प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज धमतरी जिले के कुरुद विकासखंड के ग्राम पंचायत हंचलपुर पहुंचे। यहां के ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आत्मीय स्वागत किया। यहां सीएम ने राज्य सरकार की सुराजी गांव योजना के तहत 940 मवेशियों के लिए 9 एकड़ में बनाए गए आदर्श गोठान का लोकार्पण किया। यहां मुख्यमंत्री ने बरगद का पौधा रोपा। इसके बाद सीएम भूपेश बघेल ने नीम के पेड़ के नीचे चौपाल लगाई।
सीएम ने स्व सहायता समूह की महिलाओं से चर्चा कर गोमूत्र, गोबर, नीम आदि से निर्मित कीटनाशक और जैविक खाद की जानकारी ली। सीएम को बताया गया कि नरवा संरक्षण हेतु गोठान के नजदीक देमार नाला में करीब 50 लाख की लागत से स्टाप डैम बनाया गया है। गांव में पशुओं के लिए पीने के पानी के साथ ही निस्तारी और सिंचाई के लिए अब पानी मिल सकेगा।
मौसम विभाग ने बताया है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के शनिवार तक केरल पहुँचने की बहुत अधिक संभावना है। विभाग ने शुक्रवार को कहा ‘पश्चिमी तट के साथ समुद्र में एक हल्के गर्त का निर्माण हुआ है जिसके वहाँ बने रहने की संभावना है। इन अनुकूल परिस्थितियों के मद्देनजर अगले 24 घंटे में दक्षिण-पश्चिम मानसून के केरल पहुँचने की बहुत अधिक संभावना है।’
उसने बताया कि इसके अलाव पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों में भी अगले 48 घंटे में मानसून के पहुँचने के अनुकूल परिस्थितियाँ बनने की उम्मीद है। आम तौर पर मानसून 01 जून को केरल पहुँचता है। एक जून को ही यह असम के दक्षिणी हिस्से में भी प्रवेश करता है। इस साल मानसून के आगमन में देरी हुई है। मौसम विभाग ने पहले इसके 06 जून को केरल पहुँचने का अनुमान व्यक्त किया था, लेकिन बीच में इसकी प्रगति विभाग के अनुमान से धीमी रही।
रायपुर नगर निगम के महापौर प्रमोद दुबे ने अफसरों से कहा कि रायपुर में पर्यावरण बचाने व दुरूस्त करने के लिए मकान बनाने वालों को पहले पेड़ लगाना होगा। इसके बाद ही मकान का नक्शा पास होगा। राजधानी रायपुर में देखा जा रहा है कि दिनों दिन पर्यावरण कम होने लगी है और इससे शहर में प्रदूषण हो रही है साथ ही पानी की कमी भी होने लगी है। पौधारोपण करने से जनता को कई फायदें होंगे। महापौर प्रमोद दुबे ने यह भी कहा कि बिल्डरों को प्लाट व मकान फ्लैट बेचने से पहले पौधारोपण किया जाना है नहीं तो बिल्डरों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
महापौर प्रमोद दुबे ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बिल्डरों द्वारा बनाए गए अपार्टमेंट और भवनों की भी जांच करें बिल्डरों को निर्माण की स्वीकृति इसी शर्त पर दी जाती है कि वे संबंधित जगहों पर निर्धारित मात्रा में पेड़ लगाएं। अब इसकी जांच भी की जाएगी। मापदण्ड अनुरूप यदि पेड़ नहीं लगाए गए तो पहले उन्हें चेतावनी दी जाएगी। इसके बाद जुर्माना भी किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अनुरोध किया कि भवन निर्माण से पहले आगामी बरसात के मद्देनजर अपनी भूखण्ड में पेड़ लगाएं।
मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल आज सिक्खों के पांचवें गुरू अर्जुन देव जी के शहादत दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के श्याम नगर स्थित गुरूद्वारा गुरूनानक नगर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने गुरू अर्जुन देव की शहादत को श्रद्धापूर्वक याद करते हुए उन्हें नमन किया और गुरू ग्रंथ साहिब के समक्ष अपना मत्था टेका। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरू अर्जुन देव ने अपनी शहादत से त्याग और बलिदान का रास्ता दिखाया। उनका यह बलिदान हमें युगों-युगों तक प्रेरणा देता रहेगा। मुख्यमंत्री नेे इस अवसर पर गुरूद्वारा परिसर में निर्मित ’श्री गुरू तेग बहादुर सिक्ख म्युजियम’ का उद्घाटन किया। उन्होंने ने कहा कि यह म्युजियम आने वाली पीढ़ियों को अपने गौरवशाली और प्रेरणादायक इतिहास से परिचित करायेगा।
इस अवसर पर अमृतसर से आये ज्ञानी सुखजिंदर सिंह और गुरूद्वारा गुरूनानक नगर प्रबंधक समिति के अध्यक्ष श्री प्रीतपाल सिंह चंडोक सहित समिति के अनेक पदाधिकारी और समाज के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय श्री दिलीप सिंह चावला और स्वर्गीय अजिंदर सिंह चावला का सपना सिक्खों के इतिहास पर रायपुर में ’श्री गुरू तेग बहादुर सिक्ख म्युजियम’ की स्थापना करने का था, उनका यह सपना आज साकार हो रहा है। चावला परिवार की श्रीमती मंजित कौर चावला और उनके परिवार जनों ने म्युजियम की स्थापना करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके प्रयासों से राजधानी में एक दर्शनीय स्थल निर्मित हुआ है। उन्होंने कहा कि सिक्ख समाज एक जिन्दा दिल कौम है, मैं जब भी इनके बीच आता हूं, मुझे नई ऊर्जा मिलती है। सिक्ख म्युजियम में सिक्खों के गुरूओं के चित्रों के साथ उनका इतिहास प्रदर्शित किया गया है। अमृतसर के स्वर्ण मंदिर की सुंदर प्रतिकृति और सिक्खों के तीर्थ स्थलों की जानकारी भी सुरूचिपूर्ण ढ़ंग से म्युजियम में प्रदर्शित की गई है। म्युजियम में सिक्खों के इतिहास से संबंधित पुस्तकों की एक लाइब्रेरी भी बनाई गई है।
भिलाई के छह इंजीनियरिंग छात्रों ने अपने तकनीकी नवाचार एवं शासन द्वारा उपलब्ध कराये गए इनक्यूबेशन के अवसरों का पूरा इस्तेमाल कर स्टार्टअप कंपनी टेकबी तैयार की है जिसकी शुरूआत साढ़े चार लाख रुपए की छोटी सी लागत से हुई थी लेकिन अब इसका टर्नओवर लगभग छह करोड़ रुपए का है। इसमें 60 इंजीनियरों एवं टेक्नीशियन तथा सेल्स स्टाफ को रोजगार मिला है तथा लगभग 15 इंजीनियर अभी इंटर्नशिप कर रहे हैं। कंपनी के डायरेक्टर श्री अभिषेक अम्बष्ट ने बताया कि हमने कालेज पढ़ने के दौरान इंटरनेट की सहायता से थ्रीडी प्रिंटर का मॉडल तैयार किया था। इसे आईआईटी खड़गपुर, कानपुर आदि में डिस्प्ले किया गया, माडिफाइड किया गया और इसकी बड़ी तारीफ हुई तब हमें लगा कि इसके पेशेवर इस्तेमाल की काफी संभावना है। फिर छोटी सी पूंजी से काम शुरू किया। राज्य शासन के उद्योग विभाग ने इनक्यूबेशन में पूरी मदद की। जहां भी युवाओं के स्टार्टअप को बढावा देने का मंच था, वहां हमें जगह दी गई। इससे हमें क्लाइंट तक पहुंचना आसान हुआ। आज हम क्लाइंट की जरूरतों के मुताबिक थ्रीडी प्रिंटर तैयार कर रहे हैं। कंपनी की यूनिट भिलाई और दिल्ली में है।
इसरो और डीआरडीओ में हो रहा इस्तेमाल-
थ्री डी प्रिंटर के माध्यम से कई तकनीकी चीजें आसान हो जाती हैं। इसके चलते इसरो और डीआरडीओ ने इसे खरीदा है। कंपनी के सीओओ श्री मनीष अग्रवाल ने बताया कि हम अभी स्पेस की जरूरतों के मुताबिक थ्री डी प्रिंटर तैयार कर रहे हैं क्योंकि स्पेस में हल्के वजन वाली धातुओं से बने हुए डिजाइन ज्यादा उपयोगी होते हैं। इसरो के मैनेजमेंट ने इस संबंध में अपनी जरूरत बताई है। इस पर अभी काम हो रहा है। उपयोगी लगने पर इसरो के प्रबंधन ने इस पर भी विचार करने की बात कही है। फिलहाल वेंडर के माध्यम से भी थ्रीडी प्रिंटर की सप्लाई हो रही है। कंपनी में प्रोडक्शन डायरेक्टर श्री विकास चौधरी ने बताया कि वेंडर के माध्यम से सप्लाई विदेशों में भी आरंभ हो गई है। अभी इथियोपिया में हमारी कंपनी के थ्रीडी प्रिंटर का आर्डर हुआ है।
