Home Blog Page 436

अजमेर उर्स पर कांग्रेस की चादर पेश, देश में अमन-चैन की दुआ

0

राजनांदगांव। अजमेर शरीफ दरगाह के 814वें उर्स के पावन अवसर पर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की ओर से भेजी गई चादर दरगाह में पेश की गई। चादर राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद इमरान प्रतापगढ़ी के साथ राजस्थान प्रभारी अब्दुल कलाम खान ने अकीदत के साथ चढ़ाई।
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) नेता टीकाराम जूली, विधायक रफीक खान, विकास चौधरी, अमीन कागजी, जाकिर गैसावत, धर्मेंद्र राठौर, पूर्व मंत्री नसीम अख़्तर, राजकुमार जयपाल, पूर्व चेयरमैन आबिद कागजी, अमीन पठान सहित कांग्रेस के हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
चादर चढ़ाने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा भेजा गया संदेश पढ़कर सुनाया गया। इस दौरान देश में शांति, भाईचारे, एकता और सद्भाव के लिए विशेष प्रार्थना की गई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अजमेर शरीफ दरगाह आपसी सौहार्द और गंगा-जमुनी तहजीब का प्रतीक है। कार्यक्रम में सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं की ससम्मान उपस्थिति रही।

शिवसेना ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री का पुतला फूंका

0

राजनांदगांव। बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के विरोध में शिवसेना ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री मोहम्मद यूनुस का पुतला दहन किया। शहर के फौव्वारा चौक से गुरुनानक चौक तक जुलूस निकालकर पुतला फूंका गया। इसी कड़ी में डोंगरगांव के बस स्टैंड में भी शिवसैनिकों ने प्रधानमंत्री यूनुस का पुतला दहन किया।
शिवसेना जिलाध्यक्ष आकाश सोनी ने बताया कि बांग्लादेश में हिंदुओं की निर्मम हत्या, मंदिरों में तोड़फोड़ और महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार की घटनाओं को लेकर शिवसेना ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं पर बांग्लादेश के कार्यवाहक प्रधानमंत्री की चुप्पी से शिवसेना में भारी आक्रोश है। इसी के विरोध में छत्तीसगढ़ के हर जिला मुख्यालय और ब्लॉक मुख्यालय में पुतला दहन किया गया।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि शिवसेना पीड़ित हिंदुओं के साथ खड़ी है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस मुद्दे पर ठोस कार्रवाई की मांग करती है।
इस प्रदर्शन में शिवसेना दुर्ग संभाग अध्यक्ष राकेश श्रीवास्तव, प्रदेश सचिव कमल सोनी, जिलाध्यक्ष आकाश सोनी, राजनांदगांव विधानसभा अध्यक्ष मुकेश साहू, छुरिया ब्लॉक अध्यक्ष संजय सरपे, महिला सेना प्रदेश सचिव शिरोमणि पगारे सहित संजय यादव, नीलकंठ यादव, थरवेतन साहू, धनेश साहू, गोविंद साहू, ज्ञानचंद लोढ़ा, मुन्ना यादव, प्रेमदास मानिकपुरी, हरेंद्र मालेकर, प्रकाश सोनी समेत बड़ी संख्या में शिवसैनिक मौजूद रहे।

