Home Blog Page 39

” मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने यूपीएससी प्रारंभिक परीक्षा में सफल ट्राइबल यूथ हॉस्टल के विद्यार्थियों से की मुलाकात…”

0

साधारण परिवारों के सपनों को मिल रही नई उड़ान, ट्राइबल यूथ हॉस्टल बन रहा प्रतिभाओं का सशक्त मंच

राजमिस्त्री, किसान और शिक्षक परिवारों के बेटे-बेटियों की सफलता पूरे समाज के लिए प्रेरणा: मुख्यमंत्री

युवा शक्ति की सफलता विकसित छत्तीसगढ़ की नई पहचान – मुख्यमंत्री श्री साय’

मुख्य परीक्षा के लिए मुख्यमंत्री ने दिया सफलता का मंत्र, कहा- अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर परिश्रम ही सबसे बड़ी पूंजी

दूरस्थ जनजातीय एवं ग्रामीण अंचलों के युवाओं ने राष्ट्रीय स्तर पर दर्ज कराई दमदार मौजूदगी

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रारंभिक परीक्षा में सफल हुए ट्राइबल यूथ हॉस्टल, द्वारका के विद्यार्थियों से आत्मीय मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के मेहनतकश परिवारों के सपनों और संघर्ष का सम्मान भी है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि इन विद्यार्थियों की सफलता इस बात का सशक्त प्रमाण है कि प्रतिभा कभी भी आर्थिक संसाधनों या पारिवारिक पृष्ठभूमि की मोहताज नहीं होती। किसी के पिता राजमिस्त्री हैं, कोई किसान परिवार से है तो कोई शिक्षक का बेटा है, लेकिन इन सभी ने अपनी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर देश की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षा के प्रथम चरण में सफलता प्राप्त की है। यह पूरे प्रदेश, विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणादायी उदाहरण है।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से उनकी तैयारी, अध्ययन पद्धति, संघर्ष और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। विद्यार्थियों ने ट्राइबल यूथ हॉस्टल में उपलब्ध अध्ययन वातावरण, मार्गदर्शन और सुविधाओं के अनुभव साझा किए तथा बताया कि राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए अनुकूल माहौल ने उन्हें बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने का आत्मविश्वास दिया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने विद्यार्थियों से कहा कि प्रारंभिक परीक्षा की सफलता एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, लेकिन वास्तविक लक्ष्य मुख्य परीक्षा और उसके बाद साक्षात्कार में उत्कृष्ट प्रदर्शन करना है। उन्होंने विद्यार्थियों को पूरी निष्ठा, अनुशासन, समय प्रबंधन और सकारात्मक सोच के साथ तैयारी करने की सलाह देते हुए कहा कि कठिन परिश्रम का कोई विकल्प नहीं होता और निरंतर प्रयास ही सफलता का सबसे बड़ा आधार है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासनिक सेवाएं केवल एक प्रतिष्ठित करियर नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की सेवा का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपेक्षा की कि वे भविष्य में प्रशासनिक दायित्व निभाते समय संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना को सर्वाेच्च प्राथमिकता देंगे तथा अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की तैयारी और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विशेष रूप से दूरस्थ एवं आदिवासी अंचलों के प्रतिभाशाली युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए अनेक पहल की जा रही हैं, ताकि प्रतिभा संसाधनों के अभाव में कभी पीछे न रह जाए।