इंटरनेट आफ थिंग्स पर हो रहा काम-
अभिषेक ने बताया कि उनका फोकस मूल रूप से रिसर्च पर है। हम ऐसी चीजें बना रहे हैं जिनका भविष्य में बड़ा मार्केट हो। मसलन हमने ऐसा प्रोग्राम तैयार किया है कि घर में अथवा आफिस में बैठे-बैठे हम अपने घर के लाइट-पंखे चालू बंद कर सकते हैं। इस तरह आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस से संबंधित कार्य हम लोग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि कंपनी के छह डायरेक्टर हैं और सभी अलग-अलग विंग देखते हैं। एक डायरेक्टर अनूप सिन्हा हैं जो कंपनी के दिल्ली के सरिता विहार से आपरेट करते हैं और सेल्स का काम देखते हैं। एकाउंट्स रिंकू साहू देखते हैं। अभिषेक ने बताया कि जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र से इस दिशा में बड़ी सहायता मिली। हर महत्वपूर्ण मौकों पर उद्योग विभाग ने अपने स्टाल दिये ताकि हम अधिकाधिक अपने प्रोडक्ट का प्रचार-प्रसार कर सकें। सहायक प्रबंधक जिला उद्योग केंद्र श्री तुषार त्रिपाठी ने बताया कि इनके स्टार्टअप की सफलता ने भिलाई में अनेक युवाओं को प्रेरित किया है।
केस स्टडी 1 –
कंपनी अटल टिंकरिंग लैब के लिए भी काम कर रही है। इसके माध्यम से देश भर के कई स्कूलों में टीचपैड के माध्यम से पढ़ाई की जा रही है। इस माध्यम की विशेषता है कि प्रत्यक्ष रूप से और अप्रत्यक्ष रूप से स्मार्ट क्लास की तरह पढ़ाई कराई जाती है। मनीष ने बताया कि थ्रीडी प्रिंटर का उपयोग करने की वजह से हम बच्चों के अधिक गहराई और रोचक तरीके से चीजों को समझा सकते हैं। जैसे अगर साइंस में हृदय के फंक्शन को समझाना है तो थ्रीडी आकृति उभार कर आसानी से इसे समझा सकते हैं। बच्चे आनलाइन अपनी जिज्ञासा भी लिख सकते हैं।
केस स्टडी 2 –
टिंकरिंग लैब ने बच्चों की जिज्ञासा को पर दिए हैं। मनीष ने बताया कि कोरबा सरस्वती शिशु मंदिर के बच्चों ने एक्वासाकर का माडल तैयार किया और इसे राष्ट्रीय स्तर के काम्पिटिशन में रखा। इसमें आईआईटी के छात्रों ने भी हिस्सा लिया था लेकिन कोरबा के बच्चों की माडल की खूबी को देखते हुए इसे प्रथम पुरस्कार दिया गया।
केस स्टडी 3 –
टैक्सटाइल इंडस्ट्री में थ्रीडी डिजाइन की अहमियत बढ़ी है। एनआईएफटी तिरूपुर ने भी टेकबी से थ्रीडी प्रिंटर क्रय किया है। इसके चलते डिजाइनिंग के वक्त काफी मदद मिलती है। मनीष ने बताया कि वे अब फाइव एक्सिस वाले थ्रीडी प्रिंटर पर भी कार्य कर रहे हैं। इसमें तीनों डायमेंशन के अलावा रोटेशनल व्यू भी दिखेगा।
केस स्टडी 4-
एम्स रायपुर में भी इन्होंने थ्रीडी प्रिंटर की सप्लाई की है। इस थ्रीडी प्रिंटर से सर्जरी के लिए काफी मदद मिलती है। प्रोटोटाइप डिजाइन के माध्यम से यह देख सकते हैं कि सर्जरी किस तरह बेहतर तरीके से परफार्म कर सकते हैं। आर्थोपैडिक सर्जरी में पीक मटेरियल की भी बड़ी भूमिका होती है। इसके लिए पीक मटेरियल थ्रीडी प्रिंटर कंपनी ने सिल्क केरल तथा सीएसआईआर पिलानी को उपलब्ध कराया है।