मानपुर ब्लॉक में ग्राम पंचायत कोराचा, हलोरा और कदाड़ी में पेसा दिवस का आयोजन

0

राजनांदगांव। आदिवासी एवं वन पर निर्भर समुदायों के सशक्तिकरण के लिए जन कल्याण सामाजिक संस्थान ने 24 दिसंबर को मानपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत कोराचा, हलोरा और कदाड़ी में पेसा दिवस का आयोजन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आदिवासी पुरुष-महिलाएं, ग्राम सभा सदस्य और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पेसा अधिनियम (पंचायत उपबंध अनुसूचित क्षेत्रों तक विस्तार अधिनियम, 1996) के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करना और ग्राम सभा को सशक्त बनाना था। आयोजन में ग्राम सभा के अधिकार, दायित्व, निर्णय प्रक्रिया के साथ-साथ जल-जंगल-जमीन और पारंपरिक संसाधनों पर समुदाय के अधिकारों पर विस्तार से चर्चा की गई।
संस्थान के प्रतिनिधि किशन सिंह साहू ने बताया कि पेसा कानून आदिवासी और वन पर निर्भर समुदायों को स्वशासन का अधिकार देता है। यह कानून ग्राम विकास से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय ग्राम सभा के माध्यम से लेने का प्रावधान करता है। उन्होंने ग्रामवासियों को नियमित ग्राम सभा आयोजित करने, सामूहिक भागीदारी बढ़ाने और अपने संवैधानिक अधिकारों के संरक्षण के लिए जागरूक रहने की सलाह दी।
कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामवासियों ने पेसा कानून के प्रभावी क्रियान्वयन, ग्राम सभा को मजबूत करने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए सामूहिक संकल्प लिया। यह पहल आदिवासी और वन पर निर्भर समुदायों के सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी गई।
इस अवसर पर वीरेंद्र शाह मंडावी सरपंच कोराचा, पिलेश्वरी भुआर्य सरपंच कदाड़ी, यशवंत कोमरे पंचायत सचिव हलोरा के अलावा गटेगहन, सम्बलपुर और खेड़ेगांव के प्रतिनिधि, मितनिना दीदी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रही।

जिला खाद्य अधिकारी पर गंभीर आरोप, राशन दुकानों का बलपूर्वक समर्पण कराने का मामला

0

राजनांदगांव। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आसिफ अली ने जिला खाद्य अधिकारी रविन्द्र सोनी की जिलाधीश के माध्यम से छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव को कार्यवाही करने को लेकर ज्ञापन सौंपा।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आसिफ अली ने अपने शिकायत में कहा कि शहर राजनांदगांव में स्थित शासकीय उचित मूल्य की दुकान सोसायटी, समूह एवं अन्य के द्वारा वर्तमान में संचालित किया जा रहा है, जिसे जिले में पदस्थ जिला खाद्य अधिकारी रविन्द्र सोनी द्वारा समिति के सदस्यों को बुला-बुलाकर धमकी दिया जा रहा है और कोरे कागज पर राशन दुकान नहीं चला सकते है, करके सील लगवाकर साईन कराया जा रहा है। साईन नहीं किये जाने पर जेल भेजने की धमकी देते हुए संचालित राशन दुकान को बलपूर्वक समर्पण कराया जा रहा है, जिसके कारण वार्डवासियों में काफी आक्रोश की स्थिति बनी हुई है। इसके पहले भी स्टेशन पारा के राशन दुकान को वार्ड के सोसायटी-समूह को दरकिनार रखकर दूसरे वार्ड के समूह को नियम विरूद्ध आबंटित किये जाने के कारण अधिकारी रविन्द्र के विरूद्ध कठोर से कठोर कार्यवाही किये जाने की मांग की गई थी।
श्री अली ने यह भी आरोप लगाया है कि स्टेशन पारा में शासकीय राशन दुकान को वार्ड के महिला समूह द्वारा संचालित किया जा रहा था, उसको भी जिला खाद्य अधिकारी द्वारा दूसरे वार्ड के समूह को आबंटित कर दिया गया है। उक्त शासकीय राशन दुकान को समूह के सदस्य द्वारा संचालित कराना छोड़ वार्ड क्रमांक 4 के भाजपा प्रत्याशी एवं पूर्व पार्षद श्यामा सुखदेवे द्वारा संचालित किया जा रहा है। इस मामले की शिकायत करने के बाद भी किसी प्रकार की कार्यवाही नहीं किया जा रहा है, इससे ऐसा प्रतीत होता है कि उक्त भाजपा नेता को जिला खाद्य अधिकारी का संरक्षण प्राप्त है।
इसके पहले भी श्री अली द्वारा जिला खाद्य अधिकारी रविन्द्र सोनी के ऊपर कार्यवाही की मांग को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा था, मगर आज पर्यंत तक किसी भी प्रकार की कार्यवाही नहीं की गयी है।
श्री अली ने कहा कि यदि समय-सीमा पर उक्त शिकायत पर किसी भी प्रकार की कार्यवाही नहीं होने पर ब्लॉक कांग्रेस पार्टी के द्वारा उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