उन्होंने कहा कि द्वारका स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल इसी सोच का परिणाम है, जहां प्रदेश के अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के प्रतिभाशाली विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। यहां उपलब्ध शैक्षणिक वातावरण, मार्गदर्शन और आवश्यक सुविधाओं का सकारात्मक परिणाम अब यूपीएससी जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में विद्यार्थियों की लगातार बढ़ती सफलता के रूप में सामने आने लगा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का सबसे मजबूत आधार शिक्षित, जागरूक, सक्षम और संवेदनशील युवा हैं। राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रदेश का प्रत्येक प्रतिभाशाली विद्यार्थी अपनी क्षमता के अनुरूप आगे बढ़े और देश के सर्वाेच्च संस्थानों एवं सेवाओं में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करे। उन्होंने सभी सफल अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए पुनः शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे आने वाले समय में प्रशासनिक सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान देंगे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि समाज के वंचित एवं प्रतिभाशाली युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नई दिल्ली स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि करते हुए सीटों की संख्या 50 से बढ़ाकर 200 कर दी गई है।  इस निर्णय से प्रदेश के दूरस्थ वनांचलों, जनजातीय क्षेत्रों एवं ग्रामीण अंचलों के विद्यार्थियों को देश की राजधानी में रहकर संघ लोक सेवा आयोग सहित अन्य प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का बेहतर अवसर प्राप्त हो रहा है।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा तथा स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल भी उपस्थित थे। दोनों मंत्रियों ने विद्यार्थियों को प्रारंभिक परीक्षा में सफलता पर बधाई देते हुए मुख्य परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दीं तथा उन्हें पूरी लगन और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

उल्लेखनीय है कि  संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 के परिणामों में छत्तीसगढ़ के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। नई दिल्ली के द्वारका स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल में रहकर तैयारी कर रहे 13 अभ्यर्थियों ने प्रारंभिक परीक्षा में सफलता प्राप्त कर प्रदेश का मान बढ़ाया है। विशेष बात यह है कि इनमें अधिकांश विद्यार्थी जनजातीय, ग्रामीण एवं सामाजिक रूप से वंचित वर्गों से आते हैं, जिन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी प्रतिभा, परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर यह उल्लेखनीय सफलता अर्जित की है। यूपीएससी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 में सफल होने वाले विद्यार्थियों में श्री गौतम कुमार, श्री कुलभूषण सिंह पोया, श्री हरि चंद्र प्रकाश सिंह, श्री मयंक रात्रे, श्री मलिकराम पटेल, श्री आर्यन राठौर, श्री चेतन लाल, श्री हरीश कुमार पटेल, श्री किशन लाल साहू, श्री सत्यनारायण चंद्राकर, सुश्री दीक्षा दिवाकर, श्री विकेश कुर्रे तथा श्री प्रकाश पटेल शामिल हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मिले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, स्वास्थ्य सेवाओं और किसानों के लिए खाद-बीज उपलब्धता पर हुई विस्तृत चर्चा…

0

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री श्री जेपी नड्डा से उनके आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान जनस्वास्थ्य, चिकित्सा अधोसंरचना, औषधि एवं उर्वरक क्षेत्र सहित विभिन्न विभागीय और समसामयिक विषयों पर विस्तृत एवं सार्थक चर्चा हुई। मुख्यमंत्री श्री साय ने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। विशेष रूप से दूरस्थ, ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और अन्य चिकित्सा संस्थानों को मजबूत बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के नागरिकों को बेहतर उपचार और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं अपने ही राज्य में उपलब्ध हों।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कृषि और उर्वरक क्षेत्र से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को जानकारी दी कि राज्य में किसानों को खाद और बीज की पर्याप्त एवं समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं। सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े तथा खरीफ सीजन के दौरान आवश्यक कृषि आदानों की आपूर्ति सुचारु रूप से बनी रहे। मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि खाद वितरण व्यवस्था पर सतत निगरानी रखी जाए और किसी भी प्रकार की कालाबाजारी, जमाखोरी अथवा लापरवाही को कतई बर्दाश्त न किया जाए। साथ ही गांव-गांव अभियान चलाकर किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने तथा नई तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

उन्होंने केंद्रीय मंत्री को यह भी अवगत कराया कि राज्य सरकार नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के उपयोग को बढ़ावा दे रही है। किसानों को इनके लाभों की जानकारी देने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि खेती में उत्पादन क्षमता बढ़े, लागत कम हो और कृषि अधिक लाभकारी बन सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार भारत सरकार के पूर्ण सहयोग से स्वास्थ्य, कृषि और जनकल्याण के क्षेत्रों में विकास को नई गति देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। राज्य के समग्र विकास के लिए केंद्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय को और मजबूत किया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री श्री जेपी नड्डा ने छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, किसानों के हित में उठाए जा रहे कदमों तथा जनकल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने स्वास्थ्य एवं अन्य विकासात्मक क्षेत्रों में केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