छत्तीसगढ़ सरकार पर गुरुवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा में बड़ा फेरबदल किया है। 18 आईएसएस और 9 आईपीएस अफसरों के तबादले किए हैं। राज्य सरकार के गठन के बाद 6 माह में 26वी बार तबादला सूची जारी की गई है। कलेक्टर-एसपी कॉन्फ्रेंस के बाद सीएम भूपेश बघेल ने परफारमेंस के आधार पर तबादले किए। सबसे बड़ा फेरबदल एसीएस सीके खेतान व आरपी मंडल के बीच हुआ है। दोनोें में से एक को अगले मुख्य सचिव के रूप में देखा जा रहा है।
बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर खान का कहना है कि वह इरफान खान की बहुत बड़ी फैन है। मां बनने के बाद करीना ने एक बार फिर बॉलीवुड में वापसी कर ली है। पिछले साल उनकी फिल्म ‘वीरे दी वेडिंग’ आई थी जिसे ऑडियंस ने काफी पसंद किया था।करीना कपूर के पास इस समय कई फिल्में हैं। उन्होंने वीरे दी वेडिंग के बाद गुड न्यूज, अंग्रेजी मीडियम और तख्त जैसी फिल्में साइन की हैं। फिल्म अंग्रेजी मीडियम में करीना, इरफान खान के साथ पहली बार काम कर रही हैं और वह इस बात से काफी उत्साहित हैं। करीना का कहना है कि वह इरफान की बहुत बड़ी फैन हैं।
बताया जाता है कि जल्द ही करीना लंदन में इरफान के साथ ‘अंग्रेजी मीडियम’ की शूटिंग पूरी कर सकती हैं। पहली बार इरफान के साथ काम करने के बारे में बात करते हुए करीना ने कहा कि उन्होंने पहले इरफान की ‘पान सिंह तोमर’ सहित कई फिल्में देखी हैं और वह उनकी बहुत बड़ी फैन हैं। उन्होंने कहा कि इरफान के साथ काम करने को लेकर वह काफी उत्साहित हैं। करीना ने बताया कि उन्होंने सलमान, शाहरुख, आमिर, सैफ जैसे सभी खानों के साथ स्क्रीन शेयर किया है लेकिन वह इरफान खान के साथ भी काम करना चाहती थीं। करीना ने यह भी कहा है कि यदि उन्हें एक छोटा सा भी रोल मिलता तो वह इरफान के साथ काम करने के लिए तैयार हो जातीं।
प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता विकास तिवारी ने पूर्ववर्ती भाजपा सरकार से चिटफंड कंपनियों पर कार्रवाई नहीं किए जाने पर सवाल किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल ने विधानसभा और सार्वजनिक सभाओं में भी बताया था कि चिटफंड कंपनी के लूट के पीछे भाजपा सरकार शामिल हैं। कांग्रेस प्रवक्ता विकास तिवारी ने कहा कि अरबों रुपए की जमा पूंजी लूटकर भागने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई प्रारंभ होने से राज्य की जनता में खुशी की लहर है। कांग्रेस प्रवक्ता विकास तिवारी ने कहा कि विशेष न्यायालय अंबिकापुर के द्वारा एक चिटफंड कंपनी द्वारा ठगे गए व्यक्ति ज्ञानदास निवासी ग्राम सुमेरपुर लुण्ड्रा के आवेदन पर 20 से अधिक अभियुक्तों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर जांच करने का आदेश पुलिस विभाग को दिया गया है। इसमें पूर्व सांसद अभिषेक सिंह और राजनांदगांव के पूर्व महापौर मधुसूदन यादव को आवेदक ज्ञानदास के आवेदन अंतर्गत धारा 153(3) संहिता एवं प्रस्तुत दस्तावेजों को सही मानते हुए सभी अभियुक्तों के ऊपर निवेश कराने के लिए धारा 10,निवेशकों के हित का संरक्षण अधिनियम 2005 अपठित धारा 346,पुरस्कार चिट्स और धन परिसंचरण योजनाओं पर प्रतिबंध अधिनियम 1978 की धारा 34, अर्थशोधन विवरण अधिनियम 2002 एवं धारा 420,406,467,468,471 120 बी, 384 भारतीय दंड संहिता के तहत पर्याप्त आधार हो माना गया है न्यायालय द्वारा पुलिस विभाग को इस पर अंतिम प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के लिए आदेशित भी किया गया है। कांग्रेस प्रवक्ता विकास तिवारी ने कहा कि भाजपा को यह बताना चाहिए कि पूर्व में दर्ज चिटफंड प्रकरणों में निर्दोष चिटफंड एजेंटों को तो जेल भेज दिया गया था पर मुख्य आरोपियों को पूर्ववर्ती सरकार द्वारा क्यों संरक्षण दिया जा रहा था।