डा. रमन सिंह की दूरदर्शिता से राजनांदगांव में स्थापित होगा गैस आधारित उर्वरक संयंत्र : मधुसूदन यादव

0

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक राजनांदगॉव डॉ0 रमन सिंह के दूरदर्शिता एवं सतत् प्रयासों से अब राजनांदगॉव जिला अंतर्गत खाद (उर्वरक) संयंत्र स्थापना का मार्ग प्रशस्त हुआ है, जिसपर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राजनांदगॉव महापौर मधुसूदन यादव ने इसे राजनांदगॉव जिले की जनता के लिये डॉ0 रमन सिंह की एक और अनमोल सौगात करार दिया है।

महापौर ने बताया है कि 23 दिसंबर को रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति में छत्तीसगढ़ सरकार और गैस एथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (गेल) ने छत्तीसगढ़ में ग्रीनफील्ड गैस आधारित उर्वरक परियोजना विकसित करने के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस परियोजना में प्रति वर्ष 12.7 लाख मीट्रिक टन (एलएमटी) की क्षमता के साथ एवं 10,500 करोड़ रूपये की लागत से एक ऐसा यूरिया विनिर्माण संयंत्र स्थापित करना शामिल है, जो गेल के मुंबई-नागपुर-झारसुगुड़ा प्राकृतिक गैस पाइपलाइन (एमएनजेपीएल) कॉरिडोर के साथ अनुकूल रणनीतिक रूप से स्थित है। डॉ0 रमन सिंह के सद्प्रयासों से राज्य शासन द्वारा यह उर्वरक संयंत्र छत्तीसगढ़ के राजनांदगॉव जिले में स्थापित किया जाना प्रस्तावित है।

पूर्व सांसद मधुसूदन ने बताया की राजनांदगॉव जिले में इस खाद कारखाने की स्थापना के बहुयामी दूरगामी सुखद परिणाम परिलक्षित होंगे। राज्य शासन द्वारा गेल के साथ किये गये इस समझौते से तीन बड़े एवं प्रत्यक्ष लाभ होंगे, पहला इससे राज्य की अर्थव्यवस्था एवं औद्योगिक विकास को नई गतिशीलता प्राप्त होगी, दूसरा प्रदेश के किसानों को खेती के लिये सस्ती एवं गुणवत्तायुक्त उर्वरक आसानी से स्थानीय बाजार में उपलब्ध हो सकेगी एवं प्रदेश में हजारों की संख्या में रोजगार सृजित करने के लक्ष्य से प्रदेश के युवाओं को अपना भविष्य सॅवारने का स्वर्णिम अवसर प्राप्त होगा।

महापौर मधुसूदन ने यह भी दावा किया है कि भविष्य में डॉ0 रमन सिंह की इस सौगात से देश में, राजनांदगॉव जिले को पेट्रोकेमिकल उर्वरक उत्पादक शहर के रूप में एक नई पहचान मिलेगी। महापौर मधुसूदन ने राजनांदगॉव जिले को गैस आधारित उर्वरक संयंत्र की स्थापना की सौगात देने में अपना प्रत्यक्ष एवं परोक्ष योगदान देनेवाले विधानसभा अध्यक्ष डॉ0 रमन सिंह सहित प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, सांसद राजनांदगॉव संतोष पाण्डे को भी धन्यवाद देते हुए उनका आभार व्यक्त किया है।