” नगर निगम द्वारा सफाई, जल निकासी, सड़क मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण कार्यों में तेजी…”

0

– बारिश पूर्व अभियान के तहत शहर के छोटे-बड़े नालों एवं नालियों की सफाई गैंग एवं जेसीबी मशीनों के माध्यम से की जा रही
– आंधी-बारिश के कारण 33/11 केवी सब स्टेशन में आयी तकनीकी खराबी को ठीक कर मोहारा जल संयंत्र में विद्युत आपूर्ति की गई बहाल
– नगर निगम द्वारा नागरिकों से शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने, सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा करने, नालियों में कचरा न डालने तथा पौधों के संरक्षण में सहयोग करने की अपील की गई

राजनांदगांव: नगर पालिक निगम राजनांदगांव द्वारा शहर में स्वच्छता, जल निकासी, सड़क मरम्मत, पौधों के संरक्षण तथा सौंदर्यीकरण कार्यों को प्राथमिकता के साथ संचालित किया जा रहा है। नगर निगम आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा ने विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त शिकायतों एवं सुझावों पर कार्रवाई करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।

सफाई एवं जल निकासी व्यवस्था

नगर निगम के स्वास्थ्य अमला द्वारा नियमित रूप से फ्लाईओवर के नीचे एवं शहर के विभिन्न वार्डों की साफ-सफाई की जा रही है। आंधी-तूफान के कारण फ्लाईओवर के नीचे फैले सूखे पत्तों एवं कचरे की सफाई कर दी गई है। बारिश पूर्व अभियान के तहत शहर के छोटे-बड़े नालों एवं नालियों की सफाई गैंग एवं जेसीबी मशीनों के माध्यम से की जा रही है। प्रथम चरण की सफाई पूर्ण होने के बाद शेष नालों की द्वितीय चरण में सफाई जारी है। कलेक्टोरेट परिसर की नालियों में आंधी-तूफान के कारण पत्ते जमा होने से अवरोध उत्पन्न हुआ था, जिसे प्राथमिकता से साफ किया जा रहा है। डॉक्टर कॉलोनी, बलदेव बाग तथा अन्य जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में भी नालियों की सफाई की जा रही है। नालियों पर हुए अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई भी प्रस्तावित है।

सड़कों के रखरखाव एवं मरम्मत की तैयारी

निगर निगम के स्टेशनपारा से रेलवे स्टेशन जाने वाली सड़क सहित शहर की कई पुरानी सड़कों का डामरीकरण प्रस्तावित है। वर्तमान में डामर उपलब्ध नहीं होने से कार्य प्रभावित हुआ है। संबंधित ठेकेदारों को कार्य शीघ्र प्रारंभ करने नोटिस जारी किए गए हैं। डामर उपलब्ध होते ही सड़कों में पेचवर्क एवं मरम्मत कार्य कराया जाएगा। मोहारा-सिंगदई मार्ग, कलेक्टोरेट गार्डन के समीप सर्विस रोड, गौरव पथ तथा अन्य स्थानों पर सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं। वार्डों में सीसी रोड एवं नाली निर्माण के लिए पार्षदों से प्रस्ताव आमंत्रित कर शासन को भेजे गए हैं।

हरित क्षेत्र एवं पौधों के संरक्षण पर विशेष ध्यान

शहर के डिवाइडरों एवं सार्वजनिक स्थलों पर लगाए गए पौधों को गर्मी से बचाने के लिए नियमित रूप से टैंकरों के माध्यम से सिंचाई की जा रही है। कलेक्टोरेट परिसर एवं अन्य क्षेत्रों में झुके हुए पौधों को पुन: व्यवस्थित किया जा रहा है तथा बड़े वृक्षों की आवश्यक छंटाई भी की जा रही है। आगामी वर्षा ऋतु में पौधरोपण के लिए सुरक्षित स्थलों का चयन किया जा रहा है।

