए करीब 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैली हुई है। इसके प्रभाव से प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।
मौसम सूखा रहने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 8 मार्च को भी प्रदेश में मौसम सूखा रहने की संभावना है। अगले चार दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है। राजधानी की बात करें तो रविवार सुबह हल्की धुंध देखी जा सकती है। यहां अधिकतम तापमान लगभग 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।