अटल परिसर में सुशासन तिहार, हितग्राहियों को मिले आवास व योजनाओं के लाभ

0

राजनांदगांव। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर शासन के निर्देशानुसार जी.ई. रोड स्थित अटल परिसर में नगर निगम द्वारा सुशासन तिहार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महापौर मधुसूदन यादव के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ निगम अध्यक्ष टोपेंद्र सिंह पारस वर्मा, निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा सहित जनप्रतिनिधियों ने छत्तीसगढ़ महतारी के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इसके बाद अतिथियों ने अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया।

निगम अध्यक्ष पारस वर्मा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती को सुशासन तिहार के रूप में मनाया जा रहा है। उनके कार्यकाल में देश ने नई ऊंचाइयों को छुआ और उनकी नीतियों से आज भी जनकल्याण को दिशा मिल रही है। कार्यक्रम में हितग्राहियों को शासन की विभिन्न योजनाओं से जुड़े अधिकार पत्र व प्रमाण पत्र वितरित किए जा रहे हैं।

पार्षद सावन वर्मा व रवि सिन्हा ने कहा कि अटल जी ने भारत को नई दिशा देने के साथ छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण किया। आत्मनिर्भर भारत का जो सपना उन्होंने देखा था, वह आज साकार हो रहा है।

निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने कहा कि अटल जी केवल राजनेता ही नहीं, बल्कि संवेदनशील कवि और ओजस्वी वक्ता थे। उनके नेतृत्व में भारत को वैश्विक मंच पर पहचान मिली। सुशासन तिहार के तहत अटल परिसर में हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है, साथ ही स्वच्छता दीदियों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को आवंटित आवास के आवंटन पत्र, राशन कार्ड, जन्म एवं विवाह प्रमाण पत्र वितरित किए गए। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत छोटे व्यापारियों को ऋण वितरण किया गया, जिसमें 3 हितग्राहियों को 50 हजार, 2 को 25 हजार और 9 हितग्राहियों को 15 हजार रुपए के ऋण स्वीकृति पत्र दिए गए। नए हितग्राहियों से ऑनलाइन आवेदन भी कराए गए।

सुशासन दिवस के अवसर पर रायपुर में आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया, जिसमें मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश के 115 नगरीय निकायों में अटल परिसरों का ऑनलाइन लोकार्पण किया गया तथा विभिन्न विकास कार्यों का भूमि पूजन व लोकार्पण हुआ।

कार्यक्रम का संचालन संजीव मिश्रा ने किया। इस दौरान कार्यपालन अभियंता दीपक खांडे व प्रणय मेश्राम, राजस्व अधिकारी राजेश तिवारी, प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी राजेश मिश्रा सहित निगम के अधिकारी-कर्मचारी, वार्डवासी और बड़ी संख्या में स्वच्छता दीदियां मौजूद रहीं।

अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर सुशासन दिवस कार्यक्रम का आयोजन

0

राजनांदगांव। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह आज अटल परिसर वर्धमान नगर राजनांदगांव में भारतरत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती सुशासन दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सिंह ने अटल परिसर में भारतरत्न स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी की आदमकद प्रतिमा में पुष्प अर्पण कर उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एक साथ 115 जगहों पर अटल परिसर का लोकार्पण किया है। यह निश्चित रूप से बहुत बड़ी बात है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से गांव-गांव में सड़क बनाई गई है। उन्होंने पूरे देश को चारों तरफ से जोड़ने वाले कॉरिडोर का निर्माण किया है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के राजनैतिक जीवन के सफर एवं देश के विकास के लिए उनके अवदानों का स्मरण किया।
सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में नगर पालिक निगम राजनांदगांव द्वारा बहुत शानदार अटल परिसर का निर्माण किया गया है। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी एक श्रेष्ठ राजनेता, एक अच्छे कवि, लेखक, संपादक, प्रवक्ता एवं वक्ता थे। देश के लिए उनके योगदान के कारण वे हमेशा याद किए जाते रहेंगे। महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती को सुशासन दिवस के रूप में मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह हम सभी के लिए स्मरणीय दिन है। इस अवसर पर अध्यक्ष जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक सचिन बघेल, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल योगेश दत्त मिश्रा, समाजसेवी कोमल सिंह राजपूत, खूबचंद पारख, संतोष अग्रवाल, सौरभ कोठारी, नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, पार्षदगण सहित बड़ी संख्या में अन्य जनप्रतिनिधि एवं नगरवासी उपस्थित थे।

