टीवीके को कांग्रेस का समर्थन हासिल है लेकिन इसके बावजूद भी वो 118 के जादुई आंकड़े से अभी दूर है. ऐसे में खबर आ रही है कि टीवीके सरकार बनाने और 118 का आंकड़ा हासिल करने के लिए CPI और CPM जैसी पार्टियों से भी समर्थन मांगने पर विचार कर रही है.
तमिलनाडु में ‘विजय सरकार’ का शपथ ग्रहण कब होगा इसे लेकर स्थिति अभी तक साफ नहीं है. पेंच बहुमत के आंकड़े पर आकर फंस गया है. बुधवार को टीवीके प्रमुख विजय ने राज्यपाल से मुलाकात की थी लेकिन उस दौरान वो उन्हें बहुमत के आंकड़े को लेकर संतुष्ट नहीं कर पाए थे. हालांकि, टीवीके को कांग्रेस का समर्थन हासिल है लेकिन इसके बावजूद भी वो 118 के जादुई आंकड़े से अभी दूर है. ऐसे में अब टीवीके सरकार बनाने और 118 का आंकड़ा हासिल करने के लिए CPI और CPM जैसी पार्टियों से भी समर्थन मांगने के लिए संपर्क कर रही है.
तमिलनाडु में डीएमके को हराकर ही टीवीके सबसे बड़ी पार्टी बनी है. ऐसे में डीएमके के समर्थन का सवाल ही नहीं है, वहीं एआईएडीएमके भी साफ कर चुकी है कि वह टीवीके को समर्थन नहीं देगी. इन चुनाव परिणामों में डीएमके को 59 और एआईएडीएमके को 47 सीटें मिली हैं. ऐसे में टीवीके के पास छोटी पार्टियों को अपनी ओर लाने के अलावा कोई विकल्प नहीं है. यही कारण है कि टीवीके अब वामदलों की ओर देख रही है. टीवीके के उप महासचिव सीटी निर्मल कुमार ने कहा कि हमारे आधिकारिक पत्र के अलावा हम समर्थन मांगने के लिए CPI और CPM की टीमों से भी मुलाकात कर रहे हैं.
TVK के पास बहुमत नहीं, राज्यपाल ने समझाया
टीवीके के उप महासचिव ने कहा कि सबसे बड़ी पार्टी होने के नाते राज्यपाल को हमारे नेता को आमंत्रित करना चाहिए. उन्होंने कहा कि हम एक दिन और इंतजार करेंगे. हमें उम्मीद है कि राज्यपाल नियमों के अनुसार निर्णय लेंगे.
तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने टीवीके प्रमुख विजय को गुरुवार को समझाया कि उनकी पार्टी के पास सरकार बनाने के लिए आवश्यक समर्थन नहीं है. लोक भवन ने कहा कि राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने टीवीके अध्यक्ष सी. जोसेफ विजय को बृहस्पतिवार को लोक भवन आमंत्रित किया. बुधवार के बाद दोनों के बीच यह दूसरी बातचीत थी. लोक भवन ने एक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘बैठक के दौरान माननीय राज्यपाल ने समझाया कि उनके पास तमिलनाडु विधानसभा में सरकार गठित करने के लिए आवश्यक बहुमत अभी तक नहीं है.”
चुनाव में भाकपा और माकपा को मिली 2-2 सीटें
तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा में टीवीके ने 108 सीटों पर जीत दर्ज की है. हालांकि बहुमत का आंकड़ा 118 है. ऐसे में पार्टी को बहुमत साबित करने के लिए अभी कुछ और विधायकों के समर्थन की जरूरत होगी. इन परिणामों में पीएमके को चार सीटें मिली हैं. वहीं आईयूएमएल, भाकपा, माकपा और वीसीके को दो-दो सीटें मिली हैं. वहीं भाजपा, डीएमडीके और एएमएमके को एक-एक सीट प्राप्त हुई.