प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 7 जून को धमतरी जिले के प्रवास पर रहेंगे। वे 12:50 बजे हेलीकाफ्टर द्वारा रायपुर से प्रस्थान कर धमतरी जिले के कुरुद विकासखण्ड के ग्राम भखारा में आगमन कर 1.20 बजे चौपाल कार्यक्रम स्थल हंचलपुर पहुंचेंगे। तीन बजे भखारा से प्रस्थान कर 3.15 बजे धमतरी विकासखण्ड के मां अंगारमोती मंदिर प्रांगण गंगरेल आगमन कर अखिल भारतीय गोंडवाना गोंड़ महासभा के कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। वे शाम 6 बजे ग्राम मुजगहन में चौपाल कार्यक्रम में शामिल होंगे। वे शाम 6.30 बजे शासकीय श्रवण बाधित बालिका विद्यालय का उद्घाटन कर दिव्यांगजनों के समारोह में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री बघेल रात्रि आठ बजे पुरानी मंडी परिसर धमतरी में पहुंचकर प्रतिभा सम्मान समारोह एवं अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में भाग लेंगे। बता दें कि कल धमतरी में जोरों से आए आंधी-तूफान के कारण कई पेड़ों के टूट जाने व कई खंभे गिर जाने के कारण बिजली व्यवस्था अस्त-व्यस्त हो गई है। कल मुजगहन में जहां सीएम बघेल चौपाल कार्यक्रम में शामिल होंगे वहां भी बिजली ठप है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के कारण वहां तात्कालिक रूप से बिजली की व्यवस्था की जा रही है। हालांकि विभाग बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने में युद्धस्तर पर जुटा हुआ है।
छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव को रोककर उनसे परिचय पत्र मांगने पर पुलिस इंस्पेक्टर को निलंबित करने की निंदा करते हुए भाजपा ने कहा है कि यह सरकार कर्मचारियों-अधिकारियों का मनोबल तोड़ रही है। साथ ही इस मामले में कांग्रेस के राज्यसभा सांसद विवेक तनखा द्वारा किए गए ट्वीट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने कहा है कि जब छत्तीसगढ़ के आबकारी मंत्री कवासी लखमा की पसंद के पुलिस निरीक्षक को उनकी मर्जी के मुताबिक पदस्थापित न रखने पर सुकमा के पुलिस अधीक्षक को भूपेश सरकार ने आचार संहिता का हवाला देते हुए हटा दिया था तब कांग्रेस के राज्यसभा सांसद तनखा कहां थे। भाजपा प्रवक्ता श्रीवास्तव ने कहा कि राज्य के मुख्य सचिव प्रशासनिक मुखिया होते हैं। मुख्य सचिव शासन व्यवस्था का मुख्य अंग हैं। पहली बात तो यह है कि इस सरकार में व्यवस्था नाम की कोई चीज ही नहीं रह गई है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस सांसद विवेक तनखा ने ट्वीट करके मुख्य सचिव से पूछा है कि परिचय पूछने वाले पुलिसकर्मी को कैसे सस्पेंड कर सकते हैं तो यह सवाल उन्हें अपनी पार्टी के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से पूछना चाहिए। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि जब छत्तीसगढ़ सरकार ने महाधिवक्ता द्वारा इस्तीफा दिए बिना ही उनका इस्तीफा स्वीकार कर नए महाधिवक्ता की नियुक्ति कर दी तब विधि विशेषज्ञ कांग्रेसी राज्यसभा सदस्य तनखा ने भूपेश बघेल से यह क्यों नहीं पूछा की आप ऐसा किस तरह कर सकते हैं। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस दोहरे चरित्र की राजनीति कर रही है। श्रीवास्तव ने कहा कि मुख्यमंत्री से व्यवस्था नहीं संभल रही है। वे शासन को राजनीति का अखाड़ा समझ रहे हैं।