सरपंच संघ ने जिला प्रशासन के समक्ष रखी पंचायतों की गंभीर समस्याएं

0

छुरिया। जनपद पंचायत छुरिया अंतर्गत ग्राम पंचायतों में वित्तीय संकट को लेकर सरपंच संघ ने जिला प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। संघ के अध्यक्ष रोहित डोंगरगांव, कैलाश उइके डोंगरगढ़, जितेंद्र साहू राजनांदगांव और दीनदयाल साहू छुरिया के नेतृत्व में सरपंचों ने जिला दंडाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर पंचायतों की मूलभूत समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की।
सरपंच संघ ने बताया कि त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव संपन्न हुए लगभग एक वर्ष पूरा होने जा रहा है, लेकिन अब तक ग्राम पंचायतों को 15वें एवं 16वें वित्त आयोग की राशि नहीं मिली है। फंड की कमी के कारण नालियों की सफाई, पंचायत भवनों की मरम्मत, सार्वजनिक कार्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य प्रभावित हैं। इसका असर ग्रामीणों में असंतोष के रूप में दिखाई दे रहा है।
सरपंचों ने कहा कि पंचायत फंड की कमी के कारण वे ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान नहीं कर पा रहे हैं, जिससे सरपंचों पर लगातार दबाव बन रहा है और प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। कई पंचायतों में विकास कार्य रुक जाने से जनप्रतिनिधियों की छवि भी प्रभावित हो रही है।
ज्ञापन में प्रमुख मांगों में 15वें और 16वें वित्त आयोग की राशि शीघ्र जारी करने, सरपंच निधि लागू करने, सरपंचों के मानदेय में वृद्धि करने और मनरेगा योजना के तहत 80-20 के अनुपात में निर्माण कार्य कराए जाने की बात शामिल है। साथ ही मनरेगा में मुरुम मिडरी और समतलीकरण कार्य को भी शामिल किए जाने की मांग रखी गई है।
सरपंच संघ के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन पंचायतों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक निर्णय लेगा, जिससे गांवों में रुके विकास कार्य पुनः प्रारंभ हो सकें और ग्रामीणों को राहत मिल सके।

बाल हृदय रोग जांच शिविर में शामिल हुए विस अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह

0

राजनांदगांव। भारत रत्न पं. अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर सुशासन दिवस के अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह शनिवार को भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय एवं संबद्ध चिकित्सालय में आयोजित जिला स्तरीय बाल हृदय रोग स्वास्थ्य जांच शिविर में शामिल हुए। शिविर का आयोजन श्री सत्य सांई संजीवनी अस्पताल, नवा रायपुर के सहयोग से किया गया।

डॉ. रमन सिंह ने कहा कि शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा नन्हें बच्चों के हृदय की ईसीजी व ईको के माध्यम से जांच की गई, जिसमें लगभग 45 बच्चों में जन्मजात हृदय रोग पाया गया है और उन्हें सर्जरी की आवश्यकता है। चिन्हांकित सभी बच्चों का निःशुल्क इलाज किया जाएगा और उपचार के बाद लगातार फॉलोअप भी लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक स्तर पर बीमारी की पहचान होने से बच्चों का शत-प्रतिशत इलाज संभव है।

उन्होंने बताया कि श्री सत्य सांई संजीवनी अस्पताल, नवा रायपुर अब तक 22 देशों के 21 हजार से अधिक मरीजों का निःशुल्क इलाज कर चुका है। वर्ष 2012 में इस अस्पताल के लिए भूमि प्रदान की गई थी और अल्प समय में यह आधुनिक सुविधा से युक्त अस्पताल बनकर तैयार हुआ, जहां दिल्ली-चेन्नई जैसे महानगरों स्तर की सर्जरी की जा रही है।