सौंदर्यीकरण कार्यों को मिलेगी गति

शहर के प्रमुख चौक-चौराहों एवं डिवाइडरों के सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। स्वीकृति प्राप्त होने के बाद सौंदर्यीकरण कार्य प्रारंभ किए जाएंगे। रानी सागर एवं बूढ़ा सागर क्षेत्र में पूर्व में असामाजिक तत्वों द्वारा क्षति पहुंचाए जाने के मामलों में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। शासन के बजट में उक्त क्षेत्रों के सौंदर्यीकरण के लिए प्रावधान किया गया है। लक्ष्मण झूला की मरम्मत प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है तथा शीघ्र ही इसे पुन: शुरू किया जाएगा।

जलापूर्ति एवं विद्युत व्यवस्था बहाल

आंधी-बारिश के कारण 33/11 केवी सब स्टेशन में आयी तकनीकी खराबी के कारण विद्युत आपूर्ति प्रभावित होने से मोहारा जल संयंत्र की बिजली बाधित रही। जिसे समय पर ठीक कर लिया गया। विद्युत आपूर्ति बहाल होने के बाद टंकियों को भरकर नियमित जलापूर्ति पुन: शुरू कर दी गई है। मोहारा सर्विस रोड की स्ट्रीट लाइटें भी शॉर्ट सर्किट के कारण बंद हो गई थीं, जिन्हें निगम के विद्युत अमले द्वारा सुधार दिया गया है।

आवारा कुत्तों पर चलेगा विशेष अभियान

नगर निगम द्वारा आक्रामक एवं पागल कुत्तों की सूचना मिलते ही उन्हें पकडऩे की कार्रवाई की जाती है। सन सिटी क्षेत्र की घटना के बाद नगर निगम ने आवारा कुत्तों के नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाने की कार्ययोजना तैयार की है।

अतिक्रमण, अवैध विज्ञापन एवं गंदगी फैलाने वालों पर कार्रवाई

नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत निर्माणाधीन एवं रिक्त भूखंडों में कचरा फेंकने वालों को समझाइश दी जा रही है तथा संबंधित भू-स्वामियों को भी जिम्मेदारी निभाने कहा गया है। अवैध विज्ञापन लगाने वालों को नोटिस जारी कर जुर्माना लगाने की कार्रवाई की गई है। सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए डस्टबिनों को नुकसान पहुंचाने वाले असामाजिक तत्वों के विरूद्ध भी निगरानी बढ़ाई गई है।

शिकायतों की जांच एवं विकास कार्य

नगर निगम में सहायक ग्रेड-2 भर्ती प्रक्रिया से संबंधित प्राप्त शिकायत की जांच के लिए समिति गठित कर परीक्षण कराया जाएगा। आम रास्ता बंद होने की शिकायत पर आयुक्त नगर निगम श्री अतुल विश्वकर्मा द्वारा स्वयं मौके का निरीक्षण किया गया है तथा भूमि अभिलेखों की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम द्वारा निर्मित व्यावसायिक परिसरों की दुकानों का नियमानुसर नीलामी एवं आबंटन किया गया है। जिन दुकानों का संचालन नहीं हो रहा है, उन्हें नोटिस जारी किया गया है। आवश्यकता पडऩे पर आबंटन निरस्त कर पुन: नीलामी की जाएगी।

नागरिकों से सहयोग की अपील

नगर निगम द्वारा नागरिकों से शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने, सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा करने, नालियों में कचरा न डालने तथा पौधों के संरक्षण में सहयोग करने की अपील की गई है। साथ ही विसर्जन कुंड निर्माण संबंधी प्राप्त सुझाव पर भी सकारात्मक पहल करने की बात कही गई है।

” प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना उपभोक्ताओं के लिए किफायती एवं उपयोगी…”