इस अवसर पर डॉ. रमन सिंह ने ‘प्रोजेक्ट निरामया नव्या’ की जानकारी देते हुए कहा कि इसके माध्यम से किशोरी बालिकाओं को वेबसाइट पर स्वास्थ्य संबंधी परामर्श मिलेगा। माहवारी, हार्मोनल बदलाव, एनीमिया सहित अन्य समस्याओं पर वे बिना संकोच विशेषज्ञों से सलाह ले सकेंगी।

सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का जीवन देश सेवा को समर्पित रहा। उनके कार्यकाल में पोखरण परमाणु परीक्षण, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना जैसी ऐतिहासिक पहल हुई। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से छत्तीसगढ़ में गरीब और जरूरतमंदों को लाभ मिल रहा है।

126 बच्चों का पंजीयन
शिविर में चिरायु टीम द्वारा कुल 126 संभावित बच्चों का पंजीयन किया गया। सभी बच्चों की निःशुल्क ईसीजी एवं ईको जांच की गई। जिन बच्चों को सर्जरी की आवश्यकता है, उनका ऑपरेशन चिरायु कार्यक्रम के अंतर्गत श्री सत्य सांई संजीवनी अस्पताल, नवा रायपुर में किया जाएगा।

कार्यक्रम में महापौर मधुसूदन यादव, कलेक्टर जितेंद्र यादव, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, चिकित्सक एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

डोंगरगांव में धूमधाम से मनाया तुलसी पूजन दिवस, तुलसी चौरा सजाने पर प्रतिभागियों को पुरस्कार

0

डोंगरगांव। नगर के नीलकंठ महादेव मंदिर परिसर में 25 दिसंबर को तुलसी पूजन दिवस का आयोजन बड़े हर्षोल्लास के साथ किया गया। यह आयोजन अपने तरह का पहला कार्यक्रम था, जिसमें महिलाओं ने ढोल-मंजीरे और अन्य वाद्य यंत्रों के साथ भजन गाकर माहौल भक्तिमय बना दिया।
सिनेमा लाइन में आयोजित कार्यक्रम में प्रमुख अतिथियों के रूप में जागृति यदु सभापति जिपं राजनांदगांव, अंजू त्रिपाठी अध्यक्ष नपं डोंगरगांव, दिनेश गांधी पूर्व अध्यक्ष जिपं, मंडल भाजपा अध्यक्ष दीना पटेल और पार्षद लक्ष्मीनारायण सेन उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने मंदिर में आए श्रद्धालुओं के साथ मां तुलसी की आरती और परिक्रमा में हिस्सा लिया और कार्यक्रम की सफलता पर खुशी जाहिर की।
अतिथियों ने बताया कि तुलसी का धार्मिक महत्व तो अद्वितीय है, लेकिन इसके औषधीय गुण भी अत्यंत लाभकारी हैं। हमारे पूर्वजों ने इसी ज्ञान के साथ तुलसी के पौधे अपने आंगन में लगाते आए हैं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में तुलसी के पौधों का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम का संचालन मंदिर समिति के सदस्य दयानंद सेन ने किया, वहीं बीरेन्द्र राजपूत, प्रकाश गुप्ता, छन्नू देवांगन और संतोष देवांगन ने भी आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम की एक विशेष कड़ी में तुलसी चौरा सजाकर माता तुलसी के साथ सेल्फी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें पांच प्रतिभागियों काजल गुप्ता, विद्या बोरकर, सुनीता बीरेन्द्र राजपूत, अंजनी अर्जुन साहू और मानसी विक्की शर्मा को पुरस्कार स्वरूप 1 जनवरी से छह माह तक गुप्ता न्यूज एजेंसी डोंगरगांव द्वारा निःशुल्क अखबार प्राप्त होगा।