0

– प्रधानमंत्री की दूरदर्शी योजना जनहितकारी : श्री रूपचंद भीमनानी
– सोलर प्लांट लगाने से श्री रूपचंद भीमनानी के घर के बिजली के बिल में कमी आने से मिली राहत
–  ग्रीन एनर्जी से पर्यावरण को मिल रहा लाभ
– जनमानस को अधिक से अधिक लेना चाहिए प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ

राजनांदगांव। शासन की प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना उपभोक्ताओं के लिए किफायती और उपयोगी साबित हो रही है। सौर ऊर्जा अक्षय ऊर्जा का स्रोत है। यह न केवल पर्यावरण मित्र है, बल्कि भविष्य की ऊर्जा की आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। जिले में इस योजना के प्रति नागरिकों का रूझान बढ़ा है।

ऊर्जा विभाग के प्रतिनिधि श्री रूपचंद भीमनानी ने अपने स्टेशन रोड पुरानी सिविल लाईन स्थित निवास में छत पर 3 केवी क्षमता की सोलर इकाई स्थापित की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की यह योजना बहुत अच्छी है। उन्होंने दूरदर्शी सोच के साथ यह योजना प्रारंभ की है। जिससे हम बिजली के उपभोक्ता बनने के साथ-साथ बिजली उत्पादक भी बन रहे हैं।

उन्होंने कहा कि ग्रीन एनर्जी प्रदूषण रहित होती है और इस योजना के माध्यम से पर्यावरण को भी लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि पहले बिजली का बिल 10 हजार रूपए आता था, जो घटकर अब 6 हजार रूपए हो गया है। शासन द्वारा प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना अंतर्गत 1 लाख 8 हजार रूपए सब्सिडी मिली है, जिससे बचत हुई है। 2 साल बाद यह सोलर प्लांट नि:शुल्क हो जाएगा।

उन्होंने कहा कि शासन की इस महत्वपूर्ण योजना का जनमानस को अधिक से अधिक लाभ लेना चाहिए तथा अपने घर की छत पर सोलर प्लांट लगाना चाहिए। उन्होंने इस योजना के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को धन्यवाद दिया।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री सूर्यघर-मुफ्त बिजली योजना बिजली के बिल से मुक्ति दिलाने तथा ऊर्जा संरक्षण की दिशा में कारगर साबित हो रहा है। प्रधानमंत्री सूर्यघर-मुफ्त बिजली योजना अंतर्गत स्थापित प्लांट नेट मीटरिंग द्वारा विद्युत ग्रिड से संयोजित होगा, जिससे उपभोक्ता द्वारा अपनी खपत से अधिक उत्पादित बिजली ग्रिड में सप्लाई हो जाती है।

इससे न केवल उपभोक्ता के घर का बिजली बिल शून्य हो जाता है, बल्कि ग्रिड में दी गई बिजली के एवज में अतिरिक्त आय भी प्राप्त होती है। रूफटॉप सोलर संयंत्र की क्षमता अनुसार लागत राशि एवं सब्सिडी अलग-अलग है। उपभोक्ता द्वारा सोलर प्लांट के ब्रांड चयन कर सकते है।

प्रधानमंत्री सूर्यघर-मुफ्त बिजली योजना अंतर्गत 1 किलोवाट क्षमता के सोलर प्लांट पर केन्द्र सरकार द्वारा 30 हजार रूपए एवं राज्य शासन द्वारा 15 हजार रूपए कुल 45 हजार रूपए सब्सिडी प्रति प्लांट दिए जाने का प्रावधान है। इसी तरह प्रधानमंत्री सूर्यघर-मुफ्त बिजली योजना अंतर्गत 2 किलोवाट क्षमता के सोलर प्लांट पर केन्द्र सरकार द्वारा 60 हजार रूपए एवं राज्य शासन द्वारा 30 हजार रूपए कुल 90 हजार रूपए तथा 3 किलोवाट क्षमता के सोलर प्लांट पर केन्द्र सरकार द्वारा 78 हजार रूपए एवं राज्य शासन द्वारा 30 हजार रूपए कुल 1 लाख 8 हजार रूपए सब्सिडी प्रति प्लांट दिए जाने का प्रावधान है।

प्रधानमंत्री सूर्यघर-मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक को वेबसाईट pmsuryaghar.gov.in या पीएम सूर्यघर मोबाईल एप पर पंजीयन कर लॉग इन आईडी प्राप्त करना होगा। इसके बाद वेब पोर्टल पर उपलब्ध वेंडर का चुनाव कर बिजली कर्मचारी की मदद से वेब पोर्टल पर पूर्ण आवेदन करना होगा।

निर्धारित अनुबंध हस्ताक्षरित होने के पश्चात वेंडर द्वारा छत पर प्लांट की स्थापना एवं डिस्कॉम द्वारा नेट मीटर स्थापित किया जाता है। स्थापित प्लांट के सत्यापन पश्चात शासन द्वारा सब्सिडी ऑनलाईन जारी कर दी जाती है।

” राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान अंतर्गत सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए जिले की 3788 किशोरी बालिकाओं को हुआ एचपीवी टीकाकरण…”

0

राजनांदगांव। भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय निर्देशानुसार किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर) जैसी गंभीर और जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए जिले में राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत 14 वर्ष पूर्ण और 15 वर्ष  तक की बालिकाओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला अस्पतालों में नि:शुल्क एचपीवी वैक्सीन की एकल खुराक दी जा रही है। पारदर्शिता और बेहतर रिकॉर्ड के लिए इस पूरी प्रक्रिया को यू-विन डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है, जहां लाभार्थी का डिजिटल सर्टिफिकेट भी डाउनलोड किया जा सकता है। चिकित्सकों एवं विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार सही उम्र में ली गई यह सिंगल-डोज वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर को रोकने में 93 से 100 प्रतिशत तक प्रभावी है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन ने बताया कि जिले में राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान अंतर्गत 3788 किशोरी बालिकाओं को चिकित्सकों की निगरानी में एचपीवी टीकाकरण किया गया है। जिसमें टीकाकरण उपरांत कोई भी प्रतिकूल प्रभाव नहीं हुआ है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने के अनुसार एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित और जांची-परखी है। टीका लगवाने के लिए माता-पिता या अभिभावक की सहमति अनिवार्य है। इस अभियान को सफल बनाए जाने हेतु समस्त शिक्षा विभाग एवं निजी तथा शासकीय हाई स्कूलों में कैंप मोड में शिविर लगाकर वैक्सीनेशन किया जाएगा। उन्होंने सभी अभिभावकों, स्कूल और सामाजिक संगठनों से राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए योगदान देने की अपील की है। उन्होंने अभिभावकों से अपनी बेटियों के उज्ज्वल और स्वस्थ भविष्य के लिए नजदीकी शासकीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर एचपीवी टीकाकरण कराने का अनुरोध किया है। एचपीवी टीकाकरण के संबंध में विस्तृत जानकारी निकटतम शासकीय स्वास्थ्य केन्द्रों से प्राप्त की जा सकती है।

” जिला स्काउट गाइड भवन स्टेट स्कूल परिसर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन…”

0

राजनांदगांव। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला स्काउट गाइड भवन स्टेट स्कूल परिसर में योगाभ्यास सत्र एवं जीवन में योग का महत्व पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। योग प्रशिक्षक द्वारा प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया तथा नियमित योग के स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में श्री विष्णु प्रसाद साव, श्री महेश खंडेलवाल, श्री मयूख श्रीवास्तव, श्री मुन्ना लाल साहू, श्रीमती सरिता साहू सहित विभिन्न विद्यालयों के स्काउट गाइड रोवर रेंजर शामिल हुए। इस अवसर पर योग प्रशिक्षक सुश्री संगीता साहू द्वारा योग के विभिन्न आसानों का अभ्यास कराया गया।

” जिला स्तरीय सतर्कता एवं जिला स्तरीय सर्वेक्षण समिति तथा जिला स्तरीय सतर्कता एवं मानिटरिंग समिति की बैठक 30 जून को…”

0

राजनांदगांव: अपर कलेक्टर श्री सीएल मारकण्डेय की अध्यक्षता में 30 जून 2026 को शाम 4 बजे कलेक्टोरेट स्थित अपर कलेक्टर कक्ष क्रमांक 30 में जिला स्तरीय सतर्कता एवं जिला स्तरीय सर्वेक्षण समिति तथा अनुसूचित जाति व जनजाति (अत्याचार निवारण) नियम 1995 के क्रियान्वयन हेतु जिला स्तरीय सतर्कता एवं मानिटरिंग समिति की बैठक आयोजित की गई है। बैठक में समिति के सभी सदस्यों से उपस्थित होने की अपील की गई है।

” आपदा प्रभावितों एवं उनके आश्रितों को सहायता अनुदान राशि स्वीकृत…”

0

राजनांदगांव। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने दैवीय विपत्तियों के संबंध में राहत मद अंतर्गत आपदा प्रभावितों को सहायता अनुदान राशि स्वीकृत की है। इसके तहत राजनांदगांव तहसील अंतर्गत अतिवृष्टि व आंधी तुफान से 1 मकान पूर्णत: क्षति होने पर 1 लाख 20 हजार रूपए एवं सर्पदंश से 1 जनहानि होने पर 4 लाख रूपए तथा छुरिया तहसील अंतर्गत नाला के पानी में डूबने से 1 जनहानि होने पर 4 लाख रूपए एवं सर्पदंश से 1 जनहानि होने पर 4 लाख रूपए की सहायता अनुदान राशि आपदा प्रभावितों एवं उनके आश्रितों को स्वीकृत की है।

” प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से सरिता सोनवानी का बिजली बिल हुआ शून्य…”

0

राजनांदगांव। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना ग्रामीण परिवारों के लिए आर्थिक बचत और ऊर्जा आत्मनिर्भरता का प्रभावी माध्यम बन रही है। राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम बरगा निवासी श्रीमती सरिता सोनवानी ने अपने घर की छत में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत 3 किलोवॉट क्षमता का सोलर पैनल स्थापित किया है। जिससे उनका बिजली बिल पूरी तरह शून्य हो गया है और ऋणात्मक बिजली बिल आ रहा है। श्रीमती सरिता सोनवानी ने बताया कि उन्होंने ग्राम बरगा में योजना के तहत सबसे पहले अपने घर में सोलर पैनल स्थापित कराया है। उनके इस प्रयास से गांव के अन्य लोगों में भी योजना के प्रति जागरूकता बढ़ी है तथा कई परिवार अब सोलर पैनल लगाने के लिए रूचि दिखा रहे हैं।

श्रीमती सरिता सोनवानी ने बताया कि सोलर पैनल लगवाने से पहले उनके घर में बिजली की खपत अधिक होने के कारण गर्मी के मौसम में बिजली बिल लगभग 2 हजार रूपए प्रतिमाह तक पहुंच जाता था। बढ़ते बिजली खर्च से राहत पाने के लिए वे किसी स्थायी समाधान की तलाश में थी। इसी दौरान उन्हें ग्राम पंचायत सचिव से प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी मिली। योजना से प्रेरित होकर उन्होंने निर्धारित प्रक्रिया के तहत वेन्डर का चयन किया तथा बैंक ऋण के लिए आवेदन किया। बैंक द्वारा त्वरित प्रक्रिया पूरी करने के बाद जनवरी 2026 में उनके घर की छत पर 3 किलोवॉट क्षमता का सोलर पैनल स्थापित कर दिया गया। स्थापना के बाद उन्हें एक माह के भीतर योजना के अंतर्गत 1 लाख 8 हजार रूपए की सब्सिडी भी प्राप्त हुई, जिससे उनकी आर्थिक जिम्मेदारी काफी कम हो गई।

श्रीमती सरिता ने बताया कि सोलर पैनल का रख-रखाव बेहद सरल है और इसके संचालन में अतिरिक्त खर्च नहीं होता। सोलर पैनल लगने के बाद उनके घर का बिजली बिल शून्य हो गया है। इतना ही नहीं, उनके घर में खपत से अधिक बिजली का उत्पादन हो रहा है, जिससे अतिरिक्त यूनिट विद्युत ग्रिड में भेजी जा रही हैं। इसके बदले उन्हें भविष्य में अतिरिक्त आय भी प्राप्त होगी। उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के लिए शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना आम नागरिकों के लिए अत्यंत लाभकारी है। इससे न केवल बिजली बिल में बचत होती है, बल्कि स्वच्छ एवं पर्यावरण-अनुकूल ऊर्जा को भी बढ़ावा मिलता है।

” निगम नेता प्रतिपक्ष पहले कांग्रेस के इतिहास का सच देखें, फिर लोकतंत्र पर ज्ञान दें – रवि सिन्ह…” 

0

राजनांदगांव। भाजपा पार्षद एवं शासकीय शिवनाथ विज्ञान   महाविद्यालय के अध्यक्ष रवि सिन्हा ने नेता प्रतिपक्ष नगर पालिक निगम के बयान को कांग्रेस की राजनीतिक हताशा का परिचायक बताते हुए कहा है कि जिस दल ने देश पर आपातकाल थोपकर लोकतंत्र का गला घोंटा, हजारों राजनीतिक कार्यकर्ताओं को जेल में डाला, प्रेस की स्वतंत्रता समाप्त की और संविधान की मूल भावना को कुचलने का प्रयास किया, उसे लोकतंत्र पर भाषण देने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि कांग्रेस आज भी आपातकाल को “संवैधानिक” बताकर उस काले अध्याय को उचित ठहराने का प्रयास कर रही है। यह देश की जनता और लोकतंत्र के प्रति कांग्रेस की सोच को उजागर करता है। आपातकाल केवल एक राजनीतिक निर्णय नहीं था, बल्कि करोड़ों भारतीयों के मौलिक अधिकारों पर सीधा हमला था, जिसे देश कभी नहीं भूल सकता।

भाजपा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में लोकतांत्रिक संस्थाएं पहले से अधिक मजबूत हुई हैं। चुनाव आयोग, न्यायपालिका, मीडिया और संवैधानिक संस्थाएं स्वतंत्र रूप से कार्य कर रही हैं। यदि किसी व्यक्ति या नेता पर जांच एजेंसियों द्वारा कार्रवाई होती है तो वह कानून और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर होती है, न कि राजनीतिक प्रतिशोध के कारण।

नेता प्रतिपक्ष द्वारा बेरोजगारी, महंगाई और किसानों की स्थिति को लेकर लगाए गए आरोपों पर सिन्हा ने कहा कि केंद्र सरकार ने पिछले वर्षों में रिकॉर्ड स्तर पर आधारभूत संरचना का विकास किया है, करोड़ों लोगों को आवास, शौचालय, गैस कनेक्शन और मुफ्त राशन उपलब्ध कराया है। किसानों के खातों में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से सीधे आर्थिक सहायता पहुंचाई जा रही है। युवाओं के लिए स्टार्टअप, मुद्रा योजना और स्वरोजगार के अनेक अवसर सृजित किए गए हैं।

सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस को जनता की समस्याओं की चिंता कम और अपनी घटती राजनीतिक प्रासंगिकता की चिंता अधिक है। कांग्रेस आज भी पांच दशक पुराने अपने पापों का प्रायश्चित करने के बजाय उन्हें सही साबित करने में लगी हुई है।

सिन्हा ने स्पष्ट कहा कि देश की जनता कांग्रेस के दोहरे चरित्र को भली-भांति समझ चुकी है। लोकतंत्र की रक्षा का सबसे बड़ा प्रमाण जनता का लगातार बढ़ता विश्वास और चुनावों में भाजपा को मिल रहा जनादेश है। कांग्रेस को जनता को भ्रमित करने के बजाय आत्ममंथन करना चाहिए कि आखिर देश और प्रदेश की जनता ने उसे बार-बार क्यों नकारा है।